एक दिवसीय विशेष कार्यक्रम में 51,090 जन शिकायतों का किया गया निपटारा, आंगनवाड़ी केंद्रों और बाल देखभाल संस्थानों में भी व्यापक गतिविधियां आयोजित
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने विशेष अभियान 6.0 के तहत देशभर में स्वच्छता, प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधार और लंबित जन शिकायतों के त्वरित निपटारे की दिशा में उल्लेखनीय प्रयास किए हैं। मंत्रालय ने अपने अधीन आने वाले सभी स्वायत्त एवं वैधानिक निकायों के सहयोग से 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक इस अभियान का संचालन किया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकारी कार्यालयों और जमीनी स्तर पर कार्यरत संस्थानों में स्वच्छता को प्रोत्साहित करना, प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना तथा आम लोगों की लंबित शिकायतों का समाधान सुनिश्चित करना था।
राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में विशेष कार्यक्रम
अभियान के तहत 30 अक्टूबर 2026 को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में विशेष एक दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें फील्ड स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों के साथ स्थानीय समुदायों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न संस्थानों में सफाई अभियान चलाने के अलावा जन शिकायतों के समाधान पर विशेष ध्यान दिया गया।
पोषण ट्रैकर, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) और केंद्रीयकृत लोक शिकायत निवारण एवं निगरानी प्रणाली (CPGRAMS) के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निपटारे के लिए शिकायत निवारण चौपालों और ई-चौपालों का आयोजन किया गया।
12 लाख से अधिक संस्थानों में स्वच्छता गतिविधियां
मंत्रालय और राज्य सरकारों के अधिकारियों के समन्वित प्रयासों से आंगनवाड़ी केंद्रों, बाल देखभाल संस्थानों, शक्ति सदनों, सखी निवास और क्रेच सहित विभिन्न जमीनी स्तर के संस्थानों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया।
मंत्रालय के अनुसार, विशेष अभियान 6.0 के दौरान देशभर में कुल 12,08,313 फील्ड संस्थानों में स्वच्छता संबंधी कार्य किए गए। वहीं, 30 अक्टूबर को आयोजित एक दिवसीय विशेष कार्यक्रम के दौरान 51,090 जन शिकायतों का निपटारा किया गया।
इसके अतिरिक्त, इन संस्थानों में 5,51,653 अन्य गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इनमें पौधरोपण अभियान, स्वच्छता के प्रति जागरूकता और आंगनवाड़ी केंद्रों सहित अन्य संस्थानों के लाभार्थियों को नियमित रूप से हाथ धोने के महत्व के बारे में जागरूक करना शामिल रहा।
सफाई मित्रों के योगदान को किया सम्मानित
मंत्रालय ने अभियान के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में सफाई मित्रों और स्वच्छता कर्मियों की भूमिका को भी विशेष महत्व दिया। परिसर को स्वच्छ रखने के लिए पूरे वर्ष समर्पण के साथ काम करने वाले सफाई कर्मचारियों को नई वर्दियां और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
मंत्रालय की इस पहल का उद्देश्य न केवल स्वच्छता गतिविधियों को प्रोत्साहित करना है, बल्कि स्वच्छ और व्यवस्थित कार्यस्थल बनाए रखने में योगदान देने वाले कर्मचारियों के प्रयासों को उचित पहचान और सम्मान देना भी है।