*दादा लख्मीचंद हरियाणा की आत्मा और हमारी लोक संस्कृति के अमर स्वर :- मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी*
*कहा, हरियाणा की लोक संस्कृति और साहित्य हमारी सबसे बड़ी धरोहर, इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना सरकार का है संकल्प*
*जिस समाज का साहित्य जीवित रहता है, उसकी संस्कृति कभी समाप्त नहीं होती*
*साहित्य समाज की चेतना को देता है दिशा, कलाकार संस्कृति को रखते है जीवित*
*हरियाणा सरकार भाषा, साहित्य और संस्कृति के संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध*
*मुख्यमंत्री ने दादा लख्मी चंद जयंती पर साहित्यकार सम्मान समारोह में साहित्यकारों, कवियों एवं कलाकारों को किया सम्मानित*
चंडीगढ़, 23 जुलाई। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सूर्य कवि पंडित दादा लख्मी चंद केवल एक कवि नहीं थे, बल्कि हरियाणा की आत्मा, लोक संस्कृति के प्रहरी और जन-जन के शिक्षक थे। उन्होंने अपनी रागनियों और सांगों के माध्यम से सत्य, त्याग, धर्म, निष्ठा और मानवीय मूल्यों को समाज तक पहुंचाया। दादा लख्मी चंद ने केवल मनोरंजन नहीं किया, बल्कि पीढिय़ों का चरित्र निर्माण किया और लोक संस्कृति को नई पहचान दिलाई।
श्री नायब सिंह सैनी रोहतक में दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विश्वविद्यालय के केंद्रीय सभागार में विश्वविद्यालय तथा हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी, पंचकूला के संयुक्त तत्वावधान में सूर्यकवि दादा लख्मी चंद जी की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित साहित्यकार सम्मान समारोह में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने दादा लख्मी चंद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया, विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण किया तथा विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई भव्य प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलन से विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न भाषाओं के साहित्यकारों, कवियों व कलाकारों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि किसी भी समाज की पहचान उसकी ऊंची इमारतों या आर्थिक प्रगति से नहीं, बल्कि उसकी भाषा, साहित्य, संस्कृति और कलाकारों से होती है। इतिहास घटनाओं को दर्ज करता है, लेकिन साहित्य एक युग की संवेदनाओं को अमर बना देता है, जो समाज अपनी सांस्कृतिक विरासत का सम्मान करता है, वही भविष्य की मजबूत नींव रखता है। उन्होंने कहा कि आधुनिकता को अपनाना आवश्यक है, लेकिन अपनी जड़ों से जुड़े रहना उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है।
श्री नायब सिंह सैनी ने सम्मानित होने वाले साहित्यकारों, कवियों और कलाकारों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी लेखनी केवल शब्दों का सृजन नहीं करती, बल्कि समाज की चेतना को दिशा देती है। उनकी कला केवल मनोरंजन नहीं करती, बल्कि संस्कृति को पीढ़ी-दर-पीढ़ी जीवित रखने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि साहित्यकारों का सम्मान वास्तव में समाज की सृजनशील चेतना का सम्मान है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य सरकार हरियाणा की भाषा, साहित्य, लोक कलाओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य केवल कलाकारों और साहित्यकारों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों को अपनी सांस्कृतिक धरोहर से जोडऩा भी है। इसी सोच के तहत रोहतक स्थित विश्वविद्यालय का नाम दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विश्वविद्यालय रखा गया है। यह केवल नामकरण नहीं, बल्कि हरियाणा की सांस्कृतिक चेतना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सरकार का संकल्प है।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी द्वारा हिंदी में विश्वविद्यालय स्तर की विभिन्न विषयों की पुस्तकों का प्रकाशन किया गया है, जिससे मातृभाषा में उच्च शिक्षा को नई गति मिल रही है। साथ ही फारसी लिपि में उपलब्ध दुर्लभ हिंदी साहित्य को देवनागरी में प्रकाशित करने का महत्वपूर्ण कार्य भी किया जा रहा है, ताकि ऐतिहासिक धरोहर नई पीढ़ी तक पहुंच सके।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी भाषा, साहित्य, इतिहास और संस्कृति के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पंचकूला स्थित हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी भवन साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का सशक्त केंद्र बन चुका है, जबकि राखीगढ़ी स्थित सप्त सिंधु हड़प्पा ज्ञान केंद्र भारत की प्राचीन सभ्यता और सांस्कृतिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसी सांस्कृतिक चेतना का निर्माण करना है, जिससे नई पीढ़ी अपनी भाषा, इतिहास, परंपराओं और राष्ट्र पर गर्व कर सके। उन्होंने विश्वास जताया कि हरियाणा अपनी समृद्ध भाषा, साहित्य और लोक संस्कृति के बल पर देश और दुनिया में नई पहचान स्थापित करेगा। उन्होंने पंडित लख्मीचंद के पौत्र विष्णु दत्त कौशिक को स्मृतिचिन्ह व शॉल भेंट कर सम्मानित किया। पंडित लख्मी चंद के प्रपौत्र चेतन कौशिक व विश्वविद्यालय के विद्यार्थी योगेश ने दादा लख्मी चंद की रचनाओं की प्रस्तुति दी।
*पंडित लख्मी चंद ने अपने समय में कलयुग का किया है वर्णन-सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा*
प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि पंडित लख्मी चंद ने वर्षों पूर्व वर्तमान समय की वास्तविकताओं का अपनी रचनाओं में वर्णन किया है। उन्होंने अपने समय में कलयुग के बारे में भी वर्णन किया। उन्होंने इस अवसर पर हरियाणवीं संस्कृति में सामण और फाल्गुन महीनों में गाये जाने वाले गीतों को भी गुनगुनाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी हमेशा साहित्यकारों, कवियों व कलाकारों को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे है। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री व प्रदेश के पूर्व मंत्री मनोहर लाल ने इस विश्वविद्यालय का नाम सूर्य कवि पंडित लख्मी चंद के नाम पर रखा तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो. राम बिलास शर्मा ने भी इस संदर्भ में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
डीएलसी सुपवा के कुलगुरु अमित आर्य ने मुख्यातिथि व अन्य अतिथिगण का स्मृतिचिन्ह भेंट कर किया सम्मान
डीएलसी सुपवा के कुलगुरु डॉ. अमित आर्य ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को शॉल, स्मृतिचिन्ह तथा चित्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने समारोह के अन्य अतिथिगण को भी शॉल व स्मृतिचिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सम्मान समारोह में हिंदी व हरियाणवीं भाषा साहित्यकार अभिनंदन योजना, संस्कृत भाषा साहित्यकार अभिनंदन योजना, पंजाबी साहित्यकार अभिनंदन योजना, उर्दू साहित्यकार अभिनंदन योजना के तहत साहित्यकारों, कलाकारों व कवियों को सम्मानित किया गया।
विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. गुंजन मलिक मनोचा ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी तथा कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि गण व साहित्यकारों का स्वागत किया तथा मुख्यमंत्री के जीवन परिचय पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के कुलगुरु डॉ. अमित आर्य विश्वविद्यालय को उन्नति के शिखर की और अग्रसर कर रहे है। कार्यक्रम के शुभारंभ में राष्ट्रीय गीत की प्रस्तुति दी गई। विश्वविद्यालय का कुलगीत भी प्रस्तुत किया गया तथा कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी सीताराम व्यास,पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, रोहतक के मेयर राम अवतार वाल्मीकि, हरियाणा साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के अध्यक्ष प्रो. कुलदीप चंद्र अग्निहोत्री, मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेंद्र बढख़ालसा, मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
HERC अध्यक्ष श्री नन्द लाल शर्मा पंचतत्व में विलीन
विद्युत क्षेत्र ने खोया दूरदर्शी नेतृत्व, अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
चंडीगढ़, 23 जुलाई, 2026। हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (HERC) के अध्यक्ष श्री नन्द लाल शर्मा का गुरुवार तड़के निधन हो गया। उनके निधन से पूरे विद्युत क्षेत्र, प्रशासनिक जगत तथा उनके चाहने वालों में गहरा शोक व्याप्त है। गुरुवार दोपहर बाद मनीमाजरा श्मशान घाट में पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में गणमान्य व्यक्तियों, वरिष्ठ अधिकारियों, विद्युत क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों तथा शुभचिंतकों ने भाग लेकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्री नन्द लाल शर्मा ने 2 फरवरी, 2024 को हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग के अध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की थी। इससे पूर्व वे एसजेवीएन लिमिटेड (SJVNL) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक (CMD) के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके थे। मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के ढोहक गांव के निवासी श्री शर्मा अपनी प्रशासनिक दक्षता, सादगी और दूरदर्शी नेतृत्व के लिए जाने जाते थे। एसजेवीएनएल में उनके कार्यकाल के दौरान कंपनी ने ऊर्जा क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं और उन्होंने संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 जुलाई को श्री शर्मा नई दिल्ली में विद्युत क्षेत्र की एक महत्वपूर्ण बैठक में भाग लेकर पंचकूला स्थित अपने आवास लौटे थे। उसी रात उन्हें अचानक ब्रेन स्ट्रोक आया, जिसके बाद उन्हें तत्काल पंचकूला के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने के लिए लगातार प्रयास किए और परिजनों ने भी हरसंभव कोशिश की, लेकिन उपचार के दौरान 23 जुलाई को तड़के लगभग 1:15 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
उनके निधन का समाचार मिलते ही हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग, एसजेवीएनएल तथा उनके पैतृक गांव ढोहक (जिला ऊना) सहित पूरे विद्युत क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार सुबह आयोग के सदस्य मुकेश गर्ग, सदस्य शिव कुमार, सचिव प्रशांत देष्टा सहित आयोग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आयोग के कोर्ट रूम में आयोजित शोक सभा में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
दोपहर बाद पंचकूला के सेक्टर-8 स्थित उनके आवास से उनकी अंतिम यात्रा आरंभ हुई। बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, न्यायपालिका, प्रशासनिक सेवा तथा विद्युत क्षेत्र से जुड़े लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए। मनीमाजरा श्मशान घाट में उनके पुत्र अभिनव शर्मा ने उन्हें मुखाग्नि दी। श्री शर्मा अपने पीछे पत्नी ललिता शर्मा, पुत्र अभिनव शर्मा, पुत्री अदिति शर्मा तथा दामाद वासु डोगर (IFS) सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
केंद्रीय विद्युत मंत्री मनोहर लाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं। अंतिम संस्कार में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी, हरियाणा विद्युत विभाग की प्रधान सचिव आशिमा बराड़, पूर्व न्यायाधीश जस्टिस एच.एस. भल्ला, पंजाब राज्य विद्युत विनियामक आयोग के अध्यक्ष संजय गुप्ता, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल चन्द्रशेखर, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राम कुमार गौतम, अश्विनी शर्मा, पंकज राय, यूएचबीवीएन के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह, एसजेवीएनएल की पूर्व सीएमडी गीता कपूर, ललित जैन, पूर्व विद्युत मंत्री प्रो. सम्पत सिंह, एचईआरसी के पूर्व अध्यक्ष जगजीत सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए।
क्रमांक 2026
जनता को समय पर न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : रणबीर गंगवा
जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में 14 में से 9 शिकायतों का मौके पर समाधान, 5 अगली बैठक तक लंबित
अधिकारियों को शिकायतों के गंभीर एवं समयबद्ध निपटारे के निर्देश
चंडीगढ़, 23 जुलाई। हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने वीरवार को पानीपत जिला सचिवालय सभागार में आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए आमजन की शिकायतों की सुनवाई की। बैठक में कुल 14 शिकायतें प्रस्तुत की गईं, जिनमें से 9 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि 5 मामलों को विस्तृत जांच के लिए अगली बैठक तक लंबित रखा गया।
जिला सचिवालय पहुंचने पर उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मंत्री का स्वागत किया। उन्होंने शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सक्रिय भूमिका निभाई।
बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन को समय पर न्याय और उनके अधिकारों की सुनिश्चित उपलब्धता है। उन्होंने कहा कि जिला कष्ट निवारण समिति नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी समाधान का एक प्रभावी मंच है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उसका समयबद्ध और न्यायसंगत निपटारा सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र व्यक्ति को उसका अधिकार बिना किसी अनावश्यक विलंब के मिल सके।
बैठक में पुलिस विभाग द्वारा बरामद की गई राशि वापस दिलाने, निर्माण कंपनी से बकाया भुगतान दिलवाने तथा प्लॉट से जुड़े कथित धोखाधड़ी के मामले में फंसी राशि से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की गई। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त कर इन मामलों के समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए और शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान की।
