रिहायशी इलाकों से 33 व 66 केवी की हाईटेंशन लाइनें हटाने की होगी कोशिश- ऊर्जा मंत्री अनिल विज
आंधी-बारिश से उखड़े बिजली के खंभे, फीडर व ट्रांसफार्मर को किया जा रहा है ठीक - अनिल विज
चंडीगढ़, 26 जनवरी-- हरियाणा के ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि प्रदेश के जिन क्षेत्रों में कालोनियां बस गई हैं और उनके ऊपर से यदि 33 केवी या 66 केवी की बिजली की तारें जा रही हैं तो उनको हटाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले दिनों आई तेज हवाओं व बारिश के चलते उखड़े हुए खंभों व प्रभावित हुए फीडर व ट्रांसफार्मरों को ठीक किया जा रहा है।
श्री विज आज यमुनानगर में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के उपरांत मीडिया कर्मियों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति सुचारू हो सके, इसके लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। आंधी व बारिश से सैकड़ो खंभे टूट गए थे और ट्रांसफार्मर भी प्रभावित हुए थे। उनके नुकसान का बिजली निगम आकलन कर रहा है। उपभोक्ताओं के सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार देश की संस्कृति को और मजबूत करने का काम कर रही है। जनता के हित में काम किये जा रहे हैं।
77वें गणतंत्र दिवस पर हरियाणा लोक भवन में आयोजित हुआ ‘एट होम’ कार्यक्रम
राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष व हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, मंत्रीगण व अधिकारीगण ने की शिरकत
चंडीगढ़, 26 जनवरी - 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को हरियाणा लोक भवन में ‘एट होम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष तथा मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कार्यक्रम में शिरकत कर प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में लेडी गवर्नर श्रीमती मित्रा घोष व मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती सुमन सैनी भी उपस्थित रही।
राष्ट्रगान की धुन के साथ ‘एट होम’ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति के गीत बजाए गए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र गीत के साथ किया गया।
इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष श्री हरविंद्र कल्याण, ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज, शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा, सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा, सांसद श्री नवीन जिंदल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इनके अलावा, पूर्व आर्मी चीफ श्री वीपी मलिक, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी श्री विनीत गर्ग, श्री एके सिंह, श्री अनुराग अग्रवाल, श्री विजेंद्र कुमार, श्री पंकज अग्रवाल, श्री मोहम्मद शाइन, डॉ अमित अग्रवाल, यूटी चंडीगढ़ के मुख्य सचिव श्री एच. राजेश प्रसाद, श्रीमती आशिमा बराड़, चंडीगढ़ के गृह सचिव श्री मंदीप सिंह बराड़, डॉ साकेत कुमार, राज्यपाल के सचिव श्री डी के बेहेरा, श्री आदित्य दहिया, श्री विनय प्रताप सिंह, श्रीमती प्रियंका सोनी, डॉ शालीन, पंचकूला के उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा सहित अन्य अधिकारी व आईपीएस अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही, दादा लखमी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स, रोहतक के कुलपति डॉ अमित आर्य, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कुलपति श्री बी आर कांबोज भी मौजूद रहे।
77वें गणतंत्र दिवस पर प्रदेश भर में फहराया तिरंगा, मंत्रियों ने किया ध्वजारोहण
गणतंत्र दिवस समारोहों में लिया विकास और राष्ट्रनिर्माण का संकल्प
गणतंत्र दिवस: प्रदेश में उल्लास और देशभक्ति के साथ आयोजित हुए समारोह
हरियाणा में गणतंत्र दिवस पर संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों को किया गया नमन
चंडीगढ़, 26 जनवरी — 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर आज प्रदेश भर में हर्षोल्लास, देशभक्ति और गरिमा के साथ समारोह आयोजित किए गए। इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष,उपाध्यक्ष एवं राज्य सरकार के मंत्रियों ने विभिन्न जिलों में मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली तथा देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया।
इस दौरान वक्ताओं ने संविधान निर्माताओं, स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि भारतीय संविधान समानता, न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों का मार्गदर्शन करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में हरियाणा सरकार ‘विकसित भारत–विकसित हरियाणा’ के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, रोजगार, बुनियादी ढांचे तथा किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीब वर्ग के उत्थान हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी दी गई।
