दर्पण न्यूज़ सर्विस
चंडीगढ़, 08 जनवरीः पंजाब के फाजिल्का में रविवार रात एक बार फिर ड्रोन मूवमेंट देखने को मिली है। ड्रोन की यह मूवमेंट एक नहीं, थोड़े-थोड़े समय के अंतराल के बाद 5 बार हुई। जिसके बाद बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) और पंजाब पुलिस अलर्ट हो गई है और इलाके में देर रात ही सर्च अभियान शुरू किया गया।
साल 2022 में सरहद पर BSF द्वारा गिराया गगया ड्रोन।
मिली जानकारी के अनुसार फिरोजपुर सेक्टर के फाजिल्का में भारत-पाक सरहद पर सटे गांव महत्तम नगर में ड्रोन की यह मूवमेंट देखने को मिली। गांव वालों ने इसकी सूचना अधिकारियों व पुलिस को दी। लेकिन यह ड्रोन एक बार में नहीं रुका, बल्कि पांच बार सरहद पार करके भारतीय सीमा में आया। BSF के अधिकारियों की तरफ से इस बारे में कोई भी आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया।
गांव महत्तम नगर में चल रहा सर्च अभियान
ड्रोन मूवमेंट की सूचना के बाद BSF के अधिकारी और फाजिल्का पुलिस ने गांव को पूरी तरह से सील कर दिया। इसके बाद रात के समय ही सर्च अभियान भी शुरू कर दिया गया। हालांकि रात के समय कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। वहीं इस सर्च अभियान को सुबह भी चलाया गया।
शनिवार ही 31 कि.ग्रा. की थी जब्त
ड्रोन की इस मूवमेंट के बाद हेरोइन की एक और खेप के मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है। गौरतलब है कि शनिवार ही पंजाब पुलिस और BSF ने मिलकर एक फौजी व उसके साथी को गिरफ्तार किया था। फौजी की कार से पुलिस ने 31 कि.ग्रा. हेरोइन की खेप को भी बरामद किया था।