इसके अतिरिक्त, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) से संबंधित भूमि विवाद के एक मामले में दोनों पक्षों को सुनने के उपरांत मंत्री ने मौके पर ही समाधान कराया।
एक अन्य मामले में फाइनेंसर द्वारा मकान पर कब्जा कर शिकायतकर्ता महिला को घर से बाहर निकालने की शिकायत को मंत्री ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के आदेश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मकान का ताला खुलवाकर महिला को उसके घर में पुनः प्रवेश दिलाया जाए तथा उसे वहां सुरक्षित रूप से रहने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मंत्री के इस मानवीय एवं त्वरित निर्णय का सभागार में उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।
बैठक में पानीपत शहरी विधायक श्री प्रमोद विज, मेयर श्रीमती कोमल सैनी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री दुष्यंत भट्ट, अतिरिक्त उपायुक्त श्री अंकित चौकसे, जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती ज्योति शर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री हर्षित गोयल सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
क्रमांक 2026
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पूर्व विधायक बलराज कुंडू के पिता के निधन पर तथा प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ आदित्य बत्रा के निधन पर जताया शोक, व्यक्त की गहरी संवेदना
चंडीगढ़, 23 जुलाई-हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने महम के पूर्व विधायक श्री बलराज कुंडू के पिता स्वर्गीय श्री जिले सिंह कुंडू के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री वीरवार को रोहतक के सेक्टर-14 स्थित श्री बलराज कुंडू के आवास पर पहुंचे और दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय श्री जिले सिंह कुंडू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने रोहतक के प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ आदित्य बत्रा के असामयिक निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने डॉक्टर बत्रा के परिवार से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।
श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, पूर्व मंत्री श्री मनीष ग्रोवर शामिल रहे।
क्रमांक 2026
नीट मामले में युवाओं को गुमराह कर रहा है विपक्ष- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
संसद में चर्चा को तैयार तक नहीं है कांग्रेस नेता राहुल गांधी
पिछली सरकारों में भी हुए थे परीक्षाओं में पेपर लीक के मामले
चंडीगढ़, 23 जुलाई-प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पेपर लीक मामलों में दोषी व्यक्तियों पर एफआईआर दर्ज करने तथा जांच कर उन्हें फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से जल्द सजा दिलवाने के आदेश दे दिए हैं। इसके विपरीत विपक्ष इस मामले में युवाओं को गुमराह करने का कुत्सित प्रयास कर रहा है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी वीरवार को रोहतक एमडीयू में मीडिया कर्मियों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने छात्रों के सुरक्षित भविष्य को सर्वोपरि मानते हुए नीट पेपर लीक मामले सहित अन्य मामलों में कड़ा संज्ञान लिया है, जब कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी इस विषय पर संसद में चर्चा करने को तैयार नहीं है। विपक्ष के पास इस मामले में कोई सकारात्मक सुझाव है तो वह भी उन्हें केंद्र सरकार को देना चाहिए। यूपीए सरकार में भी पेपर लीक के अनेक मामले सामने आए थे लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। विगत सरकार ने शिक्षा का बजट केवल 8225 करोड़ रुपए निर्धारित किया था, जब कि वर्तमान केंद्र सरकार ने इसे बढ़ाकर एक लाख 39 हजार करोड़ रुपए कर दिया है।
मुख्यमंत्री ने पड़ोसी राज्य पंजाब का हवाला देते हुए बताया कि वहां एक प्रतियोगी परीक्षा के परिणाम में गलत नामों के परीक्षार्थियों का चयन कर कैसे उन्हें पास कर दिया गया, जिस रिजल्ट पर हाई कोर्ट ने अब रोक लगा दी है। इसके विपरीत हरियाणा सरकार ने राज्य में पिछले साढे 11 सालों के दौरान बिना खर्ची और बिना पर्ची के एक लाख 83 हजार युवाओं को नौकरी दी है। कांग्रेस सरकार के समय 86 हजार युवाओं को नौकरी दी गई थी। सरकार ने परीक्षाओं की पवित्रता को बनाए रखने के लिए हरियाणा लोक परीक्षा अनुचित साधन निवारण विधेयक 2021 पारित किया है, जिसमें दो से दस साल तक की सजा का प्रावधान है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी और विपक्षी दलों को छात्रों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए, न कि भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष के पास कोई सुझाव हैं तो उन्हें संसद में रखकर सार्थक चर्चा करनी चाहिए, ताकि परीक्षा प्रणाली को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
इस मौके पर पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, भाजपा जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका, शिक्षा बोर्ड के चेयरमेन शंकर लाल धूपड़ आदि उपस्थित रहे।
क्रमांक 2026
प्रदेश में 100 प्रतिशत मतदाताओं को SIR फॉर्म आवंटित
गणना प्रपत्र बीएलओ को वापस जमा कराने के लिए अब केवल एक दिन का समय शेष
चंडीगढ़, 23 जुलाई- हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत अब तक कुल 2,06,55,221 (100%) मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं। इनमें से 1,72,49,753 (83.51%) गणना प्रपत्र बीएलओ के माध्यम से डिजिटाइज्ड एवं अपलोड किए जा चुके हैं। गणना प्रपत्र बीएलओ को वापस जमा कराने के लिए अब केवल एक दिन का समय शेष है।
31 जुलाई 2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारंभिक मतदाता सूची-2026 में केवल उन्हीं मतदाताओं के नाम शामिल किए जाएंगे, जिनके हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र बीएलओ को प्राप्त हो चुके होंगे। जिन मतदाताओं के गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं होंगे, उनके नाम प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल नहीं किए जाएंगे। ऐसे मतदाता voters.eci.gov.in पोर्टल के माध्यम से भी अपना गणना प्रपत्र ऑनलाइन भर सकते हैं।
23 जुलाई 2026 तक 34,02,917 (16.47%) ऐसे मतदाता चिन्हित किए गए हैं, जो स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके हैं, अनुपस्थित हैं, मृतक हैं अथवा जिनके नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टि के रूप में दर्ज हैं। ऐसे मतदाताओं के नाम प्रारंभिक मतदाता सूची-2026 में शामिल नहीं किए जाएंगे। इन मतदाताओं की सूची मतदान केंद्रवार तैयार कर सभी बीएलओ के माध्यम से राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए को उपलब्ध कराई गई है तथा यह सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा की वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगी।