संविधान ने हमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता के दिए मौलिक अधिकार:-विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण
विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे देश का वो महत्वपूर्ण दस्तावेज है, वो ग्रंथ है, जो देश के शासन, नागरिकों के अधिकारों और सरकार के ढांचे को परिभाषित करता है। हमारा संविधान नागरिकों को समानता, स्वतंत्रता और न्याय जैसे मूलभूत अधिकार प्रदान करता है। यह सरकार के तीन अंगों (विधायिका, कार्यपालिका, न्यायपालिका) के बीच शक्तियों का विभाजन करता है। संविधान देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए आवश्यक है। संविधान देश के विकास और प्रगति के लिए आवश्यक है, क्योंकि यह सरकार को नीतियों भी और कार्यक्रमों को लागू करने के लिए एक ढांचा प्रदान करता है। इसलिए यह ज़रूरी है कि आज देश का हर नागरिक भी खुद को संवैधानिक मूल्यों के साथ जोड़ कर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी पूर्वक निर्वहन करे। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष सोमवार को करनाल में आयोजित 77 वें गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
संविधान ने भारत को एक संप्रभु, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष और लोकतांत्रिक गणराज्य के रूप में स्थापित किया : अनिल विज
यमुनानगर में आयोजित समारोह में ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ भारतीय संविधान देश को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मजबूत स्तंभ प्रदान करता है। उन्होंने संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन करते हुए कहा कि उनके अथक परिश्रम से ही देश का लोकतांत्रिक ढांचा सुदृढ़ हुआ है।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि बिजली आम नागरिक की बुनियादी आवश्यकता बने। एटी एंड सी लॉस 30.3 प्रतिशत से घटकर 9.97 प्रतिशत रह गया है। "म्हारा गांव-जगमग गांव" योजना के तहत 6,019 गांवों को 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि यमुनानगर में 800 मेगावाट की अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल इकाई की आधारशिला 14 अप्रैल 2025 को रखी गई। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर रूफटॉप पर 30,000 से 78,000 रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है और अब तक 37,308 सोलर रूफटॉप लगाए जा चुके हैं।
हरियाणा विकास की नई ऊंचाइयों पर: सैनिक कल्याण से लेकर गरीब कल्याण तक, हर क्षेत्र में ऐतिहासिक फैसले: कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार
हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर पानीपत में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ‘सबका साथ-सबका विकास’ और ‘हरियाणा एक-हरियाणवी एक’ के मंत्र पर चलते हुए सुशासन से सेवा का संकल्प लेकर कार्य कर रही है। परिवार पहचान पत्र के माध्यम से पात्र परिवारों को घर बैठे योजनाओं का लाभ मिल रहा है। गरीब की बेटी की शादी के लिए 71 हजार रुपये शगुन, बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांगों को 3200 रुपये मासिक पेंशन, चिरायु कार्ड, बीपीएल कार्ड और किसानों को फसल भुगतान सीधे खाते में भेजा जा रहा है। स्वास्थ्य क्षेत्र में किडनी रोगियों के लिए निशुल्क डायलिसिस सुविधा, आयुष्मान भारत चिरायु योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य लाभ दिया जा रहा है। हैप्पी योजना के तहत हरियाणा रोडवेज बसों में 1000 किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान की गई है।
राज्य के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए ईज आफ डूइंग बिजनेस का इको सिस्टम तैयार : राव नरबीर सिंह
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने नारनौल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने कहा कि उद्योग अर्थव्यवस्था का मूल आधार हैं। सरकार ने हरियाणा के औद्योगिक विकास को गति देने के लिए ईज आफ डूइंग बिजनेस का एक इको सिस्टम तैयार किया है। प्रमाण पत्र, लाइसेंस और अनुमति देने में अड़चन पैदा करने वाले अनेक नियमों और प्रक्रियाओं को खत्म कर एक ही छत के नीचे उद्योगपतियों को लाभ देने का कार्य किया जा रहा है। आज हरियाणा में निवेशकों को सेवाएं ऑनलाइन प्रदान की जा रही हैं और उन्हें सभी स्वीकृतियां भी निर्धारित अवधि में देना सुनिश्चित किया गया है। आज हरियाणा देश-विदेश के निवेशकों की पहली पसंद बन कर उभरा है। हम अगले माह ही अपनी उद्योग नीति में भूतपूर्व संशोधन व बदलाव करने जा रहे हैं। उद्यमियों को सभी प्रकार अनापत्ति प्रमाण पत्र दिलवाने की जिम्मेदारी उद्योग व वाणिज्य विभाग को दी जाएगी। इसके अलावा अगर एनओसी 45 दिन की निर्धारित अवधि में ऑनलाइन प्राप्त नहीं होता है तो उसे डीम्ड अप्रूवल समझा जाएगा और उद्योगपति अपनी ईकाई स्थापित करने की प्रक्रिया में आगे बढ़ सकेगा।
