Wednesday, September 23, 2026
BREAKING
Latest News from Punjab September 2026 Latest News from Haryana September 2026 भारत की राष्ट्रपति ने 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्रदान किए; श्री अनंत नाग को दादासाहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों के ANTF प्रमुखों के तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया भारतीय वायु सेना और जापान वायु आत्मरक्षा बल के बीच संयुक्त अभ्यास, वीर गार्जियन 26 संपन्न स्वच्छता ही सेवा 2026 के अंतर्गत राष्ट्रीय मिडिया केंद्र में निवारक स्वास्थ्य देखभाल एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया आज पूरे भारत और दुनिया भर में 11वां आयुर्वेद दिवस मनाया जाएगा नशीले पदार्थों पर निर्भरता से उबरकर खेल के क्षेत्र में आगे बढने की महत्वाकांक्षा तक: जम्मू-कश्मीर के सज्जाद की स्वस्थ होने और समाज की मुख्य धारा में लौटने की यात्रा Horoscope Today: दैनिक राशिफल 23 सितंबर, 2026 बंगाल की खाड़ी में फिर मंडराया खतरा, कोलकाता-दक्षिण बंगाल पर भारी बारिश और तूफान की आफत

हरियाणा

Latest News from Haryana September 2026

September 23, 2026 07:07 AM
प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सेवा-सुशासन को जन-जन तक पहुंचाने में जुटें कार्यकर्ता : नायब सिंह सैनी
: ओबीसी मोर्चा संगठन की ताकत को बूथ तक पहुंचाए, 42 विधानसभा और 5 लोकसभा सीटों पर मजबूती का संकल्प लें : डॉ. अर्चना गुप्ता
: ओबीसी समाज के पारंपरिक हुनर को आधुनिक तकनीक से जोड़कर रोजगार और आय बढ़ाने पर जोर
: पंचायत से बूथ तक ओबीसी जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने का आह्वान

पंचकूला, 22 सितंबर। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भाजपा में दायित्व पद नहीं, बल्कि जनसेवा और संगठन के प्रति जिम्मेदारी है। भाजपा की 46 वर्षों की यात्रा करोड़ों कार्यकर्ताओं की तपस्या और राष्ट्रसेवा के संकल्प का परिणाम है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी से लेकर अटल बिहारी वाजपेयी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक राष्ट्रसेवा की यह विचारधारा निरंतर आगे बढ़ी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और सुशासन के 25 वर्षों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पंचकमल में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर सुनील सेन के दायित्व ग्रहण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने की। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार और ओबीसी समाज की भागीदारी बढ़ाने का मंत्र दिया।

इंजीनियर सुनील सेन को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछड़ा वर्ग मोर्चा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की दिशा में काम करे। उन्होंने कहा कि 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शासन के माध्यम से जनसेवा और राष्ट्रसेवा की यात्रा के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनका यह कार्यकाल सेवा, सुशासन, संकल्प और राष्ट्रनिर्माण का प्रेरणादायी अध्याय रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सत्ता को सुख का साधन नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम बनाया है।

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ में पूरी सक्रियता के साथ भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना संगठन और सरकार दोनों की जिम्मेदारी है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ओबीसी समाज से आते हैं, इसलिए संगठन में इस समाज की भूमिका और जिम्मेदारी और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने ‘जहां कम, वहां हम’ के संकल्प के साथ ओबीसी मोर्चे से हर विधानसभा और हर क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि प्रदेश की जिन 42 विधानसभा सीटों और 5 लोकसभा सीटों पर भाजपा को पिछली बार सफलता नहीं मिली, वहां ओबीसी मोर्चा विशेष रूप से संगठनात्मक मजबूती के लिए काम करे। उन्होंने बूथ स्तर तक ओबीसी समाज के कार्यकर्ताओं के साथ पंचों, सरपंचों, पार्षदों और अन्य जनप्रतिनिधियों को मोर्चे से जोड़ने पर जोर दिया।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा मिला और अखिल भारतीय कोटे की स्नातक एवं स्नातकोत्तर मेडिकल तथा डेंटल सीटों में ओबीसी वर्ग के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान लागू हुआ। उन्होंने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि पारंपरिक कारीगरों को प्रशिक्षण, आधुनिक औजार, ऋण और बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया गया है।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि कुम्हार, बढ़ई, लोहार, नाई, सुनार तथा अन्य पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े समाजों का हुनर भारत की सांस्कृतिक विरासत है। पानीपत के गढ़ी शरनाई के कुम्हारों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण और बेहतर बाजार व्यवस्था के माध्यम से पारंपरिक हुनर को देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाकर रोजगार और आय दोनों को बढ़ाया जा सकता है।