प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल मतदाताओं का मिलान विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान प्राप्त सूचनाओं से किया जाएगा। जिन मतदाताओं के संबंध में कोई आपत्ति या विसंगति पाई जाएगी, उन्हें संबंधित निर्वाचन पंजीयन अधिकारी अथवा सहायक निर्वाचन पंजीयन अधिकारी द्वारा सुनवाई का नोटिस जारी किया जाएगा। ऐसे मतदाताओं से निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित होने का आग्रह किया गया है, ताकि उनका नाम 3 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया जा सके।
जिन मतदाताओं ने किसी कारणवश अपना गणना प्रपत्र बीएलओ को जमा नहीं कराया है, वे 31 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक आवश्यक दस्तावेजों के साथ फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं, पहले से दर्ज प्रविष्टियों में सुधार अथवा पता/स्थान परिवर्तन के लिए फॉर्म-8 भरा जा सकता है।
निर्वाचन पंजीयन अधिकारी के निर्णय से असंतुष्ट कोई भी मतदाता 15 दिनों के भीतर संबंधित जिलाधिकारी के समक्ष तथा जिलाधिकारी के निर्णय के विरुद्ध 30 दिनों के भीतर मुख्य निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपील कर सकता है।
क्रमांक 2026
बच्चों को अंतर्राष्ट्रीय भ्रमण पर ले जाएगी हरियाणा सरकार- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
रोहतक में मुख्यमंत्री ने सभी जिलों से आए मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
सरकारी स्कूलों में 391 एसटीईएम लैब और 250 विद्यालयों में अटल टिंकरिंग लैब स्थापित की
चंडीगढ़, 23 जुलाई। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने के लिए हरियाणा सरकार प्रतिभावान, संस्कारवान, ज्ञानवान, कुशल युवाओं की एक नई पीढ़ी तैयार कर रही है। इसी उद्देश्य से हरियाणा सरकार द्वारा शिक्षा में नवाचार, अनुसंधान, तकनीकी दक्षता को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। सरकार ने एक ऐसी योजना तैयार की है, जिसके अंतर्गत विद्यार्थियों को अंतर्राष्ट्रीय भ्रमण पर ले जाया जाएगा, जिससे कि उनका दृष्टिकोण और बौद्धिक विकास हो सके।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वीरवार को महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक के राधाकृष्णन सभागार में आयोजित मेधावी छात्र सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस समारोह में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित की गई दसवीं, बारहवीं व ओलंपियाड में प्रथम आने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा का अर्थ केवल एक डिग्री धारण करना नहीं है, शिक्षा ऐसी होनी चाहिए जो कि एक युवा को इस योग्य बनाए कि वह नौकरी मांगने वाला नहीं, अपितु स्वयं रोजगार का सृजन करने में सक्षम बन सके। प्रदेश के सभी जिलों से आए मेधावी विद्यार्थियों को उन्होंने कहा कि यह मंजिल नहीं, लंबी यात्रा का पड़ाव है। अभी उन्हें और ऊंचाइयों को छूना है।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि डिजीटल शिक्षा, एआई, रोबोटिक व इसरो, डीआरडीओ आदि की नई तकनीक बच्चों को सिखाने के लिए सरकारी स्कूलों में 391 एसटीईएम लैब स्थापित की जा चुकी हैं। राज्य के 250 विद्यालयों में अटल टिंकरिंग लैब 25 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित की जा रही हैं। प्रदेश में हर दस किलोमीटर की दूरी पर राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय स्थापित किए गए हैं। आज प्रदेश में 468 पीएम श्री व मॉडल संस्कृति विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। राज्य में 250 उत्कृष्ट विद्यालय स्थापित किए जाएंगे, जिनमें हिंदी व अंग्रेजी दोनों माध्यम से विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें खुशी है इस बात की कि आज 103 सरकारी स्कूलों में मिशन बुनियाद व सुपर 100 कार्यक्रम चलाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत आईआईटी, एनआईटी व आईआईएम में 277 विद्यार्थियों को दाखिला मिला है तथा 61 बच्चे मेडिकल कॉलेज की पढ़ाई कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दुनिया का वैश्वीकरण तेजी से बढ़ता जा रहा है, इसी को ध्यान में रखते हुए हरियाणा सरकार ने विदेश सहयोग विभाग की स्थापना की है जिसके माध्यम से युवाओं को विदेशों में रोजगार दिलवाया जा रहा है। इसके अलावा विद्यालयों में विदेशी भाषाओं की ट्रेनिंग दिए जाने पर काम शुरु कर दिया गया है। सरकार ने 60 शिक्षकों को फ्रेंच भाषा का प्रशिक्षण दिलवाया है।
मुख्यमंत्री ने स्नेह पूर्वक सभी बच्चों को सम्मानित किया तथा उनके साथ मंच पर सेल्फी भी ली। इस अवसर पर पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनिया, शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन शंकर धूपड़, संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी उदय कुमार, मेयर रामअवतार वाल्मीकि, भाजपा जिलाध्यक्ष रणबीर ढाका, सीएम के मीडिया सचिव प्रवीण अत्रे, रेणु डाबला इत्यादि मौजूद रहे।
क्रमांक 2026
सरकार पीड़ित परिवारों के साथ, हर संभव सहायता दी जाएगी : डॉ. अरविंद शर्मा
बंद कुओं, टैंकों और सीवर में बिना सुरक्षा उपकरण के उतरना जानलेवा, नागरिकों से सतर्क रहने की अपील
चण्डीगढ, 23 जुलाई - हरियाणा के सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने झज्जर जिला के गांव मुनीमपुर में कुएं में जहरीली गैस के कारण चार लोगों की हुई मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह हादसा बेहद दुखद और हृदय विदारक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन इस कठिन समय में पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
डॉ. अरविंद कुमार शर्मा गुरुवार को गांव मुनीमपुर पहुंचे और हादसे में जान गंवाने वाले ग्रामीणों के परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार की ओर से मिलने वाली सभी पात्र सहायता समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएगी।
गौरतलब है कि गांव मुनीमपुर में एक बछड़े को बचाने के प्रयास के दौरान कुएं में जहरीली गैस की चपेट में आने से चार लोगों की असामयिक मृत्यु हो गई थी।
सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि बंद कुओं, सीवर, टैंक अथवा अन्य संकरे स्थानों में बिना सुरक्षा उपकरणों और गैस परीक्षण के प्रवेश करना अत्यंत जोखिम भरा होता है। ऐसे स्थानों में जहरीली गैस की मौजूदगी कई बार दिखाई नहीं देती, लेकिन कुछ ही क्षणों में जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी कुएं, टैंक या सीवर में कोई व्यक्ति अथवा पशु फंस जाए तो बिना सुरक्षा उपाय अपनाए स्वयं अंदर उतरने का प्रयास न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत प्रशासन, दमकल विभाग, पुलिस अथवा संबंधित बचाव एजेंसियों को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित टीम सुरक्षित तरीके से राहत एवं बचाव कार्य कर सके। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था का ध्यान बेहद जरूरी है।
क्रमांक 2026
हरियाणा में निःशुल्क वायरल हेपेटाइटिस उपचार सेवाओं का होगा विस्तार, 10 नए उपचार केंद्र होंगे स्थापित
राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम के तहत मरीजों को घर के नजदीक मिलेगी निःशुल्क जांच, दवा और उपचार की सुविधा
