Wednesday, September 03, 2025
BREAKING
Weather: गुजरात में बाढ़ से हाहाकार, अब तक 30 लोगों की मौत; दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश की चेतावनी जारी दैनिक राशिफल 13 अगस्त, 2024 Hindenburg Research Report: विनोद अदाणी की तरह सेबी चीफ माधबी और उनके पति धवल बुच ने विदेशी फंड में पैसा लगाया Hindus in Bangladesh: मर जाएंगे, बांग्लादेश नहीं छोड़ेंगे... ढाका में हजारों हिंदुओं ने किया प्रदर्शन, हमलों के खिलाफ उठाई आवाज, रखी चार मांग Russia v/s Ukraine: पहली बार रूसी क्षेत्र में घुसी यूक्रेनी सेना!, क्रेमलिन में हाहाकार; दोनों पक्षों में हो रहा भीषण युद्ध Bangladesh Government Crisis:बांग्लादेश में शेख हसीना का तख्तापलट, सेना की कार्रवाई में 56 की मौत; पूरे देश में अराजकता का माहौल, शेख हसीना के लिए NSA डोभाल ने बनाया एग्जिट प्लान, बौखलाया पाकिस्तान! तीज त्यौहार हमारी सांस्कृतिक विरासत, इन्हें रखें सहेज कर- मुख्यमंत्री Himachal Weather: श्रीखंड में फटा बादल, यात्रा पर गए 300 लोग फंसे, प्रदेश में 114 सड़कें बंद, मौसम विभाग ने 7 अगस्त को भारी बारिश का जारी किया अलर्ट Shimla Flood: एक ही परिवार के 16 सदस्य लापता,Kedarnath Dham: दो शव मिले, 700 से अधिक यात्री केदारनाथ में फंसे Supreme Court: सुप्रीम कोर्ट ने एससी एसटी की सब-कैटेगरी में आरक्षण को दी मंज़ूरी

हरियाणा

Haryana News July 7, 2025

July 07, 2025 05:48 AM

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रयासों से अरावली पहाड़ियों में विकसित होगी एशिया की सबसे बड़ी जंगल सफारी

 देश और विदेश के पर्यटकों के लिए बनेगा प्रमुख आकर्षण का केंद्र बने

 हरियाणा को इको-टूरिज्म के क्षेत्र में अग्रणी बनाना राज्य सरकार का लक्ष्य

 चंडीगढ़, 6 जुलाई - अरावली की गोद में विकसित होने वाली विश्व की सबसे बड़ी जंगल सफारी अब हरियाणा की नई पहचान बनने जा रही है। यह महत्वाकांक्षी परियोजना न केवल राज्य में हरित पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि वन्यजीवों के संरक्षण की दिशा में भी एक अहम कदम साबित होगी। इस परियोजना को मूर्तरूप देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल और पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव मंत्री राव नरबीर सिंह के साथ गुजरात के वनतारा जामनगर का दौरा कर जानकारी हासिल की।

 हरियाणा में यह जंगल सफारी लगभग 10,000 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जाएगी, जिसमें विभिन्न प्रकार के वन्यजीवों, पक्षियों और प्राकृतिक जैव विविधता को संरक्षित किया जाएगा। यह सफारी आधुनिक तकनीक से युक्त होगी और इसमें ईको-फ्रेंडली टूरिज्म की विशेष व्यवस्था की जाएगी। अरावली की पहाड़ियों में सफारी के विकास से स्थानीय युवाओं को पर्यटन, गाइडिंग, हॉस्पिटैलिटी और अन्य क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। साथ ही, यह परियोजना क्षेत्रीय जलवायु और पारिस्थितिकी को भी सुदृढ़ करेगी।

 श्री नायब सिंह सैनी इस बड़ी परियोजना को लेकर स्वयं समय-समय पर समीक्षाएं कर रहे हैं। उन्होंने वन एवं पर्यावरण विभाग को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परियोजना पूरी तरह से ईको-फ्रेंडली हो। यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण, पर्यटन को बढ़ावा देने और रोजगार के नए अवसरों को सृजित करने में मील का पत्थर साबित होगी।

 वन एवं पर्यावरण विभाग तथा पर्यटन विभाग संयुक्त रूप से इस परियोजना को मूर्त दिया जाएगा। सरकार का लक्ष्य है कि यह सफारी देश और विदेश के पर्यटकों के लिए एक प्रमुख आकर्षण केंद्र बने और हरियाणा को इको-टूरिज्म के क्षेत्र में अग्रणी बनाए।

 मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में यह जंगल सफारी परियोजना सिर्फ एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणास्रोत होगा।

 

 पिंजौरमोरनी में पर्यटन विकास पर खर्च होंगे 92 करोड़ रुपए: डॉ अरविंद शर्मा

 32वें मैंगो मेले के समापन में पहुंचे कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा व आरती सिंह राव

