*गुरुग्राम में उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह की अगुवाई में निकली भव्य तिरंगा यात्रा*
*रेजांगला चौक पर वीर शहीदों को किया नमन*
*14 अगस्त तक हर घर तिरंगा फहराने और देशभक्ति की भावना जगाने का आह्वान*
चंडीगढ़, 10 अगस्त - आजादी के अमृतकाल और स्वतंत्रता दिवस समारोह के उपलक्ष्य में पूरे देश में जारी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुग्राम की बादशाहपुर विधानसभा में रविवार को एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह की अगुवाई में यह यात्रा सेक्टर-22 स्थित कृष्णा चौक से आरंभ होकर सर्वसमाज की सहभागिता के बीच रेजांगला चौक पर सम्पन्न हुई। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने रेजांगला चौक पर पहुंचकर वीर शहीदों को नमन किया।
यात्रा के समापन पर उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आज भारत का युवा शक्ति, एकता और राष्ट्रभक्ति से परिपूर्ण है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे देशहित को सर्वोपरि रखते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ‘हर घर तिरंगा, हर मन तिरंगा, जन-जन तिरंगा’ का आह्वान किया है। तिरंगा हमारी शान है और यह भावना प्रत्येक नागरिक के हृदय में बसनी चाहिए। भारत युवाओं का देश है और जब युवा देश के लिए स्वयं को समर्पित करता है, तो भारत की प्रगति को कोई रोक नहीं सकता।
*14 अगस्त तक हर घर तिरंगा फहराने का आह्वान*
राव नरबीर सिंह ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य देशवासियों में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना को प्रोत्साहित करना है। इस यात्रा के माध्यम से लोग अपने घरों पर तिरंगा फहराकर और स्वतंत्रता दिवस के विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेकर स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूतों के बलिदानों को स्मरण करते हैं। उन्होंने अपील की कि 14 अगस्त तक हर घर तिरंगा फहराकर शहीदों के बलिदान को नमन करें और अभियान से जुड़ी तस्वीरें सोशल मीडिया व harghartiranga.com पर साझा करते समय हैश टैग का प्रयोग करें, ताकि अन्य लोग भी प्रेरित हों।
उन्होंने कहा कि आगामी 14 अगस्त तक देश के हर कोने में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सभी 140 करोड़ भारतीय एकजुट होकर वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है कि बचपन से ही बच्चों में देश की एकता और अखंडता का महत्व समझाने के संस्कार डालें। यदि बच्चों को प्रारंभ से ही हमारे शहीदों और सैनिकों के त्याग और साहस की कहानियाँ सुनाई जाएँगी, तो उनके मन में सम्मान और गर्व की भावना पनपेगी, और यही बच्चे बड़े होकर राष्ट्र का गौरव बनेंगे।
*HSSC फॉरेस्ट रेंजर एवं डिप्टी फॉरेस्ट रेंजर के लिए PMT एवं PET आज से*
*आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने किया केंद्र का निरीक्षण*
*अधिकारियों को दिए निष्पक्ष व पारदर्शी प्रक्रिया के निर्देश *
चंडीगढ़, 10 अगस्त – हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) के विज्ञापन संख्या 09/2024 (ग्रुप 7) फॉरेस्ट रेंजर एवं विज्ञापन संख्या 11/2024 (ग्रुप 45) डिप्टी फॉरेस्ट रेंजर के लिए शारीरिक माप परीक्षण (PMT) व शारीरिक दक्षता परीक्षण (PET) का आयोजन 11 अगस्त से होगा।
PMT ताऊ देवी लाल स्टेडियम, सेक्टर 3, पंचकूला तथा PET जल्ला पुलिस बैरियर/नाका, पंचकूला में होगा। अभ्यर्थियों को प्रातः 8:00 बजे तक केंद्र पर पहुँचना अनिवार्य है, विलंब पर प्रवेश नहीं मिलेगा।
PMT में ऊँचाई जैसे मानकों की जाँच होगी, जबकि PET में दौड़ व अन्य निर्धारित परीक्षण होंगे। प्रवेश हेतु एडमिट कार्ड व वैध फोटो पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट आदि लाना आवश्यक है। मोबाइल, ईयरफोन, स्मार्ट वॉच आदि प्रतिबंधित रहेंगे।
