प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज नई दिल्ली में इंडिया एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन के दौरान कजाकिस्तान गणराज्य के प्रधानमंत्री महामहिम श्री ओल्शाज बेक्तेनोफ से भेंट की।
प्रधानमंत्री मोदी ने एआई इम्पैक्ट शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री बेक्तेनोफ की भागीदारी की प्रशंसा की, जो सामाजिक कल्याण और आर्थिक विकास के लिए प्रौद्योगिकी का लाभ उठाने के प्रति दोनों देशों की साझा प्रतिबद्धता रेखांकित करती है। दोनों नेताओं ने राजनीतिक, व्यापार, रक्षा एवं सुरक्षा, संपर्क सुविधा, ऊर्जा, उभरती प्रौद्योगिकियों और लोगों के बीच आपसी संबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की।
श्री मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर अलग-अलग पोस्ट में लिखा:
“प्रधानमंत्री ओल्शाज बेक्तेनोफ के साथ आज मेरी भेंट हुई। उनकी यात्रा भारत-कजाकिस्तान रणनीतिक साझेदारी को और मज़बूत करेगी। दोनो देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिजों, दुर्लभ पृथ्वी धातुओं, रक्षा, संपर्क सुविधा और अंतरिक्ष के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। हम अपनी मित्रता को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए मिलकर काम करते रहेंगे।”