*एमडीयू के स्वर्ण जयंती एवं एलुमनाई अभिनंदन समारोह में देश के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री सूर्यकांत का सम्मान, मूल्यों आधारित शिक्षा पर दिया जोर*
*कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने नवाचार, शोध और समावेशी शिक्षा को बताया विश्वविद्यालय की प्राथमिकता, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पूर्व छात्र सम्मानित*
चंडीगढ़, 14 फरवरी - जीवन में सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारण, कड़ी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य प्राप्ति की दृढ़ इच्छाशक्ति आवश्यक है। इस मार्ग पर सत्यनिष्ठा, मूल्य और नैतिकता के साथ-साथ समाज एवं राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना अत्यंत महत्वपूर्ण है।
यह प्रेरक विचार भारत के मुख्य न्यायाधीश एवं महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक के विधि विभाग के पूर्व छात्र न्यायमूर्ति श्री सूर्यकांत ने विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती एवं एलुमनाई अभिनंदन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए।
न्यायमूर्ति श्री सूर्यकांत ने अपने मातृ संस्थान में बिताए गए दिनों को स्मरण करते हुए कहा कि एमडीयू परिसर में उन्हें कभी उनकी ग्रामीण पृष्ठभूमि के कारण भेदभाव का सामना नहीं करना पड़ा। विश्वविद्यालय ने समावेशी वातावरण प्रदान किया, जहाँ केवल प्रतिभा, परिश्रम और बौद्धिक क्षमता को महत्व दिया गया। उन्होंने कहा कि यही मूल्य उनकी जीवन यात्रा और न्यायिक सोच की मजबूत नींव बने। न्यायमूर्ति श्री सूर्यकांत ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक परंपरा की सराहना करते हुए विद्यार्थियों से नैतिक मूल्यों, संविधान की भावना और न्याय के सिद्धांतों के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने स्वागत भाषण में कहा कि एमडीयू ने पिछले पांच दशकों में शिक्षा, अनुसंधान, खेल, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि स्वर्ण जयंती वर्ष केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि आत्ममंथन और भविष्य के लिए नए संकल्प लेने का समय है। विश्वविद्यालय राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप बहु विषयक शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और शोध को प्राथमिकता दे रहा है, ताकि विद्यार्थी वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बन सकें।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल डिग्रियां प्रदान करना नहीं, बल्कि ऐसे जिम्मेदार, संवेदनशील और मूल्यनिष्ठ नागरिक तैयार करना है, जो समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने एलुमनाई को विश्वविद्यालय की गौरवशाली परंपरा का जीवंत प्रतीक बताते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां वर्तमान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
समारोह के दौरान कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने विश्वविद्यालय की ओर से मुख्य न्यायाधीश को स्मृति-चिह्न और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस शील नागू का भी अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के विशिष्ट पूर्व छात्रों को न्यायपालिका, विधि व्यवसाय, खेल, साहित्य, लोक संस्कृति, प्रशासन, चिकित्सा, शिक्षा और कॉरपोरेट नेतृत्व सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में शिक्षक, शोधार्थी, विद्यार्थी, एलुमनाई और शहर के गणमान्य नागरिक समारोह में उपस्थित रहे।
कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया, जबकि प्रो. शालिनी सिंह और प्रो. आशीष दहिया ने कार्यक्रम का संचालन किया। निदेशक एलुमनाई रिलेशन्स प्रो. सुमित गिल ने कार्यक्रम का समन्वयन किया। आयोजन में डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. सपना गर्ग और निदेशक युवा कल्याण डॉ. प्रताप राठी का विशेष सहयोग रहा। इस कार्यक्रम में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय की न्यायाधीश श्रीमती नीरजा कुलवंत कलसन, जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया, सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान, डीन, एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एससी मलिक, भारतीय पुनर्वास परिषद की पूर्व अध्यक्ष डॉ शरणजीत कौर, पूर्व कुलपति एमडीयू इंजीनियर एच एस चहल, सीबीएलयू, कुलपति डॉ. दीप्ति धर्मानी, कुरुक्षेत्र विवि के कुलपति डॉ सोमनाथ सचदेवा, प्रतिष्ठित शिक्षाविद डॉ. सीता राम व्यास, रविन्द्र सक्सेना समेत विशिष्ट जन, शिक्षक, शोधार्थी, विद्यार्थी, प्रतिष्ठित एलुमनी, शहर के गणमान्यजन उपस्थित रहे।
