सिटी दर्पण ब्युरो, हरियाणा, 22 नवंबर: श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री अनूप धानक ने कहा कि भारतीय खाद्य निगम का देश की खाद्य सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान है। निगम खाद्यानों के भंडारण के साथ-साथ खरीद कार्यों में भी अहम भूमिका निभा रहा है।
श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री आज भारतीय खाद्य निगम के हिसार मंडल कार्यालय में "आजादी के अमृत महोत्सव" के तहत आयोजित किए गए कार्यक्रम को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि निगम ने राष्ट्र की खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। निगम ने देश में खाद्यान्नों की खरीद, भंडारण तथा वितरण सहित विभिन्न कार्यों में सराहनीय कार्य किया है।
श्री अनूप धानक ने कहा कि सरकार द्वारा गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के लिए विभिन्न योजनाएं शुरू की गई है, जिनमें प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, अंत्योदय योजना, प्रधानमंत्री उज्जवला योजना प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में "सबका साथ- सबका विकास- सबका विश्वास" को आधार मानकर योजनाबद्ध ढंग से विकास कार्य करवाएं हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा " मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना" के तहत गरीब लोगों को योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ प्रदान करके उनके जीवन स्तर में सुधार लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि "म्हारा गांव-जगमग गांव योजना " के तहत प्रदेश के अधिकांश गावों में 22 से 24 घंटे तक बिजली की आपूर्ति की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की संपत्तियों का पंजीकरण करने के लिए "स्वामित्व योजना" को शुरू किया गया है। स्वामित्व योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में एक और जहां लोगों के आपसी झगड़े खत्म होंगे वहीं दूसरे और विकास के नए मार्ग भी प्रशस्त होंगे।
इस अवसर पर निगम के मंडल प्रबंधक रूप सिंह मीणा, निगम के प्रबंधक अमित, लक्ष्मी, भारत भूषण, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक अशोक शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।