मनीषा हमारे परिवार की बेटी है, जल्द मिलेगा न्याय: नायब सिंह सैनी
दोषी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा, पुलिस निष्पक्षता के साथ कर रही है जांच
चंडीगढ़, 17 अगस्त। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मनीषा हमारी बेटी है, हमारे परिवार की बेटी है। इस बेटी और उसके परिवार को इंसाफ दिलवाना सरकार का दायित्व है। इस मामले की पुलिस निष्पक्षता और गंभीरता के साथ जांच कर रही है और जल्द ही जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। इतना ही नहीं वे स्वयं पुलिस से इस मामले से सम्बन्धित एक-एक मिनट की रिपोर्ट ले रहे है। पुलिस कई लोगों से पूछताछ कर रही।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को थानेसर अनाज मंडी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कांग्रेस पर तंज कसा और कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता मानसिक संतुलन खो चुके है। इन 55 सालों में जिस गति से समाज व देश को आगे बढ़ाना चाहिए था, देश में उस गति से आगे नहीं बढ़ा सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस खाली घोषणाएं करती रही, जिन से उसे वोट मिल जाते थे। कांग्रेसियों पर बहुत सारे आरोप लगे पड़े हैं और अब लोगों को इनकी नीतियों का पता लगा चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व में देश का मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने कभी राष्ट्रपति, कभी उपराष्ट्रपति, कभी लोकसभा तक का अपमान किया है। कांग्रेस ने कोर्ट तक का अपमान किया हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राहुल गांधी की यात्रा के सवाल पर पहले की यात्रा की याद दिलाते हुए कहा कि पहले की यात्रा में तो सूपड़ा साफ हो गया था अब इसका भी परिणाम देख लेंगे। उन्होंने दीपेंद्र हुडा के चुनाव आयोग से मिले होने के आरोप पर कहा कि यदि चुनाव आयोग उनके नियंत्रण में होता तो दीपेंद्र हुडा की जीत कैसे संभव हो जाती। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समाप्त हो चुकी है और इस बार बिहार से भी बाहर हो जाएगी।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एक ऐसा व्यक्तित्व है, जिसने 11 वर्षों में विकास करते हुए भारत को नई दिशा दी है। आज प्रधानमंत्री ने हरियाणा प्रदेश के लिए दो नई परियोजनाओं दी है इनमें एयरपोर्ट से सोनीपत और एयरपोर्ट से बहादुरगढ़ तक नेशनल एक्सप्रेस-वे शामिल हैं। इससे एयरपोर्ट जाने का सफर अब और भी कम हो गया है। मुख्यमंत्री ने इन परियोजनाओं पर प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
हरियाणा विधानसभा का सत्र शुक्रवार, 22 अगस्त, 2025 को
चंडीगढ़, 16 अगस्त - हरियाणा विधानसभा का सत्र शुक्रवार, 22 अगस्त, 2025 को प्रातः 11:00 बजे के स्थान पर अब दोपहर बाद 02:00 बजे आहूत किया गया है।
इस संबंध में विधानसभा सचिव की ओर से पत्र जारी कर सदन की बैठक की तिथि, समय और स्थान के बारे में जानकारी दी गई है।
श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर गौशालाओं को मुख्यमंत्री की सौगात, कुरुक्षेत्र की 19 गौशालाओं को 1.80 करोड़ रुपये की चारा अनुदान राशि की जारी
हरियाणा की 605 गौशालाओं को 88.50 करोड़ रुपये की चारा अनुदान राशि की जाएगी जारी – मुख्यमंत्री
चंडीगढ़, 16 अगस्त– श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र जिले की 19 गौशालाओं के लिए 1 करोड़ 80 लाख रुपए की चारा अनुदान राशि जारी की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश की 605 गौशालाओं के लिए 88 करोड़ 50 लाख रुपये की चारा अनुदान राशि जारी की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने शनिवार को गीता ज्ञान संस्थान, कुरुक्षेत्र में आयोजित गोशाला चारा अनुदान वितरण समारोह को संबोधित करते हुए श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व की शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गीता एवं आयुर्वेद शोध का विमोचन किया। इससे पहले उन्होंने श्री कृष्ण कृपा गौशाला में जाकर गायों को गुड़ व चारा खिलाकर गाय की पूजा अर्चना की व गीता ज्ञान संस्थानम में स्थित श्री कृष्ण कृपा मंदिर में जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में पूजा अर्चना की।