हिसार में धूमधाम के साथ मनाया गया गणतंत्र दिवस समारोह, शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने फहराया तिरंगा
गणतंत्र दिवस के मौके पर हिसार में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने मुख्यातिथि के तौर पर शिरकत की। शिक्षा मंत्री ने कहा कि संविधान में प्रत्येक नागरिक को समान न्याय, स्वतंत्रता और समानता का अधिकार प्रदान किया। संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के तमाम सदस्यों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि इसी संविधान ने हमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता के मौलिक अधिकार दिए। इसी दिन भारत विश्व का सबसे बड़ा संप्रभुता सम्पन्न, लोकतांत्रिक गणराज्य बना। आज देश ने मिसाईलें ही नहीं बनाई, बल्कि चन्द्रयान, सूर्ययान और मंगलयान जैसे मिशन भी सफलतापूर्वक संचालित किए हैं। भारत चन्द्रमा के दक्षिणी धुव्र पर चंद्रयान 3 उतारने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। देश की सीमाओं की सुरक्षा करने वाले वीर सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि युद्ध के दौरान शहीद हुए हरियाणा के सैनिकों और अर्धसैनिक बलों के जवानों तथा अग्निवीरों की अनुग्रह राशि एक करोड़ रुपये कर दी गई है। अग्निवीरों के लिए सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है।
भारत दुनिया में बड़ी ताकत के रूप में उभरा: कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग मंत्री श्री विपुल गोयल ने सिरसा में बतौर मुख्यातिथि राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से ही भारत दुनिया में एक बड़ी ताकत के तौर पर अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहा है। इसका श्रेय हमारे उन राजनेताओं, कर्मठ किसान-मजदूरों, कारीगरों तथा वैज्ञानिकों को जाता है जिन्होंने दिन-रात एक करके इस देश को विकास की गति प्रदान की। उन्होंने कहा कि विकसित भारत गारंटी रोजगार आजीविका मिशन ग्रामीण योजना को नए रूप में क्रियान्वित किया गया है। अब ग्रामीणों को 100 दिन के बजाय 125 दिन का रोजगार मिलेगा। यह बहुत ही कारगर महत्वाकांक्षी योजना है। इसमें प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
संविधान लागू होने से नागरिकों को मिले मौलिक अधिकार :- सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा
हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि आज के दिन 76 वर्ष पूर्व 1950 में लागू हुए संविधान से भारत विश्व का सबसे बड़ा संप्रभुता संपन्न, लोकतांत्रिक गणराज्य बना तथा इसी दिन से संविधान से नागरिकों को न्याय, स्वतंत्रता व समानता की मौलिक अधिकार प्राप्त हुये। आज संपूर्ण राष्ट्र उन महापुरुषों को नमन करता है, जिन्होंने देश को स्वतंत्रता दिलवाने एवं भारतीय संविधान को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
डॉ. अरविंद शर्मा रोहतक में गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह में बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ध्वज फहराने के उपरांत जिला वासियों को संबोधित कर रहे थे। इससे पूर्व उन्होंने शहर के विभिन्न चौक पर पहुंचकर विभिन्न महापुरुषों को पुष्प अर्पित किये तथा मदवि स्थित राज्य स्तरीय युद्ध स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कार्यक्रम में वीर नारियों, शहीदों के परिजनों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले महानुभावों को सम्मानित किया।
77वें गणतंत्र दिवस पर कृषि मंत्री ने गिनाईं किसान हितैषी उपलब्धियाँ
हरियाणा के कृषि एवं पशुपालन मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने सोनीपत में आयोजित जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर मुख्यातिथि तिरंगा फहराते हुए देश-प्रदेश और जिलावासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की बधाई दी। कृषि मंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती को बढावा देने के लिए प्राकृतिक खेती क्षेत्र का दायरा बढाकर एक लाख एकड़ करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्राकृतिक खेती अपनाने वाले किसानों को देशी गाय की खरीद पर दी जाने वाली राशि 30 हजार रुपए की गई है। बेसहारा पशुओं के पुनर्वास और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए लगभग 70 करोड़ रुपए की राशि व्यय की जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादन प्रोत्साहन योजना के तहत सहकारी दुग्ध समितियों के दुग्ध उत्पादकों को 68.75 करोड़ रुपए की राशि प्रदान की जा चुकी है। बागवानी प्रौद्योगिकियों के प्रदर्शन हेतु 9 उत्कृष्ट केन्द्र स्थापित किए जा चुके हैं तथा 3 उत्कृष्ट केन्द्रों पर कार्य जारी है। हरियाणा देश का पहला राज्य है जहां फलों एवं सब्जियों की पूरी आपूर्ति श्रृंखला तैयार की जा रही है।