नए केंद्रों के शुरू होने के बाद हरियाणा में वायरल हेपेटाइटिस उपचार केंद्रों की संख्या 26 से बढ़कर हो जाएगी 36
चंडीगढ़, 23 जुलाई- हरियाणा सरकार ने वायरल हेपेटाइटिस बी और सी से पीड़ित मरीजों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम (एनवीएचसीपी) के तहत राज्य में 10 नए वायरल हेपेटाइटिस उपचार केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे मरीजों को निःशुल्क जांच, निदान, दवाइयां तथा दीर्घकालिक उपचार की सुविधा अपने घर के नजदीक उपलब्ध हो सकेगी। नए केंद्रों के शुरू होने के बाद हरियाणा में वायरल हेपेटाइटिस उपचार केंद्रों की संख्या 26 से बढ़कर 36 हो जाएगी।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि यह विस्तार राज्य सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत वायरल हेपेटाइटिस से प्रभावित मरीजों को समय पर, गुणवत्तापूर्ण और किफायती उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। विशेष रूप से उन जिलों में उपचार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है जहां हेपेटाइटिस बी और सी के मामलों की संख्या अधिक है।
वर्तमान में यहां संचालित हो रहे हैं उपचार केंद्र:
डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि वर्तमान में पीजीआईएमएस रोहतक में एक मॉडल उपचार केंद्र, जिला नागरिक अस्पतालों में 22 उपचार केंद्र तथा सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त मेडिकल कॉलेजों में चार उपचार केंद्र संचालित हैं। भारत सरकार ने राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम के तहत सभी 36 उपचार केंद्रों को स्वीकृति प्रदान कर दी है, जिससे राज्य में वायरल हेपेटाइटिस उपचार सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा।
यहां खुलेंगे 10 नए उपचार केंद्र:
डॉ. मिश्रा ने बताया कि फरीदाबाद स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक नया उपचार केंद्र स्थापित किया जाएगा, जिससे शहर के औद्योगिक क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों तथा ईएसआई लाभार्थियों को विशेष सुविधा मिलेगी। इसके अतिरिक्त फतेहाबाद जिले के रतिया और टोहाना, जींद के नरवाना, कैथल के गुहला, करनाल के असंध और नीलोखेड़ी, सिरसा के डबवाली और ऐलनाबाद तथा पानीपत के समालखा स्थित उपमंडल नागरिक अस्पतालों में भी नए उपचार केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
नेटवर्क विस्तार से घर के समीप मिलेगी उपचार सुविधा:
उन्होंने कहा कि उपचार केंद्रों के विस्तारित नेटवर्क से मरीजों को बड़ी चिकित्सा संस्थाओं या मेडिकल कॉलेजों तक जाने की आवश्यकता कम होगी। अब उन्हें अपने निकट ही निःशुल्क स्क्रीनिंग, रोग की पुष्टि, प्रयोगशाला जांच, दवाइयां, परामर्श तथा नियमित फॉलो-अप उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे रोग की समय पर पहचान, उपचार की निरंतरता और वायरल हेपेटाइटिस से होने वाली गंभीर जटिलताओं को कम करने में मदद मिलेगी। डॉ. मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम के तहत स्थापित किए जा रहे सभी नए उपचार केंद्र आवश्यक संसाधनों एवं प्रशिक्षित चिकित्सा कर्मियों से सुसज्जित होंगे और शुरू होते ही मरीजों को निरंतर उपचार सेवाएं उपलब्ध कराएंगे।
प्रत्येक गर्भवती महिला की जांच आवश्यक:
उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला की हेपेटाइटिस-बी की जांच कराना अत्यंत आवश्यक है, ताकि संक्रमण को मां से नवजात शिशु तक फैलने से रोका जा सके। उन्होंने बताया कि यदि कोई गर्भवती महिला हेपेटाइटिस-बी से संक्रमित पाई जाती है, तो उसके नवजात शिशु को जन्म के 24 घंटे के भीतर हेपेटाइटिस-बी इम्यूनोग्लोब्युलिन (एचबीआईजी) तथा हेपेटाइटिस-बी का टीका लगाया जाना चाहिए। ये दोनों सुविधाएं हरियाणा के सभी जिला नागरिक अस्पतालों में पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं।
क्रमांक-2026
हरियाणा के राज्यपाल से मिले केंद्रीय राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव, स्वास्थ्य एवं आयुष क्षेत्र के विस्तार पर हुई चर्चा
रेवाड़ी में निर्माणाधीन एम्स एवं पंचकूला स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान की प्रगति की समीक्षा की
दूरदराज क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने को दी जाये सर्वोच्च प्राथमिकता - प्रो. असीम कुमार घोष
चंडीगढ़, 23 जुलाई - केंद्रीय आयुष तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्री प्रतापराव जाधव ने लोक भवन में हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष से शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर राज्यपाल और केंद्रीय मंत्री के बीच हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं तथा आयुष क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने रेवाड़ी में निर्माणाधीन अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि इस परियोजना को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाना चाहिए ताकि क्षेत्र के लोगों को इसकी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ शीघ्र मिल सके।
उन्होंने पंचकूला स्थित राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान की प्रगति के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। इस पर केंद्रीय मंत्री श्री प्रतापराव जाधव ने बताया कि संस्थान में प्रतिदिन ओपीडी के माध्यम से मरीजों को परामर्श एवं उपचार सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा संस्थान का विधिवत उद्घाटन कर इसे राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने राज्यपाल को हरियाणा सहित देशभर में आयुष चिकित्सा पद्धति को सुदृढ़ बनाने तथा स्वास्थ्य अवसंरचना के विस्तार एवं आधुनिकीकरण के लिए भारत सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।
राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने स्वास्थ्य सेवा वितरण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे प्रत्येक नागरिक, विशेषकर दूरदराज एवं वंचित क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं एवं वंचित लोगों सुलभ, किफायती एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को समान, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य अवसंरचना तथा चिकित्सा सेवाओं का निरंतर सुदृढ़ीकरण आवश्यक है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में स्वास्थ्य अवसंरचना का हो रहा अभूतपूर्व विस्तार - प्रतापराव जाधव
केंद्रीय राज्य मंत्री श्री प्रतापराव जाधव ने राज्यपाल को अवगत कराया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देशभर में स्वास्थ्य अवसंरचना का अभूतपूर्व विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार समग्र एवं समावेशी स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयुष चिकित्सा पद्धति को भी समान रूप से प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने बताया कि हरियाणा में भी स्वास्थ्य अवसंरचना का तेजी से विस्तार किया जा रहा है तथा समाज के सभी वर्गों, विशेषकर गरीब एवं वंचित लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री के साथ एडवोकेट मनोज बख्शी भी उपस्थित थे।
