दर्पण न्यूज़ सर्विस
चंडीगढ़, 30 जून :हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता सर्वधर्म का ग्रंथ है जो पूरी मानवता को जीवन जीने का सार सिखाता है। कुरुक्षेत्र को गीता के संदेश के केंद्र के रूप में जाना जाता है, मुझे विश्वास है कि आने वाले दिनों में केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से ऐतिहासिक, धार्मिक व पर्यटन की दृष्टि से कुरुक्षेत्र की पहचान विश्व मानचित्र पर बनेगी।
श्री बंडारू दत्तात्रेय आज कुरुक्षेत्र में स्थित गीता ज्ञान संस्थानम में भगवत गीता की वर्तमान प्रासंगिकता पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत, हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल और गीता मनीषी स्वामी श्री ज्ञानानंद जी महाराज सहित अन्य गणमान्य अतिथिगण उपस्थित रहे।
इससे पूर्व, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ मोहन भागवत ने वर्चुअल माध्यम से कुरुक्षेत्र में ज्योतिसर की पावन धरा पर भगवान श्री कृष्ण के विराट स्वरूप की प्रतिमा का लोकार्पण हुआ।
श्री बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि प्रदेशवासियों के लिए बड़े सौभाग्य व खुशी की बात है कि इस विराट स्वरूप की प्रतिमा का नींव पत्थर डॉ मोहन भागवत के द्वारा ही रखा गया था और आज 3 साल के बाद उन्हीं के कर कमलों से इस प्रतिमा का लोकार्पण भी किया गया है। ज्योतिसर की इसी पावन धरा पर युद्ध के मैदान में उनके द्वारा अर्जुन को दिया गया संदेश मानवता का युगो-युगों तक मार्गदर्शन करता रहेगा।
भारत का चिंतन बुराई से अच्छाई ढूंढ कर उसको प्रेरणा बनाने वाला - गीता मनीषी ज्ञानानंद जी महाराज
इस अवसर पर गीता मनीषी ज्ञानानंद जी महाराज ने कहा कि भारत का चिंतन कहीं न कहीं बुराई से कुछ अच्छा ढूंढ कर उसको प्रेरणा बनाने का रहा है। राजा धृतराष्ट्र के मुख से सर्वप्रथम जो शब्द निकले थे वह थे धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र, जो सबके लिए प्रेरणा बन गए।
उन्होंने कहा कि गीता ज्ञान को किस प्रकार जन-जन के व्यवहार तक पहुंचाया जाए इस दिशा में कार्य किया जा रहा है। गीता ज्ञान संस्थान में गीता पर सर्टिफिकेट, डिप्लोमा और डिग्री कोर्स तैयार किये जा रहे हैं, ताकि गीता के ज्ञान पर शोध कर जन जन तक पहुंचाया जाए।
इस अवसर पर हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री श्री अनिल विज, शिक्षा एवं पर्यटन मंत्री श्री कंवर पाल, सांसद श्री रतन लाल कटारिया, श्री नायब सिंह सैनी, श्री संजय भाटिया, राज्यसभा सांसद श्री कार्तिकेय शर्मा, विधायक श्री सुभाष सुधा, श्री महिपाल ढांडा, श्री प्रमोद विज, श्री लीला राम, सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।