सिटी दर्पण ब्युरो, चंडीगढ़, 5 अगस्त: सेक्टर- 20 स्थित पेट्रोल पंप के पास स्लिप रोड पर स्टार्म वाटर लाइन के लीकेज होने के कारण गड्ढा बन गया। उसे ठीक नहीं किया गया और बुधवार को बारिश के बाद गड्ढे का आकार और बड़ा हो गया। यह गड्ढा 2 अगस्त की रात में हो गया था। इसके बाद यहां यातायात रोक दिया गया था, ताकि कोई हादसा न हो।
पेट्रोल पंप के सुपरवाइजर गब्बर सिंह और प्रबंधक पीडी सिंह ने बताया कि सड़क बंद होने से उनके पेट्रोल पंप पर तेल की बिक्री बहुत कम हो गई है। चालकों को अपने वाहन पंप तक लाने में बड़ी दिक्कत हो रही है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में नगर निगम को सूचित किया गया है, लेकिन अभी तक इसे ठीक नहीं किया है। रास्ता बंद होने पर अस्थायी तौर पर खुद ही रास्ता बनाया, तब जाकर ग्राहक पहुंचे। उन्होंने बताया कि 2 अगस्त को 12 हजार लीटर की बिक्री हुई थी। सड़क पर गड्ढा बनने के बाद यातायात रोक दिया गया तो उनका सेल 3200 लीटर तक पहुंच गई। 4 अगस्त को 5200 लीटर पेट्रोल और डीजल की बिक्री हुई।
क्या कहते हैं अधिकारी
प्रशासन के इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों की बहुत ढिलाई है। इसे समय पर ठीक किया जाना चाहिए था। इसकी शिकायत नगर निगम कमिश्नर और प्रशासक के सलाहकार से की जाएगी। हर काम में देरी ठीक नहीं है।
-राजेश गुप्ता बिट्टू, एरिया पार्षद