अमरोहा जनपद ने कारीगरी और हस्तशिल्प के माध्यम से दुनिया में अपना लोहा मनवाया : मुख्यमंत्री
जनपद अमरोहा के तबले और ढोलक ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट योजना’ के माध्यम से अपनी नयी पहचान बनायी
सरकार तिगरी और गढ़ के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही
जनपद अमरोहा का आम आज अन्तरराष्ट्रीय बाजार में अपनी विशेष पहचान स्थापित कर रहा
अमरोहा अब विकास के नये प्रतिमान स्थापित कर रहा, हसनपुर में बन रहा पार्क औद्योगिक विकास को एक नई ऊँचाई देगा
जितना अच्छा इन्फ्रास्ट्रक्चर होगा, उतनी अच्छी स्पीड होगी, जितनी अच्छी स्पीड होगी, उतनी ही आर्थिक समृद्धि भी होगी, उस
आर्थिक समृद्धि के नये आयाम को छूता हुआ अमरोहा जनपद आगे बढ़ेगा
अमरोहा में सुरक्षा, सुशासन का मॉडल तथा समृद्धि बरसती हुई दिखायी देती
डबल इंजन की सरकार में योजनाओं की धनराशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में जाती, यही सुशासन का मॉडल
लखनऊ : 18 जुलाई, 2026 ; मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि महाभारत कालीन पावन तीर्थ भूमि तिगरी से जुड़े हुए वासुदेव तीर्थ के नाम पर जनपद अमरोहा द्वापर युग की स्मृतियों को जीवन्त बनाए रखे हुए हैं। अमरोहा जनपद ने अपनी कारीगरी और हस्तशिल्प के माध्यम से दुनिया में अपना लोहा मनवाया है। जनपद अमरोहा के तबले और ढोलक ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट योजना’ के माध्यम से अपनी नयी पहचान बनायी है। यहाँ के तबले की थाप कहीं भी बजती है, तो अमरोहा का नाम आता है। अमरोहा अब विकास के नये प्रतिमान स्थापित कर रहा है। हसनपुर में बन रहा पार्क औद्योगिक विकास को एक नई ऊँचाई देगा।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद अमरोहा में धनौरा एवं अमरोहा विधान सभा क्षेत्रों की 207 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 43 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के उपरान्त आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र, प्रतीकात्मक चेक, आवास की प्रतीकात्मक चाभी आदि का वितरण किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन कराया तथा माताओं की गोदभराई की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री जी को स्मृति चिन्ह एवं मुरादाबाद के मण्डलायुक्त एवं जिलाधिकारी ने अमरोहा के ‘एक जनपद, एक उत्पाद योजना के अन्तर्गत चयनित ‘ढोलक’ भेंटकर सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज अमरोहा जनपदवासियों को 207 करोड़ रुपये लागत की 43 विकास परियोजनाओं की सौगात मिली है। इन परियोजनाओं में अमरोहा विधानसभा क्षेत्र के लिए 35.195 करोड़ रुपये की 06 परियोजनाओं का शिलान्यास और 69.162 करोड़ रुपये की 19 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है। साथ ही, धनौरा विधानसभा के लिए 59.109 करोड़ रुपये की 05 परियोजनाओं का शिलान्यास और 44.026 करोड़ रुपये की 13 परियोजनाओं का लोकार्पण सम्मिलित है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार सभी के हितों का ध्यान रखती है। विकास की इस प्रक्रिया को विरासत के साथ जोड़कर कार्य किया जाएगा, तो हर तबके का कल्याण होगा। विकास और विरासत की प्रक्रिया निरन्तर आगे बढ़ती रहेगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि अमरोहा में सुरक्षा, सुशासन का मॉडल है तथा समृद्धि बरसती हुई दिखायी देती है। गरीबों के लिए कल्याणकारी योजनाएँ हैं। पिछले वर्ष यहाँ गढ़ और तिगरी मेले का आयोजन हुआ था। अधिकारियों को गंगा नदी को चैनलाइज करने निर्देश दिए गए थे। तिगरी और गढ़ मेले को माघ मेले एवं