सिटी दर्पण ब्युरो, चंडीगढ़, 12 अक्तूबर: चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) ने 191 आवासीय व व्यावसायिक संपत्तियों को बेचने के लिए निविदा जारी की है। इन संपत्तियों को खरीदने के इच्छुक शहरवासी 19 अक्तूबर सुबह 10 बजे तक बोली लगा सकते हैं। पहले 12 अक्तूबर सुबह 10.15 बजे खोली जानी थी लेकिन प्रशासनिक कारणों का हवाला देकर सीएचबी ने समय बढ़ा दिया है। अब बोली 19 अक्तूबर सुबह 10.15 बजे खोली जाएगी।
इस निविदा में 132 लीज होल्ड व्यावसायिक संपत्तियों के साथ 28 फ्री होल्ड और 31 लीज होल्ड आवासीय संपत्तियों को रखा गया है। लीज होल्ड संपत्तियों के लिए शहरवासी रुचि नहीं दिखा रहे हैं। इस वजह से ही बोर्ड ने लीज होल्ड व्यावसायिक संपत्तियों की कीमत को 20 फीसदी और लीज होल्ड आवासीय संपत्तियों की कीमत को 10 फीसदी कम कर दिया है।
वहीं, कुछ लीज होल्ड व्यावसायिक संपत्तियों की कीमत 40 से 50 फीसदी तक कम की गई है। इसका असर ये हुआ है कि सेक्टर-61 (कजहेड़ी) का एक कॉर्नर बूथ, जिसका आरक्षित मूल्य करीब 1.14 करोड़ था, अब करीब 56 लाख का हो गया है। सीएचबी के सीईओ यशपाल गर्ग ने बताया कि बोली लगाने से पहले सभी बोलीदाता संपत्तियों को जाकर देख भी सकते हैं।
लीज होल्ड व्यावसायिक संपत्तियों को हर शुक्रवार, लीज होल्ड आवासीय संपत्तियों को हर बुधवार और फ्री होल्ड आवासीय संपत्तियों को हर शनिवार जाकर देखा जा सकता है। अतिरिक्त जानकारी के लिए लोग सीएचबी की वेबसाइट पर जा सकते हैं।