इस अवसर पर पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं चेयरमैन मोहनलाल बड़ौली, सांसद धर्मबीर सिंह, कैबिनेट मंत्री कृष्णलाल पंवार, कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा, विधायक विनोद भ्याना, सुनील सांगवान, तेजपाल तंवर, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, प्रदेश महामंत्री संगठन फणीन्द्रनाथ शर्मा, गोपाल शर्मा, वेद फुल्ला, सत्यप्रकाश जरावता, प्रदेश मंत्री मदन चौहान, विभिन्न मोर्चों के प्रदेशाध्यक्ष, संगठन पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
 
 
 
सेवा संकल्प अभियान में जनभागीदारी का आह्वान

हर व्यक्ति कम से कम एक सेवा कार्य को अपने जीवन का हिस्सा बनाए : डॉ. अर्चना गुप्ता

स्वच्छता से आती है पवित्रता, और पवित्रता में ही प्रभु का वास : डॉ. अर्चना गुप्ता

स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधारोपण करें : महामंत्री सुनील कंसल

पानीपत, 22 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी से जोड़ते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने आमजन से आह्वान किया कि अभियान के तहत किए जा रहे विभिन्न सेवा कार्यों में से प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक सेवा कार्य को अपने जीवन का हिस्सा बनाए। उन्होंने कहा कि समाज में बड़ा बदलाव केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जनभागीदारी से आता है।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि स्वच्छता से पवित्रता आती है और पवित्रता में ही प्रभु का वास होता है। यही कारण है कि दुनिया के सभी धर्मों में स्वच्छता को विशेष महत्व दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस सृष्टि को सुरक्षित रखने में ओजोन परत की महत्वपूर्ण भूमिका है। पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए वायु गुणवत्ता में सुधार और हरित क्षेत्र को बढ़ाना आवश्यक है। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास स्वच्छता को बढ़ावा देने के साथ-साथ अधिक से अधिक पौधारोपण करना चाहिए।

स्वच्छता प्रहरियों का किया सम्मान, स्वयं किया श्रमदान

मंगलवार प्रातः पानीपत के वार्ड नंबर 22, गोहाना मोड़ पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता की अगुवाई में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। डॉ. गुप्ता ने सबसे पहले स्वच्छता प्रहरियों का सम्मान किया। इसके बाद जनप्रतिनिधियों और आमजन के साथ सफाई से लेकर कचरा उठाने तक की प्रक्रिया में श्रमदान करते हुए स्वच्छता का संदेश दिया।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि सेवा का अर्थ केवल किसी जरूरतमंद की मदद करना नहीं, बल्कि अपने आसपास के वातावरण, समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी है। कोई व्यक्ति स्वच्छता को अपनाकर, कोई रक्तदान करके, कोई पर्यावरण संरक्षण के माध्यम से तो कोई जरूरतमंदों की सहायता करके समाज के प्रति अपना योगदान दे सकता है।

उन्होंने कहा कि “सेवा से स्वच्छता और स्वच्छता से सुंदरता” का संदेश तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक नागरिक अपने आसपास की सफाई की जिम्मेदारी स्वयं महसूस करेगा।

उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों को साफ रखना केवल नगर निगम या प्रशासन का दायित्व नहीं है। शहर हमारा है और इसे स्वच्छ रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

स्वच्छ भारत अभियान ने स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया : सुनील कंसल

भाजपा जिला महामंत्री एवं प्रसिद्ध समाजसेवी सुनील कंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छ भारत अभियान के माध्यम से देश में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है। अब आवश्यकता है कि स्वच्छता और सेवा की भावना को अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे नागरिकों की नियमित आदत और जीवनशैली का हिस्सा बनाया जाए।

सेवा संकल्प अभियान से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ें : रोकी गहलोत

वार्ड नंबर 22 के निगम पार्षद रोकी गहलोत ने कहा कि भाजपा एक बड़ा राजनीतिक संगठन है और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सेवा संकल्प अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ें और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा का संदेश पहुंचाएं।

इनकी रही विशेष सहभागिता

इस अवसर पर पानीपत जिला महामंत्री सुनील कंसल, निगम पार्षद अन्नु अजय शर्मा, निगम पार्षद रजनी सुरेंद्र गर्ग, निगम पार्षद रोकी गहलोत, मंडल अध्यक्ष सचिन सिंगला, मंडल महामंत्री राजेश शर्मा, राजबीर चौहान, सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन किरण सैनी, गुरुदत्त सैनी, सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन राजेश भारद्वाज, विपिन सैनी, जसमेर शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी ओमदत्त आर्य, जिला मीडिया सह-प्रभारी तरुण पसरीजा, ऋषभ अग्रवाल सहित भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने स्वच्छता अभियान में भागीदारी की। फोटो


----------------------------------------------------------------------------------------------------------

*मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जनसमस्याओं पर विधायकों से लिया फीडबैक*

 

*मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश - विधायकों द्वारा उठाए गए जनहित के मुद्दों पर आश्वासन नहीं, धरातल पर कार्रवाई सुनिश्चित करें अधिकारी*

 

*आमजन को समस्याओं के समाधान के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, अधिकारियों की जवाबदेही तय हो*

 

