प्रदेशभर में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में जगमगाए लाखों दीये
चंडीगढ़ , 17 सितंबर- देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के तहत 13 वर्ष गुजरात में बतौर मुख्यमंत्री व 12 साल देश के प्रधानमंत्री के रूप में यानि 25 वर्ष सुशासन करने के उपलक्ष्य में 17 सितम्बर से 17 अक्तूबर 2026 तक देश भर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वीरवार को आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में विभिन्न मंत्रियों , विधायकों सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने लाखों दीपक प्रज्वलित कर सेवा, संस्कार, सदभाव और मानवीय संवेदनाओं का संदेश दिया। दीयों की रोशनी से पूरा वातावरण आध्यात्मिक एवं उत्साहपूर्ण नजर आया।
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने अंबाला में पहले अपने निवास स्थान पर और उसके बाद कार्यकर्ताओं के साथ सुभाष पार्क में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाना और उसके जीवन में आशा का प्रकाश फैलाना ही सच्ची मानव सेवा है। ‘आशीर्वाद का दिया’ इसी सकारात्मक सोच का प्रतीक है।
हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष के अवसर पर पानीपत जिला के गांव पाथरी में स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल शीतला माता मंदिर के प्रांगण में दीया जलाया ।उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प और अधिक मज़बूत हो, यही मंगलकामना है।
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने सेवा संकल्प अभियान के पहले दिन की संध्या के अवसर पर गुरुग्राम के मातृ वन में आशीर्वाद का दीया प्रज्ज्वलित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया है, जिसे पूरा करने के लिए प्रत्येक नागरिक को सहभागिता करनी होगी।
हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने पानीपत शुगर मिल में सैकड़ों किसान भाइयों के साथ ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया और कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक को प्रधानमंत्री के जीवन से सीख लेनी चाहिए तथा राष्ट्र के प्रति अपने आप को समर्पित रखना चाहिए।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में मनाए जा रहे 'आशीर्वाद का दीया' अभियान के तहत महेंद्रगढ़ जिले में जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम महर्षि च्यवन राजकीय मेडिकल कॉलेज के सभागार में आयोजित हुआ, हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और इस अवसर को प्रधानमंत्री के नेतृत्व और सेवा भाव को समर्पित बताया। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री ने कहा कि यह अवसर राष्ट्र निर्माण में सेवा का संकल्प लेने का है।
सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलित किया। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी डॉ. रीटा शर्मा भी उनके साथ मौजूद रहीं। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भागीदारी की।
यमुनानगर जिला में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा सहित अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सार्वजनिक स्थलों के साथ-अपने अपने घरों में दीप प्रज्वलित कर समाज में प्रेम, भाईचारे, सहयोग और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत वीरवार को हिसार के महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डा परिसर में जिला स्तरीय आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोकनिर्माण मंत्री रणबीर गंगवा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। श्री गंगवा ने कहा कि प्रधानमंत्री का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र सेवा, जनकल्याण और विकास के प्रति समर्पण का उदाहरण है।
नरवाना में आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में सामाजिक न्याय ,अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने दीप प्रज्ज्वलित किया। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा कार्यों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। सेवा केवल किसी व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत चल रहे आज के कार्यक्रम "आशीर्वाद का दीया" में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने अन्य कार्यकर्ताओं के साथ रोहतक में दीपक प्रज्ज्वलित किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जनहित के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेवा और सहयोग की भावना को मजबूत करना ही इस अभियान की मूल भावना है।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत रेवाड़ी जिला के माजरा गांव स्थित एम्स में दीपक प्रज्वालित किया। इस अवसर पर अनेक कार्यकर्ता भी उपस्थित थे। आरती सिंह राव ने कहा कि मोदी जी ने जनसेवा और अंत्योदय की भावना के साथ कार्य करने की मिसाल कायम की है।
