सिटी दर्पण न्यूज़, चंडीगढ़,16 जूनःपीजीआइ में भर्ती उड़न सिख पद्मश्री मिल्खा सिंह की हालत में लगातार सुधार हो रहा है। मिल्खा परिवार ने जानकारी दी है कि बुधवार को उनकी कोरोना रिपोर्ट नेगटिव आ गई है। ऐसे में उन्हें अब कोविड अस्पताल के आइसीयू से शिफ्ट कर मेडिकल आइसीयू में शिफ्ट कर दिया है। वैसे उनके सभी मेडिकल पैरामीटर सामान्य हैं। बावजूद इसके अब भी सीनियर डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए हैं। उन्हें अब मेडिकल ऑक्सीजन की जरूरत कम महसूस हो रही है और वह खुद को काफी स्वस्थ महसूस कर रहे हैं।
स्वजनों के अनुसार वह अच्छी डाइट ले रहे हैं और तेजी से रिकवर कर रहे हैं। बता दें मिल्खा सिंह की 17 मई को कोरोना रिपोर्ट पॉजटिव आई थी। तबीयत बिगड़ने के बाद पहले उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां कोरोना की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद 31 मई को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी। इसके बाद वह सेक्टर-8 स्थित अपने घर में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए आराम कर रहे थे। अचानक तीन जून को उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई। ऑक्सीजन लेवल गिरने के बाद उन्हें पीजीआइ में भर्ती करवाया गया था। इसके बाद पीजीआइ के कोविड अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। फिलहाल, उनकी हालत स्थिर है।
13 जून को पत्नी निर्मल का हो चुका है निधन
मिल्खा सिंह की पत्नी निर्मल कौर भी कोरोना संक्रमण से पीड़ित थी। उनका मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में उपचार चल रहा था। 13 जून को कोविड के कारण स्थिति बिगड़ने पर उनकी मौत हो गई थी। निर्मल कौर भारतीय महिला वालीबॉल टीम की कप्तान रह चुकी थीं। उनके पुत्र जीव मिल्खा सिंह विश्व प्रसिद्ध गोल्फर हैं।