महिला सुरक्षा को लेकर हरियाणा राज्य महिला आयोग और गुरुग्राम पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
स्पा सेंटरों की आड़ में कथित अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ हरियाणा राज्य महिला आयोग और गुरुग्राम पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन श्रीमती उषा प्रियदर्शी ने प्रेस वार्ता में अभियान की दी विस्तृत जानकारी
महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा सर्वोच्च प्राथमिकता : उषा प्रियदर्शी
चंडीगढ़, 20 सितंबर- हरियाणा राज्य महिला आयोग एवं गुरुग्राम पुलिस द्वारा महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुग्राम में दो दिन का संयुक्त अभियान चलाया गया। 18 तथा 19 सितंबर इन दो दिनों में स्पा सेंटरों की आड़ में कथित अनैतिक गतिविधियों, महिलाओं एवं लड़कियों के शोषण तथा मानव तस्करी से संबंधित सूचनाओं के आधार पर विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की गई है। इस दौरान सेक्टर-90 स्थित सफायर मॉल से 30 लड़कियों को रेस्क्यू किया गया, जबकि 20 युवकों से पूछताछ की जा रही है। वहीं सेक्टर-38 स्थित एक भवन में 13 युवक और 8 युवतियां संदिग्ध अनैतिक गतिविधियों में पाए गए। पूरे मामले की जांच गुरुग्राम पुलिस द्वारा कानून के अनुसार की जा रही है।
इस संबंध में हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन श्रीमती उषा प्रियदर्शी ने रविवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस, गुरुग्राम में आयोजित प्रेस वार्ता में पिछले दो दिनों की कार्रवाई की विस्तृत जानकारी साझा की। प्रेस वार्ता में एसीपी मुख्यालय-1 एवं अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम के तहत नियुक्त विशेष पुलिस अधिकारी अभिलक्ष जोशी भी मौजूद रहे।
श्रीमती उषा प्रियदर्शी ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सुशासन, पारदर्शिता, महिला सुरक्षा, महिलाओं के सम्मान तथा सभी नागरिकों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। सरकार के निरंतर सहयोग एवं मार्गदर्शन में हरियाणा राज्य महिला आयोग महिलाओं एवं लड़कियों के अधिकारों और सुरक्षा के लिए प्रभावी ढंग से कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ समय से आयोग को मौखिक एवं लिखित रूप से लगातार ऐसी शिकायतें एवं सूचनाएं प्राप्त हो रही थीं कि गुरुग्राम में कुछ स्थानों पर स्पा सेंटरों की आड़ में कथित रूप से देह व्यापार, महिलाओं एवं लड़कियों का शोषण तथा अन्य अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन गंभीर सूचनाओं का आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए गुरुग्राम पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया और संयुक्त अभियान शुरू किया।
श्रीमती उषा प्रियदर्शी ने बताया कि अभियान के तहत 18 सितंबर की रात सेक्टर-90 स्थित सफायर मॉल में संचालित 18 स्पा सेंटरों पर गुरुग्राम पुलिस के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई की गई। अभियान में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी एवं अधिकारी शामिल रहे। जांच के दौरान कई स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियां सामने आने पर इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल, दस्तावेजी एवं अन्य साक्ष्यों को जांच के दायरे में लिया गया। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान कुल 30 लड़कियों को रेस्क्यू किया गया, जबकि 20 युवकों से पूछताछ की जा रही है। मामले में पुलिस द्वारा विधि के अनुसार जांच एवं आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
चेयरपर्सन ने बताया कि कार्रवाई के अगले दिन आयोग द्वारा रेस्क्यू की गई पीड़ित लड़कियों की काउंसलिंग की गई। काउंसलिंग के दौरान एक पीड़िता ने अत्यंत गंभीर तथ्य सामने रखे। उसके द्वारा बताया गया कि नाबालिग अवस्था में ही उसका कथित रूप से शोषण किया गया तथा कुछ व्यक्तियों द्वारा उसे इन गतिविधियों में धकेले जाने की जानकारी दी गई। पीड़िता द्वारा कुछ व्यक्तियों के नाम भी बताए गए। उन्होंने कहा कि इन तथ्यों को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए महिला आयोग ने आगे स्वतः संज्ञान लिया तथा संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए जानकारी उपलब्ध करवाई गई। प्राप्त सूचनाओं के आधार पर जांच का दायरा आगे बढ़ाया गया।