हरियाणा के खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने पलवल में केएमपी मार्ग के नजदीक आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में शिरकत की और आम जन को सेवा संकल्प अभियान में बढ़चढ़ कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
------------------------
*ब्रह्मसरोवर के दक्षिण भाग में 120 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा सर्किट हाउस - मुख्यमंत्री*
*प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पद को अधिकार नहीं, जनसेवा का माध्यम बनाकर देश को दी नई दिशा-मुख्यमंत्री*
*मुख्यमंत्री ने सेवा संकल्प अभियान के तहत ब्रह्मसरोवर पर आयोजित आशीर्वाद का दीया व रक्तदान कार्यक्रम में की शिरकत*
*सेवा संकल्प अभियान को जन आंदोलन बनाएं प्रदेशवासी, सेवा के जिस भी रूप में अवसर मिले उसमें निभाएं अपनी जिम्मेदारी-मुख्यमंत्री*
चंडीगढ़, 17 सितंबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने पर्यटन व तीर्थाटन को बढ़ावा देने की दिशा में घोषणा करते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर के दक्षिण भाग में 120 करोड़ रुपये की लागत से भव्य सर्किट हाउस बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री गुरुवार को कुरुक्षेत्र के पवित्र ब्रह्मसरोवर स्थित पुरुषोत्तमपुरा बाग में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ एवं रक्तदान कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया और उन्हें सम्मानित भी किया। उन्होंने दो मेडिकल मोबाइल यूनिट को झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर बनाई गई रंगोली का अवलोकन किया। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने ब्रह्मसरोवर पर आशीर्वाद का दीया जलाया। मुख्यमंत्री ने महाआरती में भी भाग लिया। ब्रह्मसरोवर पर लगभग 1 लाख 25 हजार दीयों को प्रज्वलित किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा कार्यों और मोदी सरकार द्वारा चलाई गई प्रमुख योजनाओं पर आधारित भव्य ड्रोन शो का भी अवलोकन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को आधुनिक बनाने, सुरक्षित रक्तदान को बढ़ावा देने और ब्लड बैंक सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकारी अस्पतालों में डेंगू मरीजों के लिए सिंगल डोनर प्लेटलेट की शुरुआत करने वाला हरियाणा उत्तर भारत का पहला राज्य है। प्रदेश में प्लेटलेट केंद्रों और रक्त संग्रह की व्यवस्था को मजबूत किया गया है तथा रक्तदान के निर्धारित लक्ष्यों से भी अधिक यूनिट एकत्रित करने में सफलता मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा ही समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाने का आधार है। रक्तदान मानवता की सेवा का ऐसा कार्य है, जिससे किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान जैसे पुनीत कार्य के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के और करीब पहुंचाने के उद्देश्य से मेडिकल मोबाइल यूनिट शुरू की गई है। इस यूनिट में एक चिकित्सक, स्टाफ नर्स और फार्मासिस्ट की टीम उपलब्ध रहेगी तथा लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच और आवश्यक टेस्ट की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। मोबाइल यूनिट के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को उनके नजदीक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने पद को अधिकार का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम बनाकर पिछले 25 वर्षों में देश को सेवा, सुशासन और विकास की नई दिशा दी है। प्रधानमंत्री ने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण राष्ट्र की उन्नति, गरीब कल्याण और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित किया है। उनकी इसी सेवा भावना से प्रेरणा लेते हुए प्रदेश में शुरू किया गया ‘सेवा संकल्प अभियान’ केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि सेवा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, जनभागीदारी और विकास का जन आंदोलन बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत होना अपने आप में विशेष है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश तेजी से बदल रहा है और विकसित भारत-2047 के संकल्प की दिशा में बिना रुके और बिना थके आगे बढ़ रहा है। जब मानवता की सेवा के साथ आधुनिक तकनीक का समावेश होता है तो विकास को नई गति मिलती है। संवेदना और सामर्थ्य का यही संगम आज के इस आयोजन में भी दिखाई दे रहा है।
उन्होंने भगवान विश्वकर्मा को नमन करते हुए कहा कि भगवान विश्वकर्मा को सृजन, शिल्प, ज्ञान और विज्ञान का प्रतीक माना जाता है। दूसरी ओर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भी बीते 12 वर्षों में आधुनिक और मजबूत भारत के निर्माण को गति देते हुए विश्व पटल पर देश का गौरव बढ़ाया है।
*रक्तदान गीता के कर्मयोग का जीवंत उदाहरण*