रविवार को आयोग के अध्यक्ष श्री हिम्मत सिंह ने केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं, उपकरणों की गुणवत्ता, सुरक्षा व सुविधा प्रबंध की समीक्षा की और अधिकारियों को निष्पक्ष व पारदर्शी प्रक्रिया के निर्देश दिए। उन्होंने अभ्यर्थियों से समय पर पहुँचने व दिशा-निर्देशों के पालन की अपील की।
*हरियाणा सरकार के कर्मचारियों के साथ-साथ अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों के लिए वर्ष 2024 -25 की सामान्य भविष्य निधि का ब्यौरा जारी*
चंडीगढ़, 10 अगस्त – हरियाणा प्रधान महालेखाकार (लेखा और हकदारी) द्वारा हरियाणा सरकार के कर्मचारियों की वर्ष 2024 -25 की सामान्य भविष्य निधि का ब्यौरा जारी किया गया है।
प्रधान महालेखाकार द्वारा जारी इस आश्य के आवश्यक परिपत्र अनुसार कर्मचारी अपने फंड की जानकारी वेबसाइट www.aghry.nic.in तथा एचआरएमएस कर्मचारी पोर्टल www.intrahry.gov.in पर भी डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा महालेखाकार कार्यालय द्वारा वर्ष 2023 -24 से वार्षिक जीपीएफ का ब्यौरा डिजिटल लॉकर के माध्यम से डाउनलोड करने की सुविधा कर्मचारियों को दी गई है।
परिपत्र अनुसार सभी विभागों के आहारण एवं वितरण अधिकारी कर्मचारियों के फंड की स्टेटमेंट डीडीओ कोड से भी प्राप्त कर सकते हैं। यदि किसी को असुविधा होती है तो हैल्पलाइन नंबर 0172-3503960 पर संपर्क किया जा सकता है।
*पिहोवा की सांस्कृतिक विरासत को सहेज कर भव्य एवं दर्शनीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करेगी सरकार - मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी*
*मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र के गांव थाना के ब्रह्मसरोवर का किया निरीक्षण, थाना राजकीय स्कूल के प्रांगण में किया पौधा रोपण*
*गांव के विकास के लिए 21 लाख रुपए अनुदान राशि देने की घोषणा की*
चंडीगढ़, 10 अगस्त - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पिहोवा की सांस्कृतिक विरासत को सहेज कर भव्य एवं दर्शनीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजनाओं को सरकार अमलीजामा पहनाने का काम कर रही है। इन्हीं धरोहरों में शुमार ब्रह्मसरोवर हमारी संस्कृति की पहचान है, इसे संरक्षित रखना सरकार का दायित्व है।
अहम पहलू यह है कि इसी ब्रह्मसरोवर व आस-पास लगभग 102 एकड़ में फैले इस तीर्थ पर देश विदेशों से प्रवासी पक्षी भ्रमण के लिए आते है जो इसके महत्व को दर्शाने का काम कर रहे है। इसके लिए सरकार तीर्थों का जीर्णोद्घार कर उन्हें संजोकर रखने का काम कर रही है ताकि आने वाली भावी पीढ़ी इस सांस्कृतिक धरोहर को देख सके।
मुख्यमंत्री रविवार को कुरुक्षेत्र के गांव थाना स्थित ब्रह्मसरोवर पर आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री ने ब्रह्मसरोवर तीर्थ का निरीक्षण किया और राजकीय स्कूल के प्रागंण में पौधा रोपण भी किया। इस दौरान गांव के विकास के लिए मुख्यमंत्री ने 21 लाख रुपए अनुदान राशि देने की घोषणा की और सरपंच द्वारा मांगपत्र पर मुख्यमंत्री ने मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गति से विकास कार्य कर रही है। आज प्रदेश में एक कोने से दूसरे कोने में जाने के लिए बनाए गए नेशनल हाईवे से 3 से 4 घंटे में सफर पूरा हो जाता है। ऐसा कोई जिला नहीं बचा है जो नैशनल हाईवे से नहीं जुड़ा हो।
उन्होंने कहा कि पंचायती जमीन पर 20 सालों से मकान बनाकर रहने वाले लोगों को 2004 के कलैक्टर रेट पर 500 गज तक की भूमि उनके नाम करने का कानून बनाया गया है। इससे गांवों में चल रहे कोर्ट केस भी समाप्त हो गए। अंग्रेजों के समय से किसानों पर लग रहे अबियाने को जड़ से समाप्त किया गया और अबियाने की 133 करोड़ रुपए की राशि को भी प्रदेश सरकार ने माफ करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश में हरियाणा पहला राज्य है जहां पर किसानों की सभी फसलों को एमएसपी पर खरीदा जाता है, साथ ही किसानों की सब्जी की फसल को भावांतर भरपाई योजना के तहत खरीदा जा रहा है।