क्रमांक-2026
अटेली के गांव उनींदा में 15.87 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा आधुनिक रेस्ट हाउस: रणबीर गंगवा
चंडीगढ़, 23 जुलाई-हरियाणा के लोक निर्माण (भवन एवं सड़क) तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में महेंद्रगढ़ जिले के अटेली क्षेत्र के गांव उनींदा में 15.87 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक रेस्ट हाउस बनाया जाएगा। इसके निर्माण को प्रशासनिक मंजूरी दे दी गई है।
मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने बताया कि यह रेस्ट हाउस सभी जरूरी आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इसके बनने से क्षेत्र में बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही, क्षेत्र में सरकारी कामकाज को भी और अधिक सुचारु ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि परियोजना की सभी तकनीकी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। रेस्ट हाउस में बिजली सहित सभी आवश्यक सुविधाओं का प्रावधान किया गया है, ताकि लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि निर्माण कार्य तय समय में और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हर क्षेत्र में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है और विकास का लाभ प्रदेश के हर हिस्से तक पहुंचाया जा रहा है।
क्रमांक-2026
हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की शिष्टाचार भेंट
चंडीगढ़, 23 जुलाई- हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी से उनके आवास में शिष्टाचार भेंट की और प्रदेश के समग्र विकास व सड़क ढांचे के संबंध में उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।
इस दौरान शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने हरियाणा में शिक्षा के बुनियादी ढांचे और राजमार्गों की कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश भर में सड़कों और इंफ्रास्ट्रक्चर का अभूतपूर्व विकास हुआ है। हरियाणा में भी राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेसवे के विस्तृत जाल से विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा आम जनमानस का आवागमन अत्यंत सुगम और सुरक्षित हुआ है।
श्री ढांडा ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि प्रदेश के दूर-दराज के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्थित स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों तक विद्यार्थियों की निर्बाध एवं सुरक्षित पहुंच के लिए बेहतर सड़क नेटवर्क बेहद आवश्यक है। बैठक के दौरान शैक्षणिक संस्थानों के समीप यातायात सुरक्षा प्रबंधों और संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण पर सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ।
शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि श्री नितिन गडकरी का अनुभव और दूरगामी दृष्टिकोण हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। आज की इस शिष्टाचार भेंट में हरियाणा के युवाओं और विद्यार्थियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बुनियादी ढांचे के विस्तार पर बेहद सार्थक चर्चा हुई है।
केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी ने हरियाणा में शिक्षा एवं अवस्थापना विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की तथा केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
क्रमांक-2026
मुख्यमंत्री ने सिरसा के किन्नू को जीआई टैग मिलने पर दी बधाई
चंडीगढ़, 23 जुलाई- मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को सिरसा में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता की और लोगों की समस्याओं को सुना। इसके उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा का किन्नू ऐसा पहला फल है जिसे जीआई टैग मिला है। इस जीआई टैग से सिरसा के किन्नू की पहचान राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनी है। उन्होंने किसानों से कहा कि वे किन्नू के उत्पादन और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखते हुए इस पहचान को बरकरार रखें। जीआई टैग से किसानों की आय में बढ़ोत्तरी होगी। साथ ही मुख्यमंत्री ने किसानों को जीआई टैग मिलने पर बधाई भी दी।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने सिरसा के किन्नू को जीआई टैग दिलाने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले प्रगतिशील किसानों, अधिकारियों एवं विशेषज्ञों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने बड़ागुढ़ा के प्रगतिशील किसान निखिल मेहता, ऐलनाबाद के प्रगतिशील किसान मनोज कुमार, डबवाली के प्रगतिशील किसान कृष्ण कुमार तथा एचडीओ सीमा कंबोज को सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना की।
जिला उद्यान अधिकारी दीन मोहम्मद ने बताया कि सिरसा का किन्नू हरियाणा राज्य का पहला स्वतंत्र जीआई टैग प्राप्त कृषि उत्पाद बन गया है। इससे पहले बासमती और फुलकारी को संयुक्त रूप से जीआई टैग प्राप्त था, लेकिन सिरसा किन्नू ने हरियाणा की विशिष्ट कृषि उपज के रूप में अपनी अलग पहचान स्थापित की है। दीन मोहम्मद ने बताया कि अब तक स्वतंत्र जीआई टैग नहीं होने के कारण सिरसा का किन्नू अन्य राज्यों के किन्नू के साथ मिश्रित होकर बिकता था, जिससे किसानों को उनकी गुणवत्तापूर्ण उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पाता था। अब स्वतंत्र जीआई टैग मिलने से किसानों को उनकी उपज का बेहतर बाजार मूल्य मिलने की संभावना बढ़ेगी और सिरसा किन्नू की ब्रांड वैल्यू भी मजबूत होगी।
युवाओं के साथ मिलकर काम कर रही है सरकार : मुख्यमंत्री
एक अन्य प्रश्र के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में सीईटी और नीट की परीक्षा के दौरान कोई परेशानी नहीं आई और यातायात की सुविधा उपलब्ध करवाई गई। विपक्ष ने युवाओं को भडक़ाने व बरगलाने का काम किया है, लेकिन सरकार गंभीरता से युवाओं के साथ काम कर रही है। विपक्ष को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए कि उनके समय में युवाओं के साथ किस प्रकार का बर्ताव होता था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक ही विजन है कि युवाओं को सशक्त और मजबूत करना।
इस अवसर पर उपायुक्त शांतनु शर्मा, पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण, नगर परिषद सिरसा के चेयरमैन शांति स्वरूप, चेयरमैन रोहताश जांगड़ा, चेयरमैन देव कुमार शर्मा, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
क्रमांक-2026
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक
बैठक में 18 परिवादों का किया गया समाधान
मुख्यमंत्री ने जिला स्तरीय वन महोत्सव पौधारोपण अभियान का भी किया शुभारंभ
डबवाली वीटा दुग्ध चिलिंग सेंटर और इंटीग्रेटेड ड्रग रिकवरी सेंटर का किया लोकार्पण
चंडीगढ़, 23 जुलाई- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को सिरसा में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभिन्न विभागों से संबंधित जन शिकायतों की सुनवाई की। बैठक में रखी गई 19 शिकायतों में से 18 का मौके पर समाधान व निपटान किया गया, जबकि एक शिकायत को अगली बैठक के लिए लंबित रखा गया। बैठक में ओडिशा के पूर्व गवर्नर प्रो. गणेशी लाल भी उपस्थित रहे।
गांव गंगा निवासी परमजीत सिंह की शिकायत थी कि गांव झुट्टीखेड़ा निवासी सुल्तान सिंह की 11 जून 2000 को मृत्यु हो चुकी है और उनकी कोई शादी नहीं हुई थी, उनकी 40 कनाल एक मरला जमीन को फर्जी वसीयत से नाम करवा लिया गया है। मुख्यमंत्री ने इस मामले में विजिलेंस से जांच करवाने के निर्देश दिए हैं, इससे पहले इस मामले की जांच जिला राजस्व अधिकारी द्वारा की गई थी।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सोलर पैनल लगाने वाली एमएस सोम कॉर्पोरेशन हिसार द्वारा स्थापित सोलर पैनलों की जांच के निर्देश भी दिए हैं। मुख्यमंत्री के संज्ञान में यह मामला सिरसा में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में गांव गुड़िया खेड़ा के विनोद कुमार की ओर से रखा गया, जिसमें बताया कि 18 दिसंबर 2024 को आवेदन किया था। इस कंपनी ने अदायगी के बाद भी उसके सोलर पैनल नहीं लगाए और न ही राशि वापस लौटाई। बैठक में इसी कंपनी के खिलाफ गलत सोलर पैनल संबंधी अन्य शिकायतें भी आई ।
मुख्यमंत्री ने मारपीट के मामले में थाना रानियां के ढाणी सतनाम निवासी कमलेश कौर की शिकायत पर दोषी पुलिस कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कमलेश कौर ने बताया कि उनके ऊपर हमला हुआ था और इस मामले में दूसरे पक्ष से पंचायत ने समझौता दिखाया गया और इस समझौते में उनके नाबालिग बच्चे के हस्ताक्षर करवाए गए। मुख्यमंत्री ने नाबालिग बच्चे से समझौते पर हस्ताक्षर करवाने को गंभीर माना और कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बैंक द्वारा राशि काट लेने के बावजूद मुआवजा न देने के मामले में बैंक के खिलाफ कार्रवाई और ब्याज सहित राशि देने के निर्देश दिए हैं। इस मामले में रूपावास निवासी सुशील कुमार ने शिकायत दी थी कि वर्ष 2022 रबी फसल के लिए बीमा राशि काट ली गई लेकिन बीमा क्लेम दिया गया। जिला भिवानी के गांव बड़सी निवासी अनूप सिंह की शिकायत थी कि पशुपालन एवं डेयरी विभाग से बीएलईओ शमशेर सिंह 31 मार्च 2019 को सेवानिवृत्त हुए और 27 नवंबर 2024 को कैंसर से उनका देहांत हो गया तथा वे अविवाहित थे और उनकी मां विद्या देवी उन्हीं की पेंशन पर आश्रित है। महालेखाकार को पेंशन संबंधी दस्तावेज भेजने थे, परंतु एसडीओ ने स्थानीय स्तर पर ही केस रिजेक्ट कर दिया। मुख्यमंत्री ने इस मामले में जांच करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में मुख्यमंत्री ने सेक्टर 21 में फ्लैट अलॉट होने के मामले में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण को जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए है। शिकायत विजय कुमार निवासी आनंद विहार की ओर से रखी गई कि उसे फ्लैट अलॉट हुआ था, पहले 55 हजार रुपये भरवाए गए और फिर एक लाख 30 हजार रुपये भरवाए गए, इसके बाद अलॉटमेंट लेटर जारी कर दिया गया और उसे भौतिक कब्जा नहीं मिला और न ही मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के लंबित सभी मामलों का निपटान किया जाए। इस शिकायत को अगली बैठक में पुन: रखने के निर्देश दिए।
दिव्यांगों को नए नोटिफिकेशन से मिलेगी पेंशन
गांव पोहडक़ां निवासी रामपाल की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने कहा कि 18 वर्ष से कम आयु के दिव्यांगों के लिए दिव्यांगता श्रेणी के प्रमाणपत्र में परिवार की आय के मामले में नया नोटिफिकेशन हो गया है, जिसके अनुरूप बढी हुई आय के अनुसार पेंशन का लाभ मिलेगा।
कल्याण नगर निवासी रूप चंद ने शिकायत की कि उसने 2021 में रामजी लाल से जमीन खरीदी थी, जिस पर ट्यूबवेल लगा हुआ है, जबकि ट्यूबवेल कनेक्शन किसी ओर के नाम पर है, यह ट्यूबवेल कनेक्शन उसके नाम किया जाए। जबकि जिसके नाम कनेक्शन है, वह उसे बंद नहीं करवाना चाहता। मुख्यमंत्री ने दूसरे की जमीन पर ट्यूबवेल कनेक्शन देने के मामले में तत्कालीन अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई व एडीसी को जांच करने के निर्देश दिए हैं। निगम के अधीक्षण अभियंता ने माना कि वर्ष 2010 में कनेक्शन देते समय चूक हुई। मुख्यमंत्री ने दोनों किसानों को अलग-अलग कनेक्शन देने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने गांव छतरियां के किसान महेंद्र व अन्य की शिकायत पर एडीसी को जांच के निर्देश दिए। इसी तरह मंडी डबवाली निवासी सुखदेव सिंह व रूप चंद की शिकायत पर पुलिस को कार्रवाई करने को कहा।
दो परियोजनाओं का किया लोकार्पण
बैठक से पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चौधरी देवी लाल यूनिवर्सिटी सिरसा में 77वें जिला स्तरीय वन महोत्सव अभियान के तहत पौधारोपण किया। इसके उपरांत उन्होंने दो परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया। विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम हाल के प्रांगण में डबवाली में वीटा दुग्ध चिलिंग सेंटर का लोकार्पण किया। इस पर तीन करोड़ 30 लाख रुपये की राशि खर्च की गई है और इस चिलिंग सेंटर की प्रतिदिन की क्षमता 20 हजार लीटर दूध भंडारण की है। इस केंद्र से डबवाली के 35 से अधिक गांवों के दुग्ध उत्पादकों को लाभ होगा। मुख्यमंत्री ने नागरिक अस्पताल में इंटिग्रेटिड ड्रग रिकवरी सेंटर का भी यहां लोकार्पण किया है। इस केंद्र में छह बैड का इंडोर पुनर्वास वार्ड स्थापित किया गया है, 90 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस केंद्र को एचडीएफसी बैंक के साथ मिलकर सीएसआर के तहत बनाया गया है, इस केंद्र में मनोरोग, परामर्श कक्ष, व्यक्तिगत परामर्श कक्ष, मनोवैज्ञानिक थेरेपी क्षेत्र, ग्रुप थेरेपी एवं गतिविधि कक्ष तथा ई-लाइब्रेरी की सुविधा है।
बैठक में जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त शांतनु शर्मा, पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण, नगर परिषद सिरसा के चेयरमैन शांति स्वरूप, चेयरमैन रोहताश जांगड़ा, चेयरमैन देव कुमार शर्मा, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
क्रमांक-2026
सामाजिक समरसता के नए अध्याय के सूत्रधार बने नायब सिंह सैनी
महापुरुषों की जयंतियों पर संगत के बीच बैठकर सुनते हैं भजन-कीर्तन, समाज को देते हैं एकता का संदेश
चंडीगढ़, 23 जुलाई-- हरियाणा में सामाजिक समरसता को नई दिशा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी संत-महापुरुषों की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने के अभियान को निरंतर गति दे रहे हैं। वर्ष 2014 में तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल द्वारा शुरू की गई इस परंपरा को आगे बढ़ाते हुए श्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा ही नहीं, बल्कि राजस्थान, पंजाब और दिल्ली में भी महापुरुषों की जयंती समारोहों में भाग लेकर सामाजिक एकता का संदेश दिया है। उनकी सादगी, सहजता और मिलनसार व्यक्तित्व ने समाज के सभी वर्गों के बीच विशेष पहचान बनाई है।
