चंडीगढ़/लहरागागा, 16 अप्रैल
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई में पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘पंजाब शिक्षा क्रांति’ अभियान के अंतर्गत सरकारी स्कूलों को आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में कैबिनेट मंत्री श्री बरिंदर कुमार गोयल ने लहरा विधानसभा क्षेत्र के 9 सरकारी स्कूलों में 1.41 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन करते हुए शिक्षा व्यवस्था में किए जा रहे सुधारों की विस्तृत जानकारी दी।
सरकारी स्कूल बन रहे हैं अभिभावकों की पहली पसंद
अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की दूरदर्शी नीतियों के चलते अब अभिभावकों का भरोसा सरकारी शिक्षा व्यवस्था पर बढ़ा है। पहले जहां निजी स्कूलों को प्राथमिकता दी जाती थी, वहीं अब सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता और सुविधाओं को देखते हुए लोग स्वयं बच्चों का नामांकन इनमें करवा रहे हैं। यह बदलाव सरकार की शिक्षा नीति की सफलता को दर्शाता है।
‘स्कूल ऑफ एमिनेंस’ और वैश्विक प्रशिक्षण से हो रहा सशक्तिकरण
मंत्री गोयल ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के उद्देश्य से राज्य भर में स्कूल ऑफ एमिनेंस की स्थापना की जा रही है। वहीं, शिक्षकों को अत्याधुनिक शिक्षण पद्धतियों से अवगत कराने हेतु उन्हें देश-विदेश में शैक्षणिक भ्रमण पर भेजा जा रहा है। यह पहल राज्य में शैक्षिक नवाचार को प्रोत्साहित कर रही है।
समावेशी विकास की दिशा में ठोस कदम
श्री गोयल ने बताया कि यह पहली बार है जब पंजाब की कैबिनेट में छह अनुसूचित जाति वर्ग के मंत्रियों को शामिल किया गया है। इसके अतिरिक्त, ए.जी. कार्यालय में आरक्षण लागू कर और अनुसूचित जाति छात्रों को छात्रवृत्तियों का समयबद्ध लाभ सुनिश्चित कर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सपनों को साकार करने की दिशा में कदम बढ़ाए गए हैं।
जनहित की योजनाएं और सेवा ढांचे का पुनर्निर्माण
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पंजाब सरकार शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य सेवाओं को भी सशक्त बना रही है। उन्होंने कहा कि पहले सरकारी स्कूलों में बच्चों को भेजना अभिभावकों के लिए एक मजबूरी मानी जाती थी, लेकिन अब इन स्कूलों की गुणवत्ता, बुनियादी ढांचे और शिक्षण शैली में इतना बदलाव आया है कि लोग स्वयं इन्हें चुन रहे हैं। इसी तरह स्वास्थ्य सेवाओं को भी अपग्रेड कर लोगों को सुलभ और सस्ती चिकित्सा उपलब्ध कराई जा रही है।
समारोह में जनप्रतिनिधियों और शिक्षाविदों की भागीदारी
इस अवसर पर ज़िला शिक्षा अधिकारी (प्राइमरी) बलजिंदर कौर, पी.ए. राकेश कुमार गुप्ता, ब्लॉक प्रधान सतीश कुमार मूनक, मिठू सैनी, अरुण जिंदल, तरसेम राव, जगसीर मलाना (एम.सी.), बब्बू सिंह (एम.सी.), मुख्तियार सिंह (एम.सी.), सतगुर सिंह मण्याना (सरपंच) सहित दर्जनों पंचायत प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे।