पश्चिम एशिया हालात पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की जिला उपायुक्तों के साथ अहम बैठक*
*मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश- जिलों में पेट्रोल-डीजल व गैस की आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से बनी रहे, कालाबाजारी और जमाखोरी पर करें सख्त कार्रवाई*
*हर जिले में बनेगा कंट्रोल रूम, आमजन को मिलेगी सही जानकारी*
*जिला प्रशासन लोगों को जागरूक करें कि अनावश्यक रूप से अधिक खरीदारी करके इनका भंडारण न करें*
चंडीगढ़, 27 मार्च — हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पश्चिम एशिया की स्थिति को लेकर जिला उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए कि प्रदेश में डीजल, पेट्रोल तथा रसोई गैस को लेकर उत्पन्न हो रही आशंकाओं और घबराहट की स्थिति या अफवाहों को रोका जाए। डीजल, पेट्रोल तथा रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य है। किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। सभी संबंधित विभागों के अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में स्थिति पर लगातार निगरानी रखें। प्रत्येक जिले में कंट्रोल रूम स्थापित किए जाएं, जहां से आमजन को सही और प्रमाणिक जानकारी समय-समय पर उपलब्ध करवाई जाए।
मुख्यमंत्री शुक्रवार देर रात वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिला उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और संबंधित अधिकारियों के साथ अहम बैठक कर रहे थे।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि तेल व गैस कंपनियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए हुए हैं और हर स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। राज्य सरकार प्रदेश में निगरानी के लिए प्रशासनिक सचिवों की ड्यूटी लगा रही है। जिला प्रशासन के अधिकारी निरंतर प्रशासनिक सचिवों के संपर्क में रहें और उन्हें हर स्थिति की जानकारी देते रहें।
*जिला प्रशासन रहे अलर्ट, लोगों को जागरूक करें कि अनावश्यक रूप से अधिक खरीदारी करके इनका भंडारण न करें*
मुख्यमंत्री ने निर्देश देते हुए कहा कि डीजल, पेट्रोल तथा रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था सुचारु रूप से बनी रहे और प्रत्येक नागरिक को यह भरोसा दिलाएं कि इनकी पर्याप्त उपलब्धता है। प्रदेश में इनकी आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य है। किसी भी प्रकार की कमी की स्थिति नहीं है। अधिकारी लोगों को जागरूक करें कि अनावश्यक रूप से अधिक खरीदारी करके इनका भंडारण न करें।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी संचालक गैस, डीजल व पेट्रोल की सामान्य रूप से बिक्री जारी रखी जाए, किसी भी प्रकार की कालाबाजारी, जमाखोरी या कृत्रिम कमी उत्पन्न करने की कोशिश न करें। ट्रक यूनियनों, ड्राइवर संगठनों और डिस्ट्रीब्यूशन एजेंसियों से भी संपर्क बनाकर रखें। उन्हें विश्वास दिलाएं कि उनको किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। सभी पंपों और एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक बनाए रखा जाए और यदि किसी स्थान पर असामान्य मांग बढ़ती है तो तुरंत समय रहते अतिरिक्त आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करें।
*आमजन को मिले सही जानकारी*
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया, व्हाट्सएप या अन्य माध्यमों से फैल रही अफवाहों पर तुरंत संज्ञान लेने के निर्देश दिए और कहा कि जनता को सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही, अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में अनुशासन और विश्वास बना रहे।
उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि जिला प्रशासन के अधिकारी मीडिया से संपर्क बनाकर रखें। वर्तमान स्थिति में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए मीडिया के माध्यम से सही और वास्तविक जानकारी जनता तक पहुंचाएं।
*खेती के काम के लिए नहीं आने दी जाएगी डीजल की कोई कमी*
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्तमान में, फसलों की कटाई का काम शुरू हो चुका है। इस समय कृषि क्षेत्र में भी डीजल की खपत बढ़ती है। इसलिए किसान संगठनों, ग्राम पंचायतों व अन्य सामाजिक संगठनों से विशेष तौर पर बातचीत करें। उन्हें विश्वास दिलाएं कि उनको खेती के काम के लिए डीजल की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। इसके अलावा, इन दिनों बिजली की मांग भी बढ़ती है। बिजली आपूर्ति पर भी नजर बनाए रखें। बिजली विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर उन्हें निर्बाध आपूर्ति के लिए जरूरी दिशा-निर्देश जारी करें।
उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में किसी प्रकार की असुविधा सामने आती है, तो उसे प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के लिए सरकार ने जनहित में एक हेल्पलाइन नंबर और ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया है। नागरिक शिकायत या सुझाव इन पर दर्ज करा सकते हैं।
मंत्री विपुल गोयल बोले युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए 28 मार्च को मेगा जॉब फेयर बड़ा अवसर
- कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल का संकल्प ग्रीन पानीपत मिशन के दूसरे चरण में एक लाख वृक्षारोपण से पर्यावरण को मिलेगी नई दिशा
चंडीगढ़, 27 मार्च। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि सरकार एक ओर जहां युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाकर हरियाणा को हरा भरा और स्वच्छ बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने फरीदाबाद में बताया कि शनिवार 28 मार्च को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक भारतीय जनता युवा मोर्चा के सहयोग से एक भव्य मेगा जॉब फेयर का आयोजन किया जा रहा है, यह आयोजन जे.सी. बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय वाईएमसीए के शकुंतलम हॉल में संपन्न होगा।
कैबिनेट श्री विपुल गोयल ने कहा कि यह जॉब फेयर केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक ठोस पहल है इसमें विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी जो युवाओं को उनकी योग्यता कौशल और प्रतिभा के आधार पर रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी इस मंच के माध्यम से युवाओं और कंपनियों के बीच सीधा संवाद स्थापित होगा जिससे रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान होगी
श्री विपुल गोयल ने कहा कि लंबे समय से यह देखा गया है कि योग्य युवाओं को सही मंच नहीं मिल पाता जबकि कंपनियों को भी उपयुक्त प्रतिभा की तलाश रहती है यह मेगा जॉब फेयर इस दूरी को समाप्त करने का कार्य करेगा और एक ही स्थान पर हजारों युवाओं को अवसर उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि हरियाणा में अब रोजगार की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी हो चुकी है पर्ची और खर्ची जैसी पुरानी व्यवस्थाओं को समाप्त कर योग्यता आधारित प्रणाली स्थापित की गई है अब सरकार इसी पारदर्शी सोच को निजी क्षेत्र में भी आगे बढ़ा रही है ताकि अधिक से अधिक युवाओं को निष्पक्ष अवसर मिल सके
कैबिनेट मंत्री श्री विपुल गोयल ने बताया कि माननीय मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में निवेश और उद्योगों का विस्तार हो रहा है जिससे रोजगार के नए अवसर लगातार सृजित हो रहे हैं यह जॉब फेयर उसी सकारात्मक वातावरण का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि यह पहल माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के युवा सशक्तिकरण के विजन से प्रेरित है स्किल इंडिया और स्टार्टअप इंडिया जैसे अभियानों ने युवाओं को नई दिशा दी है और यह आयोजन उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इसी अवसर पर मंत्री श्री विपुल गोयल ने पानीपत में चल रहे ग्रीन पानीपत मिशन के दूसरे चरण की भी जानकारी दी उन्होंने बताया कि पहले चरण में लगभग 50 हजार पौधे लगाए जा चुके हैं और अब दूसरे चरण में और 50 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है जिससे कुल संख्या एक लाख तक पहुंचाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है बल्कि इसे एक जन आंदोलन का रूप दिया जा रहा है जिसमें सरकार प्रशासन सामाजिक संगठन और आम नागरिक सभी की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में विकास और पर्यावरण संरक्षण को समान महत्व दिया जा रहा है हरियाणा सरकार भी इसी सोच के साथ आगे बढ़ते हुए शहरों को स्मार्ट बनाने के साथ साथ ग्रीन और सस्टेनेबल बनाने की दिशा में कार्य कर रही है
श्री विपुल गोयल ने पानीपत के नागरिकों से आह्वान किया कि वे इस अभियान को व्यक्तिगत जिम्मेदारी के रूप में अपनाएं प्रत्येक परिवार कम से कम एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल सुनिश्चित करें ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरा भरा वातावरण मिल सके।
उन्होंने मीडिया से भी अपील की कि इन दोनों महत्वपूर्ण पहलों मेगा जॉब फेयर और ग्रीन पानीपत मिशन को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करें ताकि कोई भी युवा रोजगार के अवसर से वंचित न रहे और पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान जन जन तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर युवाओं को सशक्त बनाना और प्रदेश को समृद्ध एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाना है