सेनानियों के बलिदान से ही मिला है गणतंत्र दिवस मनाने का गौरवशाली अवसर : रणबीर गंगवा
प्रदेश के जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने भिवानी में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि सेनानियों के बलिदान से ही हमें गणतंत्र दिवस मनाने का गौरवशाली अवसर मिला है। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने परिवहन, उद्योग, खेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि एवं बागवानी, बिजली, पेयजल, सिंचाई आदि जनता से सीधे रूप से जुड़ी योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। कैबिनेट मंत्री ने अपने संबोधन से नागरिकों को स्वदेशी वस्तुएं अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत देश को आत्मनिर्भर बनाने में हर नागरिक का योगदान जरूरी है।
अमर शूरवीरों के सपनों को साकार करने के लिए हमें देश और प्रदेश की तरक्की में देना होगा अपना अहम योगदान:कृष्ण कुमार बेदी
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने गणतंत्र दिवस के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को संदेश देते हुए कहा कि आज का यह ऐतिहासिक दिन देशवासियों को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ने के लिए साहस और प्रेरणा देता है। इस दिन हम उन महापुरुषों को भी याद करते हैं, जिन्होंने भारत को स्वतंत्रता दिलवाने और भारतीय संविधान को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनकी बदौलत ही भारत आज एक गणराज्य कहलाता है। इस देश के वीरों, स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों के बलिदान के कारण ही आज सभी भारतवासी खुली हवा में सांस ले रहे है, इन शूरवीरों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। इन शूरवीरों के सपनों को साकार करने के लिए हमें देश और प्रदेश की तरक्की में अपना योगदान देना होगा। कैबिनेट मंत्री सोमवार को कुरुक्षेत्र में आयोजित जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में बोल रहे थे।
हरियाणा सरकार विकास, समृद्धि और सशक्तिकरण की और अग्रसर: कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी
हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने गणतंत्र दिवस के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि अमर शहीद शूरवीरों के सपनों को साकार करने लिए प्रत्येक प्रदेशवासी को अपना योगदान देना होगा। इस देश के वीरों, स्वतंत्रता सेनानियों और क्रांतिकारियों के बलिदान के कारण ही आज सभी भारतवासी खुली हवा में सांस ले रहे है, इन शूरवीरों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है। इन शूरवीरों के सपनों को साकार करने के लिए हमें देश और प्रदेश की तरक्की में अपना योगदान देना होगा। आज का यह ऐतिहासिक दिन देशवासियों को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ने के लिए साहस और प्रेरणा देता है। इसलिए इस हमें उन महापुरुषों को याद करना चाहिए, जिन्होंने भारत को स्वतंत्रता दिलवाने और भारतीय संविधान को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इन महान सपूतों के कारण ही आज हम खुली हवा में सांस ले रहे है। हरियाणा सरकार विकास, समृद्धि और सशक्तिकरण की और अग्रसर है। सरकार द्वारा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ अविलंब तरीके से पहुंचाया जा रहा है। हरियाणा की महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने सोमवार को जींद में आयोजित जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में बोल रही थी।
गणतंत्र दिवस कर्तव्यों की याद दिलाने का दिन : आरती सिंह राव
फरीदाबाद में मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करते हुए स्वास्थ्य मंत्री सुश्री आरती सिंह राव ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि संविधान में निहित अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत रक्षा एवं अंतरिक्ष जैसे क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बन रहा है। चंद्रयान-3 की सफलता का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे हर भारतीय के लिए गर्व का विषय बताया।
उन्होंने कहा कि हरियाणा ने भी सामाजिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। स्वतंत्रता संग्राम में प्रदेश के योगदान को सम्मान देने हेतु अंबाला में स्वतंत्रता संग्राम स्मारक का निर्माण तथा महेंद्रगढ़ के नसीबपुर गांव में शहीद राव तुलाराम स्मारक निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।
भारत आज वैश्विक स्तर पर सशक्त राष्ट्र : डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा
फतेहाबाद में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से भारत ने विश्व में एक मजबूत राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश चहुंमुखी विकास कर रहा है तथा चंद्रयान, सूर्ययान और मंगलयान जैसे अभियानों से भारत ने अंतरिक्ष क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है।
विकसित भारत-विकसित हरियाणा के संकल्प को सिद्धि तक पहुचाएं : राजेश नागर
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने ने झज्जर बतौर मुख्य अतिथि तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। राज्य मंत्री श्री राजेश नागर ने अपने संबोधन में कहा कि भारत आज विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक गणराज्य होने के साथ-साथ विकसित देश बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने आत्मनिर्भरता, सुशासन, विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं, जो प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व का विषय हैं। उन्होंने कहा कि इस पावन अवसर पर हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि हम संविधान के मूल्यों का पालन करते हुए देश और प्रदेश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
विकसित देश की ओर भारत के बढ़ते कदम
भारत के युवाओं की सोच व दिमाग का कोई सानी नहीं
चण्डीगढ़, 26 जनवरी - देश के युवाओं का दिमाग और उनकी सोच भारत का विकसित राष्ट्र की ओर बढ़ता कदम है। पूरी दुनिया में सबसे अच्छा दिमाग हमारे युवाओं के पास है। देश में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की 2047 तक विकसित भारत की सोच के अनुरूप काम हो रहा है। इसी का नतीजा है कि अब भारत में ही बढ़े स्तर पर रक्षा उपकरण तक बनाए जा रहे हैं और उनका निर्यात भी किया जा रहा है।
लोकसभा सांसद चौ. धर्मबीर सिंह चरखी दादरी में गणतंत्र दिवस पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने समारोह स्थल पर पहुंचने से पहले शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की और उसके बाद नई अनाज मंडी में राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा मार्च पास्ट की सलामी ली। उन्होंने देश के स्वतंत्रता सैनानियों और शहीदों को नमन किया।
चौ. धर्मबीर सिंह ने कहा कि आज का यह ऐतिहासिक दिन देशवासियों को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ने के लिए साहस और प्रेरणा देता है। इस दिन हम उन महापुरुषों को भी याद करते हैं, जिन्होंने भारत को स्वतंत्रता दिलवाने और भारतीय संविधान को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनकी बदौलत ही भारत आज एक गणराज्य कहलाता है। देश को आजादी दिलाने के लिए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, लाला लाजपतराय, सरदार बल्लभभाई पटेल, डॉ राजेन्द्र प्रसाद जैसे महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों ने कड़ा संघर्ष किया।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से ही भारत दुनिया में एक बड़ी ताकत के तौर पर अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहा है। आज हमारा देश प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चंहुमुखी प्रगति कर रहा है। आज देश ने मिसाईलें ही नहीं बनाई, बल्कि चन्द्रयान, सूर्ययान और मंगलयान जैसे मिशन भी सफलतापूर्वक संचालित किए हैं। भारत चन्द्रमा के दक्षिणी धुव्र पर चन्द्रयान 3 उतारने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। देश की प्रगति के इस सफर में हरियाणा का भी महत्वपूर्ण योगदान है। हरियाणा ने भी प्रदेश के सामाजिक-आर्थिक विकास को नए आयाम प्रदान किये हैं। स्वतन्त्रता आन्दोलन में अग्रणी भूमिका निभाने वाले हरियाणावासियों की याद में अम्बाला में स्वतन्त्रता संग्राम स्मारक बनकर तैयार हो गया है। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य एवं खेलों में भी हमने नई ऊँचाइयों को छुआ है। हमारी कितनी ही नीतियों और योजनाओं का देश के दूसरे राज्य अनुसरण कर रहे हैं।
लोकसभा सांसद ने कहा कि आज भी हरियाणा के नौजवान सेना में भर्ती होना अपनी शान समझते हैं। यही कारण है कि आज भारतीय सेना का हर दसवां जवान हरियाणा प्रदेश से है। अग्निवीरों के लिए सीधी भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा, 1984 के दंगा पीड़ितों के आश्रितों को सरकारी नौकरियां देने की प्रक्रिया शुरू की गई हैं। अब तक शहीदों के 418 आश्रितों को अनुकम्पा के आधार पर नौकरियां भी प्रदान की गई है।