 रिकार्डतोड़ भीड़ व आम बिक्री के साथ संपन्न हुआ 32वां मैंगो मेला

 मैंगो मेले के दिनों में बढ़ोतरी के लिए  मुख्यमंत्री से बात करेंगे पर्यटन मंत्री

 चंडीगढ़, 6 जुलाई - हरियाणा के सहकारिता,  विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा पर्यटन क्षेत्र में सभी संभावनाओं पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि यादवेन्द्र गार्डन, पिंजौर व टिक्कर ताल, मोरनी में पर्यटन विकास के लिए 92 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे, जिससे इस क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों की संख्या में अप्रत्याशित बढ़ोतरी होगी। उन्होंने अगले साल मैंगो मेले को और भव्य बनाने की भी घोषणा की।

 रविवार को पिंजौर में 32वें मैंगो मेले के समापन अवसर पर मुख्यातिथि विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा व विशिष्ट अतिथि आरती सिंह राव पहुंचे और आम प्रदर्शनी का अवलोकन किया। दोनों कैबिनेट मंत्री मोदी आम व नायब आम देकर हतप्रभ रह गए। इसके बाद सांस्कृतिक संध्या उपरांत अपने संबोधन में विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि तीन दिवसीय 32वां मैंगो मेले में इस बार रिकार्डतोड़ अढ़ाई लाख पर्यटकों की भीड़ पहुंची और पहली बार आम प्रशंसको के लिए लगाए गए बिक्री स्टाल पर आम उत्पादकों को 25 लाख रुपए की बिक्री हुई। उन्होंने कहा कि हम जल्द ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात करते हुए मैंगो मेले के दिनों में बढ़ोतरी करने और विलुप्त होती जा रही आम प्रजातियों को बचा रहे किसानों के प्रोत्साहन के लिए योजना बनाने की मांग की जाएगी। पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि यादवेन्द्र गार्डन, पिंजौर व टिक्कर ताल, मोरनी को स्वदर्शन 2.0 योजना के तहत 92 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किया जाएगा, ताकि इस इलाके में पर्यटकों में अप्रत्याशित बढ़ोतरी की जा सके। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने बॉलीवुड गायक विपुल मेहता के साथ 'मैं जट यमला-पगला दीवाना' गाया और आए हुए पर्यटकों का मन मोह लिया।

 स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री आरती सिंह राव ने पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा को 32वें मैंगो मेले में उमड़ी रिकार्डतोड़ भीड़ के लिए बधाई देते हुए कहा कि यादवेन्द्र गार्डन, पिंजौर में बीते 3 दिन में वैभवता के साथ प्राकृतिक सौंदर्यता के बीच देशभर के आम उत्पादकों को एक शानदार मंच मिला है। उन्होंने कहा कि यह मेला परंपराओं को नई ऊंचाइयों पर लेकर जाने और एकता, समृद्धि को बढ़ाने वाला है। प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में किसानों को आर्थिक तौर पर सशक्त बनाने के बेहतरीन कदम उठाए गए हैं। कैबिनेट मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि 24 फसलों की एमएसपी पर खरीद से लेकर नकदी फसलों को बेहतर भाव दिलाने में हरियाणा की भाजपा सरकार अन्य राज्यों के लिए उदाहरण पेश कर रही है।

 32वें मैंगो मेले में कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा ने कहा कि पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा के नेतृत्व में पर्यटन विभाग द्वारा उनके विधानसभा क्षेत्र में इतना शानदार आयोजन किया है, इसके लिए वो बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि कालका इलाके की मिट्टी की सौंधी खुशबू और मेहनतकश किसानों के लिए यह इलाका एक बेहतरीन मंच है, जो उनकी आम की किस्मों को न केवल लोकप्रियता देता है, बल्कि बिक्री के लिए भी अच्छे अवसर उपलब्ध करवाता है। विधायक शक्तिरानी शर्मा ने पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा से कहा कि कालका इलाके में यादवेन्द्र गार्डन, पिंजौर व टिक्कर ताल, मोरनी को बड़े स्तर पर विकसित किया जाए।

 इस मौके पर मुख्यमंत्री के ओएसडी भारत भूषण भारती, एचपीएससी सदस्य अमरनाथ सौदा, ओमप्रकाश देवीनगर वाइस चेयरपर्सन शिवालिक बोर्ड, पर्यटन विभाग के एमडी डॉ शालीन, जीएम आशुतोष राजन, बागवानी विभाग के निदेशक अर्जुन सिंह सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय मित्तल सहित बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे।

 

देश अमृतकाल में प्रवेश कर विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा - मुख्यमंत्री नायब सिंह

 तीन नए कार्यालयों से संगठन मजबूतसेवा भावना प्रगाढ़ तथा संकल्प होगा दृढ़

 जनसंघ संस्थापक की जयंती पर दो वर्षों तक देशभर में किये जाएंगे कार्यक्रम आयोजित

 कार्यालयों को जनता की चौपाल बना लोगों की समस्याएं सुनें और उनके समाधान का करें प्रयास

