77वां गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2026 को आयकर विभाग द्वारा आयकर भवन, सेक्टर 17-ई, चंडीगढ़ में अत्यंत उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उत्तर-पश्चिम क्षेत्र, चंडीगढ़ के प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त श्री अशोक कुमार सरोहा, आईआरएस मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रसिद्ध भारतीय गोल्फ खिलाड़ी, पद्म श्री एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित श्री जीव मिल्खा सिंह ने विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाई। श्री अशोक कुमार सरोहा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इसके उपरांत एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विभाग के अधिकारियों के बच्चों तथा गुरुकुल ग्लोबल स्कूल और शिवालिक पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में देशभक्ति कविताएं, समूह नृत्य और गीत प्रस्तुत किए गए, जिनके माध्यम से सैनिकों, स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रीय नेताओं के बलिदानों को नमन किया गया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने भारत के संविधान को अपनाने और देश के गणराज्य बनने की यात्रा को स्मरण कराया तथा सार्वभौमिक भाईचारे के मूल्यों और भारत की समृद्ध विविधता को भी उजागर किया।
अपने गणतंत्र दिवस संबोधन में श्री अशोक कुमार सरोहा, आईआरएस ने राष्ट्र निर्माण में आयकर विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को कर संग्रहण और सेवा प्रदाय में निरंतर समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी बताया कि आयकर विभाग देश की वित्तीय नींव का शिल्पकार है। साथ ही, उन्होंने आयकर विभाग में किए गए विभिन्न सुधारों का उल्लेख किया, जिनसे सेवा प्रदाय में सुधार और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ किया गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उत्तर-पश्चिम क्षेत्र के लगभग 1 लाख करोड़ रुपये के कुल बजट संग्रह लक्ष्य में से विभाग अब तक 73% संग्रह कर चुका है। मुख्य अतिथि ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की और उन्हें जिम्मेदार एवं आदर्श नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
अपने संबोधन में श्री जीव मिल्खा सिंह ने अपने जीवन के अनुभव साझा किए और उनके व्यक्तित्व व खेल जीवन के निर्माण में उनके माता-पिता की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया। विभाग द्वारा उन खेल प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया जो आयकर विभाग में कार्यरत हैं और जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपने-अपने खेलों में पदक/सम्मान प्राप्त किए हैं। इसके अतिरिक्त, 21 जनवरी से 23 जनवरी तक आयोजित विभागीय खेल दिवस में विजेता अधिकारियों और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। तिरंगे की थीम पर आधारित एक फोटो बूथ ने समारोह में विशेष आकर्षण जोड़ा, जिसमें उपस्थितजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह का समापन देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।