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हम भगवान श्रीकृष्ण की पवित्र कर्मभूमि कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर पर उपस्थित हैं। इसी पवित्र धरा से भगवान श्रीकृष्ण ने मानव जाति को श्रीमद्भगवद्गीता के माध्यम से कर्मयोग का दिव्य संदेश दिया था। गीता का संदेश हमें बिना फल की चिंता किए अपने कर्तव्य का पालन करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान करने वाला व्यक्ति यह नहीं जानता कि उसका दिया हुआ रक्त किस व्यक्ति के काम आएगा, लेकिन उसके इस प्रयास से किसी अनजान व्यक्ति का जीवन बच सकता है। यही निस्वार्थ कर्म है, यही सच्ची सेवा है और यही गीता के संदेश को अपने जीवन में उतारना है। किसी अनजान व्यक्ति का जीवन बचाने के लिए अपनी रगों का रक्त देने से बड़ा कोई धर्म नहीं हो सकता। रक्त की न कोई जाति होती है और न कोई धर्म, वह केवल जीवन का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन का स्रोत है। उन्होंने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण राष्ट्र की उन्नति, गरीबों के कल्याण और समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित किया है। उन्होंने कहा कि ‘सेवा ही संगठन’ और ‘जनसेवा ही ईश्वर सेवा’ की भावना से प्रेरणा लेते हुए शुरू किया गया सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस अभियान का उद्देश्य राजनीति से ऊपर उठकर हरियाणा के कोने-कोने तक सेवा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और विकास का संदेश पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस महापुरुष ने जनसेवा को अपने जीवन का ध्येय बनाया हो, उसके जन्मदिन पर किसी जरूरतमंद के काम आने से अधिक सार्थक उपहार और क्या हो सकता है। रक्तदान शिविर प्रधानमंत्री के प्रति सम्मान और सेवा भावना की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि आगामी 7 अक्टूबर को श्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में शासन के माध्यम से जनसेवा की यात्रा के 25 गौरवशाली वर्ष पूरे होंगे। वर्ष 2001 से 2026 तक उन्होंने निरंतर शासन के माध्यम से जनसेवा की है। उनकी यात्रा से सबसे बड़ी प्रेरणा यही मिलती है कि पद का महत्व उसके अधिकारों में नहीं, बल्कि उसके माध्यम से की जाने वाली जनसेवा में है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में जनता के सुख-दुख को अपना मानने की परंपरा रही है। हमारे शास्त्रों में भी कहा गया है कि ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी इसी भावना के अनुरूप गरीब, किसान, युवा, महिला और समाज के प्रत्येक वर्ग के सुख-दुख में उनके साथ खड़े हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रदेश और देश में लोगों का जीवन सरल बनाने के लिए अनेक योजनाएं और बड़ी परियोजनाएं धरातल पर उतारी गई हैं। कुरुक्षेत्र में एलिवेटेड रेलवे ट्रैक और 152-डी जैसी परियोजनाओं ने लोगों की सुविधा बढ़ाई है।
*30 दिनों में सेवा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और जनभागीदारी के होंगे अनेक कार्यक्रम*
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी एक महीने तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान प्रत्येक हरियाणवी का अपना अभियान है। इस दौरान प्रदेशभर में स्वास्थ्य जांच शिविर, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, वृक्षारोपण तथा युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार नीतियां बना सकती है और योजनाएं लागू कर सकती है, लेकिन जब जनता स्वयं किसी अभियान से जुड़ती है तभी संकल्प सिद्धि तक पहुंचता है। उन्होंने कुरुक्षेत्र की पवित्र भूमि से प्रदेश के प्रत्येक नागरिक और सामाजिक, धार्मिक व अन्य संस्थाओं का आह्वान किया कि वे इस सेवा महायज्ञ में अपनी आहुति दें। जहां और जिस रूप में सेवा का अवसर मिले, वहां आगे बढ़कर अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
*केंद्र की योजनाओं ने देश को नई दिशा और नया मुकाम दिया*
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, स्टार्टअप इंडिया, स्टैंड-अप इंडिया, मेक इन इंडिया, डिजिटल इंडिया और खेलो इंडिया जैसी पहलों के माध्यम से पिछले 12 वर्षों में भारत को नई दिशा और नया मुकाम मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश आधुनिक तकनीक और नवाचार की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन हरियाणा से शुरू होना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। इसी प्रकार वंदे भारत ट्रेन, अमृत भारत स्टेशन और अमृत सरोवर जैसी पहल आधुनिक बुनियादी ढांचे के निर्माण और जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
*ड्रोन शो आधुनिक तकनीक और नवाचार की दिशा में बढ़ते भारत का प्रमाण*
