दर्पण न्यूज़ सर्विस
रोहतक, 05 जनवरीः हरियाणा के रोहतक स्थित महम शुगर मिल व भाली आनंदपुर शुगर मिल शुक्रवार को भी बंद करवाएं जाएंगे। किसान गन्ने के भाव बढ़ाने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका कहना है कि सरकार गन्ने के भाव जल्द से जल्द बढ़ाए। अन्यथा वे कड़े कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
शुगर मिल में गन्ने का रेट 450 रुपए प्रति क्विंटल करवाने के लिए दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक काटा तोल बंद करवाया जाएगा। वहीं शुगर मिलों के बाहर प्रदेशभर में किसानों का धरना लगातार 9 जनवरी तक जारी रहेगा। शुगर मिल के गेट पर 9 जनवरी तक धरना प्रदर्शन करेंगे। ताकि सरकार उनकी मांगों को पूरी करे।
10 को महापंचायत
लगातार 5 दिनों तक धरना प्रदर्शन के बाद करनाल में महापंचायत होगी। 10 जनवरी को नई अनाज मंडी करनाल में किसान महापंचायत करने का निर्णय लिया गया है। जिसमें किसानों के पहुंचने की भी अपील की गई है। ताकि वे अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचा सके। साथ ही महापंचायत में आगे की रणनीति पर भी निर्णय लिया जाएगा।
मशीन कटाई पर काट किसानों से अन्याय
उन्होंने कहा कि मशीन द्वारा कटाई किए गए गन्ने पर लगने वाली काट सरकार ने बढ़ाकर 7 प्रतिशत कर दी है जबकि पंजाब में काट केवल 3 प्रतिशत और महाराष्ट्र में 4.5 प्रतिशत है। लेकिन हरियाणा सरकार ने काट बढ़ाकर 7 प्रतिशत की है। हरियाणा सरकार गन्ना किसानों के साथ अन्याय कर रही है। एक और तो मिल में पिराई शुरू होने के बाद भी अभी तक गन्ने का रेट घोषित नहीं किए और गन्ने का मौजूदा रेट हरियाणा प्रदेश में बेहद कम है।
450 रुपए दिया जाए भाव
उन्होंने सरकार से मांग की मौजूदा पिराई सत्र के लिए सरकार गन्ने का रेट बढ़ाकर 450 रुपए प्रति क्विंटल करे। साथ ही काट को 7 प्रतिशत से कम करके पंजाब की तर्ज पर 3 प्रतिशत करे, ताकि गन्ना किसान घाटे में ना जाए। हरियाणा में सबसे अधिक गन्ने का रेट होता था। लेकिन अबकी बार पंजाब में गन्ना का रेट 380 रुपए प्रति क्विंटल और हरियाणा में केवल 362 रुपए प्रति क्विंटल है।
खुई 400 रुपए तो गन्ना 362 रुपए क्विंटल
उन्होंने कहा कि भाव को लेकर सरकार से कई बार मांग की जा चुकी है और चिट्ठी लिख चुके हैं। लेकिन अभी तक सरकार ने उस पर कोई विचार नहीं किया। अबकी बार तो गन्ने का रेट और अधिक बढ़ना चाहिए था, क्योंकि खुई (चीनी बनने के बाद बचा वेस्ट) का भाव 400 रुपए है और गन्ने का भाव 362 रुपए।