प्रदेश में गैस और ईंधन की नहीं है कोई कमी- मंत्री राजेश नागर
खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री श्री राजेश नागर ने प्रशासन सहित गैस एजेंसी अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
गैस की कालाबाजारी पर सरकार सख्त, फरीदाबाद सहित प्रदेश में 9 पर एफआईआर दर्ज
चंडीगढ़, 26 मार्च- हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री श्री राजेश नागर ने कहा कि प्रदेश में गैस और ईंधन की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।
उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा अफवाहें फैलाकर अनावश्यक घबराहट पैदा करने की कोशिश की जा रही है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
मंत्री ने यह बात आज फरीदाबाद के सेक्टर-12 में गैस और ईंधन आपूर्ति की वर्तमान स्थिति को लेकर आयोजित की गई समीक्षा बैठक में की। इस दौरान जिला के वरिष्ठ अधिकारियों ने क्षेत्र में एलपीजी गैस और पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इसके अतिरिक्त हिंदुस्तान पेट्रोलियम तथा भारत पेट्रोलियम के प्रतिनिधि, विभिन्न गैस एजेंसियों के संचालक भी शामिल हुए।
खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री श्री राजेश नागर ने कहा कि गैस की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सरकार कड़ी कार्रवाई कर रही है। फरीदाबाद सहित अब तक पूरे प्रदेश में 9 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है और आगे भी इस तरह की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को तुरंत रोका जा सके।
उन्होंने कहा कि सरकार आम जनता की सुविधा और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रशासन, तेल कंपनियों और गैस एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर किसी भी संभावित समस्या का समय रहते समाधान किया जाएगा।
बैठक में उपायुक्त आयुष सिन्हा, डीसीपी जयवीर राठी, सीटीएम अंकित कुमार व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
क्रमांक-2026
केंद्र व राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाया जाए-केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल
चंडीगढ़, 26 मार्च- केंद्रीय ऊर्जा, आवासन एवं शहरी मामलों के मंत्री एवं करनाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री मनोहर लाल ने करनाल के लघु सचिवालय के सभागार में आज जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता के साथ-साथ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें। मंत्री ने बैठक में 11 विभागों की 23 महत्वपूर्ण योजनाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी विभागों के अधिकारी बैठक में आय- व्यय के डाटा प्रस्तुत करने के बजाए योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर बेहतरीन प्लान से कार्य करे। अगर कोई समस्या आती है तो उसके समाधान के लिए सुझाव दें।
केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल ने कृषि विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान डीडीए को निर्देश दिए कि वे मेरी फसल, मेरा ब्योरा पोर्टल पर शत प्रतिशत फसलों का पंजीकरण करवाना सुनिश्चित करें। इसमें मिश्रित फसलों के अलावा खाली कृषि भूमि का भी ब्योरा भी किसानों से दर्ज करवाए।
उन्होंने कहा कि हर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कम से कम साल में एक-एक किसान मेला अवश्य लगाया जाए और किसानों को कृषि की आधुनिक तकनीकी तथा नए-नए बीजों के बारे में जानकारी दें तथा आयोजित किसान मेलों की फिडबेक ली जाए और अच्छे सुझावों को अपना कर किसानों को योजनाओं के माध्यम से लाभ पहुंचाए।
