नई दिल्ली। दिल्ली-NCR में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने संकेत दिया है कि इस बार मानसून राजधानी में सामान्य से 3-4 दिन पहले दस्तक दे सकता है। मौसमी आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में मानसून 25 से 27 जून 2025 के बीच पहुंचने की संभावना है, जबकि सामान्य रूप से यह 29 जून को आता है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून पहले ही 27 मई को केरल तट पर समय से 5 दिन पहले पहुंच चुका है, जो 2009 के बाद सबसे पहले पहुंचने का रिकॉर्ड है। बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में अनुकूल हवाओं के कारण मानसून की गति इस बार काफी तेज है। इसी वजह से दिल्ली समेत उत्तर भारत के अन्य इलाकों में भी जल्द वर्षा की संभावना बढ़ गई है।
आईएमडी ने जानकारी दी है कि बृहस्पतिवार को दिल्ली में आंशिक बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान लगभग 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। वहीं बुधवार को मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया था, लेकिन दिन भर सूरज और बादलों के बीच लुकाछिपी चलती रही और बारिश नहीं हुई।
तापमान के आंकड़ों की बात करें तो आया नगर में बुधवार को 34.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया, जो NCR में सबसे अधिक रहा। इसके अलावा, रिज में 34.7 और पालम व लोधी रोड में 34.3 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान के लिहाज से रिज सबसे ठंडा रहा, जहां 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लोधी रोड, पालम और आया नगर में न्यूनतम तापमान क्रमशः 23.0, 23.9 और 23.9 डिग्री रहा।अगर सब कुछ अनुकूल रहा तो दिल्लीवासियों को इस बार जून के आखिरी सप्ताह में ही गर्मी से राहत मिलने लगेगी। मानसून की यह जल्दी दस्तक ना सिर्फ मौसम को सुहाना बनाएगी, बल्कि प्रदूषण और जल संकट जैसी समस्याओं से भी कुछ राहत दे सकती है।