सिटी दर्पण ब्युरो, चंडीगढ़, 13 सितंबर: चंडीगढ़ के नव नियुक्त गृह सचिव नितिन यादव ने सोमवार को अपना कार्यभार संभाला लिया है। नितिन यादव साल 2000 बैच के हरियाणा कैडर के आईएएस अधिकारी हैं। जिन्हें पिछले शुक्रवार को हरियाणा सरकार ने रिलीव किया था। गृह सचिव के अतिरिक्त उन्हें कई और विभागों का कार्यभार भी दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि मंगलवार को प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित के चंडीगढ़ लौटने के बाद एक बार फिर से प्रशासनिक विभाग आवंटित किए जाएंगे।
नव नियुक्त गृह सचिव नितिन यादव ने अपना कार्यभार संभाला
अब तक वित्त सचिव ही गृह सचिव का कार्यभार देख रहे थे। प्रशासन में पिछले 2 माह में प्रशासक, उनके सलाहकार, वित सचिव, पुलिस प्रमुख, निगम आयुक्त सभी नए अधिकारी नियुक्त हो चुके हैं। अगले माह जिलाधीश भी नए आ जाएंगे। बता दें कि वर्ष 2000 बैच के हरियाणा कैडर के आईएएस नितिन कुमार यादव को चंडीगढ़ के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय की तरफ से आदेश जारी किया गया था।
वह अरुण कुमार गुप्ता की जगह ले रहे हैं, जिनका कार्यकाल 31 मई को समाप्त हो गया था, लेकिन चंडीगढ़ प्रशासन ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से उनके लिए 3 महीने का सेवा विस्तार मांगा था, जिसे केंद्र सरकार ने मंजूर कर लिया। इसलिए उन्होंने 31 अगस्त तक चंडीगढ़ में काम किया।अब वह अपने मूल कैडर हरियाणा वापस चले गए हैं। गुप्ता के पास चंडीगढ़ प्रशासन के गृह, कानून एवं न्याय, चिकित्सा शिक्षा व अनुसंधान, जल संसाधन, विज्ञान प्रौद्योगिकी व नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यटन, स्थानीय सरकार, स्वास्थ्य, पुलिस, पर्यावरण और वन विभाग के सचिव के साथ सिटको के चेयरमैन की भी जिम्मेदारी निभा रहे थे।
कार्यभार संभालने के बाद कर्मचारियों से बातचीत करते हुए नितिन यादव।
बता दें कि यूटी प्रशासन ने गृह सचिव के पद के लिए आईएएस नितिन कुमार यादव के नाम की ही सिफारिश की थी। हरियाणा द्वारा भेजे गए नामों में वर्ष 2000 बैच के नितिन कुमार यादव, वर्ष 2000 बैच के पंकज अग्रवाल और वर्ष 2003 बैच के विनय सिंह का नाम शामिल था।