मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बाढ़ की स्थिति, आगामी पर्व एवं त्योहारों के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था, ड्रोन परिचालन, हर घर तिरंगा अभियान तथा बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा की
बाढ़ प्रभावित इलाकों के अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
बाढ़ प्रभावितों को समय से राहत सामग्री वितरित की जाए, राहत सामग्री की गुणवत्ता व मात्रा को रैण्डम चेक किया जाए : मुख्यमंत्री
बाढ़ शरणालयों में महिलाओं के ठहरने के लिए उचित व्यवस्था के साथ उनकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए
बाढ़ प्रभावित सभी जनपदों में कण्ट्रोल रूम 24ग7 क्रियाशील रहें, जनपद से राहत आयुक्त कार्यालय को सूचना प्रतिदिन उपलब्ध करायी जाए
रेस्क्यू के लिए बड़ी नावों का इस्तेमाल किया जाए, छोटी-मझोली नावों का प्रयोग न किया जाए
कोई भी व्यक्ति जर्जर भवन में न रहे, अविलम्ब बाढ़ शरणालय में शिफ्ट किया जाए
रक्षाबंधन के अवसर पर आगामी 08 अगस्त की सुबह 06 बजे से 10 अगस्त की रात्रि 12 बजे तक यू0पी0एस0आर0टी0सी0 की बसों व नगरीय बस सेवा की बसों में माताओं-बहनों को निःशुल्क यात्रा की व्यवस्था
‘विभाजन विभीषिका दिवस’ के अवसर पर तिरंगा यात्रा निकाली जाए, स्कूल, कॉलेजों, डिग्री कॉलेजों व अन्य संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएं
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मन्दिरों में साफ-सफाई, सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाए
ड्रोन से दहशत फैलाने वालों व अनधिकृत रूप से ड्रोन का इस्तेमाल कर लोगों को डराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए
ग्राम सुरक्षा समितियों से संवाद स्थापित किया जाए, ताकि अफवाहों पर पूरी तरह से रोक लग सके
‘हर घर तिरंगा अभियान’ राष्ट्रीय अभियान, इससे प्रदेश के हर नागरिक को जुड़ना चाहिए
विगत वर्षों में हर घर तिरंगा अभियान में उ0प्र0 का प्रदर्शन देश में सर्वश्रेष्ठ रहा, इस वर्ष प्रदेश में 04 करोड़ 60 लाख तिरंगों को फहराया जाना, इसके दृष्टिगत सम्बन्धित विभाग समन्वय स्थापित करते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें
किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार तय रेट पर फर्टिलाइजर उपलब्ध कराने के निर्देश
लखनऊ : 03 अगस्त, 2025: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज यहां अपने सरकारी आवास पर आहूत एक उच्चस्तरीय बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बाढ़ की स्थिति, आगामी पर्व एवं त्योहारों के दृष्टिगत कानून-व्यवस्था, ड्रोन परिचालन, हर घर तिरंगा अभियान तथा बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में जनपदों के प्रभारी मंत्री व वरिष्ठ अधिकारी जुड़े थे।
मुख्यमंत्री जी ने बैठक में बाढ़ प्रभावित इलाकों के अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिये। इस दौरान उन्होंने कई जनपदों के अधिकारियों से सीधा संवाद कर स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री जी ने निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को समय से राहत सामग्री वितरित की जाए। राहत सामग्री की गुणवत्ता व मात्रा को रैण्डम चेक किया जाए। बाढ़ शरणालय में रहने वाले लोगों को पौष्टिक और गर्म खाना उपलब्ध कराया जाए। बाढ़ शरणालयों में महिलाओं के ठहरने के लिए उचित व्यवस्था के साथ उनकी सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाए और उनके साथ रहने वाले बच्चों के लिए दूध की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित सभी जनपदों में कण्ट्रोल रूम 24ग7 क्रियाशील रहें। जनपद से राहत आयुक्त कार्यालय को हर सूचना प्रतिदिन उपलब्ध करायी जाए। बाढ़ प्रभावित इलाकों में डॉक्टर्स की टीम द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं, जहां सभी का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद आवश्यकतानुसार दवा का वितरण किया जाए। रेस्क्यू के लिए बड़ी नावों का इस्तेमाल किया जाए। छोटी-मझोली नावों का प्रयोग न किया जाए। कोई भी व्यक्ति जर्जर भवन में न रहे, अविलम्ब बाढ़ शरणालय में शिफ्ट किया जाए। बाढ़ प्रभावित जनपदों में राहत कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि बाढ़ प्रभावित जिन इलाकों में कटान की समस्या सामने आ रही है, उन पर विशेष निगरानी की जाए, ताकि समय रहते लोगों को राहत दी जा सके। वहीं बाढ़ के पानी की चपेट में क्षतिग्रस्त मकानों का तत्काल सर्वे किया जाए। इससे बाढ़ प्रभावित लोगों को आवश्यकतानुसार जमीन का पट्टा व मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराया जाए। बाढ़ प्रभावित इलाकों में जिन चीजों की आवश्यकता हो, उसके लिए मुख्यमंत्री कार्यालय को तत्काल बताया जाए, ताकि उन चीजों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पवित्र श्रावण मास के अंतिम सोमवार के दृष्टिगत शिवालयों व मन्दिरों में दर्शनार्थियों/श्रद्धालुओं की सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की जाए। बरसात को देखते हुए मन्दिर परिसर में कहीं भी विद्युत तार खुले न हों तथा स्वच्छता एवं साफ-सफाई की व्यवस्था कर ली जाए।
रक्षाबंधन के अवसर पर आगामी 08 अगस्त की सुबह 06 बजे से 10 अगस्त की रात्रि 12 बजे तक यू0पी0एस0आर0टी0सी0 की बसों व नगरीय बस सेवा की बसों में माताओं-बहनों को निःशुल्क यात्रा की व्यवस्था रहेगी। नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में पर्याप्त मात्रा में बसें चलाई जाएं। नगरीय क्षेत्रों में कहीं भी ट्रैफिक जाम की स्थिति न होने पाए। राजमार्गों व अन्य मार्गों में पेट्रोलिंग की जाए।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आगामी 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका दिवस’ के अवसर पर तिरंगा यात्रा निकाली जाए। स्कूल, कॉलेजों, डिग्री कॉलेजों व अन्य संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। आगामी 15 अगस्त को ‘स्वतंत्रता दिवस’ के अवसर पर भव्य रूप से सभी सरकारी कार्यालयों, निजी कार्यालयों, पंचायत भवनों, सहकारी समितियों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में तिरंगा फहराया जाए तथा राष्ट्रगान गया जाए। यह पर्व हमें हमारे स्वतंत्रता सेनानियों, वीर बलिदानियों को श्रद्धांजलि देने व उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है। आगामी 16 अगस्त को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व पूरे प्रदेश में धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके दृष्टिगत मन्दिरों में साफ-सफाई, सुरक्षा व अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इस त्यौहार को उत्तर प्रदेश पुलिस भी रिजर्व पुलिस लाइन्स में धूमधाम से मनाती है। शोभायात्रा के लिए आयोजक स्थानीय प्रशासन से अनुमति अवश्य लें। यह सुनिश्चित किया जाए कि माइक, लाउडस्पीकरों की आवाज कानफोड़ू न हो।