प्राप्त जानकारी के आधार पर हरियाणा राज्य महिला आयोग एवं गुरुग्राम पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा सेक्टर-38 स्थित एक भवन में भी कार्रवाई की गई। यहां 13 युवक और 8 युवतियां पाए गए, जिनके संबंध में प्रथम दृष्टया संदिग्ध अनैतिक गतिविधियों में संलिप्तता सामने आई। मौके से प्राप्त दस्तावेजों, परिस्थितियों एवं अन्य साक्ष्यों को पुलिस जांच में शामिल किया गया है। श्रीमती उषा प्रियदर्शी ने बताया कि कुछ पीड़ित लड़कियों ने काउंसलिंग के दौरान यह भी बताया कि उन्हें डराकर, धमकाकर अथवा उनकी इच्छा के विरुद्ध इन गतिविधियों में लाया गया। इन सभी गंभीर आरोपों की पुलिस द्वारा विधि सम्मत जांच की जा रही है।
श्रीमती उषा प्रियदर्शी ने बताया कि कार्रवाई के दौरान एक स्पा सेंटर से एक हथियार भी मिला है। हथियार की प्रकृति तथा उससे जुड़े अन्य तथ्यों की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में जो भी तथ्य जांच के दौरान सामने आएंगे, उनके आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
चेयरपर्सन ने कहा कि हरियाणा राज्य महिला आयोग किसी भी महिला या लड़की के शोषण, मानव तस्करी, जबरन देह व्यापार अथवा किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधि के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।उन्होंने कहा कि आयोग और पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई का उद्देश्य केवल संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करना नहीं है, बल्कि ऐसी परिस्थितियों में फंसी महिलाओं एवं लड़कियों की पहचान कर उनकी वास्तविक स्थिति को समझना और उन्हें आवश्यक सहायता, संरक्षण तथा कानूनी सहयोग उपलब्ध करवाना भी है।
श्रीमती उषा प्रियदर्शी ने बताया कि पीड़ित लड़कियों की काउंसलिंग लगातार जारी है। काउंसलिंग एवं जांच के दौरान जो भी नए तथ्य सामने आएंगे, उन्हें कानून के अनुसार संबंधित पुलिस एवं सक्षम एजेंसियों के समक्ष रखा जाएगा।
क्रमांक-2026
किसानों की धान की फसल के एक-एक दाने की होगी खरीद-मुख्यमंत्री
मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर 21 से 27 सितंबर के बीच किसान कर सकेंगे आवेदन : नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री ने बाबैन अनाज मंडी में किसानों, आढ़तियों, व्यापारियों, राइस मिलरों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ की बैठक
चंडीगढ़, 20 सितंबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि धान की फसल खरीद के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सीजन में किसानों को किसी भी दिक्कत व परेशानी का सामना ना करना पड़े। मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल को किसानों के लिए 21 से 27 सितंबर तक आवेदन के लिए खोला जा रहा है। जिन किसानों की वेरिफिकेशन का कार्य पेंडिंग है वो एसडीएम के पास अपना आवेदन करें।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को बाबैन मार्केट कमेटी कार्यालय में आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस बैठक में किसान, आढ़ती, व्यापारी, राइस मिलर और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से धान की फसल की खरीद के संबंध में चर्चा की। इस दौरान खाद्य आपूर्ति विभाग और मंडी प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि अब किसानों की फसल के वेरिफिकेशन और एमएफएमबी पोर्टल पर आवेदन ना होने की जानकारी संज्ञान में आई थी जिसको देखते हुए सरकार ने अधिकारियों को पोर्टल ओपन करने के निर्देश दिए गए हैं। अब 21 से 27 सितंबर तक पोर्टल ऑन रहेगा, जहां पर किसान अपना आवेदन कर सकते हैं और जिन किसानों के आवेदन की वेरिफिकेशन पेंडिंग है वो अपने एसडीएम को लिखित में दें, ताकि उनका वेरीफिकेशन करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले दिन से ही किसानों के लिए नीतियों और योजनाओं को लागू किया है। प्रदेश के किसानों की सभी 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदा जा रहा है। सब्जी की फसलों पर भावांतर भरपाई योजना का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत 6 हजार रुपए वार्षिक सीधे खातों में भेजे जा रहे हैं। किसानों की फसलों का बीमा किया जा रहा है। इसके साथ ही अनुदान पर कृषि यंत्रों को मुहैया करवाया जा रहा है।