मंत्री ने कहा कि जिला में ज्यादा से ज्यादा वीटा बूथ स्थापित करवाये जाए ताकि युवाओं को रोजगार मिले और लोगों के घर के नजदीक ही वीटा उत्पाद मिले, ऐसी व्यवस्था पर ध्यान दिया जाए। इस दौरान केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने स्वच्छता रैंकिंग में प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले उक्त ग्राम पंचायतों के सरपंचों को प्रशंसा प्रत्र व शील्ड देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर गवर्नमेंट चीफ व्हिप एवं इंद्री के विधायक श्री रामकुमार कश्यप, नीलोखेड़ी के विधायक श्री भगवानदास कबीरपंथी, करनाल के विधायक श्री जगमोहन आनंद, असंध के विधायक श्री योगेंद्र राणा, महापौर श्रीमती रेनू बाला गुप्ता, उपायुक्त उत्तम सिंह, एसपी नरेंद्र बिजारनिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
पेट्रोल और गैस के लेकर देश में परिस्थितियां हैं ठीक- मनोहर लाल
मंत्री मनोहर लाल ने सभी को रामनवमी की शुभकामनाएं दी और पेट्रोल व गैस को लेकर लम्बी लाईन के जवाब में मीडिया से कहा कि अभी देश में परिस्थितियां सब ठीक है और किसी प्रकार की कोई किल्लत नहीं है। कुछ देश युद्ध में फंसे हुए हैं अगर किसी भी प्रकार की कोई भी समस्या आती है तो भारत सरकार की पूरी तैयारी है।उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने कहा था कि आत्मनिर्भर भारत बनाना है।
क्रमांक-2026
कांग्रेस और आप पार्टी का गठजोड़ है : नायब सिंह सैनी
कहा ,पंजाब की जनता ने भाजपा को सत्ता में लाने का मन बना लिया है
चंडीगढ़ , 26 मार्च - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का अंदरखाते गठजोड़ है लेकिन पंजाब की जनता ने भाजपा को सत्ता में लाने का मन बना लिया है।
श्री सैनी आज पंजाब के लुधियाना जिला में स्थित गुरुद्वारा श्री नानकसर साहिब में समागम को संबोधित करने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का परस्पर अंदरखाते गठजोड़ होने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव के समय दोनों पार्टियों अंदर खाते एक हो जाती हैं लेकिन हर बार उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा है
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है , इसमें पंजाब राज्य भी पीछे नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम में इस प्रदेश के वीरों का अहम् योगदान रहा है। उन्होंने जिस देश एवं प्रदेश के सपने देखे थे उनको पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी निरंतर विकास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब विकास के मामले में पहले भी नंबर वन प्रदेश रहा है लेकिन पिछले कुछ समय से इस प्रदेश में ऐसी राजनीति रही कि युवाओं को नशे के दलदल में धकेल दिया गया। विकास के मामले में भी पंजाब पिछड़ गया।
लेकिन ,अब पंजाब की जनता कांग्रेस और आप पार्टी के अंदरूनी समझौते को समझ चुकी है , इसलिए इस बार उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी तथा भाजपा की नीतियों पर विश्वास करने का निर्णय ले लिया है। इसके बाद पंजाब भी फिर से मोदी जी के नेतृत्व में विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा।
क्रमांक -2026
पंचकूला के सिविल अस्पताल में दूसरी एचआईवी वायरल लोड टेस्टिंग लैब स्थापित होगी
सालाना लगभग 15,000 टेस्ट करेगी यह लैब
चंडीगढ़, 26 मार्च - हरियाणा स्वास्थ्य विभाग ने पंचकूला के सिविल अस्पताल में एक एचआईवी वायरल लोड टेस्टिंग लैब स्थापित करने की मंज़ूरी दे दी है। इसके साथ ही, हरियाणा में यह दूसरी समर्पित सुविधा होगी ,इस प्रकार की लैब की सुविधा पहले रोहतक में स्थित है।
यह जानकारी स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने दी। उन्होंने बताया कि इस लैब को सालाना 1.65 करोड़ रुपये की लागत पर मंज़ूरी दी गई है, जो सालाना लगभग 15,000 एचआईवी वायरल लोड टेस्ट के अनुमानित कार्यभार पर आधारित है।
उन्होंने बताया कि इस नई लैब को पंचकूला के सिविल अस्पताल में पहले से मौजूद Covid-19 मॉलिक्यूलर टेस्टिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का इस्तेमाल करके स्थापित किया जाएगा। इसके साथ ही, एचआईवी वायरल लोड टेस्टिंग के लिए ज़रूरी अतिरिक्त उपकरण भी खरीदे जाएंगे। इस तरीके से यह सुनिश्चित होता है कि सुविधा को तेज़ी से चालू किया जा सके, और इसके लिए पूरी तरह से एक नया सेटअप बनाने की ज़रूरत न पड़े।