सांसद श्री नवीन जिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में कुरुक्षेत्र ही नहीं हरियाणा के हर क्षेत्र में सबका साथ सबका विकास और हरियाणा एक हरियाणवी एक की नीति के आधार पर विकास कार्य किए जा रहे है। मुख्यमंत्री ने पिहोवा हल्के के गांव स्योंसर और गांव थाना को अनेकों परियोजनाएं सौगात के रूप में दी है जो आने वाले समय में पिहोवा तीर्थ नगरी को विश्व दर्शनीय स्थली के रूप में एक नई पहचान देगी।
इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री श्री सुभाष सुधा, मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री भारत भूषण भारती, पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
*राजेश जोगपाल, आईएएस ‘कम्युनिटी एंड सोशल इम्पैक्ट अवार्ड’ से सम्मानित – 2nd सस्टेनेबल एग्रीकल्चर समिट एंड अवार्ड्स 2025 में मिला सम्मान*
चंडीगढ़, 10 अगस्त 2025 – हरियाणा के सहकारिता विभाग के रजिस्ट्रार श्री राजेश जोगपाल, आईएएस को अर्बन सस्टेनेबिलिटी में नवाचारी शासन हेतु उत्कृष्ट योगदान के लिए कम्युनिटी एंड सोशल इम्पैक्ट अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान गत दिवस नई दिल्ली में आयोजित दूसरे सस्टेनेबल एग्रीकल्चर समिट एंड अवार्ड्स 2025 के दौरान प्रदान किया गया।
सस्टेनेबिलिटी मैटर्स और इंडियाग्री द्वारा आयोजित, तथा ग्रे मैटर्स कम्युनिकेशंस द्वारा पार्टनर किए गए इस सम्मेलन में देशभर से कृषि क्षेत्र के नेता, नवाचारकर्ता और परिवर्तनकारी व्यक्तित्व एकत्र हुए और जलवायु-स्मार्ट खेती के भविष्य पर विचार-विमर्श किया।
इस वर्ष का विषय “कृषि 2047: क्लाइमेट-रेडी फार्मिंग, फ्यूचर-रेडी भारत” था, जो माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के विज़न के अनुरूप जलवायु-सहिष्णु, टिकाऊ और भविष्य-उन्मुख कृषि प्रणाली के निर्माण की दिशा को दर्शाता है।
यह पुरस्कार श्री रामनाथ ठाकुर, माननीय राज्य मंत्री, कृषि एवं किसान कल्याण, भारत सरकार, डॉ. रामदास आठवले, माननीय राज्य मंत्री, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, भारत सरकार, श्री प्रवेश साहिब सिंह, माननीय मंत्री, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण, एवं जल, दिल्ली सरकार द्वारा प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त करने उपरांत श्री राजेश जोगपाल ने कहा कि यह पुरस्कार हरियाणा सहकारिता आंदोलन के सामूहिक प्रयासों की पहचान है, जो नवाचार, जनभागीदारी और शासन सुधारों के माध्यम से अर्बन सस्टेनेबिलिटी को आगे बढ़ा रहा है। हमें जलवायु-सहिष्णु और समावेशी विकास की दिशा में कार्य जारी रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि सहकारिता को और अधिक मजबूत किया जाए ताकि लोगों को आत्मनिर्भर बनने के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सके।
*76वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिया प्रकृति संरक्षण का संदेश*
*विकास के साथ पर्यावरण संतुलन जरूरी, इसलिए पर्यावरण संरक्षण हर नागरिक की जिम्मेदारी – मुख्यमंत्री*
*हरियाणा में 2 करोड़ 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य, सामूहिक प्रयास से होगा पूरा*
*कुरुक्षेत्र के स्योंसर में सरस्वती जलाशय, जैव विविधता वाटिका और जंगल सफारी का मुख्यमंत्री ने किया शिलान्यास*