मुख्यमंत्री जी ने ‘हर घर तिरंगा अभियान’ की समीक्षा करते हुए कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रीय अभियान है। इससे प्रदेश के हर नागरिक को जुड़ना चाहिए। विगत वर्षों में उत्तर प्रदेश का प्रदर्शन देश में सर्वश्रेष्ठ रहा है। इस वर्ष प्रदेश में 04 करोड़ 60 लाख तिरंगों को फहराया जाना है। इसके दृष्टिगत सम्बन्धित विभाग समन्वय स्थापित करते हुए व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। आगामी 02 अगस्त से 08 अगस्त तक तिरंगा बनाने का कार्य पूर्ण कर लिया जाए। 09 अगस्त से 12 अगस्त तक तिरंगा यात्रा, तिरंगा महोत्सव व मेला का आयोजन किया जाए तथा लोग अपनी तिरंगा विद सेल्फी को पोर्टल पर अपलोड करें। आगामी 13 अगस्त से 15 अगस्त तक सरकारी व निजी कार्यालयों, संस्थानों और लोगों के घरों में फहराया जाए।
मुख्यमंत्री जी ने बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि मानक के अनुरूप ही स्कूलों की पेयरिंग की जाए। इस कार्य में अनियमितता बरतने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्यवाही की जाए। बच्चों की पढ़ाई में किसी प्रकार की कोई बाधा नहीं आनी चाहिए। उन्होंने किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार तय रेट पर फर्टिलाइजर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री जी ने ड्रोन से सम्बन्धित अफवाहों के सम्बन्ध में पुलिस अधिकारियों से कहा कि ड्रोन से दहशत फैलाने वालों व अनधिकृत रूप से ड्रोन का इस्तेमाल कर लोगों को डराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। बीट आरक्षी अपने क्षेत्र के लोगों को अफवाहों से बचने के लिए जागरूक करें। उन्होंने ड्रोन से दहशत वाले जनपदों के साथ पूरे प्रदेश में पैदल गश्त को बढ़ाने के निर्देश दिये। ग्राम सुरक्षा समितियों से संवाद स्थापित किया जाए, ताकि अफवाहों पर पूरी तरह से रोक लग सके। वहीं बिना अनुमति ड्रोन का संचालन करने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि कहीं पर भी कोई व्यक्ति भीड़ का शिकार न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। लोगों को जागरूक करें कि वह अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही, अफवाह के चलते किसी भी व्यक्ति के साथ मारपीट न करें, बल्कि पुलिस को सूचित करें। यदि अफवाह की वजह से कोई अप्रिय घटना होती है तो उसके लिए थानाध्यक्ष से लेकर जिले के अधिकारी जिम्मेदार होंगे और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान डी0जी0पी0 श्री राजीव कृष्ण ने बताया कि ड्रोन नीति-2023 के अनुसार जनपदों के पुलिस कमिश्नर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक को आवश्यकतानुसार स्थायी रेड जोन बनाने के निर्देश दिये गये हैं। ऐसे में पुलिस अधिकारी 96 घण्टे तक अपने जिले के किसी भी स्थान को स्थायी रेड जोन घोषित कर सकते हैं।
इस अवसर पर नगर विकास मंत्री श्री अरविन्द कुमार शर्मा, परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दयाशंकर सिंह, बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री सन्दीप सिंह, माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती गुलाब देवी, मुख्य सचिव श्री एस0पी0 गोयल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
----------------------------
मुख्यमंत्री ने मिशन रोजगार के अन्तर्गत उ0प्र0 पुलिस दूर संचार विभाग के नवचयनित 1,494 सहायक परिचालकों/कार्यशाला कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए
युवा ऊर्जा के बल पर हम एक विकसित भारत की परिकल्पना और एक समर्थ उ0प्र0 के संकल्प को आगे बढ़ा सकते, यही प्रधानमंत्री जी का भी विजन : मुख्यमंत्री
प्रदेश सरकार ने पुलिस भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शितापूर्वक सम्पन्न करने के लिए पुलिस भर्ती बोर्ड के सुदृढ़ीकरण का कार्य आगे बढ़ाया
सर्वाधिक पुलिस भर्ती और सरकारी नौकरी प्रदान करने वाले राज्यों में उ0प्र0 आज देश में अग्रणी
