लखनऊ, 10 मार्च:
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यदि कोई जनप्रतिनिधि संवेदनशील होकर पूरी निष्ठा से कार्य करे, तो वह जनता के लिए बड़े बदलाव ला सकता है। इसके लिए उसे निजी स्वार्थ से ऊपर उठकर जनसेवा के प्रति समर्पित होना आवश्यक है। जब विधायक जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करता है, तो लोकतंत्र भी मजबूत होता है और आम नागरिकों को न्याय मिलता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ डॉ. राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय में आयोजित सरोजनी नगर आभार दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने वर्चुअल माध्यम से कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 10 तारा शक्ति केंद्र, रण बहादुर सिंह डिजिटल शिक्षा एवं सशक्तिकरण केंद्र, 5 पार्कों में ओपन एयर जिम, सरोजनी नगर तहसील और वृद्धाश्रम में विकास कार्यों का उद्घाटन शामिल है। इसके अलावा, 25 मंदिरों के जीर्णोद्धार, 5 आरडब्ल्यूए पुस्तकालयों और 15 कॉलेजों में स्मार्ट क्लास पैनल की स्थापना के कार्यों की आधारशिला रखी गई।
मुख्यमंत्री ने मेधावी छात्र-छात्राओं को टैबलेट और साइकिलें प्रदान कीं, भगवान परशुराम और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की प्रतिमाओं का अनावरण किया। साथ ही, यूथ क्लबों को खेल किट और तारा केंद्र को 100 सिलाई मशीनें भी सौंपी गईं। सरोजनी नगर स्पोर्ट्स लीग की विजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
सरोजनी नगर क्षेत्र में विकास की नई ऊंचाइयां
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सरोजनी नगर में कई विकास योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू किया है। उन्होंने क्षेत्र की आवश्यकताओं को समझते हुए सरकार तक उनकी मांगें पहुंचाईं और योजनाओं को स्वीकृत कराया। इस मौके पर सरोजनी नगर विधानसभा में किए गए विकास कार्यों पर एक प्रदर्शनी और लघु फिल्म भी दिखाई गई।
उन्होंने कहा कि सरोजनी नगर में 32,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं या तो संचालित हो चुकी हैं या उनका लाभ जनता को मिल रहा है। जल्द ही 1,200 करोड़ रुपये की लागत से 10,000 लोगों की क्षमता वाला कन्वेंशन सेंटर बनाया जाएगा। इसके अलावा, डिफेंस कॉरिडोर और उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंसेज की भी स्थापना यहीं हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरोजनी नगर को एयरो सिटी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस हब के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां जल्द ही AI बेस्ड डेटा सेंटर का उद्घाटन होगा। हाईवे, मेट्रो और एयरपोर्ट विस्तार जैसी परियोजनाएं क्षेत्र को नई पहचान दे रही हैं।
योगी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार राज्य के 15 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन और 1.04 करोड़ महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को वार्षिक 12,000 रुपये पेंशन दे रही है। 2.5 करोड़ किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिला है, जबकि 56 लाख गरीबों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं।
सरकार का लक्ष्य अगले दो वर्षों में प्रदेश से पूरी तरह गरीबी खत्म करना है। इसके लिए एकीकृत योजना शुरू की जाएगी, जिसमें पात्र लोगों को मकान, आयुष्मान कार्ड, पेंशन और रोजगार प्रदान किया जाएगा।
इस मौके पर वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर, विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह और कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।