सिटी दर्पण ब्युरो, पंजाब, 21 दिसंबर: पंजाब कांग्रेस के सीनियर नेता और कैप्टन अमरिंदर सिंह की कैबिनेट में खेल मंत्री रहे राणा गुरमीत सिंह सोढी ने मंगलवार को कांग्रेस पार्टी को अलविदा कह दिया और भाजपा में शामिल हो गए हैं। भाजपा ने पार्टी में उनका स्वागत किया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजे अपने त्यागपत्र में राणा सोढी ने लिखा, ‘मैं चार दशकों से भी ज्यादा समय से कांग्रेस पार्टी से जुड़ा रहा हूं।
मुझे पार्टी में स्व. राजीव गांधी लेकर आए थे और मैंने 1985 में फिरोजपुर जिले में गुरुहरसहाय विधानसभा सीट से अपना पहला विधानसभा चुनाव लड़ा था। उसके बाद 2002 से अब तक इस विधानसभा सीट से मैंने चार बार चुनाव जीता लेकिन अब पंजाब कांग्रेस पार्टी की अंदरूनी लड़ाई और कलह से बहुत आहत हूं। इससे पार्टी को नुकसान पहुंच रहा है।
प्रदेश व सरकार के लिए भी गंभीर समस्याएं खड़ी हो रही हैं। मैं मौजूदा हालात में पार्टी में घुटन के साथ-साथ खुद को असहाय महसूस कर रहा हूं। पंजाब में अमन बहाल करने के बजाय सीनियर कांग्रेस नेतृत्व अपने निजी हितों के लिए इस सीमावर्ती राज्य को बर्बाद कर रहे हैं। ऐसे हालात के चलते, मैं कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और इसके सभी पदों से तुरंत प्रभाव से अपना इस्तीफा दे रहा हूं।’
पंजाब के हित में भाजपा में जाने का लिया फैसला: सोढी
मंगलवार शाम को भाजपा में शामिल होने के बाद राणा सोढी ने कहा, ‘मैंने पंजाब के सर्वोत्तम हित में यह निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पंजाब को बचा सकते हैं।’ उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस ने राज्य की सुरक्षा और सांप्रदायिक सद्भाव को दांव पर लगा दिया है। कांग्रेस की धर्मनिरपेक्ष छवि अब पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। कांग्रेस की अंदरूनी कलह पंजाब में खतरनाक स्थिति पैदा कर रही है।’