 चंडीगढ़, 6 जुलाई- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ’अमृतकाल’ में प्रवेश कर चुका है और ’विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में पार्टी कार्यालयों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने ’सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का मंत्र दिया है। यह कार्यालय ’सबके प्रयास’ को संगठित करने और उसे सही दिशा देने का काम करेंगे।

 मुख्यमंत्री आज नई दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय में केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे पी नड्डा द्वारा वर्चुअली हरियाणा के झज्जर, सिरसा व कुरूक्षेत्र सहित तीन जिलों के जिला स्तरीय भाजपा कार्यालय के लोकार्पण समारोह को को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इन तीन नए कार्यालयों से हमारा संगठन और मजबूत होगा, सेवा की भावना और प्रगाढ़ होगी तथा संकल्प और दृढ़ होगा।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसंघ संस्थापक श्री श्यामा प्रसाद की आज 125वीं जंयती का यह दिन हरियाणा और भारतीय जनता पार्टी की विकास यात्रा में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ने वाला है। इसके साथ ही यह भाजपा को हर घर तक पहुंचाने के संकल्प की सिद्धि का उत्सव भी है। उन्होंने कहा कि जनसंघ संस्थापक की जयंती के उपलक्ष्य में अगले दो वर्षों तक देशभर में कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। इनमें नई पीढ़ियों को उनके जीवन मूल्यों, आदर्शों और सिद्धांतों से सीख लेने की प्रेरणा दी जाएगी।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राष्ट्र की ओर से उस महापुरुष के प्रति कृतज्ञता की एक विनम्र अभिव्यक्ति है जिन्होंने कश्मीर के लिए अपने संघर्ष में आह्वान किया था कि “एक राष्ट्र में दो निशान, दो विधान, दो प्रधान नहीं चलेंगे“। उन्होंने भारत की एकता और संवैधानिक अखंडता के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया। उस बलिदान को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने व्यर्थ नहीं जाने दिया और कश्मीर से धारा 370 और 35ए को हटा कर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के अखंड भारत के सपने को साकार किया।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यालय उन दलों के लिए एक आईना भी हैं जो परिवारवाद और वंशवाद की राजनीति करते हैं। उनके कार्यालय कुछ परिवारों की निजी संपत्ति होते हैं, जहां आम कार्यकर्ता की कोई पूछ नहीं होती। लेकिन भारतीय जनता पार्टी एक ऐसी पार्टी है, जहां एक बूथ पर पोस्टर लगाने वाला कार्यकर्ता भी अपने परिश्रम और प्रतिभा के बल पर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के पद तक पहुंच सकता है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और वे स्वयं हैं।

 मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि हमें मिलकर हरियाणा के हर घर तक पहुंचना है, हर दिल को जीतना और प्रधानमंत्री के ’विकसित भारत’ के संकल्प में ’विकसित हरियाणा’ का सबसे अधिक योगदान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि इन कार्यालयों को केवल बैठकों तक सीमित नहीं रखना है, बल्कि इन्हें जनता की चौपाल बना कर इनमें लोगों की समस्याएं सुनें, उनके समाधान का प्रयास करें और सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं।

 श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हम सब एक ऐसे संगठन के कार्यकर्ता हैं, जहां राष्ट्र पहले, संगठन दूसरे तथा परिवार को तीसरे स्थान पर रखा जाता है। यह कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही परिणाम है कि केन्द्र और हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी को लगातार तीसरी बार जनसेवा का दायित्व मिला है और पिछले 11 वर्षों से लगातार सर्वश्रेष्ठ नेतृत्व प्रदान कर विश्व में भारत को गौरवान्वित कर रही है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और निष्ठाभाव से काम करने की बदौलत आज यह पार्टी 14 करोड़ से अधिक सदस्यों के साथ दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी बन चुकी है। हरियाणा में भी भाजपा के 46 लाख से अधिक सदस्य हैं। इसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत को एक सुदृढ़, समृद्ध एवं शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित करने के उद्देश्य से वर्ष 1980 में भारतीय जनता पार्टी की स्थापना की गई थी। भाजपा के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी से लेकर वर्तमान में श्री जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व तक संगठन ने जो विस्तार  किया है, वह देश की जनता की निरंतर उम्मीदों पर खरा उतरने के फलस्वरूप ही संभव हुआ है।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी संगठन की सबसे बड़ी ताकत होते हैं, वहीं संगठन के कामकाज को सुचारू रूप से चलाने के लिए कार्यालय एक महत्वपूर्ण स्थान होता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के सब जिला मुख्यालयों पर पार्टी कार्यालय बनाये जा रहे हैं। जिन तीन जिलों में भाजपा कार्यालय के उद्घाटन हुए हैं। उनको मिलाकर अब तक 20 जिलों में भाजपा कार्यालय बनाए जा चुके हैं। अब केवल पानीपत और महेन्द्रगढ़ जिले शेष बचे हैं, इन जिलों में भी अगस्त के अंत तक कार्यालय बनकर तैयार हो जाएंगे।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जो बीड़ा उठाया है, यह कार्यालय उस अभियान को हरियाणा में ओर गति प्रदान करेंगे। सभी कार्यालय आधुनिक तकनीक से लैस हैं। इनमें मल्टीपरपज हॉल, मीडिया सेंटर, लाइब्रेरी, जन-प्रतिनिधि कक्ष, कम्प्यूटर रूम व अटल सेवा केन्द्र स्थापित किये गये हैं। इसका उद्देश्य यही है कि हमारे कार्यकर्ता आज के दौर की चुनौतियों के लिए तैयार हों और भाजपा की नीतियों व विचारधारा को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचा सकें।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब हमारे कार्यकर्ता पेड़ के नीचे दरी बिछाकर, किसी धर्मशाला के कोने में या किसी कार्यकर्ता के घर के एक छोटे से कमरे में बैठकर पार्टी का काम करते थे। उनके पास संसाधन नहीं थे, लेकिन उनमें जुनून और राष्ट्रभक्ति का जज्बा था। अब हम इन भव्य कार्यालयों को देख रहे हैं, तो यह असंख्य कार्यकर्ताओं के त्याग व तप का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय केवल सीमेंट-कंकरीट के भवन ही नहीं है बल्कि भाजपा के ’सेवा और संस्कार’ के मंदिर हैं। ये वह शक्ति केंद्र हैं, जहां अंत्योदय की साधना की जाती है। इनमें कार्यकर्ता एक परिवार की तरह बैठकर राष्ट्र निर्माण और जन-सेवा का ताना-बाना बुनते हैं। यह कार्यालय  कार्यकर्ताओं व समर्थकों के मान-सम्मान, उनकी ऊर्जा और उनके सपनों का केंद्र भी हैं।