इस मौके पर उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, सरपंच संजीव गोल्डी, मार्केट कमेटी सचिव गुरमीत सैनी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
क्रमांक-2026
प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए हर स्तर पर खिलाडिय़ों को मिलें बेहतर अवसर- कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार
एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन हरियाणा की बैठक में खेल गतिविधियों को विस्तार देने पर हुआ मंथन
चंडीगढ़, 20 सितंबर- पंचायत एवं खनन मंत्री एवं एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन हरियाणा के अध्यक्ष कृष्ण लाल पंवार के के पानीपत के मतलौडा स्थित कार्यालय में रविवार को एसोसिएशन की गवर्निंग बॉडी की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष कृष्ण लाल पंवार ने की। इसमें एसोसिएशन के विभिन्न पदाधिकारियों एवं जिलों से पहुंचे सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने, खिलाडिय़ों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा एसोसिएशन की आगामी गतिविधियों को लेकर सकारात्मक चर्चा की गई।
इस मौके पर मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं, जिन्हें उचित मंच और बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम भी हैं। प्रदेश में कबड्डी सहित सभी खेलों को बढ़ावा देने के लिए मिलकर निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि खिलाडिय़ों को बेहतर प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाना एसोसिएशन की प्राथमिकताओं मंस शामिल है। उन्होंने पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास करें, ताकि हरियाणा के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
बैठक में एसोसिएशन की पिछली बैठक की कार्यवाही रिपोर्ट की पुष्टि की गई। इसके अलावा एसोसिएशन के रिकॉर्ड के अनुसार प्रबंधक समिति के वर्ष 2026-2029 के लिए प्रस्तावित त्रिवार्षिक चुनाव को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में बताया गया कि प्रबंधक समिति का चुनाव दिसंबर माह में होना प्रस्तावित है। प्रबंधक समिति के चुनाव को सुचारु एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए चुनाव अधिकारी और सहायक चुनाव अधिकारी की नियुक्ति पर भी चर्चा की गई।
बैठक में एथलीट खेल आयोग में दो खिलाडिय़ों के नाम भेजने के विषय पर भी चर्चा हुई। इसके लिए उत्कृष्ट सेवा देने वाले खिलाडिय़ों के नाम प्राप्त कर लिए गए हैं। उपलब्ध सूची में से दो खिलाडिय़ों के नाम आयोग को भेजने पर पदाधिकारियों ने विचार किया।
बैठक में महासचिव नसीब जांगू, सहसचिव कुलदीप सिंह, कोषाध्यक्ष अनिल राठी, उपप्रधान धीरेन्द्र मलिक, संगीता, श्वेता, अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी एवं पंचकूला के सचिव राजेश नरवाल व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
क्रमांक-2026
पंचकूला जोन की उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच की कार्यवाही आज
मंच 1 लाख रुपये से 3 लाख रुपये तक की राशि के वित्तीय विवादों से संबंधित शिकायतों की करेगा सुनवाई
चंडीगढ़, 20 सितंबर- उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम उपभोक्ताओं को विश्वसनीय, अच्छी वोल्टेज और निर्बाध बिजली की आपूर्ति के लिए प्रतिबद्ध है। उपभोक्ता संतुष्टि के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए बिजली निगम द्वारा अनेक महत्वाकांक्षी कार्यक्रम शुरू किए गए हैं, ताकि उपभोक्ताओं की समस्याओं को जल्द से जल्द सुलझाया जा सके।
बिजली निगम के एक प्रवक्ता ने बताया कि जोनल उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच रेगुलेशन 2.8.2 के अनुसार प्रत्येक मामले में 1 लाख रुपये से अधिक और 3 लाख रुपये तक की राशि के वित्तीय विवादों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई करेगा। पंचकूला जोन के अंतर्गत आने वाले जिलों (कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला, कैथल और यमुनानगर) के उपभोक्ताओं की शिकायतों का निवारण 21 और 28 सितंबर को जोनल उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच, पंचकूला में किया जाएगा। पंचकूला जोन के अंतर्गत आने वाले इन जिलों के उपभोक्ताओं के गलत बिलों, बिजली की दरों से संबंधित मामलों, मीटर सिक्योरिटी से जुड़े मामलों, खराब हुए मीटरों से संबंधित मामलों, वोल्टेज से जुड़े हुए मामलों