कुम्भ मेले की तर्ज पर आयोजित किया जाएगा। सरकार तिगरी और गढ़ के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनपद अमरोहा का आम आज अन्तरराष्ट्रीय बाजार में अपनी विशेष पहचान स्थापित कर रहा है। मध्य गंगा नहर परियोजना भी पूरी हो रही है। गंगा एक्सप्रेस-वे ने सबकी राह को और आसान कर दिया है। आज से 10 वर्ष पहले कोई सोचता नहीं था कि अमरोहा से दिल्ली की दूरी इतनी कम हो पाएगी। कोई कल्पना नहीं कर सकता था कि अमरोहा से लखनऊ और प्रयागराज की दूरी इतनी आसान हो पाएगी। अब हरिद्वार की दूरी को और आसान बनाने का कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने प्रदेश की 29 चीनी मिलों को बंद किया था। 21 चीनी मिलों को बेचने का काम किया था। वर्तमान में डबल इंजन सरकार 122 चीनी मिलों का संचालन कर रही है। गन्ना किसानों को अब तक 03 लाख 23 हजार करोड़ रुपये के गन्ना मूल्य का भुगतान किया गया है। पहले गन्ना मूल्य 300 रुपये प्रति कुन्तल मिलता था। अब उसका दाम 400 रुपये प्रति कुन्तल किया गया है। उत्तर प्रदेश सर्वाधिक गन्ना, चीनी, एथेनॉल उत्पादन करने वाले राज्य के रूप में स्थापित हुआ है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आने वाले 50 और 100 वर्ष की योजना को लेकर वर्ल्ड क्लास इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है। इसके अन्तर्गत प्रदेश का नौजवान बेरोजगार नहीं होगा और पलायन नहीं करेगा। हमारा अन्नदाता किसान हताश और निराश नहीं होगा। इस संकल्प के साथ प्रदेश सरकार ने वर्ष 2017 में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में विकास की यात्रा प्रारम्भ की है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पहले आस्था पर प्रहार होता था। काँवड़ यात्रा रोक दी जाती थी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर प्रतिबन्ध लगा दिया जाता था। आस्था के साथ खिलवाड़ होता था। दुर्गा पूजा नहीं होने दी जाती थी। रामनवमी की शोभा यात्रा नहीं निकल पाती थी। वर्ष 2017 में डबल इंजन सरकार बनी। अब आस्था के साथ कोई खिलवाड़ नहीं कर सकता है। आज काँवड़ यात्रा, राम नवमी की शोभा यात्रा, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर कोई रोक नहीं है। सरकार तिगरी मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाएँ उपलब्ध कराती है। सरकार आस्था का सम्मान करती है। श्रद्धालुओं का हर स्तर पर सहयोग करती है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जितना अच्छा इन्फ्रास्ट्रक्चर होगा, उतनी अच्छी स्पीड होगी। जितनी अच्छी स्पीड होगी, उतनी ही आर्थिक समृद्धि भी होगी। उस आर्थिक समृद्धि के नये आयाम को छूता हुआ अमरोहा जनपद आगे बढ़ेगा। हमारा फोकस था कि जनपद अमरोहा गंगा एक्सप्रेस-वे से जुड़े और इसके माध्यम से अब अमरोहा नयी ऊँचाइयों को प्राप्त करता हुआ दिखायी दे रहा है। दिल्ली की दूरी कम हुई है। जेवर की दूरी कम हो गई है। यहाँ का खाद्यान्न उत्पादक तथा आम उत्पादक बागवान अन्तरराष्ट्रीय बाजार में कारगो के माध्यम से अपनी उपज को आसानी से पहुँचा सकता है। यहाँ के जनप्रतिनिधिगण द्वारा दिए गए सभी प्रस्तावों को धरातल पर उतारा जा रहा है। विकास के लिए धनराशि अवमुक्त की जा रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वर्ष 2017 से पूर्व हर जिले में दंगे होते थे। बेटियाँ और व्यापारी सुरक्षित नहीं थे। उत्तर प्रदेश आज सुरक्षा का मॉडल दे रहा है। हर बेटी और व्यापारी सुरक्षित हैं। सुरक्षा के साथ सुशासन आता है। सुशासन से समृद्धि आती। समृद्धि से निवेश आता है और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होते हैं। जब उत्तर प्रदेश