उन्होंने कहा कि किडनी रोग से पीड़ित रोगियों को सभी सरकारी अस्पतालों एवं मेडिकल कालेजों में निःशुल्क डायलिसिस की सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं। आयुष्मान भारत चिरायु योजना के तहत 70 साल से अधिक बुजुर्गों को 5 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य लाभ दिया जा रहा है। गरीब परिवारों के लिए आवागमन की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए हैप्पी योजना शुरू की है जिसके तहत हरियाणा रोडवेज की बसों में एक हजार किलोमीटर तक की सालाना यात्रा निःशुल्क प्रदान की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम में 77वें गणतंत्र दिवस पर फहराया राष्ट्रीय ध्वज, शहीदों को किया नमन
हरियाणा प्रदेश लिख रहा है समृद्धि की एक नई परिभाषा : श्री नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री ने कहा, राष्ट्र की प्रगति में हरियाणा का महत्वपूर्ण योगदान, हरियाणा बना देश-विदेश के निवेशकों की पहली पसं
युवाओं के सुरक्षित भविष्य की ओर निर्णायक कदम, नारी शक्ति को आर्थिक, सामाजिक और शैक्षिक रूप से सशक्त कर रही सरकार : मुख्यमंत्री
मजबूत कानून व्यवस्था—सुरक्षित हरियाणा की नींव, किसान हितैषी नीतियों और नवाचारों से किसानों को बनाया जा रहा प्रगतिशील
चंडीगढ़, 26 जनवरी-- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। आज हरियाणा समृद्धि की एक नई परिभाषा लिख रहा है। जनता का शासन, जनता के लिए और जनता के द्वारा’ के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए हरियाणा प्रदेश, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के साथ कदम से कदम मिलाकर तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। हरियाणा सरकार ने पुरानी परिपाटियों को बदलते हुए गरीबों के उत्थान के लिए न केवल नई योजनाएं शुरू की हैं, बल्कि यह भी सुनिश्चित किया है कि वे योजनाएं धरातल पर प्रभावी रूप से लागू हों।
मुख्यमंत्री ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला गुरुग्राम में आयोजित समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इससे पहले उन्होंने वीर शहीदी स्मारक पर माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने हरियाणा पुलिस, महिला पुलिस, होमगार्ड तथा स्काउट्स सहित विभिन्न टुकड़ियों की परेड का निरीक्षण किया और उन्हें सलामी ली।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने अपने संबोधन की शुरुआत अमर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों, संविधान शिल्पी बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर तथा संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन करते हुए की और कहा कि वंदे मातरम और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से ओत-प्रोत यह गणतंत्र दिवस हमें देश की एकता, सांस्कृतिक गौरव और स्वावलंबन की भावना का स्मरण कराता है। विविधताओं से भरा हमारा राष्ट्र सदैव एकता के सूत्र में बंधा रहा है, जिसकी झलक वंदे मातरम के 150 वर्षों के गौरवपूर्ण उत्सव में दिखाई देती है। आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ते हुए भारत आज विश्व मंच पर नई पहचान बना रहा है, जो प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।
गणतंत्र दिवस—अतीत की स्मृति और उज्ज्वल भविष्य का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल अतीत को स्मरण करने का पर्व ही नहीं, बल्कि हमारे वर्तमान और भविष्य की उस सुनहरी तस्वीर को देखने का भी महापर्व है, जिसे हमने पिछले 11 वर्षों में मिलकर गढ़ा है। उन्होंने कहा कि दशकों तक सरकारें बदलती रहीं, लेकिन व्यवस्था नहीं बदली। व्यवस्था परिवर्तन के लक्ष्य के साथ गत विधानसभा चुनावों में सरकार ने अपने संकल्प-पत्र में 217 संकल्प लिए थे, जिनमें से 54 संकल्प मात्र एक वर्ष में पूरे कर लिए गए हैं, जबकि शेष 163 संकल्पों पर तेजी से कार्य जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश की ‘बिना खर्ची–बिना पर्ची’ नौकरी नीति, ऑनलाइन रजिस्ट्री व्यवस्था, पारदर्शी ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी, पढ़ी-लिखी पंचायतें और अंत्योदय अभियान की चर्चा पूरे देश में हो रही है, जो नए हरियाणा की सशक्त और पारदर्शी तस्वीर प्रस्तुत करती है।