मुख्यमंत्री ने पुरुषोत्तमपुर बाग पर आयोजित भव्य ड्रोन शो में भी शिरकत की। उन्होंने कहा कि ड्रोन शो इस बात का प्रमाण है कि हरियाणा और देश आधुनिक तकनीक एवं नवाचार की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, जिस प्रकार सैकड़ों ड्रोन एक साथ, एक दिशा और एक तालमेल के साथ आसमान को रोशन करते हैं, उसी प्रकार हमें भी हरियाणा के विकास के लिए एक साथ और एक संकल्प के साथ आगे बढ़ना है।
*विकसित भारत के लिए विकसित हरियाणा का लें संकल्प*
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से सेवा संकल्प अभियान को जन आंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए पूरे हरियाणा को सामूहिक संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा। प्रत्येक प्रदेशवासी विकसित हरियाणा के निर्माण में अपना योगदान देगा तो हरियाणा विकसित भारत के निर्माण में और मजबूती से योगदान देगा।
*प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्व के लोकप्रिय नेताओं में शामिल, 25 वर्षों से सेवा भाव से कर रहे जनसेवा- डॉ अर्चना गुप्ता*
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री पिछले 25 वर्षों से निरंतर सेवा की भावना के साथ जनसेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है। उन्होंने ब्रह्मसरोवर पर आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।
-----------------
*मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के दूसरे चरण का शुभारंभ, 17 लाख और महिलाओं को मिलेगा लाभ*
*अब 1.80 लाख रुपये तक आय वाले परिवारों की महिलाओं को भी मिलेगा 2,100 रुपये प्रति माह का लाभ*
*हुनर को सम्मान, मेहनत को पहचान और कारीगर को अवसर देना सरकार का संकल्प - मुख्यमंत्री*
*3396 राजकीय विद्यालयों को खेल गतिविधियों के लिए 33.96 करोड़ रुपये की अनुदान राशि जारी*
*‘SEVA First Innovation Challenge’ पोर्टल का शुभारंभ, युवाओं और नवप्रवर्तकों को अभिनव विचार प्रस्तुत करने का अवसर*
चंडीगढ़, 17 सितंबर - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने महिलाओं की आर्थिक उत्थान को और आगे बढ़ते हुए वीरवार को दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। अब प्रदेश में 1 लाख 80 हजार रुपए की सालाना आय वाले परिवारों की महिलाओं को भी इस योजना के तहत 2100 रुपये प्रति माह का लाभ मिलेगा। पहले चरण में 1 लाख रुपये सालाना आय वाले परिवारों की 10 लाख से अधिक महिलाओं को लाभ मिल रहा है। अब आय सीमा बढ़ने के बाद लगभग 17 लाख और महिलाओं को लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने वीरवार को महेंद्रगढ़ में भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने वीर गाथा और सैनिकों का सम्मान करते हुए वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं को देश की सेवा और त्याग के लिए नमन किया।
मुख्यमंत्री ने 3,396 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक एवं राजकीय उच्च विद्यालयों को 1-1 लाख रुपये प्रति विद्यालय की दर से 33 करोड़ 96 लाख रुपये की खेल अनुदान राशि भी जारी की। इसके अलावा, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को समर्पित सेवा संकल्प अभियान के तहत एक नई और दूरदर्शी पहल "SEVA First Innovation Challenge" का भी शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह पोर्टल प्रदेश के विद्यार्थियों, स्टार्टअप्स, उद्यमियों, पेशेवरों, शोधकर्ताओं, जमीनी स्तर के नवप्रवर्तकों तथा आम नागरिकों को अपने अभिनव विचार, तकनीक, उत्पाद एवं समाधान प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करेगा। प्रदेश के हर नागरिक तक यह अवसर पहुंचे, इसी उद्देश्य से प्रतिभागियों के प्रोत्साहन के लिए पुरस्कारों की व्यवस्था की गई है। हर जिले से चयनित सर्वश्रेष्ठ नवाचार को 1 लाख रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, राज्य स्तर पर चयनित शीर्ष 3 नवाचारों को 5 लाख रुपए की पुरस्कार राशि तथा विशेष राज्य स्तरीय सम्मान प्रदान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने औद्योगिक एवं वाणिज्यिक संस्थाओं में काम करने वाले 64,783 श्रमिकों के बैंक खातों में विभिन्न योजनाओं के 48 करोड़ 91 लाख रुपये की राशि जारी की। उन्होंने भगवान श्री विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों, विशेषकर कारीगरों, शिल्पकारों और श्रमिकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में भगवान श्री विश्वकर्मा सृजन, शिल्प, कौशल और निर्माण के देवता हैं। उनकी आराधना हमें अपने कार्य में कुशलता, ईमानदारी, मेहनत और जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा जयंती निर्माण, सृजन और कौशल के प्रति हमारी आस्था का पर्व है। भारतीय दर्शन में सृष्टि के निर्माण में पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश जैसे पंचतत्वों की महत्वपूर्ण भूमिका मानी गई है और भगवान श्री विश्वकर्मा को इन तत्वों को सुव्यवस्थित स्वरूप देने वाले दिव्य शिल्पी के रूप में स्मरण किया जाता है।
*‘मेरा हुनर, मेरी पहचान’ की भावना से सशक्त होगा कारीगर*