का निस्तारण किया जाएगा। इस दौरान बिजली चोरी, बिजली के दुरुपयोग और घातक गैर-घातक दुर्घटना आदि मामलों पर विचार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि उपभोक्ता और निगम के बीच किसी भी विवाद के निपटान के लिए फोरम में वित्तीय विवादों से संबंधित शिकायत प्रस्तुत करने से पहले पिछले छह महीनों के दौरान उपभोक्ता द्वारा भुगतान किए गए बिजली के औसत शुल्क के आधार पर गणना की गई प्रत्येक माह के लिए दावा की गई राशि या उसके द्वारा देय बिजली शुल्क के बराबर राशि, जो कम है, उपभोक्ता को जमा करवानी होगी। इस दौरान उपभोक्ता को प्रमाणित करना होगा कि यह मामला अदालत, प्राधिकरण या फोरम के समक्ष पेंडिंग (लंबित) नहीं है क्योंकि इस न्यायालय या फोरम में विचाराधीन मामलों पर बैठक के दौरान विचार नहीं किया जाएगा। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम उपभोक्ताओं से अपील करता है कि वे अपनी बिजली से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए 21 और 28 सितंबर को यूएचबीवीएन के मुख्यालय विद्युत सदन इंडस्ट्रियल प्लाट-3 और 4 सेक्टर-14 पंचकूला में प्रात:11.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक होने वाली कार्यवाही में सम्मिलित होकर अपनी समस्याओं का समाधान करवाएं।
क्रमांक-2026
ईस्माइला में शहीद इंस्पेक्टर जगमहेंद्र कौशिक की प्रतिमा का अनावरण
कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने किया अनावरण, बोले—शहीद की प्रतिमा युवाओं को राष्ट्र सेवा के लिए करती रहेगी प्रेरित
बीएसएफ में करीब चार दशक तक दी सेवाएं, जम्मू में सर्च अभियान के दौरान दो बार पाकिस्तानी सुरंगों का लगाया था पता
तीन बार ऑल इंडिया पुलिस मेडल से हुए सम्मानित, श्रीगंगानगर में ड्यूटी के दौरान 15 फरवरी 2024 को हुए थे शहीद
चंडीगढ़ 20 सितंबर— हरियाणा के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने रोहतक के गांव ईस्माइला में सीमा सुरक्षा बल के शहीद इंस्पेक्टर जगमहेंद्र कौशिक की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि जगमहेंद्र कौशिक ने करीब चार दशक तक सीमा सुरक्षा बल में रहते हुए देश की सेवा की। उनकी प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को साहस, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करती रहेगी।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि 3 जनवरी 1967 को जन्मे जगमहेंद्र कौशिक 7 नवंबर 1986 को सीमा सुरक्षा बल में भर्ती हुए थे। अपनी लंबी सेवा के दौरान उन्हें तीन बार ऑल इंडिया पुलिस मेडल से सम्मानित किया गया। उन्होंने बीएसएफ में कोच के तौर पर भी जिम्मेदारी निभाई और जवानों को प्रशिक्षण दिया।
उन्होंने बताया कि जम्मू में कंपनी कमांडर के पद पर तैनाती के दौरान जगमहेंद्र कौशिक ने सर्च अभियान में दो बार पाकिस्तान की ओर से बनाई गई सुरंगों का पता लगाया था। इस महत्वपूर्ण कार्य और बहादुरी के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया। 15 फरवरी 2024 को श्रीगंगानगर में ड्यूटी के दौरान उनका निधन हो गया।
मंत्री ने कहा कि सुरक्षा बलों के जवान कठिन परिस्थितियों में देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं। जब देशवासी अपने घरों में सुरक्षित रहते हैं, उस समय जवान सर्दी, गर्मी और बारिश की परवाह किए बिना अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। हरियाणा के गांवों से बड़ी संख्या में युवा सेना और अर्धसैनिक बलों में जाकर देश की सेवा कर रहे हैं।
डॉ. अरविंद शर्मा ने गांव के युवाओं का आह्वान किया कि वे शहीद जगमहेंद्र कौशिक के जीवन से प्रेरणा लें। उन्होंने कहा कि शहीद की प्रतिमा के सामने श्रद्धा से सिर झुकाने के साथ उनके अनुशासन, मेहनत, साहस और कर्तव्यनिष्ठा को जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने कहा कि शहीद का बलिदान केवल उसके परिवार तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वह पूरे समाज और देश की धरोहर बन जाता है। जगमहेंद्र कौशिक ने अपने जीवन की अंतिम घड़ी तक वर्दी और कर्तव्य का मान रखा। गांव ईस्माइला में स्थापित उनकी प्रतिमा उनकी वीरता और देश सेवा की याद को जीवंत बनाए रखेगी।
डॉ. अरविंद शर्मा ने शहीद के परिजनों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि हरियाणा की पहचान वीरता और राष्ट्रभक्ति से रही है। प्रदेश के वीरों ने समय-समय पर देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिए हैं। नई पीढ़ी को ऐसे वीरों के जीवन और उनके योगदान से परिचित कराना समाज की जिम्मेदारी है।