सरकार की कोई भर्ती निकलती है। किसी भी विभाग या पुलिस बल में नियुक्ति पत्र वितरित होते हैं, तो अमरोहा और धनौरा का नौजवान भी नियुक्ति पत्र प्राप्त करता है। सुरक्षित वातावरण में नौजवानों तथा अन्नदाता किसानों के हित के लिए कार्य हो रहा है। बड़ी-बड़ी परियोजनाएँ धरातल पर उतर रही हैं। बड़ी-बड़ी परियोजनाओं के माध्यम से आज जनपद अमरोहा विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने अमरोहा से जुड़े भारतीय क्रिकेटर श्री चेतन चौहान की स्मृतियों को नमन करते हुए कहा कि श्री चौहान ने जनपद में विकास और स्पोर्ट्स एक्टिविटीज को बढ़ाने का कार्य किया। अब उन कार्यों की गति को आगे बढ़ाना है। उन्होंने अपने समय में नौगावा सादात में विकास की अनेक परियोजनाओं को लाने का कार्य किया था।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि डबल इंजन सरकार पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह जी के सपने को साकार कर रही है। विकास कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने के साथ-साथ बिना भेदभाव गरीब कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर तबके को प्रदान कर रही है। आज जरूरतमन्दों को आवास, किसानों को कृषि उपकरण तथा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के लाभार्थियों को टूलकिट का लाभ मिल रहा है। पशुपालकों को नंदनी योजना के तहत गौ-पालन के लिए सुविधा मिल रही है। डबल इंजन की सरकार में योजनाओं की धनराशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में जाती है। यही तो सुशासन का मॉडल है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि नौजवान, किसान, बहन-बेटी, व्यापारी सहित समाज के प्रत्येक तबके के लिए विभिन्न योजनाएँ संचालित हैं। अब बेटी स्कूल जाती है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित परिवारों के बच्चों के लिए अटल आवासीय विद्यालय की सुविधा, गरीब और पिछड़ी जाति, अनुसूचित जाति की बेटियों के लिए कस्तूरबा गाँधी बालिका विद्यालय संचालित हैं। अब प्रदेश में मुख्यमंत्री कम्पोजिट विद्यालय का भी निर्माण हो रहा है। गुणवत्ता युक्त शिक्षा व्यवस्था आगे बढ़ रही है। शिक्षकों को 05 लाख रुपये की कैशलेस सुविधा उपलब्ध करवायी गई है। शिक्षा मित्रों का मानदेय 10,000 रुपये से बढ़ाकर 18,000 रुपये तथा अनुदेशकों का मानदेय 9,000 रुपये से बढ़ाकर 17,000 रुपये किया गया है।
शिक्षकों, शिक्षा मित्रों तथा अनुदेशकों के लिए सामाजिक सुरक्षा बीमा की एक स्कीम घोषित की गई है। दुर्भाग्य से यदि कोई शिक्षक आपदा की चपेट में आता है, तो उसके परिवार को 80 लाख रुपये से लेकर डेढ़ करोड़ रुपये की सहायता बैंक के माध्यम से उपलब्ध हो जाएगी। शिक्षा मित्र और अनुदेशक के साथ कोई घटना होने पर उसके आश्रित को 30 लाख रुपये से लेकर 80 लाख रुपये की धनराशि उपलब्ध करायी जाएगी। सरकार रसोइया के साथ कोई दुर्घटना होने पर 05 लाख रुपये की सामाजिक सुरक्षा बीमा उपलब्ध करवा रही है। अन्नदाता किसान किसी आपदा की चपेट में आता है, तो मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना में 05 लाख रुपये की सहायता 24 घण्टे में उस परिवार को उपलब्ध करवायी जाती है। यह तभी होता है, जब किसानों और नौजवानों के हित में कार्य करने वाली सरकारें आती हैं। विकास कार्यों के लिए नीति, नीयत, संवेदना, समय और सोच होनी चाहिए।
इस अवसर पर कृषि राज्य मंत्री श्री बलदेव सिंह ओलख, सांसद श्री कँवर सिंह तँवर, विधान परिषद सदस्य सरदार हरि सिंह ढिल्लो, विधायक श्री राजीव तरारा, श्री महेन्द्र सिंह खड़गवंशी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
---------