जुलाई 27, नई दिल्ली:
देश की ग्राम पंचायतों को आर्थिक रूप से मजबूत करने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय पंचायत राज मंत्री राजीव रंजन सिंह (ललन सिंह) ने नई दिल्ली स्थित कृषि भवन में 'आत्मनिर्भर पंचायत कार्यक्रम' का शुभारंभ किया। इसके साथ ही 'समर्थ पंचायत पोर्टल' लॉन्च किया गया और पंचायतों की अपनी आय बढ़ाने के लिए मॉडल OSR नियम भी जारी किए गए। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, पंचायत राज मंत्रालय के सचिव विवेक भारद्वाज और मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। आत्मनिर्भर पंचायत कार्यक्रम का उद्देश्य ग्राम पंचायतों और ब्लॉक को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।
इसके तहत पंचायतों को अपनी आय के स्रोत बढ़ाने, वित्तीय प्रबंधन मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए संस्थागत क्षमता विकसित की जाएगी। 'समर्थ पंचायत पोर्टल' एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जो पंचायतों को अपनी आय के स्रोत बढ़ाने, राजस्व संग्रह, वित्तीय प्रबंधन और लेखा-जोखा को बेहतर बनाने में मदद करेगा। इस पोर्टल के जरिए पंचायतों की वित्तीय पारदर्शिता बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर विकास योजनाओं के बेहतर संचालन में सहायता मिलेगी। मॉडल OSR नियमों का उद्देश्य पंचायतों को स्थानीय स्तर पर राजस्व जुटाने के लिए एक समान और व्यवस्थित ढांचा उपलब्ध कराना है।