प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों और जनभावनाओं को जानने के उद्देश्य से लॉन्च किए गए नमो ऐप सर्वे ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस सर्वे को केवल एक दिन में 5 लाख से अधिक लोगों की प्रतिक्रियाएं प्राप्त हुई हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि देश की जनता में मोदी सरकार के कार्यों को लेकर गहरी रुचि और उत्साह है।
यूपी सबसे आगे, दक्षिण भारत से भी बड़ी भागीदारी
अब तक की प्रतिक्रियाओं में उत्तर प्रदेश ने सबसे अधिक सहभागिता दिखाई है, जो कि जनसंख्या और राजनीतिक दृष्टि से हमेशा महत्वपूर्ण रहा है। इसके बाद सबसे अधिक प्रतिक्रियाएं महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और कर्नाटक जैसे राज्यों से प्राप्त हुई हैं। खास बात यह है कि दक्षिण भारत के राज्यों से भी सर्वे को अच्छा प्रतिसाद मिला है, जिससे यह साफ होता है कि मोदी सरकार की पहुंच अब क्षेत्रीय सीमाओं से परे जाती दिख रही है।
जनता से 11 साल के कामकाज पर सीधी राय
नमो ऐप के माध्यम से किए गए इस सर्वे में जनता से सीधा सवाल पूछा गया—“क्या आपको लगता है कि पिछले 11 सालों में भारत ने तरक्की की है?” इसके अलावा नागरिकों से सरकार की प्रमुख योजनाओं जैसे उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पीएम आवास योजना, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया आदि पर फीडबैक भी मांगा गया है।
युवा वर्ग की उल्लेखनीय भागीदारी
इस सर्वे में सबसे अधिक प्रतिक्रियाएं युवाओं की ओर से आई हैं, खासकर 18 से 35 वर्ष के आयु वर्ग के लोगों ने इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। इससे यह संकेत मिलता है कि युवाओं में मोदी सरकार की नीतियों को लेकर गहरी दिलचस्पी है और वे अपने विचार सीधे तौर पर साझा करने के लिए उत्साहित हैं।
टेक्नोलॉजी के जरिए जनमत को जोड़ने की पहल
नमो ऐप के इस सर्वे को डिजिटल भारत के दृष्टिकोण से भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे न केवल सरकार को जनता के मूड को समझने का अवसर मिलता है, बल्कि लोग भी प्रत्यक्ष रूप से संवाद में शामिल हो पाते हैं।