मुख्यमंत्री का मानना है कि संत-महापुरुष किसी एक जाति, वर्ग या समुदाय के नहीं होते, बल्कि उनके विचार संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। उनकी शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं, जितनी उनके समय में थीं।
हरियाणा सरकार "हरियाणा एक–हरियाणवी एक" के मूल मंत्र पर चलते हुए संत-महापुरुषों की जयंती और सिख गुरुओं के प्रकाश पर्व सरकारी स्तर पर आयोजित कर सामाजिक सद्भाव को सुदृढ़ कर रही है।
वर्ष 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने पहली बार सरकारी स्तर पर महर्षि वाल्मीकि जयंती मनाने की शुरुआत की थी। उसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए अब संत शिरोमणि रविदास, संत कबीरदास, भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित अनेक संत-महापुरुषों की जयंतियां पूरे सम्मान के साथ सरकारी स्तर पर मनाई जा रही हैं। इन आयोजनों के लिए बजट का प्रावधान किया गया है तथा राज्य सरकार के वार्षिक कैलेंडर में इन्हें विशेष दिवस के रूप में स्थान दिया गया है।
हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य बन चुका है, जहां विभिन्न संत-महापुरुषों की जयंतियां सरकारी स्तर पर नियमित रूप से आयोजित की जाती हैं। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने सिख गुरुओं के प्रकाश पर्वों को भी सरकारी समारोहों का हिस्सा बनाया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत विशेष रेल सेवाएं भी संचालित की गई हैं।
'संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना' से घर-घर पहुंच रहे महापुरुषों के विचार
युवा पीढ़ी को संत-महापुरुषों के जीवन, आदर्शों और शिक्षाओं से जोड़ने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने 'संत महापुरुष सम्मान एवं विचार प्रसार योजना' प्रारंभ की है। इस योजना के तहत राज्य, जिला और खंड स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर महापुरुषों के विचारों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग भी इस योजना के माध्यम से सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचा रहा है। मुख्यमंत्री के इन प्रयासों को समाज के विभिन्न वर्गों, सामाजिक संस्थाओं, धर्मगुरुओं और बुद्धिजीवियों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। इन पहलों ने हरियाणा में सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और सांस्कृतिक एकता को और अधिक मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण आधार तैयार किया है।
क्रमांक-2026
सत्यव्रत/सोनिया
हमारे शिक्षकों की क्षमता, समर्पण और कुशलता पर है पूर्ण विश्वास - शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा*
नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय शिक्षा मंत्रियों के राष्ट्रीय सम्मेलन में हरियाणा के शिक्षा मंत्री ने प्रस्तुत किया राज्य की समग्र एवं भविष्य परक शिक्षा का खाका
चंडीगढ़, 23 जुलाई- हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि उन्हें प्रदेश के शिक्षकों की क्षमता, समर्पण और कुशलता पर पूर्ण विश्वास है। शिक्षक ही बच्चों में ज्ञान के साथ-साथ संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास का संचार कर विकसित भारत-2047 के निर्माण की मजबूत नींव तैयार कर रहे हैं।
उन्होंने यह बात नई दिल्ली स्थित पूसा के भारत रत्न सी. सुब्रमण्यम सभागार में 22 एवं 23 जुलाई, 2026 को आयोजित राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के शिक्षा मंत्रियों के दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान कही। केंद्रीय शिक्षा मंत्री श्री धर्मेंद्र प्रधान की अध्यक्षता में आयोजित इस सम्मेलन में केंद्र प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा के साथ स्कूली शिक्षा के विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
शिक्षा केवल बौद्धिक विकास नहीं, चरित्र निर्माण का सशक्त माध्यम
इस दौरान शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि शिक्षा का मूल उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना या बौद्धिक विकास तक सीमित रहना नहीं है। वास्तविक शिक्षा वही है जो बच्चे के चरित्र, नैतिक संस्कारों, आत्मविश्वास और भावनात्मक समझ को मजबूती प्रदान करे।
उन्होंने कहा कि हरियाणा की शिक्षा नीति का ध्येय हर बच्चे को उसकी विशिष्ट रुचि और क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने का समान अवसर देना है। राज्य में विद्यालयों को केवल पढ़ाई के केंद्र न बनाकर ऐसे जीवंत संस्थानों के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां बच्चों के सपनों, प्रतिभा और व्यक्तित्व को सही और सकारात्मक दिशा मिल सके।
प्रारंभिक शिक्षा, कौशल और खेलों पर है विशेष बल
मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने हरियाणा सरकार द्वारा स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए उठाए जा रहे ठोस कदमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार बुनियादी साक्षरता एवं सीखने के स्तर को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है। विद्यार्थियों में कौशल विकास व स्वरोजगार की भावना विकसित करने के लिए व्यावहारिक पाठ्यक्रम लागू कर रही है। स्कूली स्तर से ही खेल प्रतिभाओं को तराशने के लिए अत्याधुनिक संसाधन उपलब्ध करा रही है।
शिक्षक ही हैं 'विकसित भारत-2047' के वास्तविक शिल्पकार
शिक्षकों की भूमिका को सर्वोपरि बताते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षक हमारी शिक्षा व्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत हैं। वे केवल पाठ्यक्रम नहीं पढ़ाते, बल्कि बच्चों में अनुशासन, संस्कार और आत्मविश्वास का संचार करते हैं। हमारे शिक्षक प्रतिदिन कक्षाओं में देश का भविष्य गढ़ रहे हैं और यही 'विकसित भारत-2047' के निर्माण की वास्तविक नींव तैयार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें शिक्षकों की क्षमता, समर्पण और कुशलता पर पूर्ण विश्वास है। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के सभी गुरुजनों को शत-शत नमन किया।
आईटीआई, आईआईएमटी, आईआईएम और सीएसआईआर के सहयोग से सशक्त होगा शिक्षक प्रशिक्षण
शिक्षकों के ज्ञान और कौशल को निरंतर अपडेट करने की आवश्यकता पर बल देते हुए शिक्षा मंत्री ने एक दूरदर्शी सुझाव प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी, आधुनिक और परिणामोन्मुखी बनाने के लिए देश के शीर्ष संस्थानों—जैसे आईटीआई, आईआईएमटी, आईआईएम और सीएसआईआर का प्रत्यक्ष सहयोग लिया जाना चाहिए। इससे शिक्षकों को अत्याधुनिक शिक्षण विधियों और शोध- आधारित तकनीकों का लाभ मिल सकेगा।
इस राष्ट्रीय सम्मेलन में हरियाणा के स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव श्री विजय दहिया तथा राज्य परियोजना निदेशक श्री स्वप्निल रविंद्र पाटिल भी उपस्थित रहे।