 

हरियाणा के बिजली उपभोक्ता हुए हाईटेक: ऊर्जा मंत्री अनिल विज

 बोले, 49 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ता ऑनलाइन करते हैं बिल भुगतान

 

ग्रामीण बिजली उपभोक्ता भी करते हैं ऑनलाइन माध्यमों का जमकर इस्तेमाल

 'म्हारा गांव-जगमग गांवयोजना से 5887 गांवों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति

 चंडीगढ़, 6 जुलाई -- हरियाणा के ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि हरियाणा ने बिजली वितरण और उपभोक्ता सेवा के क्षेत्र में तकनीकी क्रांति कर दी है। आज प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं की संख्या  81 लाख 92 हजार 187 पहुंच गई है, उनमें से 49 लाख 15 हजार 312 उपभोक्ता अपने बिजली बिलों का भुगतान डिजिटल माध्यमों से कर रहे हैं। यह आंकड़ा न सिर्फ हरियाणा की डिजिटल साक्षरता का प्रमाण है, बल्कि उपभोक्ताओं की सुविधा, पारदर्शिता और समय की बचत का भी परिचायक है।

 इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए श्री विज ने बताया कि हरियाणा में डिजिटल पेमेंट का चलन तेजी से बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में बिजली वितरण का जिम्मा उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) के पास है। इन दोनों निगमों को हर माह मिलने वाले कुल राजस्व का 60 प्रतिशत से अधिक हिस्सा ऑनलाइन माध्यमों से प्राप्त हो रहा है। शहरों के साथ-साथ गांवों में भी उपभोक्ता नेट बैंकिंग, क्रेडिट/डेबिट कार्ड, आरटीजीएस, यूपीआई और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से भुगतान कर रहे हैं। इससे न सिर्फ बिलिंग प्रक्रिया तेज हुई है, बल्कि उपभोक्ताओं के लिए लंबी कतारों में लगने की समस्या भी खत्म हो गई है।

 उपभोक्ता सेवाओं में डिजिटल क्रांति

 श्री अनिल विज ने कहा कि बिजली उपभोक्ताओं को अब सिर्फ बिल भुगतान ही नहीं, बल्कि नया कनेक्शन, लोड में वृद्धि/कमी, नाम परिवर्तन, शिकायत निवारण, मीटर स्थानांतरण जैसी सभी सेवाएं भी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से मिल रही हैं। उपभोक्ता अपनी शिकायतें टोल फ्री नंबर 1912 पर दर्ज कर सकते हैं। गुरुग्राम में एक केंद्रीय ग्राहक सेवा केंद्र, पंचकूला और गुरुग्राम  में कॉल सेंटर स्थापित किया गया है, जिससे उपभोक्ताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हुआ है।

 तकनीकी सुधार और स्मार्ट मीटरिंग का प्रयोग

 ऊर्जा मंत्री ने कहा कि हरियाणा में तकनीकी सुधारों के तहत शहरी फीडरों पर स्वचालित मीटर रीडिंग (AMR) लागू की गई है। इलेक्ट्रॉनिक मीटर रीडिंग प्रणाली के जरिए मैनुअल हस्तक्षेप कम हुआ है और बिलिंग में पारदर्शिता बढ़ी है। औद्योगिक क्षेत्रों जैसे मानेसर और कुंडली में स्मार्ट ग्रिड प्रणाली का विस्तार किया गया है, जिससे बिजली आपूर्ति में विश्वसनीयता और गुणवत्ता में सुधार आया है।