यह प्रोजेक्ट हरियाणा राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी (HSACS) से मिले सुझावों के आधार पर तैयार किया गया था, जबकि इसका तकनीकी मूल्यांकन राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) द्वारा स्वतंत्र रूप से किया गया — जो देश में HIV/AIDS से निपटने वाली सर्वोच्च संस्था है। राष्ट्रीय दिशानिर्देशों के अनुरूप, प्रति एचआईवी वायरल लोड टेस्ट की लागत 1,100 रुपये तय की गई है।
पूरी लागत NACO उठाएगा — राज्य के खजाने पर कोई बोझ नहीं
खास बात यह है कि इस टेस्टिंग सुविधा को स्थापित करने और चलाने का पूरा खर्च राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) उठाएगा, जिससे हरियाणा राज्य सरकार पर कोई वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा।
डॉ. मिश्रा ने आगे कहा कि यह एक ऐसा मॉडल है जिसे अन्य राज्य भी अपनाकर अपने बजट पर बिना कोई बोझ डाले अपनी एचआईवी जांच क्षमता का विस्तार कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि एचआईवी -पॉजिटिव व्यक्तियों के लिए, नियमित वायरल लोड टेस्टिंग कोई वैकल्पिक चीज़ नहीं है बल्कि यह बेहद ज़रूरी है। ये टेस्ट डॉक्टरों को यह पता लगाने में मदद करते हैं कि क्या एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी (ART) प्रभावी ढंग से काम कर रही है, इलाज में विफलता का जल्द पता लगाने में मदद करते हैं, और वायरस को दवाओं के प्रति प्रतिरोधी बनने से रोकते हैं। वायरल लोड टेस्टिंग की समय पर सुविधा न मिलने पर, मरीज़ों को इलाज में देरी और सेहत से जुड़ी खराब स्थितियों का सामना करना पड़ता है। फ़िलहाल, हरियाणा के सभी ज़िलों से सैंपल पीजीआईएमएस रोहतक भेजे जाते हैं। यह नई लैब टेस्टिंग में लगने वाले समय को काफ़ी कम कर देगी, जिससे एचआईवी पॉज़िटिव मरीज़ों की बेहतर निगरानी हो सकेगी।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि इस लैब के शुरू होने से एचआईवी की समय पर जाँच और निगरानी की सुविधा में काफ़ी सुधार होगा। इससे उन मरीज़ों को फ़ायदा होगा जिन्हें नियमित रूप से वायरल लोड टेस्टिंग की ज़रूरत होती है, और हरियाणा में एचआईवी /एड्स के ख़िलाफ़ चल रहे प्रयासों को भी मज़बूती मिलेगी।
पंचकूला की एचआईवी वायरल लोड लैब, हरियाणा सरकार की उस बड़ी पहल का हिस्सा है जिसका मकसद खास तरह की स्वास्थ्य सेवाओं को विकेंद्रित करना और उन्हें उन लोगों तक पहुँचाना है जिन्हें इनकी सबसे ज़्यादा ज़रूरत है। मौजूदा इंफ़्रास्ट्रक्चर का दोबारा इस्तेमाल करके, राष्ट्रीय संस्थाओं के साथ मिलकर काम करके, और राज्य पर कोई अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़ने देकर, यह पहल एक कुशल और मरीज़-केंद्रित शासन का बेहतरीन उदाहरण पेश करती है।
डॉ मिश्रा ने कहा कि हर साल लगभग 15,000 टेस्ट किए जाने का अनुमान है। उम्मीद है कि यह लैब हरियाणा के एचआईवी देखभाल और इलाज नेटवर्क में एक अहम कड़ी साबित होगी, जिससे जाँच में होने वाली देरी कम होगी, इलाज की बेहतर निगरानी हो सकेगी, और अंततः लोगों की जान बचाई जा सकेगी।
क्रमांक -2026
जंगबीर सिंह
रबी 2026-27 के लिए भंडारण तैयारियां तेज, 470 करोड़ रुपये से जूट व अन्य बैगों की खरीद को दी मंजूरी
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई हाई पावर्ड परचेज कमेटी की बैठक
चंडीगढ़, 26 मार्च- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आज यहां हुई हाई पावर्ड परचेज कमेटी की बैठक में रबी 2026-2027 सीजन के लिए भंडारण व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में 550 करोड़ रुपये से जूट व अन्य बैगों की खरीद के दो एजेंडे थे, नेगोसिएशन करके 80 करोड़ रुपये बचाए गए। गेहूं के सुरक्षित भंडारण को सुनिश्चित करने के लिए जूट बैगों तथा अन्य बैगों की खरीद को मंजूरी प्रदान की गई।
