प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 को संबोधित करते हुए कृत्रिम बुद्धिमत्ता के युग में सुलभता और समावेशिता के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता पर जोर दिया।
उनके संबोधन के दौरान कृत्रिम बुद्धिमत्ता तकनीक द्वारा वास्तविक समय में सांकेतिक भाषा में अनुवाद की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे दिव्यांगजन भी कार्यवाही में पूरी तरह भाग ले सकें। श्री मोदी ने जोर देकर कहा कि भारत उन नवाचारों को बढ़ावा देना जारी रखेगा जो विभाजन दूर कर प्रत्येक नागरिक को सशक्त बनाते हैं।
श्री मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने पोस्ट में कहा :
"एआई इम्पैक्ट समिट में मेरे संबोधन का एआई के उपयोग द्वारा वास्तविक समय में सांकेतिक भाषा में अनुवाद शामिल रहा। यह एआई के संदर्भ में सुलभता और समावेशिता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता दर्शाता है। हम सदा यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रौद्योगिकी और सार्वजनिक चर्चा दिव्यांग व्यक्तियों के लिए सुलभ हो।"