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वकर्मा समाज कुशल, मेहनती और ईमानदार लोगों का समाज है। इस समाज ने अपने हुनर और परिश्रम के बल पर हमेशा स्वाभिमान के साथ जीवन जिया है। हरियाणा के निर्माण और विकास में भी विश्वकर्मा समाज के कारीगरों, शिल्पकारों और श्रमिकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के गठन के लगभग छह दशकों में प्रदेश ने विकास की लंबी यात्रा तय की है। आज हरियाणा ऑटोमोबाइल, आईटी और विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों का महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है। प्रदेश में आधुनिक राजमार्गों, एक्सप्रेसवे, रेलमार्गों और मेट्रो जैसी सुविधाओं का विस्तार हुआ है। इस विकास यात्रा में मेहनतकश कारीगरों और श्रमिकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
*पीएमविश्वकर्मा योजना से कारीगरों को कौशल, टूलकिट और ऋण की सुविधा*
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों के कौशल को नई पहचान और बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना शुरू की गई है। योजना में कौशल प्रशिक्षण के दौरान प्रतिदिन 500 रुपये का स्टाइपेंड, आधुनिक टूलकिट के लिए सहायता तथा बिना जमानत ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। इसके साथ ही उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग, मार्केटिंग और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से बाजार तक पहुंच बनाने में भी सहायता दी जाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में इस योजना के तहत 41,366 आवेदक पंजीकृत हुए हैं, जिनमें से 30,655 कारीगरों का कौशल प्रशिक्षण पूरा हो चुका है और लगभग 12 हजार कारीगरों को टूलकिट प्रदान की जा चुकी हैं। लगभग 6 हजार कारीगरों को 56 करोड़ रुपये के ऋण उपलब्ध करवाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि जिला पलवल के दुधौला में स्थापित श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय कौशल आधारित शिक्षा और प्रशिक्षण के क्षेत्र में देश के लिए एक विशिष्ट मॉडल के रूप में विकसित हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज अथक कर्मयोगी, मां भारती के महान सपूत और देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी है। उन्होंने प्रदेशवासियों को प्रधानमंत्री के जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण की प्रेरक मिसाल है। उन्होंने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण देश की प्रगति, गरीबों के कल्याण और समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए समर्पित किया है। इसी सेवाभाव से प्रेरित होकर हरियाणा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की गई है, जो 17 अक्तूबर तक चलेगा। अभियान के माध्यम से सेवा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और विकास से जुड़ी गतिविधियों में जनभागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कैंची चौक पर महाराजा शूर सैनी जी की प्रतिमा का अनावरण भी किया गया है। यह प्रतिमा हमारी भावी पीढ़ियों को साहस, स्वाभिमान, पराक्रम और समाज के प्रति समर्पण की प्रेरणा देती रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना के अनुरूप समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए अनेक कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया जाना तथा उच्च शिक्षा में OBC वर्ग के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान महत्वपूर्ण कदम रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी पिछड़े वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए अनेक योजनाएं लागू की गई हैं। 3 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले पिछड़े वर्ग के परिवारों के बच्चों को देश में उच्च शिक्षा के लिए 15 लाख रुपये तक तथा विदेश में पढ़ाई के लिए 20 लाख रुपये तक का ऋण 4 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा छात्रवृत्ति योजनाओं तथा डॉ. बी.आर. अंबेडकर आवास नवीनीकरण योजना के माध्यम से भी सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि असंगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों के कल्याण के लिए हरियाणा असंगठित कर्मकार सामाजिक सुरक्षा बोर्ड तथा हरियाणा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि आज जारी की गई राशि को मिलाकर भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा पिछले 12 वर्षों में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत निर्माण श्रमिकों के कल्याण पर 3,976 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।