 म्हारा गांव-जगमग गांवयोजना : ग्रामीण भारत की तस्वीर बदली

 श्री अनिल विज ने बताया कि हरियाणा सरकार की 'म्हारा गांव-जगमग गांव' योजना ने ग्रामीण इलाकों की तस्वीर ही बदल दी है। इस योजना के तहत प्रदेश के 5887 गांवों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। ग्रामीण उपभोक्ता भी अब डिजिटल सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं, जिससे उनकी जीवनशैली में बड़ा बदलाव आया है।

 तकनीकी और वाणिज्यिक हानियों में ऐतिहासिक गिरावट आई

 श्री विज ने बताया कि पिछले 13 वर्षों में हरियाणा की बिजली वितरण कंपनियों ने तकनीकी और वाणिज्यिक हानियों (AT&C Losses) में ऐतिहासिक कमी दर्ज की है। वर्ष 2012-13 में यह हानि 29.31 प्रतिशत थी, जो जनवरी 2025 तक घटकर मात्र 10.52 प्रतिशत रह गई है। UHBVN ने 35.60 प्रतिशत से गिरकर 9.38 प्रतिशत और DHBVN ने 23.29 प्रतिशत से घटकर 11.35 प्रतिशत तक की हानि को सीमित किया है। यह उपलब्धि स्मार्ट मीटरिंग, लाइन लॉस नियंत्रण, तकनीकी सुधार और उपभोक्ता जवाबदेही बढ़ाने के कारण संभव हो सकी है।

 *ट्रांसफार्मर क्षति दर में ऐतिहासिक गिरावट आई *

 उन्होंने बताया कि हरियाणा में ट्रांसफार्मर क्षति दर में भी उल्लेखनीय गिरावट आई है। वर्ष 1997-98 में यह दर 30.45 प्रतिशत थी, जो 2024-25 में घटकर 4.74 प्रतिशत रह गई है। ट्रांसफार्मरों की संख्या 1.46 लाख से बढ़कर 7.08 लाख हो गई है, फिर भी क्षति दर में गिरावट ने बिजली वितरण प्रणाली की मजबूती को सिद्ध किया है। इसका श्रेय नियमित रखरखाव, समय पर मरम्मत, नई तकनीक और बेहतर मॉनिटरिंग को जाता है।

 साइबर फ्रॉड: डिजिटल युग की नई चुनौती से निपटने पर बल -विज

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि ऑनलाइन भुगतान के बढ़ते चलन के साथ साइबर फ्रॉड की घटनाएं भी सामने आई हैं। कई बार उपभोक्ताओं को फर्जी कॉल या लिंक के जरिये ठगा जाता है। इसको लेकर बिजली निगमों के पास शिकायतें आती रहती हैं। उपभोक्ताओं को सतर्क रहने और निगमों को सुरक्षा के ठोस उपाय करने की आवश्यकता पर बल दिया जा रहा है।

 श्री विज ने कहा कि "हरियाणा के बिजली उपभोक्ता अब पूरी तरह हाईटेक हो चुके हैं। डिजिटल सेवाओं, तकनीकी सुधारों और 24 घंटे बिजली आपूर्ति ने प्रदेश को ऊर्जा क्षेत्र में अग्रणी बना दिया है। आने वाले समय में स्मार्ट तकनीकों और नवीकरणीय ऊर्जा के अधिकतम उपयोग से यह प्रगति और भी रफ्तार पकड़ेगी।"

  

नरवाना विधानसभा क्षेत्र वासियों के सुझाव और सहयोग को धरातल पर उतारने की रहेगी पूरी कोशिश: कृष्ण कुमार बेदी

 स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार हेतु निरंतर कार्य कर रही है सरकार

 चण्डीगढ़, 6 जुलाई -- हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि नरवाना के चहुंमुखी विकास के लिए विधानसभा वासियों के सुझाव और सहयोग को धरातल पर उतारने की भरपूर कोशिश की जाएगी। विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की कमी नहीं रहने दी जाएगी।

 श्री कृष्ण कुमार बेदी ने यह बात आज एसडी महिला कॉलेज, नरवाना में स्वर्गीय स्वदेश चोपड़ा की 10वीं पुण्यतिथि पर आयोजित नि:शुल्क मेडिकल हैल्थ चैकअप कैम्प में सम्बोधित करते हुए कही। नि:शुल्क मैडिकल हैल्थ चैकअप कैम्प में 328 लोगों ने हैल्थ चैकअप करवाकर लाभ उठाया। उन्होंने कहा कि यह कैंप स्थानीय नागरिकों की सेवा में समर्पित एक बेहतरीन पहल है, जिसमें सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य जांच की सुविधा का लाभ उठाया। अच्छा स्वास्थ्य समाज की नींव है। ऐसे आयोजन न केवल जन जागरूकता फैलाते हैं, बल्कि आम जनता को समय रहते बीमारियों की पहचान का अवसर भी देते हैं।