न्यायपालिका के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए हाई कोर्ट न्यायाधीशों संजय वशिष्ठ, राजेश भारद्वाज, हरकेश मनुजा, वीरेंद्र अग्रवाल, कुलदीप तिवारी, हरसिमरन सेठी, विकास सूरी, अमन, गुलचंदा को सम्मानित किया गया। बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड चंडीगढ़ के चेयरमैन विजेंद्र गहलावत तथा इनकम टैक्स अपीलेट ट्रिब्यूनल के वाइस प्रेसिडेंट राजपाल यादव को सम्मानित किया गया। विशिष्ट योगदान के लिए पद्मश्री योगेश्वर दत्त, महाबीर गुड्डू व डॉ. संत राम देसवाल, द्रोणाचार्य अवॉर्डी अरुण दहिया, अर्जुन अवॉर्डी सुनील डबास व राजकुमार सांगवान, सिविल एडमिनिस्ट्रेशन में योगदान के लिए महेंद्र श्योराण, नरहरी बांगड़, मनदीप मान को तथा पुलिस सेवा में योगदान के लिए डॉ. सुमन मंजरी आईपीएस, डॉ. राजश्री आईपीएस तथा राकेश कुमार आर्य आईपीएस को सम्मानित किया गया।
चिकित्सा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए डॉ. ध्रुव चौधरी, डॉ. हरप्रीत सिंह, डॉ. मार्कण्डेय आहूजा, डॉ. आदित्य बतरा, डॉ. नवीन मल्होत्रा, डॉ. सुमित सचदेवा, डॉ. शिवकांत को सम्मानित किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए बीपीएस महिला विवि कुलपति प्रो. सुदेश छिक्कारा, आईजीयू मीरपुर कुलपति डॉ. असीम मिगलानी, पूर्व कुलपति बीपीएस महिला विवि प्रो. आशा कादयान, पूर्व कुलपति सीडीएलयू सिरसा प्रो. विजय कायत को सम्मानित किया गया। लॉ के शेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए पूर्व शिक्षकों प्रो. रणबीर सिंह, प्रो. केपीएस महलवार, प्रो. पीसी जुनेजा, प्रो. प्रीत सिंह, प्रो. अमर वर्मा को सम्मानित किया गया।
बिजनेस एंड लीडरशिप के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए सुधीर जुत्शी, विकास गांधी, नीरज सहगल, अंशुल रूहिल, कर्नल नरेंद्र सिंह, हरविंदर मलिक, राकेश कामरा, सतवंत हुड्डा को तथा युवा एंटरप्रेन्योर के लिए पद्माजय, मनदीप, साहिल, प्रो. आशीष दहिया, प्रो. संदीप मलिक को सम्मानित किया गया। पद्माजय का अवॉर्ड प्रो. शालिनी सिंह ने लिया।
*एमडीयू में स्वर्ण जयंती द्वार का लोकार्पण, सीजेआई न्यायमूर्ति श्री सूर्यकांत ने किया उद्घाटन*
चंडीगढ, 14 फरवरी - महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय रोहतक के परिसर में नवनिर्मित स्वर्ण जयंती द्वार का भव्य लोकार्पण भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) न्यायमूर्ति श्री सूर्यकांत ने किया। विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में निर्मित यह स्वर्ण जयंती द्वार संस्थान की उपलब्धियों, विकास और गौरवशाली विरासत का प्रतीक है। लोकार्पण अवसर पर न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया और परिसर के हरित एवं स्वच्छ वातावरण की सराहना की।
इस अवसर पर पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस शील नागू, जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह, सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान, उपायुक्त सचिन गुप्ता, कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत, डीन सीडीसी प्रो. विनीता हुड्डा, डीन प्लानिंग एंड डेवलपमेंट प्रो. प्रमोद भारद्वाज, निदेशक हॉर्टिकल्चर प्रो. दीपक कौशिक, निदेशक खेल डॉ. शकुंतला बेनीवाल, कार्यकारी अभियंता जे.एस. दहिया सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
करीब 1.25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह स्वर्ण जयंती द्वार झज्जर बाईपास की ओर स्थापित किया गया है, जिससे विश्वविद्यालय में प्रवेश और निकास की व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित और सुगम होगी। आरसीसी फ्रेम स्ट्रक्चर पर आधारित इस द्वार में धौलपुर एवं लाल पत्थर की क्लैडिंग की गई है, जो इसे भव्य और आकर्षक स्वरूप प्रदान करती है। द्वार में वाहनों के लिए पृथक प्रवेश और निकास गेट बनाए गए हैं, जिनके दोनों ओर दो-दो लेन की सडक़ विकसित की गई है। साथ ही पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए चार छोटे गेट, सुरक्षा के लिए गार्ड रूम, पक्का फुटपाथ तथा सामने विस्तृत लैंडस्केपिंग क्षेत्र विकसित किया गया है।
रोहतक रहा है मेरे लिए प्रेरणा स्थल :- सीजेआई न्यायमूर्ति श्री सूर्यकांत
- कानूनी विचारधारा को सुदृढ़ करने में बार एसोसिएशन का है योगदान
- बार व बैंच आमजन के न्याय प्रणाली में विश्वास को रखें बहाल
- भविष्य की आवश्यकताओं को दृष्टिगत रखते हुए सर्वोच्च न्यायालय के नए भवन का निर्माण जारी
- न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कहा कि उनके अंदर का वकील का हमेशा रहा है जीवित
- रोहतक बार से है उनका भावनात्मक नाता
- रोहतक बार से सीखा अनुशासन व गहन विषयों का ज्ञान
- जिला बार एसोसिएशन द्वारा आयोजित किया गया सम्मान समारोह, सीजेआई रहे मुख्यातिथि
चंडीगढ़ , 14 फरवरी - देश के माननीय मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री सूर्यकांत ने कहा कि रोहतक उनका प्रेरणा स्थल रहा है। रोहतक बार एसोसिएशन का देश में कानूनी विचारधारा को सुदृढ़ करने में योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि बार व बैंच आमजन के न्याय प्रणाली में विश्वास को बहाल रखें। उन्होंने बताया कि भविष्य की आवश्यकताओं को मद्देनजर रखते हुए सरकार व बार इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्प्लेक्स स्थापित करने बारे भी विचार करें। देश के सर्वोच्च न्यायालय के नए भवन का तीन चरणों में निर्माण किया जा रहा है, जिसके उपरांत आगामी 50 वर्षों तक यह न्यायालय परिसर पर्याप्त होगा।
