दर्पण न्यूज़ सर्विस
चंडीगढ़, 07 अगस्तः केंद्र सरकार की 'हर घर तिरंगा' मुहिम पर पंजाब के सांसद सिमरनजीत मान ने 'पंगा' शुरू कर दिया है। मान ने कहा कि 14 और 15 अगस्त को सिख घर और ऑफिस तिरंगा नहीं बल्कि केसरी निशान साहिब लगाएं। मान ने कहा कि हमें निशान साहिब को लहराकर सेल्यूट देना है।
मान हाल ही में संगरूर से सांसद चुने गए हैं। उन्होंने भगवंत मान का गढ़ कही जाने वाली सीट पर चुनाव जीता। यहां उन्हें पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की वजह से यूथ की आम आदमी पार्टी (AAP) से नाराजगी का फायदा मिला।
10 को जंतर-मंतर पर रोष मार्च
सांसद मान 10 को जंतर-मंतर पर रोष मार्च करेंगे। बंदी सिखों की रिहाई के लिए यह मार्च होगा। मान का दावा है कि कई सिख बंदी ऐसे हैं, जिनकी सजा पूरी हो चुकी है लेकिन वह अब भी जेल में हैं। मान ने सिखों से भी अपील की कि बंदी सिखों की रिहाई के लिए दिल्ली जंतर-मंतर पहुंचे।
भगत सिंह को आतंकवादी कह चुके
संगरूर से सांसद सिमरनजीत मान पहले भी विवाद में फंस चुके हैं। चुनाव जीतने के बाद वह करनाल गए थे। वहां उन्होंने शहीद ए आजम भगत सिंह को आतंकवादी कह दिया। मान ने कहा कि भगत सिंह ने नेशनल एसेंबली में बम फेंका। अंग्रेज अफसर को मारा। ऐसा करने वाले को आतंकवादी नहीं तो और क्या कहेंगे।
CM भगवंत मान दे रहे करारा जवाब
संगरूर सांसद को पंजाब के CM भगवंत मान से करारे जवाब मिल रहे हैं। तिरंगे के विरोध पर सीएम मान ने कहा कि संविधान की कसम खाने वालों को तिरंगे से दिक्कत क्यों है?। वह दुकान चला रहे हैं लेकिन उनकी दुकानों का अब कोई ग्राहक नहीं है। भगत सिंह को आतंकवादी कहे जाने पर भी सीएम मान ने कहा था कि फिर उन्हीं शहीदों की दिलाई आजादी के बाद बने देश के संविधान की कसम खाकर सांसद क्यों बने?।