राष्ट्र की प्रगति में हरियाणा का महत्वपूर्ण योगदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र की प्रगति में हरियाणा का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने बताया कि हरियाणा देश के कुल क्षेत्रफल का मात्र 1.34 प्रतिशत और जनसंख्या का 2.09 प्रतिशत हिस्सा रखता है, लेकिन इसके बावजूद आज देश की जीडीपी में राज्य का योगदान 3.7 प्रतिशत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 3 लाख 53 हजार रुपये प्रति व्यक्ति आय के साथ हरियाणा देश के बड़े राज्यों में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने यह भी बताया कि हरियाणा प्रति व्यक्ति जीएसटी संग्रहण में देश में प्रथम स्थान पर है तथा स्टेट ईज ऑफ डूइंग बिजनेस रैंकिंग में टॉप अचीवर्स श्रेणी में शामिल है। उद्योगों को बेहतर लॉजिस्टिक सुविधाएं प्रदान करने में हरियाणा देश में दूसरे और उत्तर भारत में पहले स्थान पर है, वहीं ओलंपिक व अन्य अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में सर्वाधिक पदक जीतने वाला राज्य भी हरियाणा है।
हरियाणा बना देश-विदेश के निवेशकों की पहली पसंद
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्रोत्साहन योजनाओं का ही परिणाम है कि आज हरियाणा देश-विदेश के निवेशकों की पहली पसंद बन गया है। पिछले 11 वर्षों में प्रदेश में 12 लाख 92 हजार सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग स्थापित हुए हैं, जिनसे लगभग 49 लाख लोगों को रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योग अर्थव्यवस्था की रीढ़ और रोजगार का बड़ा माध्यम हैं, इसलिए ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ को मजबूत करते हुए पुराने नियमों और जटिल प्रक्रियाओं को समाप्त किया गया है। आज निवेशकों को 150 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं और सभी स्वीकृतियां 12 दिनों के भीतर सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय संतुलन के उद्देश्य से प्रदेश के हर हिस्से में औद्योगिक विकास किया जा रहा है—आईएमटी खरखौदा में मारुति सुजुकी का सबसे बड़ा प्लांट, सुजुकी मोटरसाइकिल और यूएन मिंडा ग्रुप का एलॉय व्हील प्लांट स्थापित हो रहा है। वहीं गुरुग्राम आईटी और स्टार्टअप्स का वैश्विक केंद्र बन चुका है, जहां ‘ग्लोबल सिटी प्रोजेक्ट’ के तहत एक हजार एकड़ में टाउनशिप विकसित की जा रही है, जबकि नारनौल में लॉजिस्टिक्स हब, हिसार में मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर और सोहना में इलेक्ट्रॉनिक्स पार्क विकसित किया जा रहा है।
युवाओं के सुरक्षित भविष्य की ओर निर्णायक कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस दिशा में किए गए वादों को धरातल पर उतारा गया है। उन्होंने बताया कि नए मंत्रिमंडल के गठन के साथ ही 17 अक्तूबर, 2024 को 24 हजार युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गईं, जबकि गत एक वर्ष में कुल 34 हजार युवाओं को रोजगार मिला है और पिछले 11 वर्षों में यह संख्या 1 लाख 80 हजार तक पहुंच चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने केवल सरकारी नौकरियों तक ही सीमित न रहते हुए रोजगार सुरक्षा पर भी जोर दिया है और कानून बनाकर ‘हरियाणा कौशल रोजगार निगम’ के अंतर्गत कार्यरत युवाओं के भविष्य को सुरक्षित किया गया है। उन्होंने बताया कि युवाओं को रोजगारोन्मुख बनाने के लिए 1 लाख 14 हजार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। इसके साथ ही डंकी रूट की समस्या पर प्रभावी रोक लगाने के लिए 26 मार्च, 2025 को विधानसभा में विधेयक पारित कर कानून बनाया गया है, ताकि अवैध और धोखाधड़ीपूर्ण लेनदेन करने वाले यात्रा एजेंटों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
नारी शक्ति को आर्थिक, सामाजिक और शैक्षिक रूप से सशक्त कर रही सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति की भागीदारी के बिना ‘विकसित भारत–विकसित हरियाणा’ की कल्पना अधूरी है। उन्होंने कहा कि यह नारी शक्ति का दशक है, जो देश और प्रदेश की दिशा तय करेगा, इसलिए महिलाओं का स्वस्थ, सुरक्षित और आर्थिक रूप से सशक्त होना अनिवार्य है। इसी सोच के साथ सरकार ने मातृशक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न योजनाएं धरातल पर प्रभावी रूप से क्रियान्वित की हैं। ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी’ योजना के तहत 8 लाख 64 हजार बहन-बेटियों को प्रतिमाह 2100 रुपये की सहायता दी जा रही है और अब तक 441 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। गरीब महिलाओं को राहत देने के लिए 15 लाख परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया गया है तथा 2 लाख 34 हजार महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाया जा चुका है। ड्रोन दीदी योजना, महिला स्वयं सहायता समूहों को राशन डिपो, अटल किसान मजदूर कैंटीन व वीटा केंद्रों का संचालन, महिला नेतृत्व वाले स्टार्टअप्स का 50 प्रतिशत तक पहुंचना, 131 महिला सांस्कृतिक केंद्र और उच्च शिक्षा में मुफ्त सुविधाएं—ये सभी कदम नारी सशक्तिकरण की दिशा में सरकार की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।