इस दौरान सचिन ठाकुर जिला अध्यक्ष भारतीय जनता युवा मोर्चा सहित अन्य गणमान्य वरिष्ठजन एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
क्रमांक 2026
गोहाना की सूरत बदलेगी धन्यवाद एवं विकास रैली-डॉ अरविंद शर्मा
-भाई-भतीजावाद, क्षेत्रवाद को बढावा देने वाले अपने गिरेबां में झांके
-लोगों की सलाह पर बनाया गोहाना का मांगपत्र, मुख्यमंत्री खोलेंगे पिटारा
चंडीगढ़, 27 मार्च। सहकारिता, कारागार, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि रविवार को मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी गोहाना विधानसभा की धन्यवाद एवं विकास रैली में विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे, जो इलाके की सूरत बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को सौंपी गए मांगपत्र पर प्रशासन द्वारा फिजिबलिटी रिपोर्ट तैयार की जा रही है, ताकि सुनियोजित विकास की राह सुनिश्चित हो।
शुक्रवार को सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा सोनीपत ( गोहाना) में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि रविवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सुबह 11 बजे नई अनाज मंडी में गोहाना विधानसभा धन्यवाद एवं विकास रैली को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास की भावना के साथ मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने पर जनता-जर्नादन का धन्यवाद उनके बीच पहुंचकर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश की जनता से सुझाव लेकर अपना बजट तैयार किया था, उसी प्रकार हमने गोहाना इलाके की जनता से सुझाव लेकर मांगपत्र तैयार किया है, जिसे मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को सौंपा जा चुका है। उन्होंने कहा कि प्रशासन अब इन मांगपत्र के आधार पर फिजिबलिटी रिपोर्ट तैयार कर रहा है, ताकि सभी जरूरी घोषणाएं की जा सकें।
पत्रकारों द्वारा पूर्व मंत्री द्वारा गोहाना में विकास कार्यों को लेकर उठाए गए सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाई-भतीजावाद, क्षेत्रवाद को बढावा देने वाले आज विकास की बात कर रहे हैं। उन्हें अपने गिरेबां में झांकना चाहिए, अगर उन्होंने वाकई में विकास करवाया होता तो आज उन्हें मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी को विकास कार्यों की मांग सूची बुकलेट के तौर पर देने की नौबत नहीं आती। इससे पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने सेक्टर 7 स्थित भगवान परशुराम आश्रम में पहुंचकर भगवान परशुराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और सभा को संबोधित करते हुए कहा कि गोहाना रैली रिकार्डतोड रैली साबित होगी, क्योंकि गोहाना की जनता ने भाजपा पर भरोसा जताते हुए इलाके के राजनीतिक इतिहास में पहली बार न केवल कमल खिलाया है, बल्कि रैली को लेकर भी भरपूर जोश और उत्साह दिखाया है। इस मौके पर उन्होंने भगवान परशुराम आश्रम में विकास कार्यो के लिए 31 लाख रूपए देने की घोषणा की।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री बिजेन्द्र मलिक, जिला महामंत्री श्री महेन्द्र चिड़ाना, पार्षद प्रतिनिधि श्री संजय सैनी, श्री अरूण निनानिया, श्री कुलदीप कौशिक आदि उपस्थित रहे।
क्रमांक 2026
पीजीआईएमएस द्वारा गत एक वर्ष के दौरान जारी जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्रों की जांच के लिए कमेटी गठित करने के मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने दिए निर्देश
- अनियमितता पाए जाने पर दर्ज करवाए संबंधित के खिलाफ एफआईआर
- जिला लोक सम्पर्क एवं परिवेदना समिति की मासिक बैठक आयोजित
- बैठक के एजेंडे में शामिल 16 शिकायतों में से 12 शिकायतों का किया मौके पर निपटारा, चार लम्बित शिकायतों की जांच के लिए जांच समितिया गठित
चंडीगढ़, 27 मार्च : हरियाणा के विकास एवं पंचायत तथा खनन एवं भू-विज्ञान मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने पीजीआईएमएस द्वारा गत एक वर्ष के दौरान जारी किए गए जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्रों की जांच के लिए कमेटी गठित करने के निर्देश दिए है। यदि कमेटी की जांच में प्रमाण-पत्र जारी करने में कोई अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज करवाई जाए।
मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार रोहतक के स्थानीय जिला विकास भवन स्थित डीआरडीए हाल में जिला लोक सम्पर्क एवं परिवेदना समिति की मासिक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समिति के एजेंडे में 16 शिकायतें शामिल की गई थी, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर निपटारा कर दिया गया है तथा 4 अन्य शिकायतों को लम्बित रखते हुए जांच कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। बैठक में रोहतक के विधायक श्री भारत भूषण बत्तरा, महम के विधायक श्री बलराम सिंह दांगी, मेयर श्री रामअवतार वाल्मीकि, जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डïा, भाजपा के जिला अध्यक्ष श्री रणबीर ढाका व प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री अजय बंसल, प्रदेश सचिव रेणु डाबला भी मौजूद थे।
विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्णलाल पंवार ने स्थानीय फतेहपुर कॉलोनी निवासी मंजू विधवा अशोक की शिकायत की सुनवाई के दौरान पीजीआईएमएस द्वारा गत एक वर्ष के दौरान जारी किए गए जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्रों की जांच के लिए अतिरिक्त उपायुक्त, सिविल सर्जन तथा पीजीआईएमएस के चिकित्सा अधीक्षक की समिति गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्टï निर्देश देते हुए कहा कि यदि समिति द्वारा जांच के दौरान जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने में अनियमितता पाई जाए तो संबंधित के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज करवाई जाए। शिकायतकत्र्ता ने आरोप लगाया था कि उनके पति की मृत्यु के दो वर्ष बाद भी उन्हें मृत्यु प्रमाण-पत्र नहीं जारी किया गया है।
हरियाणा के विकास एवं पंचायत तथा खनन एवं भू-विज्ञान मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने स्थानीय शिव विहार निवासी रविन्द्र सिंह की शिकायत की सुनवाई करते हुए नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे गली के बीच में अनाधिकृत रूप से बनाए गए व्यक्तिगत सेप्टिक टैंक को तुरंत हटवाए। उन्होंने गांव कटेसरा निवासी विनोद कुमार की शिकायत की सुनवाई करते हुए निशानदेही के लिए एसडीएम, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी एवं तहसीलदार की कमेटी गठित करने के निर्देश देते हुए कहा कि कमेटी आगामी बैठक में रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
उन्होंने गांव बहुअकबरपुर निवासी कपूर सिंह सूबेदार की शिकायत की सुनवाई करते हुए उपमंडलाधीश की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी गठित करने के निर्देश देते हुए कहा कि कमेटी की रिपोर्ट केे अनुसार पंचायती भूमि पर अवैध कब्जे को हटवाने बारे कार्रवाई की जाएगी।
विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने स्थानीय सैनिक कॉलोनी निवासी गीता की शिकायत की सुनवाई करते हुए कहा कि अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी निरीक्षण कर यह पता लगाएगी की संबंधित फैक्ट्री द्वारा नियमों का उल्लंघन तो नहीं किया जा रहा है। उन्होंने गांव निंदाना निवासी रानी की शिकायत की सुनवाई करते हुए कहा कि एलडीएम द्वारा पुलिस को जांच रिपोर्ट सौंपी जाएगी, जिसके अनुसार शिकायतकत्र्ता को पुलिस द्वारा न्याय दिलवाया जाएगा। उन्होंने स्थानीय गीता कॉलोनी व नगर कॉलोनीवासियों की शिकायत की सुनवाई करते हुए रेलवे के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ऑफिशियल रूप से नगर निगम को डबल फाटक अंडरपास को टेकओवर करने बारे लिखित में दें, जिसके उपरांत नगर निगम द्वारा इस अंडरपास की देखरेख की जाएगी।
हरियाणा के विकास एवं पंचायत तथा खनन एवं भू-विज्ञान मंत्री श्री कृष्णलाल पंवार ने कलानौर कलां के वार्ड-1 निवासियों की सुनवाई करते हुए अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय समिति गठित कर रेलवे स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज के निर्माण की संभावनाए तलाशने के निर्देश दिए। उन्होंने इस समिति में दो गैर सरकारी सदस्यों रेणु डाबला व रमेश को शामिल किया। पांच सदस्यीय समिति की रिपोर्ट के आधार पर सरकार को जनहित में आवश्यक कार्रवाई के लिए सिफारिश की जाएगी। उन्होंने स्थानीय मोहल्ला बेरी वाला निवासी रामअवतार की शिकायत की सुनवाई करते हुए नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पिल्लर लगाकर शिकायतकत्र्ता की दुकान बनवाने में मदद करें।
उन्होंने एजेंडे में शामिल शिकायतों की सुनवाई के उपरांत अन्य शिकायकत्र्ताओं की शिकायतें भी सुनीं। उन्होंने खेड़ी साध निवासियों की शिकायत के संदर्भ में जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर निगम के इस क्षेत्र में लोगों को पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए स्थाई रूप से कर्मचारी की तैनाती की जाए। उन्होंने कहा कि उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा नाले से बिजली के सभी पोलो को 15 दिन के अंदर शिफ्ट कर दिया जाएगा। उन्होंने ताजा माजरा के सरपंच की शिकायत के संदर्भ में कहा कि ताजा माजरा व गद्दी खेड़ी में जलभराव की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
