-राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर गुरुग्राम में आयोजित कार्यक्रम में कही यह बात
दर्पण न्यूज़ सर्विस
गुरुग्राम, 07 अगस्त: हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने कहा कि भारत की उन्नति के लिए हर हाथ को काम मिलना चाहिए और यह लक्ष्य हथकरघा उत्पादों को बढ़ावा देकर प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि गांवों में पहले हाथ से उत्पाद बनाने की परंपरा थी जिसने हमारी आर्थिक व्यवस्था को जिंदा रखा है। आज फिर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए हथकरघा उत्पादों को बढ़ावा देने की जरूरत है। यह बात उन्होंने रविवार को यहां राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के मौके पर आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन करने के उपरांत कही।
उन्होंने गुरुग्राम के लोक निर्माण विश्राम गृह में हस्तशिल्पयों द्वारा अपने हाथ से बनाए उत्पादों की लगाई गई प्रदर्शनी का बारीकी से अवलोकन किया। प्रदर्शनी को राज्यपाल ने रुचि लेकर देखा और हर स्टॉल पर रुक कर हस्तशिल्पकार से पूछा कि वह उत्पाद बनाने के लिए कच्चा माल कहां से लाते हैं, उत्पाद बनाने में कितना समय लगता है, उसके समूह में कितने व्यक्ति शामिल हैं, काम शुरू करने के लिए कितना पैसा लगाया था तथा उत्पादों की बिक्री की क्या व्यवस्था है। स्टॉल लगाने वाली ज्यादातर महिलाएं हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह में काम करने वाली महिलाएं थी।
राज्यपाल श्री दत्तात्रेय ने कहा कि हाथ से बनी वस्तुएं अच्छी होती हैं, उनमें कोई मिलावट नहीं होती इसलिए उनकी कीमत भी ज्यादा होती है। उन्होंने हथकरघा कार्यों से जुड़ी महिलाओं का आह्वान किया कि वे अपने उत्पादों में ऐसी गुणवत्ता लाएं कि उनके उत्पाद देश में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी निर्यात हों। साथ ही उन्होंने कहा कि सच्चाई व ईमानदारी से काम करें और धनराशि का लेनदेन बैंक के माध्यम से करें। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोडऩे के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 45 करोड़ लोगों के बैंक खाते खुलवाए थे। केंद्र व राज्य सरकार हथकरघा उद्योगों को बढ़ावा दे रही हैं। हरियाणा में पानीपत हथकरघा उद्योग का एक बड़ा केंद्र बन गया है। प्रदर्शनी में स्वयं सहायता समूह की लगभग 50 महिलाओं ने भागीदारी की थी, जिन्हें राज्यपाल ने ढाई लाख रुपए की राशि देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम जिला के गांव चंदू की महिला पूजा शर्मा ने गांव में रहते हुए खाने के ऐसे उत्पाद बनाए कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर उन्हें राष्ट्रपति ने सम्मानित किया, वह महिला सशक्तिकरण का जीवंत उदाहरण है।
राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने रविवार को गुरुग्राम के लोक निर्माण विश्राम गृह में तिरंगा वितरण केंद्र का भी रिबन काटकर शुभारंभ किया। इन वितरण केंद्रों के माध्यम से लोगों को खरीदने के लिए तिरंगे झंडे उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।