दर्पण न्यूज़ सर्विस
चंडीगढ़, 29 सितंबर: पंचकूला नगर निगम ने गुरुवार को अहम फैसला लेते हुए पिटबुल और रॉटविलर मिक्स जैसे कुत्तों के पालने पर रोक लगा दी है। पंचकूला के लोगों को अपने घर में पिटबुल और रॉटरविलर मिक्स नस्ल के कुत्ते रखने की अनुमति नहीं होगी।
गुरुवार को नगर निगम पंचकूला की आम बैठक में महापौर कुलभूषण गोयल ने प्रस्ताव पास करते हुए घरों और सोसायटियों में खूंखार कुत्तों के रखने पर रोक लगा दी है। निगम में यह फैसला लागू करने से पहले कानपुर नगर निगम के बॉयलाज का अध्ययन किया गया है।
पंचकूला में कुत्तों के हमलों की लगातार हो रही घटनाओं के बाद पंचकूला नगर निगम ने खतरनाक मानी जाने वाली दो नस्लों पर प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है। प्रस्ताव में कहा गया है कि विदेशी खूंखार प्रजातियों के कुत्तों को रखने के लिए लोगों के पास इतना बड़ा आवास या फार्म हाउस नहीं है। जिस कारण वह तनाव में आ जाते हैं और लोगों पर हमला कर देते हैं। जनता को हमले से बचाने के लिए खूंखार पिटबुल और रॉटवीलर नस्लों को शहर की सीमा में प्रतिबंधित कर दिया गया है।
अब इस नस्ल के कुत्तों को घर में रखने पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। जुर्माना कितना लगाया जाएगा अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है लेकिन निगम ने कहा है कि अगर किसी के घर में इन नस्लों के कुत्ते मिले तो उन्हें भारी जुर्माना देना पड़ेगा। जुर्माना न भरने पर सजा का क्या प्रावधान होगा यह भी अभी तय नहीं किया गया है लेकिन जल्द ही इस संबंध में स्थिति साफ कर दी जाएगी। पंचकूला निगम ने साफ किया है कि इस संबंध में बॉयलाज को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बहुत जल्द सार्वजनिक किया जाएगा।