उन्होंने बताया कि पंजीकृत निर्माण कामगारों को 60 वर्ष की आयु के बाद प्रतिमाह 3,500 रुपये पेंशन दी जा रही है। दिव्यांगता पेंशन बढ़ाकर 3,000 रुपये की गई है तथा 60 वर्ष की आयु के बाद 1,000 रुपये अतिरिक्त राशि का प्रावधान है। कार्यस्थल पर दुर्घटना के कारण अपंगता होने पर 1.50 लाख रुपये से 3 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता तथा दुर्घटना में मृत्यु होने पर मुख्यमंत्री सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत परिवार को 5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है।
उन्होंने कहा कि भवन निर्माण और उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों में सिलिकोसिस जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम और प्रभावित श्रमिकों के पुनर्वास के लिए भी नीति लागू की गई है, जिसके तहत अब तक लगभग 38 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान की जा चुकी है।
*सशक्त कारीगर से सशक्त हरियाणा और विकसित भारत का संकल्प*
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक शिल्पकार, कारीगर और छोटे उद्यमी सशक्त नहीं होंगे, तब तक प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था को और मजबूत नहीं बनाया जा सकता। सरकार का संकल्प है कि हुनर को सम्मान, मेहनत को पहचान और कारीगर को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक अवसर मिले। उन्होंने कहा कि जब हमारा कारीगर सशक्त होगा, तो हमारा प्रदेश सशक्त होगा और जब हमारा प्रदेश सशक्त होगा, तो विकसित भारत का सपना और मजबूत होगा। हर हाथ को काम मिले, हर मेहनत को मान मिले और हर घर में उत्सव हो—हरियाणा का कारीगर आत्मविश्वास से कहे, ‘मेरा हुनर, मेरी पहचान।’”
*हर हुनर को सम्मान, हर मेहनत को पहचान और हर हाथ को आगे बढ़ने का अवसर देना सरकार का संकल्प—स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव*
स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा जयंती हमें निर्माण, कर्म, हुनर और मेहनत का संदेश देती है। देश और प्रदेश की प्रगति में कारीगरों, श्रमिकों और हुनरमंद लोगों का महत्वपूर्ण योगदान है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने श्रम और हुनर को सम्मान देते हुए कारीगरों को आगे बढ़ने के नए अवसर प्रदान किए हैं। पीएम विश्वकर्मा योजना भी इसी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प है कि हर हुनर को सम्मान, हर मेहनत को पहचान और हर हाथ को आगे बढ़ने का अवसर मिले। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं देते हुए उनके दीर्घायु होने की कामना की। उन्होंने कहा कि आज महाराज सूरसैनी जी की प्रतिमा का अनावरण भी हुआ है, जो क्षेत्र के गौरव, स्वाभिमान और वीर परंपरा के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
कुमारी आरती सिंह ने महेंद्रगढ़ को वीरों की धरती बताते हुए कहा कि दक्षिण हरियाणा के लगभग हर परिवार का सेना और देशसेवा से गहरा नाता रहा है। उन्होंने कहा कि नसीबपुर में प्रस्तावित शहीद स्मारक को लेकर दो बैठकें हो चुकी हैं और इसकी ड्राइंग भी स्वीकृत हो चुकी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री जल्द ही इस स्मारक का शिलान्यास करेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की जानकारी देते हुए कहा कि सतनाली में अस्पताल के निर्माण के लिए टेंडर हो चुका है और इसका कार्य जुलाई 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। महेंद्रगढ़ के उपमंडल अस्पताल के संबंध में लगभग 23 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। अब टेंडर प्रक्रिया पूरी कर अस्पताल का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा लगभग 135 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान जनसेवा से जुड़ा व्यापक अभियान है। उन्होंने लोगों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने सभा के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
*प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आधुनिक भारत के नव-निर्माण के कर्मयोगी शिल्पकार के रूप में देश को दे रहे नई दिशा - डॉ अर्चना गुप्ता*
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि आज का दिन अपने आप में विशेष है, क्योंकि आज दो ऐसे शिल्पकारों का जन्मदिवस है, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में निर्माण, सृजन और राष्ट्रसेवा की नई मिसाल कायम की है। एक ओर भगवान विश्वकर्मा सृष्टि के निर्माण, वास्तु और शिल्प के देवता हैं, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी आधुनिक भारत के नव-निर्माण के कर्मयोगी शिल्पकार के रूप में देश को नई दिशा दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा की आराधना हमें यह संदेश देती है कि निर्माण केवल ईंट-पत्थर से नहीं, बल्कि कौशल, परिश्रम, कल्पना और संकल्प से होता है। आज देश का श्रमिक, कारीगर, शिल्पकार, इंजीनियर और हुनरमंद वर्ग इसी परंपरा को आगे बढ़ा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की निरंतर यात्रा रहा है। उनके 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के