न्यायमूर्ति श्री सूर्यकांत आज रोहतक के न्यायिक परिसर में जिला बार एसोसिएशन द्वारा देश के मुख्य न्यायाधीश के सम्मान में आयोजित सम्मान समारोह समारोह में बतौर मुख्यातिथि न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
इससे पूर्व उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
न्यायमूर्ति श्री सूर्यकांत ने कहा कि भारतीय प्राचीन परम्परा अतिथि देवो भव: के अनुसार अतिथि को ईश्वर के रूप में माना जाता है। उन्होंने कहा कि उनके अंदर का वकील हमेशा जीवित रहा है, चाहे वे किसी भी पद पर आसीन रहे हो। रोहतक बार के साथ उनका भावनात्मक रूप से गहरा नाता है तथा वे इस दौरा कार्यक्रम को लेकर उत्सुक थे। रोहतक बार हमेशा उनके कंधे से कंधा मिलाकर चलती रही है।
माननीय मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री सूर्यकांत ने कहा कि हर व्यक्ति के जीवन में दो महत्वपूर्ण क्षेत्र कर्म क्षेत्र व प्रेरणा क्षेत्र होते है। रोहतक से उन्होंने कानून की पढ़ाई की तथा यहां से प्रेरणा प्राप्त की। उन्होंने कहा कि रोहतक बार से उन्होंने अनुशासन एवं गहन विषयों की जानकारी हासिल की तथा बार में उन्हें हमेशा अपार प्यार व स्नेह दिया है। उनके शपथ ग्रहण समारोह का रोहतक बार ने लाइव टेलीकास्ट किया तथा उनके जन्मदिन के अवसर पर रोहतक बार में केक काटकर उनका जन्मदिन मनाया गया। वे रोहतक बार से भावनात्मक रूप से जुड़े हुए है। उन्होंने कहा कि बार में भारतीय न्याय प्रणाली को सुदृढ़ करने में भी योगदान दिया है।
न्यायमूर्ति श्री सूर्यकांत ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के नए भवन का तीन चरणों में निर्माण जारी है। इस नए भवन में 34 नए कोर्ट रूम बनाये जा रहे है, जो आगामी 50 वर्ष की व्यवस्था के लिए पर्याप्त होंगे। गत दिनों उन्होंने उत्तर प्रदेश में इंटीग्रेटेड कोर्ट कॉम्पलेक्स का उद्घाटन करने का अवसर मिला, जहां पर भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह कॉम्पलेक्स तैयार किया गया है। उन्होंने सरकार व जिला बार एसोसिएशन से कहा कि वे भी ऐसे कॉम्पलेक्स के बारे में विचार करें। उन्होंने बार एसोसिएशन की ओर से रखी मांग के संदर्भ में कहा कि पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश तथा बिल्डिंग कमेटी के चेयरमैन रोहतक बार की समस्या का कानून मर्यादा का पालन करते हुए समाधान करवाये। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति शील नागू ने बार एसोसिएशन के वरिष्ठ अधिवक्ताओं को सम्मानित किया।
बॉक्स :-
देश के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत का पगड़ी पहनाकर किया गया मान-सम्मान :-
जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया ने देश के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री सूर्यकांत को मान-सम्मान का प्रतीक पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने मुख्य न्यायाधीश को स्मृति चिन्ह भेंट किया। जिला एवं सत्र डिवीजन के प्रशासनिक न्यायाधीश विकास सूरी ने मुख्य न्यायाधीश को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उपायुक्त सचिन गुप्ता देश के माननीय मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति श्री सूर्यकांत को जिला प्रशासन की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किया। वकीलों द्वारा मुख्य न्यायाधीश को भेंट किये गए उनके चित्र पर न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने हस्ताक्षर किए, जिसे बार रूम में रखा जायेगा।
जिला बार एसोसिएशन रोहतक द्वारा पंजाब एवं हरियाणा के उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति शील नागू को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। जिला बार एसोसिएशन की ओर से हरियाणा के सहकारिता, निर्वाचन, कारागार, पर्यटन एवं विरासत मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा को स्मृतिचिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। बार एसोसिएशन द्वारा पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय की बिल्डिंग कमेटी के चेयरमैन न्यायमूर्ति हरसिमरन सिंह सेठी तथा रोहतक जिला व सत्र डिवीजन के प्रशासनिक न्यायाधीश न्यायमूर्ति विकास सूरी को भी स्मृतिचिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में यह रहे उपस्थित :-
इस अवसर पर पंजाब एवं हरियाणा के उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश तथा सम्मान समारोह के विशिष्ट अतिथि न्यायमूर्ति शील नागू, बिल्डिंग कमेटी के चेयरमैन न्यायमूर्ति हरसिमरन सिंह सेठी तथा रोहतक जिला व सत्र डिविजन के प्रशासनिक न्यायाधीश न्यायमूर्ति विकास सूरी, हरियाणा के सहकारिता, निर्वाचन, कारागार, पर्यटन एवं विरासत मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति संजय वशिष्ठ, न्यायमूर्ति राजेश भारद्वाज, न्यायमूर्ति हरकेश, न्यायमूर्ति कुलदीप तिवारी, न्यायमूर्ति नमित कुमार, न्यायमूर्ति दीपक मनचंदा, न्यायमूर्ति नीरजा कुलवंत कलसन, जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया, उपायुक्त सचिन गुप्ता, नगर निगम आयुक्त डॉ. आनंद शर्मा, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह भौरिया, पंजाब एवं हरियाणा बार काउंसिल के सदस्य व पूर्व प्रधान डॉ. विजेंद्र अहलावत सहित अन्य न्यायाधीश व न्यायिक अधिकारी व अधिवक्ता गण मौजूद रहे।