प्रदेश सरकार ने नए ट्रेनिंग इन्स्टीट्यूट बनाकर पुलिस बल की ट्रेनिंग क्षमता में वृद्धि की
राज्य पुलिस की अवस्थापना सुविधाओं में भी वृद्धि की गई, जनपदों में हाईराइज बैरकों का निर्माण पुलिस बल के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध करायी गई
उ0प्र0 पुलिस ने स्वयं को मॉडल के रूप में स्थापित किया, पूरा देश राज्य की कानून व्यवस्था में हुए व्यापक सुधारों को स्वीकार कर रहा
प्रदेश सरकार ने अब तक साढ़े 08 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान कीं
राज्य का परसेप्शन बदला और सुरक्षा का बेहतर वातावरण निर्मित हुआ, तो यहां अच्छे निवेश की प्राप्ति हुई
आधी आबादी को वंचित कर हम विकास के किसी भी अच्छे मॉडल को प्रस्तुत नहीं कर सकते, विकास में महिलाओं की भागीदारी आवश्यक
लखनऊ : 03 अगस्त, 2025:उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने उत्तर प्रदेश पुलिस दूर संचार विभाग के नवचयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि युवा ऊर्जा के बल पर ही हम एक विकसित भारत की परिकल्पना और एक समर्थ उत्तर प्रदेश के संकल्प को आगे बढ़ा सकते हैं। यही प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का भी विजन है। आप सभी देश के सबसे बड़े सिविल पुलिस बल का हिस्सा बने हैं। प्रदेश सरकार ने जितनी ईमानदारी और पारदर्शिता पूर्ण तरीके से आपकी भर्ती की है, आपको उतनी ही तत्परता और ईमानदारीपूर्वक अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा।
मुख्यमंत्री जी आज यहां इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान में मिशन रोजगार के अन्तर्गत उत्तर प्रदेश पुलिस दूर संचार विभाग के नवचयनित 1,494 सहायक परिचालकों/कार्यशाला कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करने के पश्चात अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के आह्वान पर वर्ष 2017 में प्रदेश सरकार ने पुलिस भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शितापूर्वक सम्पन्न करने के लिए पुलिस भर्ती बोर्ड के सुदृढ़ीकरण का कार्य आगे बढ़ाया। प्रदेश सरकार ने तय किया कि भर्ती प्रक्रिया ईमानदारीपूर्वक सम्पन्न होनी चाहिए। यदि किसी भी भर्ती बोर्ड व आयोग ने युवाओं भविष्य के साथ खिलवाड़ किया, तो उसकी जवाबदेही तय होगी। भर्ती प्रक्रिया में सेंधमारी करने वालां को भी जवाब देना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा उठाए गए कदमां के परिणामस्वरूप सर्वाधिक पुलिस भर्ती और सरकारी नौकरी प्रदान करने वाले राज्यों में उत्तर प्रदेश आज देश के अग्रणी राज्यों में है। उत्तर प्रदेश पुलिस बल देश में सिविल पुलिस का ऐसा एक मात्र पुलिस बल हो सकता है, जिसने 02 लाख 17 हजार 500 से अधिक पुलिस कार्मिकों की निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया से भर्ती सम्पन्न की है। विगत 08 वर्षों में पुलिस में जितनी भर्तियां की गई हैं, बहुत सारे राज्यों में पूरा पुलिस बल इसका एक चौथाई भी नहीं है। वर्तमान में प्रदेश में 30 हजार अतिरिक्त पुलिस बलों की भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने नए ट्रेनिंग इन्स्टीट्यूट बनाकर पुलिस बल की ट्रेनिंग की क्षमता में वृद्धि की है। अभी हाल ही में 60,244 पुलिस आरक्षियों की भर्ती प्रक्रिया को सम्पन्न किया गया है। इन सभी पुलिस कार्मिकों की ट्रेनिंग प्रदेश में एक साथ कुशलतापूर्वक करायी जा रही है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राज्य पुलिस की अवस्थापना सुविधाओं में भी वृद्धि की गई है। जनपदों में हाईराइज बैरकों का निर्माण पुलिस बल के लिए आवासीय सुविधा उपलब्ध करायी गई है। वर्ष 2017 से पूर्व प्रदेश के 10 जनपदों में पुलिस लाइन नहीं थी। प्रदेश सरकार द्वारा इन जनपदों में पुलिस लाइन गठित की गईं। पुलिस मुख्यालय बनाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। पुलिस में व्यापक रिफॉर्म किए। 