अवसर, डिजिटल परिवर्तन, आत्मनिर्भरता और बुनियादी ढांचे के विस्तार जैसे क्षेत्रों में अनेक पहलें सामने आई हैं। आज उनके जन्मदिवस पर देशभर में सेवा एवं जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि हरियाणा में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की सेवा यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने और समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आत्मसात करते हुए विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस मौके पर सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने और विधायक श्री कंवर सिंह यादव ने भी संबोधित किया और मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की मांगों को रखा।
कार्य्रकम में कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा, विधायक श्री ओपी यादव, श्री उमेद पातुवास, पूर्व सांसद श्री रामचंद्र जांगड़ा सहित अन्य गणमान्य मौजूद रहे।
क्रमांक - 2026
*मुख्यमंत्री ने महेन्द्रगढ विधानसभा की 135 करोड़ 42 लाख की परियोजनाओं का किया उद्घाटन व शिलान्यास*
*महेंद्रगढ़ विधानसभा के लिए की अनेक घोषणाएँ*
चंडीगढ़, 17 सितंबर - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने महेन्द्रगढ़ के लिए विकास परियोजनाओं की सौगात देते हुए करोड़ो रुपये की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने दुलोठ अहीर से सोहली राजस्थान बार्डर तक सड़क निर्माण के लिए 52 लाख 50 हजार की राशि देने की घोषणा की। इसी प्रकार सोहला और मांडोला में नहरी पानी के वाटर बॉडी परियोजना के लिए 15 करोड़ तथा देवावास, भगडाना, माजरा कलां व डैरोली जाट में नहरी पानी के वाटर बॉडी परियोजना के लिए 15 करोड, डुलाना से रेवाड़ी सड़क निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये की राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने वीरवार को महेंद्रगढ़ में भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जींद में जांगिड़ धर्मशाला व कुरुक्षेत्र में विश्वकर्मा कौशल भवन व छात्रावास के लिए एचएसवीपी के माध्यम से आवेदन करने पर नियमानुसार प्लॉट दिया जाएगा। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने अपने एच्छिक कोष से महेन्द्रगढ़ में जांगिड़ ब्राह्मण धर्मशाला में छात्रावास के लिए 31 लाख रुपये तथा कुरुक्षेत्र में जांगिड़ धर्मशाला के लिए 31 लाख रुपए देने की घोषणा की।
समारोह स्थल से ही मुख्यमंत्री ने महेन्द्रगढ विधानसभा की 135 करोड़ 42 लाख रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने 13 करोड़ 70 लाख 9 हजार की लागत से महेन्द्रगढ़ से अटेली सड़क के नवीनीकरण कार्य, 12 करोड़ 77 लाख 69 हजार की लागत से खातोदड़ा से नांगल माला सड़क के नवीनीकरण कार्य का उद्घाटन, बाघोत गांव में 5 करोड़ 62 लाख की लागत से नवर्निमित 33 केवी सब स्टेशन, नांवा में 69 लाख 70 हजार की लागत से नवर्निमित व्यायामशाला, डुलाना गांव में 40 लाख 29 हजार की लागत से नवर्निमित पशु अस्पताल व खुडाना गांव में 14 करोड़ 26 लाख 87 हजार की लागत से तैयार जलघर का उद्घाटन किया।
इसी प्रकार, महेन्द्रगढ़ विधानसभा के गांव सुरजनवास में 64 लाख 50 हजार रुपये की लागत से बनने वाली आयुष डिस्पेंसरी का शिलान्यास किया। इसके अलावा, डालनवास गांव में 8 करोड़ 43 लाख 30 हजार की लागत बनने वाले 33 केवी सब स्टेशन, लावन गांव में 6 करोड़ 36 लाख 50 हजार की लागत से बनने वाले जलघर, महेन्द्रगढ शहर के ब्रह्मदेव चौक, माहीचान मोहल्ला व राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल के पास जल भराव वाले स्थानों पर ड्रेनेज सिस्टम के लिए 12 करोड़ 80 लाख 40 हजार की परियोजना, महेन्द्रगढ शहर में सिवरेज सिस्टम के लिए 20 करोड़ 51 लाख 70 हजार की परियोजना, महेन्द्रगढ़ नगर पालिका के 4 करोड़ 36 लाख 87 हजार की लागत से बनने वाले नए भवन तथा महेन्द्रगढ़ किले के 8 करोड़ 83 लाख 98 हजार की लागत से होने वाले जीर्णोद्धार परियोजना का शिलान्यास किया। साथ ही, 26 करोड़ 37लाख की लागत से बनने वाले प्रदेश के 11 स्कूलों के नए भवनों के निर्माण और प्रदेश के 3396 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक एवं राजकीय उच्च विद्यालयों को 1-1 लाख रुपये प्रति विद्यालय की दर से 33 करोड़ 96 लाख रुपये की खेल अनुदान राशि भी जारी की।
क्रमांक - 2026
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत पलवल में मेगा रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर किया आयोजित
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का किया शुभारंभ, रक्तदाताओं का किया उत्साहवर्धन
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवाकाल के 25 वर्ष पूर्ण होने पर सरकार की ओर से चलाया जा रहा है ‘सेवा संकल्प अभियान’
