भोपाल में युवतियों को नशे का शिकार बनाकर दुष्कर्म करने वाले गिरोह के रेस्टोरेंट पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया। यह रेस्टोरेंट राजधानी के एक पॉश इलाके में संचालित हो रहा था, जहां बीते कुछ समय से अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं।
पुलिस की जांच में सामने आया कि रेस्टोरेंट की आड़ में एक संगठित गिरोह काम कर रहा था जो युवतियों को पहले नशीली चीजें खिलाता था और फिर उनके साथ दुष्कर्म करता था। पीड़ित लड़कियों में अधिकांश हिंदू समुदाय से थीं। कई पीड़िताओं ने बताया कि उन्हें बेहोशी की हालत में अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल भी किया गया।
प्रशासन को जब इस अवैध गतिविधि की पुष्टि हुई तो नगर निगम और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए रेस्टोरेंट को जमींदोज कर दिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
मामले में अब तक मुख्य आरोपी सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और पुलिस अन्य संलिप्त लोगों की तलाश कर रही है। प्रशासनिक अधिकारियों ने साफ कहा है कि शहर में किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।