निवेशकों के विश्वास, नीतियों में पारदर्शिता के ध्येय के साथ काम कर रहा हरियाणाः मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने नई दिल्ली में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से की मुलाकात
बोले- हरियाणा में निवेशकों के लिए बेहतर और अनुकूल माहौल
चंडीगढ़, 14 फरवरी-- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार निवेशकों के विश्वास, नीतियों में पारदर्शिता के ध्येय के साथ काम कर रही है। हरियाणा औद्योगिक निवेश के लिए सबसे बेहतर राज्यों में से एक है, जहां अनुकूल माहौल है। मुख्यमंत्री शनिवार को नई दिल्ली में निवेशकों से भेंट कर रहे थे।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने विभिन्न अंतरराष्ट्रीय स्तर की कंपनियों के प्रतिनिधियों से प्रदेश में निवेश को लेकर मुलाकात की और उनकी आगामी योजना को जाना। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ऐसी नीतियों का निर्माण कर रही है, जिससे निवेशकों का अधिक से अधिक विश्वास उन पर बने। इसके साथ-साथ उनकी नीतियों में पारदर्शिता है। सरकारी अप्रूवल में कम से कम समय लगे और यह कार्य तेज रफ्तार से हो, इस तरह के लक्ष्य के साथ कार्य किया जा रहा है।
यूरोपियन संघ की एमएसएम से हरियाणा की एमएसएमई से मैच मेकिंग की जाएगी
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारत और ईयू के बीच हुए समझौते से हरियाणा के उद्योगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने इसे लेकर हरियाणा-यूरोपियन वर्किंग संघ बनाने की घोषणा की है। इसका मुख्य मकसद यूरोपियन संघ की एमएसएमई की हरियाणा की एमएसएमई के साथ मैच मेकिंग करवाना होगा ताकि उनके उद्योंगों की जो भी जरूरतें हैं, वो हमारे यहां के उद्योग पूरी कर सकें। इससे हरियाणा के उद्योंगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि विदेशी कंपनियों के पार्ट को चिह्नित करके हरियाणा में निर्माण कर रही कंपनियों के साथ जोड़ा जाएगा।
उद्योगों को निरंतर उपलब्ध करवाई जा रही जमीन
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि उद्योंगों को स्थापित करने के लिए एचएसाईआईडीसी निरंतर जमीन उपलब्ध करवा रहा है। अलग-अलग इंडस्ट्रियल जोन बनाए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार 10 नई आईएमटी बना रही है। उन्होंने ऐसी कंपनियों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की, जो हरियाणा में उद्योंगों के लिए जमीन तलाश कर रहे हैं।
जीसीसी पर जल्द पॉलिसी लाएगा हरियाणा
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि आज विश्वभर की कंपनियां अलग-अलग देशों में काम कर रही हैं। ऐसे में ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (जीसीसी) का रूझान तेजी से बढ़ा है। प्रदेश सरकार जल्द ही ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स (जीसीसी) के लिए नई पॉलिसी लाने जा रही है। इससे ऐसी कंपनियों के लिए आसानी होगी, जो हरियाणा में जीसीसी स्थापित करना चाहती है।
इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल, महानिदेशक श्री यश गर्ग, एचएसआईआईडीसी के सीसीआई सुनील शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में उद्योग हितैषी नीतियों के साथ आगे बढ़ रहा हरियाणाः डॉ. अमित अग्रवाल
उद्योगों के लिए हरियाणा बेहतरीन कनेक्टिविटी और बाजार तक आसान पहुंच कर रहा प्रदान
चंडीगढ़, 14 फरवरी – हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने मजबूत आर्थिक आधार और उद्योग हितैषी नीतियों को रेखांकित करते हुए कहा कि हरियाणा देश के प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ के विजन को धरातल पर उतारने के लिए तैयार है। हरियाणा निरंतर अपने निवेशकों के लिए बेहतर नीतियां बना रहा है और उन्हें लागू भी कर रहा है। उन्होंने कहा कि उद्योगों के मद्देनजर हरियाणा बेहतरीन कनेक्टिविटी और बाजार तक आसान पहुंच प्रदान करता है।
डॉ. अग्रवाल शनिवार को नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने उद्योग जगत के लीडर्स और हितधारकों का स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा एक स्पष्ट रोडमैप के साथ आगे बढ़ रहा है, ताकि निवेश और उद्यम के लिए देश के सबसे आकर्षक गंतव्यों में अपनी स्थिति को और मजबूत किया जा सके। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में उद्योग हितैषी नीतियां बनाई जा रही है और प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बेहतर सकल घरेलू उत्पाद के साथ हरियाणा की विकास दर लगातार राष्ट्रीय औसत से अधिक रही है। देश के कुल भौगोलिक क्षेत्र का केवल 1.3 प्रतिशत और आबादी का 2.1 प्रतिशत हिस्सा होने के बावजूद, राज्य देश के कुल जीएसटी संग्रह में लगभग 7.1 प्रतिशत का योगदान देता है। उन्होंने कहा कि यह हरियाणा की मजबूत आर्थिक नींव और उच्च मूल्य संवर्धन क्षमता का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में प्रति व्यक्ति आय की वास्तविक वृद्धि भी लगातार राष्ट्रीय औसत से अधिक रही है। राज्य की प्रति व्यक्ति आय राष्ट्रीय औसत से 70 प्रतिशत से अधिक है।