चंडीगढ़, 17 सितंबर- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और शासन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हरियाणा सरकार द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत वीरवार को जिला प्रशासन की ओर से जिला स्वास्थ्य विभाग, भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी पलवल के सहयोग से गीता भवन कालरा कॉलोनी में मेगा रक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें हरियाणा सरकार में युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता, खेल तथा विधि एवं विधायी विभाग के राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने स्वास्थ्य जांच शिविर के अवलोकन के दौरान स्वास्थ्य जांच भी करवाई। खेल राज्य मंत्री श्री गौरव गौतम ने उपायुक्त डा. जयेन्द्र सिंह छिल्लर सहित अन्य रक्तदाताओं का बैज लगाकर और प्रशस्ति पत्र देकर उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जीवन हमें मानव सेवा और जनकल्याण का संदेश देता है, जिसे हमें अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि रक्तदान मानव सेवा और जनकल्याण का महत्वपूर्ण माध्यम है। जरूरत के समय दिया गया रक्त किसी व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
मंत्री ने कहा कि रक्त की उपलब्धता दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों, ऑपरेशन तथा अन्य चिकित्सकीय जरूरतों के दौरान अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को इस नेक कार्य से जोडऩे के उद्देश्य से यह विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें सभी को सहभागिता करनी चाहिए।
उन्होंने नागरिकों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मार्केट कमेटी पलवल के चैयरमेन पंकज विरमानी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सतेंद्र वशिष्ठ, रक्तकोष के डिप्टी सीएमओ डा. नवीन शर्मा, डा. राहुल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
क्रमांक-2026
*'सेवा संकल्प’ अभियान के साथ गुरुग्राम में सेवा और जनकल्याण के एक माह लंबे अभियान का आगाज*
*गुरुग्राम में स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान शिविर आयोजित, उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने किया शुभारंभ*
*देश की प्रगति के साथ प्रत्येक नागरिक का स्वस्थ, जागरूक और सशक्त होना आवश्यक-राव नरबीर सिंह*
चंडीगढ़, 17 सितंबर- प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में देशसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर वीरवार को गुरुग्राम में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प’ अभियान का शुभारंभ हुआ। अभियान के पहले दिन रामनगर (फरुखनगर) स्थित सामुदायिक केंद्र में आयोजित रक्तदान शिविर एवं एसजीटी यूनिवर्सिटी के सहयोग से स्वास्थ्य जांच शिविर का हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने शुभारंभ किया।
मंत्री राव नरबीर सिंह ने उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में देशसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आज से शुरू हो रहे राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प’ अभियान के माध्यम से समाजसेवा और जनकल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश तीव्र गति से विकास और आर्थिक प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है तथा विश्व भी भारत की बढ़ती आर्थिक शक्ति और विकास की गति को स्वीकार कर रहा है।
उन्होंने कहा कि देश की प्रगति के साथ प्रत्येक नागरिक का स्वस्थ, जागरूक और सशक्त होना भी आवश्यक है। स्वास्थ्य जांच एवं रक्तदान जैसे सेवा कार्य समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को मजबूत करते हैं। उन्होंने शिविर में स्वास्थ्य जांच कराने पहुंचे लोगों और रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सेवा की भावना से किया गया प्रत्येक कार्य समाज को मजबूत बनाने के साथ-साथ जनकल्याण के संकल्प को भी सार्थक करता है।
मंत्री ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में किसानों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। किसानों को फसलों में अनावश्यक रूप से कीटनाशकों और रासायनिक पदार्थों का प्रयोग करने से बचना चाहिए तथा सुरक्षित और संतुलित कृषि पद्धतियों को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेतों में इस्तेमाल होने वाले रसायनों का प्रभाव मिट्टी और पर्यावरण के साथ-साथ खाद्य पदार्थों के माध्यम से लोगों के स्वास्थ्य पर भी पड़ता है। इसलिए लोगों को स्वस्थ भोजन उपलब्ध कराने के लिए किसानों को भी जागरूकता के साथ खेती करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प’ जैसे अभियानों का उद्देश्य केवल एक दिन कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज के प्रति सेवा, स्वास्थ्य और जनकल्याण की भावना को निरंतर मजबूत करना है।
इस अवसर सर्वप्रिय त्यागी, अनिल सैनी, उपाध्यक्ष देवेंद्र यादव, मानेसर के डिप्टी मेयर प्रवीण यादव, मनीष सैदपुर व क्षेत्रवासी मौजूद रहे।