भूस्खलन वैष्णो देवी मंदिर के मार्ग पर स्थित अर्द्धकुंवारी गुफा मंदिर में इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास हुआ। त्रिकुटा पहाड़ी पर स्थित मंदिर मार्ग का बड़ा हिस्सा मलबे में ढेर हो गया है। आशंका है कि मलबे में और भी लोग दबे हो सकते हैं। सेना और प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं।
जम्मू-कश्मीर में हो रही लगातार बारिश से बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति पैदा हो गई है। जम्मू में ओवरब्रिज ढह गए हैं, बिजली लाइन और मोबाइल टावरों को नुकसान हुआ है। तीन पुल क्षतिग्रस्त हुए हैं।
श्री माता वैष्णो देवी मार्ग पर मंगलवार को भूस्खलन के बाद यात्रा को रोक दिया गया है। संभाग में 2014 के बाद (11 साल) मंगलवार को फिर ऐसी जल तबाही देखने को मिली है। पिछले चार दिन से भारी बारिश से संभाग के लगभग सभी जिलों में जनजीवन पटरी से उतर गया है। चारों ओर भारी क्षति हुई है। जम्मू संभाग की सभी प्रमुख नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। प्रभावित क्षेत्रों में सैकड़ों लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर शरण ली है।
जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद, 18 ट्रेनें रद्द, दो उड़ानें निरस्त
जम्मू से रामबन में करीब 12 स्थानों पर भूस्खलन से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद है। चक्की पुल पठानकोट पर बाढ़ जैसी स्थिति से जम्मू, उधमपुर, कटड़ा आने वाली 18 ट्रेनें रद्द कर दी गईं। जम्मू से श्रीनगर जाने वाली दो उड़ानें भी रद्द करनी पड़ीं।