डॉ. अग्रवाल ने आगे कहा कि हरियाणा की भौगोलिक स्थिति उसकी सबसे बड़ी संरचनात्मक ताकतों में से एक है। देश की राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के नजदीक स्थित होने के कारण हरियाणा बेहतरीन कनेक्टिविटी और बाजार तक आसान पहुंच प्रदान करता है। राज्य के सभी जिले राष्ट्रीय राजमार्गों या चार-लेन एक्सप्रेसवे से जुड़े हैं और कोई भी जिला गुरुग्राम या दिल्ली से तीन से चार घंटे से अधिक दूर नहीं है।
इसके अलावा, पूरा राज्य तीन प्रमुख अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों—नई दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और चंडीगढ़ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के 300 किलोमीटर के दायरे में आता है, जिससे वैश्विक बाजारों तक तेज पहुंच सुनिश्चित होती है। हरियाणा ने विभिन्न क्षेत्रों में मजबूत औद्योगिक इकोसिस्टम विकसित किए हैं, जिनमें एनसीआर क्षेत्र में ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रिक वाहन क्लस्टर, अंबाला में मेडिकल डिवाइस, पानीपत में वस्त्र, बहादुरगढ़ में चमड़ा और फुटवियर, कई जिलों में फूड पार्क तथा उभरते उद्योगों को समर्थन देने के लिए आईएमटी सोहना में नई पीढ़ी का इलेक्ट्रॉनिक्स क्लस्टर शामिल है।
डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार सरल नियमों, बेहतर आधारभूत संरचना और निवेशक केंद्रित प्रशासन के माध्यम से कारोबार सुगमता को और बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
सुरक्षा बलों एवं शहीदों की बदौलत ही हमारा देश सुरक्षित है : आरती सिंह राव
चंडीगढ़ , 14 फरवरी - हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि सुरक्षा बलों एवं शहीदों की बदौलत ही हमारा देश सुरक्षित है , इनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता है।
स्वास्थ्य मंत्री ने यह बात पुलवामा आतंकी हमले में अपनी जान गंवाने वाले बहादुर सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए आज यहां कही।
उन्होंने कहा कि गत 14 फरवरी 2019 को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीआरपीएफ के जवानों के काफिले पर दोपहर करीब 3 बजे आत्मघाती हमला हुआ था। इस दर्दनाक घटना को याद करते हुए हर साल 14 फरवरी को देशभर में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी जाती है और इस दिन को ‘ब्लैक डे’ के रूप में याद किया जाता है।
आरती सिंह राव ने कहा कि उन 40 सुरक्षाकर्मियों का सर्वोच्च बलिदान देश की स्मृति में सदैव अंकित रहेगा और उनका त्याग प्रत्येक नागरिक को मजबूत व सुरक्षित भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि वे खुद एक शहीद परिवार से ताल्लुक रखती हैं , इसलिए वे जानती हैं की भारत माता की रक्षा में दिए गए सर्वोच्च बलिदान के लिए केवल सैनिक का परिवार ही नहीं पूरे देश को फ़क्र होता है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पुलवामा में शहीद हुए माँ भारती के इन वीर सपूतों का साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनका अदम्य हौसला हमें यह संकल्प दिलाता है कि हम आतंकवाद और हिंसा के विरुद्ध एकजुट होकर दृढ़ता से खड़े रहें तथा राष्ट्र की सुरक्षा को सर्वोपरि रखें।
उन्होंने आगे कहा कि पुलवामा का यह हमला केवल सुरक्षाबलों पर नहीं, बल्कि पूरे देश की आत्मा पर प्रहार था। किन्तु हमारे जवानों की शहादत ने भारत को और अधिक सशक्त, संगठित और संकल्पित बनाया है। देशवासियों की एकता ही आतंकवाद के विरुद्ध हमारी सबसे बड़ी ताकत है।
आरती राव ने शहीदों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पूरा राष्ट्र उनके साथ खड़ा है। शहीदों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और राष्ट्र उनके ऋण से कभी उऋण नहीं हो सकता।
विकसित भारत में रहेगी हरियाणा की महत्वपूर्ण भूमिकाः मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
मुख्यमंत्री बोले- निवेशकों की पहली पसंद बना हरियाणा, तेजी से हो रहा औद्योगिक इन्फ्रास्ट्रक्चर का विकास
नई दिल्ली में एक निजी कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने की शिरकत