इस निर्णय से राज्य में अनाज भंडारण की क्षमता को और अधिक मजबूत किया जा सकेगा तथा किसानों से खरीदे गए गेहूं के सुरक्षित रख-रखाव में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।
यह खरीद प्रक्रिया खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, हैफेड तथा हरियाणा राज्य भंडारण निगम की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, समयबद्ध और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए, ताकि सरकारी संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों की रक्षा और कृषि उत्पादों के सुरक्षित भंडारण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रबी सीजन की तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि मंडियों में आने वाली फसल के प्रबंधन में किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
बैठक में हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री श्री विपुल गोयल, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण गुप्ता व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
क्रमांक -2026
असली दौलत गुरु के चरणों में और 'नाम' की कमाई में है : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
गुरुद्वारा श्री नानकसर साहिब में समागम के समापन समारोह को किया संबोधित
हरियाणा सरकार चला रही 'संत-महापुरुष सम्मान विचार प्रचार एवं प्रसार योजना'
चंडीगढ़ , 26 मार्च - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि असली दौलत गुरु के चरणों में और 'नाम' की कमाई में है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में शांति गुरु के सानिध्य में ही मिलती है।
मुख्यमंत्री वीरवार को पंजाब, लुधियाना के गुरुद्वारा श्री नानकसर साहिब में आयोजित समागम के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर बाबा घाला सिंह जी, अनेक संत-महापुरुषगण और देश-विदेश से पधारी साध संगत उपस्थित थी।
श्री नायब सिंह सैनी ने समागम में उपस्थित संगत को दुर्गाष्टमी और रामनवमी की बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्री नानकसर साहिब वही पावन स्थान है, जिसकी नींव बाबा नंद सिंह जी महाराज ने अपने कठोर तप से रखी थी। उन्होंने भक्ति की उस जोत को जलाया, जिसकी लौ आज करोड़ों दिलों को रोशन कर रही है। उनके पदचिह्नों पर चलते हुए बाबा ईशर सिंह जी महाराज ने यहां सात वर्षों तक एकांतवास में सिमरन किया। उन्होंने कहा कि यह उन्हीं महापुरुषों की कमाई का फल है कि आज यहां कदम रखते ही मन को असीम शांति मिलती है।
मुख्यमंत्री ने बाबा ईशर सिंह जी के प्रकाश उत्सव की भी बधाई दी और सबको मिल-जुलकर नफरत को मिटाने और प्रेम, सेवा व सिमरन के मार्ग पर चलने की गुरु चरणों में अरदास की। उन्होंने बाबा नारायण सिंह जी के चरणों में भी अपनी श्रद्धा अर्पित की और कहा कि उनका जीवन हमें सिखाता है कि 'सेवा' और 'आदेश' का पालन क्या होता है। बाबा ईशर सिंह जी के एक वचन पर उन्होंने सात वर्षों तक 24 किलोमीटर दूर से जल की सेवा की। बिना थके, बिना रुके, केवल गुरु की प्रसन्नता के लिए।
उन्होंने साध संगत को बताया कि इस विशाल स्थान का कोई लिखित नक्शा नहीं था। यह तो बाबा नारायण सिंह जी के मुख से निकले दिव्य आदेश और कारीगरों की श्रद्धा थी, जिससे यह भव्य गुरुघर तैयार हुआ। यह सिद्ध करता है कि जब नीयत साफ हो और गुरु पर पूर्ण विश्वास हो, तो कुदरत खुद-ब-खुद रास्ता बनाती है। उन्होंने भव्य श्री नानकसर साहिब बनवाकर अपने गुरु के प्रति जो समर्पण दिखाया, वह इतिहास के पन्नों में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है।
श्री सैनी ने इस पावन स्थान पर की जा रही भोजन व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां कोई संस्थागत लंगर नहीं बनता, बल्कि संगत स्वयं अपने घरों से लंगर बनाकर लाती है। यह सच्चे अर्थों में 'सांझीवालता' का प्रतीक है। यहां अमीर-गरीब का भेद मिट जाता है और केवल 'संगत' शेष रह जाती है। उन्होंने बाबा घाला सिंह जी की निष्ठा और नम्रता के साथ इस स्थान की सेवा करने के पुनीत कार्य की सराहना की।