सरकार सभी क्षेत्र में विकास के लिए उपलब्ध करवा रही एक समान फंड
हरियाणा के विकास एवं पंचायत तथा खनन एवं भू-विज्ञान मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने समिति की बैठक के उपरांत प्रेस प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सत्ता पक्ष के विधायकों के साथ-साथ विपक्ष के विधायकों को भी अपने क्षेत्रों में विकास के लिए एक समान फंड उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। सरकार द्वारा सभी वर्गों के कल्याण के लिए योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं तथा गरीब लोगों को वर्तमान सरकार द्वारा कांग्रेस पार्टी के शासनकाल की अपेक्षा ज्यादा प्लॉट उपलब्ध करवाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि देश में एलपीजी, डीजल व पेट्रोल की पर्याप्त उपलब्धता है तथा प्रधानमंत्री द्वारा देशवासियों को किसी भी आपातस्थिति से निपटने के लिए सतर्क किया है। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि अधिकारियों द्वारा गंभीरता के साथ नागरिकों की शिकायतों का समाधान किया जा रहा है।
बैठक में रोहतक के विधायक श्री भारत भूषण बत्तरा, महम के विधायक श्री बलराम सिंह दांगी, मेयर श्री रामअवतार वाल्मीकि, जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डïा, उपायुक्त श्री सचिन गुप्ता, नगर निगम आयुक्त डॉ. आनंद शर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री सुरेंद्र सिंह, अतिरिक्त उपायुक्त श्री नरेंद्र कुमार, भाजपा के जिला अध्यक्ष श्री रणबीर ढाका व प्रदेश कोषाध्यक्ष श्री अजय बंसल, प्रदेश सचिव रेणु डाबला, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के सचिव श्री वीरेंद्र ढुल, उपमंडलाधीश आशीष श्री कुमार एवं श्री विपिन कुमार, रोहतक सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक श्वेता सुहाग, महम सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक श्री मुकुंद तंवर, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त नमिता सिंह, नगराधीश श्री अंकित कुमार, उत्तर हरियाणा बिजली वितरण के अधीक्षक अभियंता श्री बिजेंद्र नरवाल, जन स्वास्थ्य विभाग के अधीक्षक अभियंता श्री शिवराज, सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता श्री सतपाल दलाल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी श्री राजपाल चहल, सिविल सर्जन डॉ. रमेश चन्द्र, पीजीआईएमएस के चिकित्सा अधीक्षक डॉ.कुन्दन मित्तल सहित संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी, समिति के मनोनीत सदस्यगण आदि मौजूद रहे।
क्रमांक 2026
चंडीगढ़, 27 मार्च -पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय ने आज ग्रुप-24 भर्ती से संबंधित विषय पर महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। न्यायालय ने अभ्यर्थियों के हित में फैसला देते हुए भर्ती प्रक्रिया को वैध ठहराया है। इस फैसले से हजारों अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है और उनकी नौकरियां सुरक्षित हो गई हैं।
आयोग द्वारा की गई ग्रुप-24 भर्ती में कुल 10,233 अभ्यर्थी चयनित हुए थे, जबकि 232 अभ्यर्थियों का रिजल्ट अभी पेंडिंग था। उच्च न्यायालय के इस निर्णय के बाद अब पूरी भर्ती प्रक्रिया स्पष्ट हो गई है और शेष रिजल्ट संबंधित प्रक्रिया के अनुसार शीघ्र जारी किया जाएगा।
लंबे समय से इस भर्ती को लेकर अनिश्चितता बनी हुई थी, जिससे अभ्यर्थियों में चिंता का माहौल था। न्यायालय के ताजा फैसले ने स्थिति को स्पष्ट किया है और भर्ती प्रक्रिया को सही ठहराते हुए अभ्यर्थियों के पक्ष में निर्णय दिया है। इससे न केवल चयनित अभ्यर्थियों को राहत मिली है, बल्कि हरियाणा में सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं के प्रति पारदर्शिता और विश्वास भी और मजबूत हुआ है।
आयोग के चेयरमैन श्री हिम्मत सिंह ने इस फैसले पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा,
“यह निर्णय न्याय, सत्य और पारदर्शिता की जीत है। अभ्यर्थियों ने लंबे समय तक धैर्य और विश्वास बनाए रखा, जो सराहनीय है। आयोग ने पूरे मामले में अभ्यर्थियों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए हर स्तर पर मजबूती से अपना पक्ष रखा, जिसका सकारात्मक परिणाम आज सामने आया है।”
उन्होंने आगे कहा, “न्यायालय के इस फैसले ने आयोग की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर मुहर लगाई है। भविष्य में भी आयोग इसी तरह पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ भर्ती प्रक्रियाओं को संपन्न कराता रहेगा।”