चंडीगढ़, 14 फरवरी-- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 2047 में विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा है, इसे पूरा करने में हरियाणा की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रदेश सरकार निरंतर कार्य कर रही है। नई-नई योजनाएं बनाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री शनिवार को नई दिल्ली में एक कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान उन्होंने कहा कि हरियाणा निवेशकों की पहली पसंद बना हुआ है। हरियाणा सरकार ने पिछले बजट में 10 नई आईएमटी बनाने की घोषणा की थी। इनमें से 6 आईएमटी पर तेजी से काम चल रहा है बाकि 4 आईएमटी का काम भी जल्द पूरा किया जाएगा। जीएसटी में प्रदेश पहले स्थान पर है। हरियाणा में रोड इन्फ्रास्ट्रक्चर इतना बेहतर है कि साढ़े तीन से चार घंटे में एक कोने से दूसरे कोने में जाया जा सकता है। दिल्ली एयरपोर्ट, चंडीगढ़ एयरपोर्ट और हिसार एयरपोर्ट की सीधे कनेक्टिविटी है। इन सभी को ध्यान में रखकर निवेशक निरंतर हरियाणा में आ रहे हैं, इससे विकसित भारत में हरियाणा की महत्वपूर्ण भूमिका रहने वाली है।
हरियाणा ने हर क्षेत्र में बनाई पहचान
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 1966 में जब हरियाणा- पंजाब से अलग होकर एक नया प्रदेश बना तो हर किसी को प्रदेश की तरक्की पर शक था लेकिन हरियाणा ने तेजी से तरक्की की और अपनी अलग पहचान बनाई। आज भारत की सेना में हर दूसरा जवान हरियाणा से है। खेलों में यदि भारत के मेडल आते हैं तो उसमें सबसे ज्यादा योगदान हरियाणा के खिलाड़ियों का होता है। फॉर्च्यून 500 कंपनियों में से 250 हरियाणा में काम कर रही हैं। आटोमोबाइल मैन्यूफैक्चिरिंग में हरियाणा देश में पहले स्थान पर है। प्रदेश सरकार जल्द ही नई इंडस्ट्रियल पॉलिसी लाने वाली है। इससे और निवेशक प्रदेश की ओर आकर्षित होंगे।
प्लॉनिंग से स्थापित किया जा रहा इंडस्ट्रियल इन्फ्रास्ट्रक्चर
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में इंडस्ट्रियल इन्फ्रास्ट्रक्चर ऐसी प्लॉनिंग के साथ स्थापित किया जा रहा है कि आने वाले 50 सालों तक कोई दिक्कत न आए। गन्नौर में फ्रूट मंडी बनकर लगभग तैयार है। वहीं खारी बावली की ड्राई फ्रूट मार्किट, मार्बल मार्किंग और अमृतसर की मजीद मार्किंट को भी हरियाणा में स्थापित करने की योजना है। वहां के व्यापारियों ने हरियाणा में स्थापित होने वाली मंडी में आने के लिए रूचि दिखाई है। उन्होंने कहा कि हरियाणा अब प्राकृतिक खेती में भी पहचान बनाएगा। वहीं पर्यावरण का विशेष ध्यान रखते हुए उन्होंने किसानों से पराली न जलाने का आह्वान किया। इसके बाद 95 प्रतिशत तक पराली जलाने की घटनाओं में कमी आई। बेहतर पराली प्रबंधन के लिए माननीय न्यायालय ने प्रदेश का उदाहरण दिया है।
प्रधानमंत्री ने देश को बदलने का काम किया।
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 55 साल देश पर शासन किया जबकि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने महज 11 साल के शासन में देश की तस्वीर बदलने का काम किया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को 5 गुणा कम समय मिला लेकिन उन्होंने भारत को विकसित भारत की ओर ले जाने का काम किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी भूमिका नहीं निभा रहा। प्रधानमंत्री ने भारत को 5वीं आर्थिक शक्ति बनाने का लक्ष्य रखा था, उन्होंने यह कर दिखाया। उनके नेतृत्व में सरकार हर पैमाने पर खरा उतरी है।
भारत-ईयू समझौते से होगा लाभ
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा भारत और यूरोपियन संघ के साथ हुए भारत-यूरोपियन मुक्त व्यापार समझौते के बाद उन्होंने हरियाणा यूरोपियन व्यापार संघ की बैठक की। इसमें उन्होंने भारत सरकार के इस फैसले का स्वागत किया और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इससे उन्हें काफी लाभ मिलेगा। उन्होंने कुछ सुझाव भी दिए, जिन्हें हरियाणा के आगामी बजट में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम के इन्फ्रास्ट्रक्चर को और मजबूत करने के लिए निरंतर काम किया जा रहा है। गुरुग्राम के निचले इलाकों के लिए एक ड्रेन की प्लानिंग की गई है। वहीं पीने के पानी की समस्या के लिए ऐसी योजना तैयार की गई है कि गुरुग्राम को आने वाले 50 वर्षों तक कोई समस्या नहीं होगी।
इस अवसर पर उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल, महानिदेशक श्री यश गर्ग, एचएसआईआईडीसी के सीसीआई सुनील शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
विस अध्यक्ष ने सुनीं जन समस्याएं
प्रयास है बजट सत्र पूरी तरह से सार्थक रहे: श्री हरविंद्र कल्याण
चंडीगढ़, 14 फरवरी-- हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष श्री हरविन्द्र कल्याण ने आज करनाल जिला के घरौंडा में क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके निपटारे के निर्देश दिए।
श्री कल्याण ने आज करीब चार घंटे से अधिक समय तक लोगों की समस्याओं को सुना। इस मौके पर पत्रकारों द्वारा पूछे गए बजट सत्र संबंधी सवाल पर श्री कल्याण ने कहा कि 20 फरवरी से बजट सत्र की शुरुआत होगी। हरियाणा विधानसभा सचिवालय इसके लिए पूरी तरह से तैयार है। पिछले दिनों अधिकारियों की बैठक लेकर सभी व्यवस्थाओं को सुचारू ढंग से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। प्रयास रहेगा कि बजट सत्र सार्थक रहे ,ज्यादा से ज्यादा चर्चाएं हों। अधिक से अधिक सदस्यों को अपनी बात रखने का मौका मिले। कई सदस्य गंभीर चर्चा के माध्यम से अच्छे सुझाव/समाधान लेकर आते हैं। ऐसी ही सार्थक चर्चा के माध्यम से लोगों की समस्याएं दूर होती हैं। उसी से प्रदेश के विकास का रोड मैप तैयार होता है।
कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर सिंह गंगवा ने टोहाना में सुनीं जनसमस्याएं
चंडीगढ़, 14 फरवरी-- हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर सिंह गंगवा ने फतेहाबाद जिला के टोहाना कस्बा के विश्राम गृह में लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए।
श्री रणबीर सिंह गंगवा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान करवाया गया।
उन्होंने कहा कि जनता का सम्मान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र व हरियाणा सरकार जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और प्रदेश के सर्वांगीण विकास हेतु प्रभावी नीतियों एवं योजनाओं को लागू किया जा रहा है।
श्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि सरकार द्वारा जनहित में लगातार नई-नई योजनाएं बनाई जा रही हैं ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग को लाभ मिल सके और विकास का लाभ अंतिम पंक्ति तक पहुंचे।
चंडीगढ़, 14 फरवरी— हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा है कि देश में सबसे ज्यादा सामाजिक भत्ते तथा पेंशन देने वाला हरियाणा पहला राज्य है। प्रदेश में सामाजिक भत्तों एवं पेंशन का लाभ 18 श्रेणियों को मिल रहा है। वर्तमान में 36 लाख पात्र व्यक्तियों को 3200 रुपये महावार के हिसाब से पेंशन दी जा रही है। यह बढ़ी हुई राशि गत वर्ष 1 नवंबर से लागू हो चुकी है और सभी लाभ पात्रों को राज्य सरकार द्वारा गत 10 फरवरी को डीबीटी के माध्यम से आवंटित की जा चुकी है। प्रदेश में सबसे ज्यादा 21 लाख बुजुर्गों को वृद्धावस्था तथा 7 लाख महिलाओं को विधवा पेंशन मिल रही है। इसके अलावा दिव्यांग, विकलांग, निराश्रित, कश्मीर से विस्थापित तथा कैंसर जैसी 21 जानलेवा बीमारियों से पीड़ित लोगों को भी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने नरवाना में शनिवार को स्थानीय पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में जन समस्याएं सुनते वक्त उक्त ब्यौरा दिया।
उन्होंने बताया कि सभी प्रकार के सामाजिक भत्ते वह पेंशन अब हर महीना की 10 तारीख को लाभ पात्रों के सीधा बैंक खाते में डाले जाएंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने यह सराहनीय निर्णय लिया है ताकि प्रदेश के पेंशन भोगी लोगों को एक निश्चित तिथि को लाभ मिल सके। डीबीटी के माध्यम से पेंशन व भत्ते तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ देने से पारदर्शिता कायम रहेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि गत सरकारों में वृद्धावस्था भत्तों के लिए 10 हजार रुपए आमदनी की सीमा निर्धारित की गई थी। यह योजना 1991 से लेकर 2008 तक लागू रही, बाद में इस आय सीमा को 50 हजार रुपए सालाना किया गया जबकि भाजपा सरकार के दौरान 2022-23 सत्र में यह राशि रिकॉर्ड 3 लाख रुपए तक बढ़ाई गई। इसका श्रेय भी देश भर में हरियाणा को ही मिलता है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि किसान वर्ग के कल्याण के लिए भी सरकार द्वारा ठोस कदम लगातार उठाए जा रहे हैं। इसमें किसानों की फसल को एमएसपी पर खरीदना, प्राकृतिक आपदाओं के दौरान देश में सबसे ज्यादा मुआवजा देना, 24 घंटे बिजली देना, भावांतर भरपाई योजना तथा दुग्ध उत्पादकों को लाभ देना जैसे क्रांतिकारी फैसले शामिल है। उन्होंने कहा कि मौजूदा केंद्र व राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के बराबर कल्याण और सभी क्षेत्रों के चहुमुखी विकास के विजन पर काम कर रही है।
39 वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर महोत्सव का 15 फरवरी को होगा भव्य समापन
-39 वें सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले के समापन समारोह में हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष होंगे मुख्य अतिथि
चंडीगढ़, 14 फरवरी— फरीदाबाद में 31 जनवरी से आरंभ हुआ 39 वां सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय आत्मनिर्भर महोत्सव 15 फरवरी (रविवार) को भव्य एवं गरिमामय समापन समारोह के साथ संपन्न होगा। विश्व प्रसिद्ध सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेला के इस समापन अवसर पर हरियाणा के माननीय राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
पर्यटन निगम हरियाणा एवं मेला प्रशासन द्वारा समापन समारोह के सफल आयोजन हेतु सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। आयोजन स्थल सूरजकुंड पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, अतिथि सत्कार, मंच संचालन तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के सुव्यवस्थित संचालन के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