 उन्होंने बताया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार हेतु निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश सरकार आने वाले समय में अधिक से अधिक स्वास्थ्य जांच शिविरों को प्रोत्साहित करेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाएगी। हरियाणा सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सर्वांगीण रूप से सुदृढ़ करने की ओर अग्रसर है। यह कदम इन्फ्रास्ट्रक्चर, मुफ्त उपचार, डिजिटल निगरानी, मातृ‑शिशु कल्याण, गुणवत्ता नियंत्रण एवं समुदाय‑आधारित पहलों को एकीकृत तरीके से लागू कर रही है। प्रत्येक जिला व मेडिकल कॉलेज में 50‑बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक एवं ब्लड बैंक का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। प्रत्येक जिला मुख्यालय के एक सरकारी अस्पताल में सभी बीमारियों का इलाज नि:शुल्क उपलब्ध होगा। इसके लिए जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर, आधुनिक सुविधाओं को बढाया जाएगा।

 श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि नरवाना विधानसभा क्षेत्र के लोगों बिजली, पानी, चिकित्सा, सड़क, सुरक्षा आदि सभी सुविधाएं उपलब्ध करवाने का लक्ष्य पर काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के आशीर्वाद से नरवाना विधानसभा क्षेत्र में नए बस स्टैंड, रैस्ट हाउस, और हिसार रोड पर फ्लाईओवर का शिलान्यास किया जाएगा। पानी निकासी के लिए पाईप लाईन का उद्घाटन सहित अनेक परियोजनाओं को अमलीजामा पहनाया जाएगा।

  

हरियाणा सरकार श्यामा प्रसाद मुखर्जी के पदचिह्नों पर चलते हुए जनसेवा के लिए कर रही कार्य - नायब सिंह सैनी

 श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर मुख्यमंत्री ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया नमन

 एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत किया पौधारोपण

 एसवाईएल को लेकर 9 जुलाई को नई दिल्ली में अहम बैठक -मुख्यमंत्री

 चंडीगढ़, 6 जुलाई --  हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार श्यामा प्रसाद मुखर्जी के पदचिह्नों पर चलते हुए अंतिम पंक्ति में खड़े गरीब व्यक्ति की सेवा करने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है।

 मुख्यमंत्री ने रविवार को हरियाणा भवन, नई दिल्ली में श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्वासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के महत्वपूर्ण विजन एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण भी किया। उन्होंने पर्यावरण को दूषित होने से बचाने हेतु महापुरूषों के नाम पर एक पेड़ अवश्य लगाने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष श्री मोहन लाल बड़ौली ने भी श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और पौधारोपण भी किया। 

इसके उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रखर व्यक्तित्व के धनी, जनसंघ संस्थापक एवं स्वतंत्रता सेनानी श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र हित को लेकर महत्वपूर्ण कार्य किए। इसलिए हम सभी उनके दिखाए मार्ग पर चलें और देश को विकसित भारत की ओर ले जाने में अपना योगदान दें।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने सदैव देश व समाज सेवा को सर्वोपरि समझा और हमेशा गरीब लोगों की भलाई के लिए कार्य किया। इसलिए उन्हें गरीब लोगों का हितैषी माना जाता है।

 श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि एसवाईएल को लेकर 9 जुलाई को नई दिल्ली में अहम बैठक का आयोजन किया जाएगा। इसमें सर्वसम्मति से सकारात्मक पहलुओं पर विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब के साथ हमारा भाईचारा है, इसलिए बैठक में बातचीत से कोई रास्ता अवश्य निकलेगा।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जंगल सफारी बनाने को लेकर भी व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है, जिसे जल्द ही अमलीजामा पहनाया जाएगा। कल ही गुजरात के वनतारा जामनगर का दौरा कर जानकारी ली गई है। वहां लावारिश, घायल पशु-पक्षियों को रेस्क्यू करके इलाज करने के लिए सेंटर बनाया हुआ है। यह केन्द्र उन्हें ऐसे पशु-पक्षियों, लुप्त हो रही प्रजातियों को संरक्षण देकर बचाने का कार्य कर रहा है।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि गत दिनों केन्द्रीय पर्यटन मंत्री श्री गजेन्द्र शेखावत से मिलकर एनसीआर में डिज्नीलैंड बनाने का आग्रह किया है। इसके लिए 500 एकड़ भूमि का चयन भी कर लिया गया है। यह नागरिकों के लिए बहुत ही शानदार और भव्य पर्यटक स्थल के रूप में उभरेगा।

  

ग्लोबल वार्मिंग के कारण तेजी से बढ़ रहा पृथ्वी का तापमानलोगों में जागरूकता बेहद जरूरी: हरविन्द्र कल्याण