उन्होंने बताया कि गुरु साहिबान और अन्य संत-महात्माओं, और महापुरुषों ने भूली-भटकी मानवता को जीवन का सच्चा रास्ता दिखाया है। उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए हरियाणा सरकार द्वारा 'संत-महापुरुष सम्मान विचार प्रचार एवं प्रसार योजना' चलाई जा रही है। इस योजना के तहत श्री गुरु नानक देव जी, श्री गुरु तेग बहादुर जी, श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी सहित अनेक संतों व महापुरुषों की जयंतियां राज्य स्तर पर मनाई जाती हैं। नवंबर, 2025 में श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष में पूरे प्रदेश में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
श्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि ज्योतिसर, कुरुक्षेत्र में गत 25 नवम्बर को श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की हजुरी में राज्य स्तरीय समागम आयोजित किया गया। इसमें प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने शामिल होकर श्री गुरु तेग बहादुर जी को समर्पित सिक्के, डाक टिकट और कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया था।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यमुनानगर जिला के कलेसर में जहां श्री गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर वन लगाने का निर्णय लिया गया है ,वहीं श्री गुरु तेग बहादुर जी की याद में यादगारी गेट भी बनाया गया है।
उन्होंने हरियाणा सरकार द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 1984 में हुए दंगों में अनेक सिख परिवारों ने अपनों को खोया था। राज्य सरकार ने प्रदेश के ऐसे 121 परिवारों के एक-एक सदस्य को नौकरी देने का प्रावधान किया है, जिनके किसी सदस्य की जान दंगे में चली गई थी।
उन्होंने बताया कि पंचकुला में गत 24 दिसंबर को वीर बाल दिवस के उपलक्ष में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह शामिल हुए और उन्होंने अपने हाथों से दंगा पीड़ित परिवारजनों को नियुक्ति पत्र भी सौंपे।
श्री सैनी ने गुरुओं की याद में किये जा रहे कार्यों की आगे जानकारी देते हुए बताया कि सिरसा स्थित चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय में श्री गुरु तेग बहादुर जी पर शोध के लिए चेयर स्थापित की गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि गत 11 नवम्बर को गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज, अंबाला का नाम श्री गुरु तेग बहादुर जी के नाम पर किया गया ,टोहाना-जींद-धमतान साहिब रोड का नाम श्री गुरु तेग बहादुर मार्ग रखा गया , यमुनानगर में बनने वाले मेडिकल कॉलेज का नाम 'हिन्द की चादर' श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के नाम पर रखा है ,असंघ के कॉलेज का नाम सरबंसदानी श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी के छोटे साहिबजादे बाबा फतेह सिंह जी के नाम पर रखा गया है। लखनौर साहिब में माता गुजर कौर के नाम से वी.एल.डी.ए. कॉलेज स्थापित किया गया है।
इनके अलावा , गत 27 अक्तूबर को ही लौहगढ़, यमुनानगर में बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मारक का शिलान्यास किया गया है। श्री हजूर साहिब गुरुद्वारा, श्री ननकाना साहिब, श्री हेमकुण्ड साहिब और श्री पटना साहिब जाने वाले प्रदेश के तीर्थ यात्रियों को वित्तीय सहायता देने के उद्देश्य से 'स्वर्ण जयंती गुरु दर्शन यात्रा योजना' शुरू की है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार गुरु साहिबानों के सिद्धांतों एवं शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम निरंतर कर रही है।
इस अवसर पर सरदार बाबा जोगा सिंह , भाजपा के जिला प्रधान डॉ राजेंद्र शर्मा , बाबा हरविंदर सिंह नानकसर , बाबा अर्जुन सिंह पटियाला वाले , बाबा मेहर सिंह नानकसर , बाबा गुरचरण सिंह दिल्ली वाले समेत अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।