क्रमांक— 2026
प्रदेश के 150 स्कूलों के भवनों का 400 करोड़ रुपए की लागत से जल्द शुरू होंगे निर्माण कार्य:नायब सिंह सैनी
कच्ची छत पक्की करने के लिए जल्द पोर्टल के माध्यम से पात्र परिवारों के आवेदन करवाएगी सरकार
चंडीगढ़, 20 सिंतबर -हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार ने प्रदेश के स्कूलों का सर्वे करवाकर 150 ऐसे स्कूलों को चिन्हित किया है जिनके भवनों का निर्माण दोबारा से करवाया जाएगा। इन भवनों का जल्द निर्माण करवाए जाने के लिए सरकार ने 400 करोड़ रुपए की राशि जारी की है। अच्छे भवनों में बेहतर शिक्षा प्राप्त करके हमारे युवा विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएंगे। इसके साथ ही जिन परिवारों के मकानों की छत कच्ची है,उन्हें पक्का करने के लिए 80 हजार रुपए पात्र परिवार को दिए जाएंगे। इसके लिए जल्द ही पोर्टल पर आवेदन मांगे जाएंगे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को लाडवा विधानसभा में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने गांव बीड खैरी में विकास कार्यों के लिए 21 लाख रुपए और लाइब्रेरी में पुस्तकों के लिए 2 लाख रुपए देने की घोषणा की। इसी तरह गांव अंटहेडी में कम्युनिटी सेंटर बनाने के लिए 50 लाख रुपए की राशि और शमशान घाट का सौंदर्यीकरण करने की घोषणा की है। गांव बरगट जाटान और गांव बरगट थलीपुर को 21-21 लाख रुपए गांव के विकास कार्यों, 2-2 लाख रुपए लाइब्रेरी की पुस्तकों के लिए और 11 लाख रुपए शिव मंदिर के लंगर हॉल के लिए देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत द्वारा रखी गई मांगों को सम्बन्धित विभाग के पास भेजकर पूरा करवाया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस के शासन में प्रदेश के नागरिकों को बिजली के दर्शन भी कई कई दिनों में होते थे। लेकिन प्रदेश सरकार ने प्रत्येक गांव तक 24 घंटे बिजली पहुंचाने का काम किया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने 1.80 लाख आय वाले परिवारों को 2 किलोवाट का सोलर पैनल मुफ्त में उपलब्ध करवाया जा रहा है। इससे नागरिकों के घरों का बिल शून्य हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने चुनावी वायदे को पूरा करते हुए किडनी के मरीजों का डायलिसिस फ्री में करवाया जा रहा है। इसी तरह आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख रुपए तक का इलाज फ्री में उपलब्ध करवाया जा रहा है। इन योजनाओं से प्रदेश का गरीब और अंतिम पंक्ति में खड़ा व्यक्ति मजबूत हुआ है। इसके अलावा हर 20 किलोमीटर पर कॉलेज स्थापित किया है।
विभागों ने स्थापित किए अपने-अपने स्टॉल और हेल्प डेस्क
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के लाडवा विधानसभा में आयोजित कार्यक्रमों में जिला प्रशासन द्वारा हैल्प डेस्क स्थापित किए गए। सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव कालीरानो, सुल्तानपुर में विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टॉल लगाकर आमजन की शिकायतों को सुना और विभिन्न योजनाओं से संबंधित पात्र लाभार्थियों के आवेदन भी लिए। इस दौरान सूर्य घर योजना के तहत सोलर पैनल, हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, पशुपालन विभाग, जिला समाज कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग की लाडो लक्ष्मी योजना, परिवार पहचान पत्र, आयुष विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पीएम मातृ वंदना योजना, एमएसएमई विभाग सहित अन्य विभागों ने अपने स्टॉल स्थापित कर अपने-अपने विभाग से संबंधित योजनाओं को आमजन के समक्ष रखा।
इस मौके पर उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर, सरपंच रामकरण, सरपंच मनीषा रानी, सरपंच मुकेश देवी, संदीप सिंह, सरपंच सुरेश, सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
क्रमांक-2026
अब 1.80 लाख आय वाले परिवारों को भी मिलेगा लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ- मुख्यमंत्री
सरकार ने पिछले 12 साल में प्रदेश के 2 लाख युवाओं को बिना खर्ची पर्ची दी सरकारी नौकरी: नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री ने कालीरानो, सुल्तानपुर, सोंटी और बीड सोंटी गांव में 1.12 करोड़ रुपए की करी घोषणाएं