15 फरवरी को दोपहर 3 बजे आयोजित होने वाले इस भव्य समापन समारोह में देश-विदेश से आए शिल्पकारों, हस्तशिल्प विशेषज्ञों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान पारंपरिक शिल्प, लोक कलाओं के संरक्षण तथा आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को सशक्त बनाने में उनके विशिष्ट योगदान के प्रति कृतज्ञता स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
चंडीगढ़, 14 फरवरी— हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में बनी भाजपा सरकार सबका साथ-सबका विकास के मूलमंत्र के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य सुरक्षा, स्वाभिमान और स्वावलंबन के रास्ते पर चलते हुए हर वर्ग के हित को ध्यान में रखकर कार्य कर रही है और इस मूलमंत्र के माध्यम से सुशासन पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने ने बताया कि हलके के गांवों में करोड़ों रुपये की लागत से खेतों के रास्ते, नालियों, गलियों, सडक़ों, धर्मशालाओं, अम्बेडकर भवन, बारात घर इत्यादि विकास कार्य पूर्ण करवाए जा चुके हैं और अधूरे विकास कार्यों को भी शीघ्र पूरा करवा दिया जाएगा ताकि हलके की जनता को इनका लाभ मिल सकें।
कृषि मंत्री यमुनानगर के रादौर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में करोड़ों रुपये की लागत से विकास कार्यों का शिलान्यास करने उपरांत बोल रहे थे।
कृषि मंत्री ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने हरियाणा को देश में अग्रणी राज्य बनाने का जो संकल्प लिया है उसे पूरा करने के लिए बिना किसी भेदभाव के पूरे प्रदेश में समान रूप से विकास कार्य करवाएं जा रहे हैं। प्रदेश में सरकार द्वारा सभी विधानसभा क्षेत्रों में पुलों के निर्माण, सडक़ों के नव-निर्माण एवं मुरम्मत के कार्यों की ओर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सभी विकास कार्यों में तेजी लाए और इन्हें जल्द से जल्द पूरा करें, ताकि ग्रामीणों को इनका लाभ मिल सकें।
एकीकृत बागवानी मिशन के तहत जिला स्तरीय बागवानी सेमिनार का आयोजन
प्रदेश सरकार किसान हितैषी सरकार है और किसानों से जुड़ी योजनाओं को बहुत गंभीरता से लागू करती है- कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा
चंडीगढ़, 14 फरवरी - हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि बागवानी फसलों को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने अनेकों योजनाएं चलाई है, जिनका लाभ किसानों को प्रत्यक्ष रूप में मिल भी रहा है। प्रदेश सरकार किसान हितैषी सरकार है और किसानों से जुड़ी योजनाओं को बहुत गंभीरता से लागू करती है। फलों व सब्जियों के बाजार मूल्य कम होने पर किसानों को भावांतर भरपाई योजना के तहत प्रत्यक्ष रूप में मुआवजा उपलब्ध करवाया जाता है, ताकि उत्पादकता एवं लागत में संतुलन बना रहें।
हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा यमुनानगर में बागवानी विभाग की ओर से खंड रादौर के त्रिवेणी गार्डन में एकीकृत बागवानी मिशन के तहत आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने बागवानी, मधुमक्खी पालन और टिकाऊ कृषि के क्षेत्र में नई मिसाल कायम की है। राज्य सरकार प्रदेश में किसानों की आमदनी को बढ़ाने के लिए प्रयासरत है, किसान-हित में योजनाएं बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में हजारों एकड़ क्षेत्र में उन्नत तकनीकों के माध्यम से सब्जी उत्पादन को बढ़ावा दिया गया है। संरक्षित खेती अपनाने वाले किसानों को 50 से 85 प्रतिशत तक अनुदान सहायता प्रदान की जा रही है।
उन्होंने कहा कि बागवानी क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों के प्रदर्शन हेतु उत्कृष्टता केंद्रों (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) की स्थापना में भी हरियाणा देश में अग्रणी है। उन्होंने कहा कि संरक्षित खेती और उन्नत तकनीकों के प्रयोग में भी हरियाणा अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। इन तकनीकों से किसानों की उपज में काफी वृद्धि दर्ज की गई है और किसानों की आमदनी कई गुणा बढ़ी है। इसके अतिरिक्त, हरियाणा भावांतर भरपाई योजना लागू करने वाला देश का पहला राज्य है। इन दूरदर्शी और किसान हितैषी नीतियों के माध्यम से हरियाणा सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को लाभकारी बनाने और राज्य को कृषि नवाचार का केंद्र बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले कल करेंगे झज्जल जिला के माजरी गांव का दौरा
सामाजिक कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि करेंगे शिरकत
चंडीगढ़, 14 फरवरी - केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण राज्य मंत्री श्री रामदास अठावले कल 15 फरवरी को झज्जर जिला के गांव माजरी में आयोजित एक कार्यक्रम में बतौर मुख्यतिथि शिरकत करेंगे।
एक सरकारी प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री रामदास अठावले 15 फरवरी को दोपहर साढ़े 12 बजे कार्यक्रम में पहुंचेंगे जहां वे उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर वे केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा समाज के कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण से जुड़े कार्यों पर प्रकाश भी डालेंगे।