दर्पण न्यूज़ सर्विस
चंडीगढ़, 11 जनवरी: हरियाणा के मंत्री संदीप सिंह सेक्सुअल हैरेसमेंट केस मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। जूनियर महिला कोच से हरियाणा पुलिस ने दुर्गा शक्ति गाड़ी को वापस ले लिया है। अब महिला कोच दूसरे साधनों से स्टेडियम या दूसरे स्थानों पर जा रही है। गृह मंत्री के निर्देश पर कोच की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस की महिलाओं के लिए बनी दुर्गा शक्ति गाड़ी दी गई थी।
संदीप सिंह से विवाद के बाद जूनियर महिला कोच ने अंबाला में गृह मंत्री अनिल विज से मुलाकात कर सुरक्षा की गुहार लगाई थी। इसके बाद विज ने महिला की सुरक्षा को लेकर पुलिस को सुरक्षा देने के निर्देश दिए थे। इसके साथ ही यह कोच के बाहर निकलने पर दुर्गा शक्ति गाड़ी भी उपलब्ध कराने की हिदायत दी थी। जिसके बाद से गाड़ी से ही कोच का कही भी आना जाना होता था।
कोच की सुरक्षा को खतरा
हरियाणा पुलिस के इस फैसले से जूनियर महिला कोच की सुरक्षा को खतरा हो गया है। अब कोच स्टेडियम या दूसरे स्थानों पर जाने के लिए सार्वजनिक या निजी वाहन का प्रयोग कर रही है। इस दौरान एक ही सुरक्षाकर्मी कोच के साथ बाहर जा पा रहा है। महिला कोच ने अनिल विज से मदद करने का आग्रह किया है।
दबाव बना रही सरकार
जूनियर महिला कोच के वकील दीपांशू बंसल का कहना है कि सरकार अब कोच को परेशान कर रही है। गाड़ी वापस लेकर सिर्फ सरकार कोच पर दबाव बना रही है। यह न्यायोचित नहीं है। कोच को लगातार दूसरे पक्ष की ओर से धमकियां मिल रही है, ऐसे में यदि किसी प्रकार की सुरक्षा में कोई चूक हो जाती है तो उसकी जिम्मेदारी सीधे तौर पर सरकार की होगी।
26 दिसंबर को लगाए आरोप
26 दिसंबर को जूनियर महिला कोच ने तत्कालीन खेल मंत्री संदीप सिंह पर छेड़खानी का खुलासा किया। इसके बाद 27 दिसंबर को कोच ने चंडीगढ़ पुलिस में शिकायत की। चंडीगढ़ एसएसपी ने उसकी शिकायत को सेक्टर 26 थाने में कार्रवाई के लिए भेज दिया। 28 को मंत्री संदीप सिंह विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता से मिलने पहुंचे। 31 दिसंबर को शुरूआती जांच में महिला कोच की बताई बातें सही लगी तो मंत्री के खिलाफ चंडीगढ़ के सेक्टर 26 पुलिस थाने में PC की धारा 354, 354ए, 354 बी, 342 और 506 के तहत केस दर्ज कर लिया। अब पूरे मामले की जांच चल रही है।
खेल विभाग छोड़ चुके हैं संदीप
चंडीगढ़ पुलिस ने 1 जनवरी को खुलासा किया कि मंत्री संदीप सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। इसकी भनक खेल मंत्री संदीप सिंह को लग चुकी थी। वह सुबह ही CM मनोहर लाल से मुलाकात करने पहुंचे। जहां उन्होंने खेल विभाग छोड़ने के लिए पत्र दिया। हरियाणा सरकार ने इसके सात दिन बाद उनके खेल विभाग वापस लिए जाने का नोटिफिकेशन जारी किया।