 चंडीगढ़, 6 जुलाई-- हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविन्द्र कल्याण ने कहा है कि ग्लोबल वार्मिंग के कारण आज पृथ्वी का औसत तापमान बढ़ रहा है, जिसके कारण लोगों को कहीं बाढ़ तो कहीं सूखे का सामना करना पड़ रहा है। समाज को मिलकर ऐसी चुनौतियों का सामना करना होगा। इसके लिए लोगों में जागरूकता जरूरी है।

 विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविन्द्र कल्याण रविवार को करनाल में महाराजा अग्रसेन भवन में जेसीआई इंडिया जोन 10 गोल्ड मिडकॉन 2025 महोत्सव में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे।

 उन्होंने कहा कि जेसीआई के कार्यक्रमों से उनका पुराना जुड़ाव है। समाज हित में किए जा रहे कार्यों के लिए उन्होंने जेसीआई सदस्यों को शुभकामनाएं व बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिस भी व्यक्ति में समाज अथवा गरीब के लिए कुछ करने का भाव जागृत होता है तो यह उसका उत्थान (राइज अप) है। नेतृत्व के गुण हर व्यक्ति में होते हैं, लेकिन लीडर वही है जो किसी भी चुनौती को पार करने की पहल करे। जेसीआई सदस्य स्वास्थ्य जागरूकता, व्यक्ति निर्माण, पर्यावरण, चिकित्सा शिविरों का आयोजन जैसे क्षेत्रों में सराहनीय कार्य कर रहे हैं।

 सरकार सच्चे अर्थों में कर रही हैं जनहितैषी और अंत्योदय की भावना से कार्य — कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी

 शहरों की तर्ज पर ग्रामीण इलाकों का होगा चहुमुखी विकास

 कर्मगढ़ गांव के विकास के लिए लगभग 6 करोड़ रूपये की लागत से विकास परियोजनाओं को पहनाया जाएगा अमलीजामा

 चंडीगढ़, 06 जुलाई— हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रदेश सरकार सच्चे अर्थों में जनहितैषी सरकार है, अंत्योदय की भावना से प्रत्येक वर्ग का कल्याण करना उनकी प्राथमिकताओं में शुमार है। ग्रामीणों द्वारा उनको जो भरपूर सहयोग मिला है अब उनका ऋण उतारने की बारी मेरी है। ग्रामीण इलाकों में विकास कार्य करने में कोई कोर कसर बाकी नहीं रखी जाएगी। किसी भी सूरत में क्षेत्रवासियों का विश्वास नहीं टूटने दिया जाएगा। शहरों की तर्ज पर ग्रामीण इलाकों का चहुमुखी विकास करवाया जाएगा।

 श्री बेदी शनिवार देर सांय नरवाना (जींद) में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित धन्यवादी दौरे के दौरान बतौर मुख्य अतिथि ग्रामीणों को सम्बोन्धित कर रहे थे। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने तीन परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। जिसमें एक करोड़ 43 लाख रूपये की लागत से बनी गांव की फिरनी का उद्घाटन किया, 25 लाख रूपये की लागत से बनने वाली वाल्मीकि चौपाल और 13 लाख रूपये से बनने वाली मुस्लिम चौपाल का शिलान्यास भी किया।

 कैबिनेट मंत्री के सम्मुख ग्राम पंचायत द्वारा कर्मगढ़ से लोन तक की सड़क बनाने, गन्दे पानी की निकासी करवाने, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने, जलघर का जीर्णोद्वार करने, गलियों का निर्माण करने, जिम का सामान उपलब्ध करवाने, पार्क बनवाने, स्ट्रीट लाईटे लगवाने, बस सेवा शुरू करवाने समेत अन्य मांगे रखी। जिस पर कैबिनेट मंत्री ने मौके पर ही कर्मगढ़ से लोन तक की सड़क बनाने की घोषणा की। इस सड़क के निर्माण पर लगभग एक करोड़ 54 लाख रूपये खर्च किए जाएंगे।

 उन्होंने कहा कि सोमवार से गांव में बस सेवा शुरू करवाने का काम किया जाएगा। ग्रामीणों द्वारा जो मांगे रखी गई है उनका सम्बन्धित विभागों द्वारा एस्टिमेट तैयार करवाया जाएगा। इन विकास कार्यों को करवाने के लिए लगभग 2 करोड़ रूपये खर्च किए जाएंगे। ग्राम पंचायत को गलियों, नालों व अन्य कार्य करवाने के लिए 25 लाख रूपये देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि कर्मगढ़ गांव के विकास को अमलीजामा पहनाने के लिए लगभग 6 करोड़ रूपये की राशि खर्च की जाएगी।

 श्री बेदी ने कहा कि हरियाणा के लोगों ने केन्द्र व राज्य में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व पर विश्वास जताया और लगातार उन्हें जनसेवा का जो मौका दिया इस पर सरकार पूर्णतया खरी उतरेगी। सरकार द्वारा लगातार ऐसी योजनाएं चलाई जा रही हैं जिसका फायदा सीधा लाभार्थियों तक पहुंच रहा है। मौजूद राज्य सरकार ने प्रदेश में भाई-भतीजावाद, खर्ची-पर्ची सिस्टम खत्म कर दिया है, जिसका परिणाम यह है कि आज प्रदेश के युवा अपनी योग्यता के आधार पर नौकरियां प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की करनी और कथनी में कोई अन्तर नहीं वो जो कहते है करके दिखाते भी है। इसलिए आने वाले पांच साल में प्रदेश और अधिक तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ेगा, जिसमें समाज के प्रत्येक वर्ग का सहयोग रहेगा।