चंडीगढ़, 22 सितंबर— हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को चंडीगढ़ में विधायकों, प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों के साथ अहम बैठक कर जनसमस्याओं का फीडबैक लिया और अधिकारियों को स्पष्ट एवं सख्त निर्देश दिए कि आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए परेशान न होना पड़े। जनप्रतिनिधियों द्वारा सामने लाए गए मुद्दों को प्राथमिकता के साथ लिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विधायक जनता की आवाज बनकर जो विषय सरकार तक पहुंचा रहे हैं, उन पर केवल आश्वासन नहीं, बल्कि धरातल पर कार्रवाई दिखाई देनी चाहिए।

 

लगभग 6 घंटे चली मैराथन बैठक में जनसंवाद पोर्टल पर जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजी गई शिकायतों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में लोकसभा क्षेत्र अनुसार, विधानसभा क्षेत्रों पर जनता की शिकायतों पर बिंदुवार समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक सचिवों को सख्त निर्देश दिए कि वे संबंधित मामलों की स्वयं निगरानी करें और समाधान की प्रक्रिया को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखते हुए उसका वास्तविक परिणाम सुनिश्चित करें।

 

बैठक में विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार, शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा और जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा भी मौजूद रहे।

 

श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जनता और प्रशासन के बीच दूरी कम करना सरकार की प्राथमिकता है। किसी नागरिक को अपनी जायज मांग या शिकायत लेकर अलग-अलग कार्यालयों में भटकने की स्थिति नहीं आनी चाहिए। जहां किसी समस्या का समाधान जिला स्तर पर संभव है, वहां उसे उच्च स्तर तक भेजकर अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।

 

बैठक में विधायकों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों और स्थानीय आवश्यकताओं की जानकारी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इन विषयों पर समयबद्ध कार्रवाई करने तथा विधायकों के साथ समन्वय बनाकर आगे बढ़ने के निर्देश दिए।

 

*विकास परियोजनाओं में अनावश्यक देरी किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं*

 

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा करना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं में अनावश्यक देरी किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगी और संबंधित विभाग नियमित निगरानी करते हुए कार्यों की प्रगति की समीक्षा करें, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंच सके।

 

उन्होंने अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने, जनप्रतिनिधियों से नियमित फीडबैक लेने और स्थानीय स्तर पर समस्याओं के निस्तारण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

*एक माह में सरकारी जमीनों की पहचान और रिकॉर्ड दुरुस्त करने के निर्देश*

 

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी विभाग एक माह के भीतर अपने-अपने विभाग की जमीनों को चिन्हित कर उनका रिकॉर्ड दुरुस्त करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि किसी सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा पाया जाता है, तो संबंधित विभाग आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे कब्जामुक्त करवाना सुनिश्चित करें, ताकि सरकारी संपत्ति का प्रभावी उपयोग हो सके।

 

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि पानीपत सिटी बस सर्विस के तहत रात्रिकालीन रूट प्लान को प्रभावी ढंग से तैयार किया जाए, ताकि देर रात तक शहरवासियों को आवागमन की सुविधा मिलती रहे। उन्होंने कहा कि रात 11 बजे के बाद प्रत्येक घंटे कम से कम एक बस का संचालन अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए, जिससे यात्रियों को देर रात घर आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

 

श्री नायब सिंह सैनी ने निर्देश दिए कि सिंचाई तथा शहरी स्थानीय निकाय विभाग में भी पंचायत विभाग की तर्ज पर ऐसी नीति तैयार की जाए, जिससे 20 वर्ष या इससे अधिक समय से संबंधित क्षेत्रों में रह रहे परिवारों को भी नियमानुसार लाभ प्रदान हो सके। उन्होंने अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक प्रक्रिया जल्द तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि लंबे समय से रह रहे परिवारों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

 

*जनहित के मामलों में जवाबदेही से कोई समझौता नहीं*

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन का अर्थ केवल नीतियां बनाना नहीं, बल्कि उन नीतियों का असर अंतिम व्यक्ति तक दिखाई देना है। सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे तथा प्रशासनिक स्तर पर आने वाली बाधाओं को दूर किया जाए, यह अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

 

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनहित के मामलों में संवेदनशीलता, तत्परता और जवाबदेही से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। सरकार का प्रयास है कि हरियाणा में ऐसा प्रशासनिक वातावरण बने, जहां नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सहज, पारदर्शी और समयबद्ध व्यवस्था उपलब्ध हो।

 

 

बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव श्री राजेश खुल्लर, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरूण कुमार गुप्ता, मुख्यमंत्री के ओएसडी (जनसंवाद) श्री भोपाल सिंह खदरी, ओएसडी श्री बी बी भारती, ओएसडी श्री विवेक कालिया सहित विभिन्न विभागों के प्रशासनिक सचिव और विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।

 

Have something to say? Post your comment

By using our site, you agree to our Terms & Conditions and Disclaimer     Dismiss