दर्पण न्यूज़ सर्विस
पंचकूला, 1 अक्टूबर: पंजाब के राज्यपाल एवं चण्डीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित ने शनिवार को अश्विन नवरात्र के छठे दिन परिवार सहित श्री माता मनसा देवी में महामाई के दरबार में माथा टेक कर विधिवत पूजा-अर्चना कर माता रानी का आर्शीवाद लिया। इसके उपरांत राज्यपाल ने कालका स्थित काली माता मंदिर में पहुंच कर माता के दर्शन किए तथा मां काली का आर्शीवाद लिया।
पुरोहित ने प्रदेशवासियों के सुख-स्मृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि इस माह में अन्य बड़े पर्व भी प्रदेशवासी सदभावना व आपसी भाईचारे की भावना से मनाएं तथा देश व प्रदेश को अपनी मेहनत व लग्न से विकास की ओर बढाएं। इस मौके पर उपायुक्त एवं श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के मुख्य प्रशासक महावीर कौशिक ने पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित को माता मनसा देवी का चित्र भेंट किया। इस अवसर पर श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशोक कुमार बंसल, सचिव शारदा प्रजापति, काली माता मंदिर के सचिव पृथ्वी राज सिंह तथा बोर्ड के गैर सरकारी सदस्य भी उपस्थित थे।