चंडीगढ़, 10 अगस्त – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण केवल एक सरकारी पहल नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। आधुनिक विकास की रफ्तार के बीच हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि जीवन का आधार वनों और पेड़ों से ही है। जलवायु परिवर्तन, अनियमित वर्षा और बढ़ते तापमान जैसी समस्याओं का समाधान बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण और उनके संरक्षण से ही संभव है, जो भविष्य की सुरक्षा के लिए अनिवार्य है। हरियाणा सरकार ने इस दिशा में कई महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किए हैं और विभिन्न पहलों व अभियानों के तहत प्रदेश में 2 करोड़ 10 लाख पौधे लगाए जाएंगे, जिसे सामूहिक प्रयासों से पूरा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री आज जिला कुरुक्षेत्र के स्योंसर में आयोजित 76वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले, मुख्यमंत्री ने सरस्वती आर्द्रभूमि जलाशय, सरस्वती पादप एवं जैव विविधता संरक्षण वाटिका और सरस्वती जंगल सफारी का शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया। समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने वन विभाग द्वारा तैयार हरियाणा वाइल्ड लाइफ मैप व कुरुक्षेत्र वाइल्ड लाइफ मैप तथा 5 पुस्तकों - सरस्वती आर्द्रभूमि जलाशय, सरस्वती प्राकृतिक पर्यटन विहार, सरस्वती पादप एवं जैव विविधता संरक्षण वाटिका, त्रिफला पुस्तिका और नीम गिलोय पुस्तिका का विमोचन किया।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 76वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव का यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, दायित्व और आने वाली पीढ़ियों का खुशहाल भविष्य सुनिश्चित करने के संकल्प का प्रतीक है। 76वें राज्य स्तरीय वन महोत्सव के आयोजन की कड़ी में यह तीसरा आयोजन है। प्रदेशभर में जिला स्तर पर भी वन महोत्सव के कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में स्थानीय लोग और विद्यार्थी बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि वन महोत्सव का अर्थ है- वनों का उत्सव, प्रकृति का सम्मान और हरियाली का विस्तार। यह महोत्सव हमें याद दिलाता है कि पेड़ सिर्फ लकड़ी का स्रोत नहीं, बल्कि जीवन का आधार हैं। उन्होंने कहा कि आज जब हम आधुनिकता की दौड़ में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं, तो वन महोत्सव इसी बात की याद दिलाता है कि विकास की दौड़ में हम प्रकृति का शोषण न करें, बल्कि उसके साथ मिलकर रहना सीखें। पेड़ों के महत्व को समझते हुए सरकार ने वृक्षारोपण के कई अभियान चलाए हैं और उनके फलदायी परिणाम भी देखने को मिले हैं। वन क्षेत्रों को बढ़ाने के लिए कई योजनाएं बनाई हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भी 5 जून, 2024 को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दिल्ली के बुद्ध जयंती पार्क में पौधारोपण करते हुए 'एक पेड़ मां के नाम' से एक अनूठा अभियान शुरू किया था। इस अभियान के पहले चरण' में हरियाणा में 1 करोड़ 60 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा था, लेकिन हमने लक्ष्य से बढ़कर 1 करोड़ 87 लाख पौधे लगाये। उन्होंने कहा कि इस साल 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 'एक पेड़ मां के नाम के दूसरे चरण' की शुरुआत की है। दूसरे चरण में 2 करोड़ 10 लाख पौधे लगाए जाएंगे। अक्तूबर 2014 से अब तक प्रदेश में लगभग 18 करोड़ पौधे लगाये जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार ने शहरी वानिकी को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष योजनाएं शुरू की हैं, ताकि शहरों में भी हरियाली बढ़ाई जा सके। इसके साथ ही, अवैध कटाई को रोकने और वन्यजीवों के संरक्षण के लिए कड़े कदम उठाए हैं। वन विभाग को इस दिशा में और अधिक सक्रिय होने के निर्देश दिए गए हैं। वनों और वन्य जीवों के प्रति समाज को संवेदनशील बनाने के लिए कलेसर में जीप सफारी व बच्चों के स्टडी टूर आदि की व्यवस्था भी की है। दक्षिण हरियाणा में 'हरित अरावली कार्य योजना' का भी शुभारंभ किया है। केन्द्र व राज्य सरकारों द्वारा बनाई गई यह परियोजना अरावली पहाड़ियों के चार राज्यों मे लागू की जाएगी, जिनमें हरियाणा भी शामिल है। इन चार राज्यों में 29 जिलों का चयन किया गया है, जिनमें पांच जिले हरियाणा के हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने 75 साल से अधिक आयु के वृक्षों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए प्राणवायु देवता पेंशन स्कीम शुरू की। इस योजना के तहत 75 साल से अधिक आयु के वृक्षों के रखरखाव के लिए 3000 रुपये प्रति वर्ष प्रति पेड़ पेंशन का प्रावधान किया है। इस योजना के तहत 3800 वृक्षों के संरक्षकों के खातों में 1 करोड़ रुपये की धनराशि डाली जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि औषधीय पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए विभिन्न जिलों में हर्बल पार्क विकसित किये हैं। मोरनी क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय स्तर का औषधीय वन विकसित किया गया है। इसके अलावा जिलों में ऑक्सीवन भी बनाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायतों, नगर पालिकाओं और सामाजिक संगठनों से अपील की कि वे वृक्षारोपण को एक जन आंदोलन बनाएं। स्कूल-कॉलेजों में छात्रों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया जाए। उन्हें पेड़ लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। बच्चों को बचपन से ही प्रकृति से जोड़ना होगा, ताकि वे बड़े होकर इसके महत्व को समझें।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हम सब मिलकर एक ऐसा समाज बना सकते हैं, जहां प्रकृति और मनुष्य मिलकर रहें, जहां विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चलें। हमें अपनी आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ और हरा-भरा भविष्य छोड़ना है, यह हमारा नैतिक दायित्व है।
*विपक्ष पहले ईवीएम को दोषी ठहराता था, लेकिन आज वोट चोरी का नया एजेंडा चला रखा है*
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में भारत तेज गति से आगे बढ़ रहा है। लेकिन विपक्ष हमेशा सरकार के कामों की आलोचना करता है। विपक्ष की भूमिका आज चिंताजनक है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि जिस पार्टी का 55 वर्षों तक देश में शासन रहा और लोगों की अपेक्षाओं पर खरा न उतरने के कारण लोगों ने उनको बाहर का रास्ता दिखाया, वे पहले तो ईवीएम को दोषी ठहराते थे, लेकिन आज उन्होंने एक नया एजेंडा चला रखा है वोट चोरी होने का। कोई उन्हें बताए कि वोट चोरी नहीं हुए हैं, बल्कि उनके काले कारनामों के कारण लोगों ने उन्हें नकार दिया है।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से हमारे जांबाज सैनिकों ने पाकिस्तान में चल रहे आतंकवादी कैंपों को नेस्तनाबूद करने का काम किया है। लेकिन विपक्ष ने सैनिकों के शौर्य पर भी सवाल खड़ा करने का काम किया, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी लगातार भारत को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है।
*वन महोत्सव वृक्षारोपण का दिन नहीं, बल्कि संस्कृति, प्रकृति और पर्यटन को एक साथ जोड़ने का अवसर – नवीन जिंदल*
समारोह में सांसद श्री नवीन जिंदल ने वृक्षारोपण का दिन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, प्रकृति और पर्यटन को एक साथ जोड़ने का अवसर है। कहा कि आज का दिन केवल वृक्षारोपण का दिन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, प्रकृति और पर्यटन को एक साथ जोड़ने का अवसर है। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल हरियाली का प्रतीक नहीं, बल्कि जीवन का आधार हैं। ये शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, जल स्रोतों का संरक्षण करते हैं, जैव विविधता की रक्षा करते हैं और किसानों की आय बढ़ाने में भी सहायक हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा में मजबूती से आगे बढ़ाया है, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया है। इसी कड़ी में आज मुख्यमंत्री द्वारा स्योंसर में सरस्वती वेटलैंड रिजर्वायर, सरस्वती बायोडायवर्सिटी कंजर्वेशन पार्क और सरस्वती फॉरेस्ट नेचर एजुकेशन रिसोर्ट का शिलान्यास किया गया है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने पर यह क्षेत्र पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन के लिए एक आदर्श मॉडल के रूप में विकसित होगा।
सांसद ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इस क्षेत्र को वाइल्ड लाइफ सेंचुरी के रूप में विकसित किया जाए, ताकि लोग यहां आकर वन्य जीवों और प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव कर सकें। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे वृक्षारोपण करें और उन पौधों की देखभाल भी करें। उन्होंने सभी नागरिकों को हर वर्ष कम से कम पाँच पेड़ अवश्य लगाने का संकल्प भी दिलाया।
इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री श्री सुभाष सुधा, हरियाणा सरस्वती धरोहर बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री धूमन सिंह किरमिच, मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री भारत भूषण भारती सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
*हर घर तिरंगा अभियान ने पूरे देश को देशभक्ति की भावना में ओतप्रोत होने का अवसर दिया: कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा*
चंडीगढ़, 10 अगस्त— हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि तिरंगा हमारी आन-बान-शान का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से पूरे देश को देशभक्ति की भावना में ओतप्रोत होने का अवसर प्रदान किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्था बन गया है।
श्री गंगवा शनिवार को हिसार के बरवाला में भव्य तिरंगा यात्रा में शामिल होने उपरांत बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा ने कृषि क्षेत्र में लगातार प्रगति की है। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने के उद्देश्य से औद्योगिक गतिविधियों और सूचना प्रौद्योगिकी को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि हमारी आन-बान-शान का प्रतीक तिरंगा है। सभी लोग इस अभियान के तहत 13, 14 और 15 अगस्त को पूरे स्वाभिमान के साथ अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराएं।
*हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने भारत माता की जय के नारे के उद्घोष से तिरंगा यात्रा को झंडी दिखाकर किया रवाना*
चंडीगढ़, 10 अगस्त— हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि किसी भी देश की पहचान उसका झंडा होता है। विश्व के कई देशों में युद्ध की स्थिति उत्पन्न होने के कारण भारत ने बड़ी कूटनीति से न केवल अपने नागरिकों को युद्धग्रस्त देशों से निकाला है, बल्कि दूसरे देशों के नागरिकों ने भी भारत के तिरंगा झंडे को अपना आधार बनाकर इन देशों से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की नीति एवं दृढ़ नीति से देश मजबूत हुआ है और देश नरेन्द्र मोदी के शासन काल में हर दिशा में आगे बढ़ा है।
कृषि मंत्री यमुनानगर में सरस्वती खंड के गांव ऊंचा चांदना से भारत माता की जय के नारे के उद्घोष से तिरंगा यात्रा को झंडी दिखाकर रवाना करने उपरांत बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि देश की आजादी में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों की याद एवं शहीदों को सम्मान देने के लिए हर वर्ष तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाता है। यह तिरंगा यात्रा ऊंचा चांदना से शुरू होकर गांव टोपरा कलां में सम्पन्न हुई।