मजबूत कानून व्यवस्था—सुरक्षित हरियाणा की नींव
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य की प्रगति की पहली शर्त वहां की मजबूत कानून व्यवस्था होती है, इसलिए प्रत्येक नागरिक की जान-माल की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन ट्रैक टाउन’, ‘ऑपरेशन क्लीन’ और ‘प्रहरी’ जैसी प्रभावी पहलों से अपराधियों में खौफ का माहौल बना है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 दिसंबर से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन’ के तहत 2,200 से अधिक अपराधियों की गिरफ्तारी की गई है, जिससे मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण लगा है। इसके साथ ही पिछले वर्ष चलाए गए ‘नशा मुक्त हरियाणा’ अभियान के अंतर्गत 6,000 से अधिक गिरफ्तारियां की गईं और नशा तस्करों की लगभग 12 करोड़ रुपये मूल्य की अवैध संपत्ति जब्त की गई है, जो सुरक्षित और सशक्त हरियाणा की दिशा में सरकार की ठोस प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
किसान हितैषी नीतियों और नवाचारों से किसानों को बनाया जा रहा प्रगतिशील
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने बताया कि हरियाणा देश का एकमात्र राज्य है, जहां 24 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही है, जिससे अब तक 12 लाख किसानों के खातों में 1 लाख 64 हजार करोड़ रुपये सीधे जमा कराए जा चुके हैं। फसल खराबे पर समयबद्ध मुआवजे के लिए ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल शुरू किया गया है, जिसके तहत पिछले 11 वर्षों में 15,448 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया है। उन्होंने कहा कि आबियाना समाप्त कर, कृषि भूमि पट्टा अधिनियम लागू कर तथा नकली खाद-बीज व कीटनाशकों पर सख्त कानून बनाकर किसानों को राहत दी गई है। ड्रोन, रिमोट सेंसिंग, एआई आधारित निर्णय प्रणाली और डिजिटल खेती जैसी तकनीकों के माध्यम से खेती को आधुनिक बनाया गया है, जिसे प्रगतिशील किसानों ने नेट हाउस और पॉलीहाउस जैसी संरचनाओं के जरिए अपनाया है।
गुरु द्रोण की नगरी गुरुग्राम— शिक्षा एवं आधुनिकता का संगम
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें गुरु द्रोण की नगरी गुरुग्राम में गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने का गौरव प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम वह शहर है, जहां गुरु द्रोणाचार्य की शिक्षा और आधुनिक तकनीक का मेल देखने को मिलता है। यहां 250 से अधिक फॉर्च्यून–500 कंपनियों की मौजूदगी और मजबूत स्टार्टअप इकोसिस्टम इस बात का प्रमाण हैं कि सही नीति और सशक्त नीयत के साथ असाधारण उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। आईटी, बीपीओ, स्टार्टअप्स और ऑटोमोबाइल उद्योगों का प्रमुख केंद्र बने गुरुग्राम की यह सफलता यहां के नागरिकों की कड़ी मेहनत और सहभागिता का परिणाम है, जिसके लिए मुख्यमंत्री ने सभी गुरुग्रामवासियों को हार्दिक बधाई दी।
इस अवसर पर बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने शहीदों के आश्रितों तथा विभिन्न क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले स्कूली विद्यार्थियों को 11 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने के साथ 27 जनवरी को सभी स्कूलों में अवकाश की घोषणा की।
आयोजन के सहभागी विभिन्न विजेताओं को किया सम्मानित
कार्यक्रम के समापन अवसर पर मार्च-पास्ट परेड में मधुबन से आई महिला पुलिस बल की टुकड़ी, गुरुग्राम पुलिस (पुरुष) तथा एनसीसी (गर्ल्स) की टुकड़ियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सुशांत लोक सेक्टर-43 द्वारा प्रस्तुत हरियाणवी लोक नृत्य, राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-4/7 द्वारा राजस्थानी लोक नृत्य तथा राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अर्जुन नगर द्वारा प्रस्तुत शिवलीला तथा विभागीय झांकियों में ट्रैफिक पुलिस गुरुग्राम, जिला बागवानी विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर मुख्यमंत्री द्वारा पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर गुरुग्राम के डीसी अजय कुमार, सीपी विकास कुमार अरोड़ा, जिला एवं सत्र न्यायाधीश वाणी गोपाल शर्मा, एडीजीपी लॉ एंड ऑर्डर संजय सिंह, एडीजीपी सीआईडी सौरभ सिंह, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली, सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, हरियाणा के अतिरिक्त निदेशक रणबीर सांगवान सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।