चंडीगढ़ 20 सितंबर- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नवंबर के महीने में 1.80 लाख रुपए तक आय वाली पात्र महिलाओं को लाडो लक्ष्मी का लाभ मिलेगा। सरकार ने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी नाम से महत्वपूर्ण योजना को लागू करके महिलाओं को प्रति महीने 2100 रुपए देने के वायदे को पूरा किया है। अभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर 17 सितंबर को योजना का विस्तार किया गया है , अब 1.80 लाख वार्षिक आय वाले परिवार को लाभार्थी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि विस्तार के बाद आवेदन के लिए पोर्टल को खोला गया है और पात्र महिलाओं को एक नवंबर के दिन योजना का लाभ पहुंचाया जाएगा। अब तक 1 लाख रुपए वार्षिक आय तक वाले परिवार इस योजना के पात्र थे। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को 2000 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि ऑनलाइन माध्यम से उनके खातों भेजी जा चुकी है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी रविवार को लाडवा विधानसभा में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रमों में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पिछले 12 साल में प्रदेश के 2 लाख युवाओं को बिना खर्ची पर्ची योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी दी है, इससे पहले की सरकार में सरकारी नौकरी पाने के लिए पैसा और सिफारिश ढूंढनी पड़ती थी ,लेकिन अब गरीब का बेटा ग्रुप डी से लेकर एचसीएस तक की नौकरी योग्यता के आधार पर पा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तेज गति के साथ विकास कार्य करवाएं जा रहे है।
उन्होंने गांव कालीरानों में गांव के विकास के लिए 21 लाख रुपए और लाइब्रेरी की किताबों के लिए 2 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की। इसके साथ ही गांव सुल्तानपुर में 21 लाख रुपए गांव के विकास के लिए और 5 लाख रुपए गुरुद्वारा साहिब में देने की घोषणा की, इसी तरह गांव सोंटी, गांव बीड सोंटी और गांव के गुरुद्वारा साहिब में 21-21 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की है। इस दौरान पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री के ओएसडी महेन्द्र सैनी भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि चुनाव से पहले हरियाणा सरकार ने नागरिकों से 217 वायदे किए थे, जिनमें से सरकार द्वारा अब तक 70 वायदों को पूरा करने का काम किया गया है और बाकि पर तीव्र गति से काम किया जा रहा है। सरकार द्वारा शपथ लेते ही अपने वादों को पूरा करने का काम शुरु कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में नेशनल हाईवे और अन्य बड़े मार्गों से जोडऩे के लिए सडक़ों का जाल बिछाने का काम किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में सबसे पहले प्रदेश सरकार ने किसानों की सभी 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदे का काम शुरू किया। कांग्रेस के नेता सरकार से 24 फसलों की जानकारी मांग रहे है,उन्हें प्रदेश में किसानों द्वारा कितनी प्रकार की फसलों का उत्पादन किया जा रहा है इसके बारे में भी पूर्ण ज्ञान नहीं है। अब विपक्ष एमएसपी के नाम पर झूठ बोलते हुए किसानों में भ्रम फैलाने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में कोई भी किसान अपनी किसी भी फसल को सडक़ के बीच में नहीं डालता,क्योंकि प्रदेश सरकार ने इस समस्या का समाधान करने के लिए भावान्तर भरपाई योजना को लागू किया। इस योजना के तहत किसानों को मंडियों में फसल का भाव कम मिलने पर भाव के अन्तर की भरपाई का सरकार द्वारा किया जा रहा है। कांग्रेस ने अपने शासन काल में किसानों को फसल खराबे के 137 करोड़ रुपए दिए थे। मौजूदा सरकार ने 16.5 हजार करोड़ रुपए किसानों को फसल खराबे के दिए है।
इस मौके पर उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, चेयरमैन गुरनाम सिंह सैनी, चेयरमैन सुभाष कलसाना, चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, चेयरमैन डॉ. गणेश दत्त, चेयरपर्सन साक्षी खुराना, कालीरानो सरपंच राजीव कुमार, सुल्तानपुर सरपंच ममता रानी, सरपंच सुरेश, सरपंच सुखविंदर सिंह, नायब सिंह पटाक माजरा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
क्रमांक-2026
सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से वंचितों तक पहुंचाया जा रहा योजनाओं का लाभ- कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा
चंडीगढ़, 20 सितंबर- हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों तक विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ पहुंचाया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा जन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करना है।
मंत्री रविवार को हिसार में नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके यथासंभव समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों द्वारा रखे गए महत्वपूर्ण सुझावों पर भी गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने की हिदायत दी। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि जनसेवा ही हमारा संकल्प है। जनभावनाओं का सम्मान करते हुए नागरिकों की समस्याओं का समाधान करना और उनकी अपेक्षाओं पर खरा उतरना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आमजन की सुविधा और कल्याण के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका नियमानुसार एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, जनहित से जुड़े सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि सोमवार से सेवा संकल्प अभियान के तहत हिसार में विशेष कैंप लगाए जाएंगे।
क्रमांक-2026
फसल पंजीकरण के लिए फिर से खुला 'मेरी फसल मेरा ब्योरा' पोर्टल
चंडीगढ़ , 20 सितंबर - हरियाणा सरकार ने खरीफ-2026 सीजन के दौरान 'मेरी फसल मेरा ब्योरा' पोर्टल पर अपनी फसल का पंजीकरण कराने से वंचित रह गए किसानों को राहत प्रदान करते हुए एक और अवसर दिया है।
एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इस पोर्टल को 21 सितंबर से 27 सितंबर तक पुनः खोला जाएगा। इस अवधि में सभी पात्र किसान अपनी कृषि भूमि एवं फसल विवरण संबंधी जानकारी पोर्टल पर दर्ज कर सकते हैं या अपने संबंधित उपमंडल अधिकारी (नागरिक) के कार्यालय में जाकर दर्ज करवा सकते हैं।
किसानों द्वारा दर्ज किए गए भूमि एवं फसल विवरण का सत्यापन उपग्रह आंकड़ों (सैटेलाइट डेटा) तथा संबंधित उपमंडल अधिकारी (नागरिक) द्वारा ग्राउंड ट्रूथिंग व मौका निरीक्षण के माध्यम से किया जाएगा। प्रशासन ने यह स्पष्ट किया है कि पोर्टल पर किया गया फसल-पंजीकरण सत्यापन-प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत ही मान्य होगा।
राज्य सरकार ने किसानों से अपील की है कि वे पंजीकरण के समय अपनी भूमि और फसल से संबंधित पूर्ण व सही जानकारी ही दर्ज करें, ताकि सत्यापन प्रक्रिया तथा बाद में फसल बेचने के समय किसी प्रकार की कठिनाई न आए। 21 सितंबर से 27 सितंबर 2026 के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी किसानों को फसल पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने में आवश्यक सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे।
क्रमांक – 2026
सीएम नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश समृद्धि की ओर अग्रसर : आरती सिंह राव
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने रामपुरा-कांटी में किया लगभग 3 करोड़ के विकास कार्यों का शुभारंभ
चंडीगढ़, 20 सितंबर— हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश समृद्धि की ओर अग्रसर है। स्वास्थ्य मंत्री रविवार को नारनौल में अटेली खंड के रामपुरा और कांटी गांव में करीब 3 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन एवं शिलान्यास के बाद आयोजित जनसभाओं को संबोधित कर रही थी।
कार्यक्रम के दौरान सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कांटी गांव में एक पेड़ मां के नाम पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया, वहीं रामपुरा में रक्तदान शिविर का आयोजन कर सेवा भावना का परिचय दिया गया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि दोनों गांवों से उनका विशेष लगाव है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में सकारात्मक बदलाव किए जा रहे हैं और सरकारी अस्पतालों के आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है, ताकि आमजन को बड़े निजी अस्पतालों के भारी-भरकम बिलों से राहत मिल सके। उन्होंने दोहराया कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयां छू रहा है और चुनाव जीतने के बाद से वे क्षेत्र के विकास व जनकल्याण के लिए दिन-रात प्रयासरत हैं।