 प्राकृतिक खेती से तैयार फसल को खरीदने के लिए सरकार ने गुरुग्राम में स्थापित की अनाज मंडी -श्याम सिंह राणा

 कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने उप उष्णकटिबंधीय फल केंद्र लाडवा में आयोजित 7वें फल उत्सव मेले में की शिरकत

 किसानों के लिए लाडवा उपकेंद्र में हर वर्ष तैयार की जाती हैं एक लाख पौधों की पौध

 चंडीगढ़,  6 जुलाई - कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्राकृतिक खेती से किसानों द्वारा पैदा की फसल को खरीदने के लिए प्रदेश सरकार ने गुरुग्राम में अनाज मंडी तैयार की है। अनाज मंडी में फसल की क्वालिटी चैक करने के लिए एक लैब स्थापित की गई है। लैब में क्वालिटी तय होने के बाद गठित की गई कमेटी द्वारा फसल का भाव तय कर उसको खरीदा जाएगा।

 कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री रविवार को उप उष्णकटिबंधीय फल केंद्र, लाडवा में आयोजित 7वें फल उत्सव मेले में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने फल केंद्र परिसर में आम का पौधा रोपित किया। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने बागवानी क्षेत्र के प्रगतिशील 10 किसानों को 5100 रुपए, ट्राफी और प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। साथ ही मेले में लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण कर आम की किस्म के बारे में विशेषज्ञ से जानकारियां प्राप्त की।

 कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश में एक लाख एकड़ में प्राकृतिक खेती करके फसलों को तैयार किया जा सके। अब तक 10 हजार एकड़ में किसानों द्वारा प्राकृतिक खेती की जा रही है, ये दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में लाडवा में इंडो इजराइल तकनीक के तहत उप उष्णकटिबंधीय फल केंद्र स्थापित किया गया था। इस केंद्र की 10 हजार पौधों से शुरुआत हुई थी, अब प्रतिवर्ष 1 लाख पौधों की पौध किसानों के लिए तैयार की जा रही है। साथ ही आम, लीची, नाशपाती, आडू व चीकू सहित छह फसलों पर अनुसंधान किया जा रहा है। इसके फल केंद्र में वैज्ञानिकों द्वारा एक ऐसा आम का पेड़ तैयार किया जा रहा है, जिसके फल की मार्केट में करीब 1 लाख रुपए प्रति किलो कीमत मिल सकती है। साथ ही एक पौधे को छह कलमों से तैयार करके छह प्रकार के फल एक ही पेड़ से प्राप्त किया जा रहे हैं।

 श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि किसानों की आमदनी बढ़ाने और परंपरागत खेती में बदलाव लाने के लिए प्रदेश में ऐसे 17 केंद्र खोले जाने हैं, जिनमें से 11 बनकर तैयार हो चुके हैं। जल्द ही अंबाला में लीची और स्ट्रॉबेरी के लिए यमुनानगर में उप केंद्र स्थापित किया जाएगा। किसानों के लिए गेहूं और धान की फसल के अलावा बागवानी, मछली पालन, मधुमक्खी पालन, डेयरी व अन्य फसलों को अपनाने की जरूरत है।

 कृषि मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार किसानों के लिए योजनाएं बना रही है। योजना बनने के बाद किसानों की तरफ से जो समस्या, दिक्कत सामने आती है, उसे उसी हिसाब से योजना में परिवर्तन करके किसानों को लाभ दिया जाता है। उन्होंने कहा कि देश में किसान महत्वपूर्ण कड़ी है। मौजूदा स्थिति को देखते हुए किसानों को अपनी परंपरागत खेती में बदलाव करते हुए कृषि के क्षेत्र को आगे बढ़ाने की जरूरत है। सरकार द्वारा किसानों की फसल का मार्केट में एमएसपी से कम भाव मिलने पर भावांतर भरपाई योजना के तहत क्षतिपूर्ति की जाती है। किसानों के घाटे को सरकार वहन करती है।

 उन्होंने कहा कि खनन से होने वाले गड्ढों का प्रयोग मछली पालने के लिए किया जाएगा। नई योजनाओं से हर वर्ग की आमदनी को बढ़ाकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2027 तक हमारा देश विश्व की तीसरी बड़ी शक्ति बन जाएगा।

 इस मौके पर चेयरमैन श्री धर्मवीर मिर्जापुर सहित प्रदेशभर से आए किसान मौजूद रहे।

 

Have something to say? Post your comment

By using our site, you agree to our Terms & Conditions and Disclaimer     Dismiss