07 नई पुलिस कमिश्नरेट का गठन किया गया। उत्तर प्रदेश पुलिस ने स्वयं को मॉडल के रूप में स्थापित किया है। पूरा देश राज्य की कानून व्यवस्था में हुए व्यापक सुधारों को स्वीकार कर रहा है। महाकुम्भ-2025 के दिव्य और भव्य आयोजन में उत्तर प्रदेश पुलिस का व्यवहार, तत्परता तथा संवेदनशीलता का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अब तक साढ़े 08 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं। राज्य का परसेप्शन बदला और सुरक्षा का बेहतर वातावरण निर्मित हुआ, तो यहां अच्छे निवेश की प्राप्ति भी हुई। निवेश के माध्यम से लगभग 02 करोड़ युवाओं को उनके स्वयं के जनपद में रोजगार की नई सम्भावनाएं प्रदान की गईं। शासन की कार्यवाही अनवरत आगे बढ़ने से आउटसोर्सिंग के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया को नई दिशा प्राप्त हुई।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयासों से राज्य ने स्वयं को देश की सबसे उभरती हुई अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित किया है। इसके लिए सरकार को कड़े कदम उठाने पड़े। मजबूती के साथ आगे बढ़ना पड़ा। भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनानी पड़ी। आजादी के अमृतकाल में विकसित भारत की परिकल्पना के साथ देश दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। आम नागरिक को स्वतंत्रता का एहसास कराने के लिए पुलिस बल को और अधिक संवेदनशील बनना पड़ेगा। अपराध और अपराधियों के विरुद्ध उतना ही सख्त भी होना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आधी आबादी को वंचित कर हम विकास के किसी भी अच्छे मॉडल को प्रस्तुत नहीं कर सकते। महिलाओं की भागीदारी भी आवश्यक है। प्रदेश सरकार ने पहले से तय किया है कि पुलिस बल में कम से कम 20 प्रतिशत महिलाओं की नियुक्ति हो। टेलीकॉम पुलिस के 1,494 कार्मिकों की भर्ती में 20 प्रतिशत के लक्ष्य को प्राप्त किया गया है। आने वाले समय में 20 प्रतिशत के लक्ष्य को और अधिक बढ़ाना पड़ेगा। टेलीकॉम पुलिस ने महाकुम्भ 2025 के दौरान बेहतरीन प्रदर्शन किया था। टेलीकॉम पुलिस कम्युनिकेशन का माध्यम है। टेक्नोलॉजी किसी भी फोर्स का महत्वपूर्ण हिस्सा होती है। उत्तर प्रदेश जैसे राज्य में टेक्नोलॉजी का उपयोग सूचनाओं का बेहतर आदान-प्रदान अत्यन्त आवश्यक है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा करने वाले अग्निवीरों को उत्तर प्रदेश पुलिस में 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण प्रदान किए जाने की व्यवस्था की जा रही है। इसके माध्यम से हमें ट्रेंड मैनपावर प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में मिशन रोजागर पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने भी कार्यक्रम को सम्बोधित किया।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कृष्ण, प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना श्री संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक पी0एच0क्यू0 श्री आनन्दस्वरूप, पुलिस महानिदेशक दूर संचार श्री आशुतोष पाण्डेय, पुलिस महानिदेशक भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड श्री एस0बी0 शिराडकर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।