सिटी दर्पण ब्युरो, नई दिल्ली, 26 जनवरी: उत्तर भारत को फिलहाल ठंड से राहत मिलने की आसार नहीं दिख रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3-4 दिन तक मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, छत्तीसगढ़ में शीत लहर चलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अगले 5 दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। वहीं कुछ राज्यों में 24 घंटे में हल्की बारिश भी हो सकती है। कोल्ड डे के दौरान न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से से कम होता है और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री कम होता है।
इन राज्यों में हो सकती है बारिश
मौसम विभाग ने पंजाब के उत्तरी हिस्सों, हरियाणा के कुछ हिस्सों, उत्तर प्रदेश, ओडिशा और पूर्वोत्तर भारत के कुछ इलाकों में 27 से 28 जनवरी के बीच मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। अगले 5 दिन में अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बता दें कि जम्मू कश्मीर के कुछ हिस्सों में भारी बर्फबारी के कारण 2 नेशनल हाइवे और 147 सड़कें बंद कर दिए गए हैं।
दिल्ली में फिलहाल ठंड से राहत नहीं
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, उत्तरी मैदानी इलाकों में उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं चल रही हैं जिसके कारण दिल्ली समेत कई राज्यों में ठंड से लोग बेहाल हैं। दिल्ली में मंगलवार की देर रात तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अधिकतम तापमान 12 डिग्री के आसपास रहा।
जबकि बुधवार को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, वहीं अधिकतम तापमान 14 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली में 31 जनवरी तक ठंड से कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। वहीं, आईएमडी के एक वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक आर के जेनामणि ने बताया कि ऐसा 2015 के जनवरी में हुआ था, जब दिल्ली में अधिकतम तापमान 17 डिग्री से नीचे रहा।
बिहार में फिर लौटेगी शीतलहर
मौसम विज्ञान के मुताबिक, बिहार में न्यूनतम तापमान में अगले 3 दिन में 3-5 डिग्री की कमी आने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 28 जनवरी से एक बार फिर से ठंडी हवाएं चलने के कारण तापमान में गिरावट दर्ज होगी। जिसकी वजह से बिहार के कई इलाकों में कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है।