उन्होंने कहा कि सरकार ने पंजीकृत गौशालाओं को पिछले साढ़े दस वर्षों में चारे के लिए 270 करोड़ रुपये का अनुदान दिया है। आज की राशि को मिलाकर अब तक 358 करोड़ 50 लाख रुपये की चारा अनुदान राशि दी जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि हमारे देश में गाय आदिकाल से ही पूजनीय रही है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, गाय में सभी देवी-देवता निवास करते हैं। गाय के इसी महत्व को देखते हुए धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों द्वारा गौशालाओं की स्थापना पर बल दिया गया है। सरकार ने भी गौशालाओं के विकास, गौवंश संरक्षण और प्राकृतिक कृषि को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014-15 में हरियाणा गौसेवा आयोग के लिए केवल 2 करोड़ रुपये का बजट था। जबकि वर्तमान सरकार ने इस साल कुल बजट 595 करोड़ रुपये कर दिया है। वर्ष 2014 तक हरियाणा में 215 पंजीकृत गौशालाओं में केवल 1 लाख 75 हजार गौवंश था, लेकिन वर्तमान में राज्य में 686 पंजीकृत गौशालाएं हैं। इनमें लगभग 4 लाख बेसहारा गौवंश का पालन-पोषण हो रहा है। उन्होंने कहा कि 330 गौशालाओं में सोलर ऊर्जा प्लांट लगाए गए हैं। शेष बची गौशालाओं में भी सोलर पावर प्लांट लगाने का कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गौशालाओं को लिए 800 ई-रिक्शा की खरीद प्रक्रिया जारी है। गौशालाओं में 2 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली उपलब्ध करवा रहे हैं। गौशाला के लिए कोई जमीन खरीदता है तो उस पर कोई शुल्क नहीं लिया जाता। गौशालाओं में गौवंश के स्वास्थ्य की जांच के लिए पशुचिकित्सों की व्यवस्था की गई है। साथ ही मोबाइल पशु चिकित्सालय की सेवाएं भी गौशालाओं के लिए उपलब्ध करवाई जा रही हैं। सरकार ने फैसला लिया है कि बेसहारा गौवंश के पुनर्वास के लिए 200 गौशालाओं को शेड बनाने के लिए 10 लाख रुपये प्रति गौशाला अनुदान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देशी नस्ल की गायों के संरक्षण और संवर्धन के लिए 'राष्ट्रीय गोकुल मिशन' लागू किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा गौशालाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किये जा रहे हैं। गौशालाएं गाय के गोबर और गोमूत्र से प्राकृतिक फिनाइल, फॉस्फेट से भरपूर जैविक खाद, गोबर के बर्तन, गोबर से प्राकृतिक पेंट, गमला, दीया, धूप, साबुन और अन्य उत्पाद बना रही हैं। पंचगव्य उत्पादन के लिए गौशालाओं की मांग अनुसार आवश्यक मशीनरी की खरीद के लिए मदद दी जा रही है। उन्होंने कहा कि गौ माता की सुरक्षा के लिए एक सख्त कानून "हरियाणा गौ-वंश संरक्षण व गौसंवर्धन अधिनियम-2015 लागू किया है।
कार्यक्रम में कृषि एवं किसान कल्याण, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्राचीन समय से ही हमारी संस्कृति में गाय का एक विशेष दर्जा है। गाय से ही प्राचीन समय में देश की अर्थव्यवस्था चलती थी। हमारे देश में भी हरियाणा के गठन से पहले तक हलों से खेती होती थी और बैल ही खेती का मुख्य जरिया होते थे। आज हरियाणा सरकार द्वारा गाय के संरक्षण के लिए अनेकों योजनाएं चलाई हैं।
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित गीता मनीषी ज्ञानानंद जी महाराज ने मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी द्वारा गौ संरक्षण की दिशा में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने गाय को आराध्य माना है। कुरुक्षेत्र की धरती पर ही भगवान श्रीकृष्ण ने गीता का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि गीता ज्ञान संस्थानम में कई तरह से गीता को लेकर शोध चल रहे हैं। अब यहां गीता एवं आयुर्वेद पर शोध होगा।
किसानों के हित में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की बड़ी घोषणा, शहद को भी भावांतर भरपाई योजना में किया जाएगा शामिल
रामनगर स्थित एकीकृत मधुमक्खी पालन विकास केंद्र में की जाएगी शहद बिक्री की व्यवस्था, 20 करोड़ रुपये की लागत से गुणवत्ता नियंत्रण प्रयोगशाला होगी स्थापित
रामनगर संस्थान को राष्ट्रीय स्तर का संस्थान बनाया जाएगा, वहां मधुमक्खी पालन से संबंधित उन्नत एवं वैज्ञानिक अनुसंधान किए जा सकेंगे - नायब सिंह सैनी
चंडीगढ़, 16 अगस्त – हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने किसानों के हित में बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि बागवानी फसलों की तर्ज पर शहद को भी भावांतर भरपाई योजना में शामिल किया जाएगा। साथ ही, रामनगर स्थित एकीकृत मधुमक्खी पालन विकास केंद्र में शहद की बिक्री की व्यवस्था की जाएगी। वहीं पर भंडारण और गुणवत्ता जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। जल्द ही 20 करोड़ रुपये की लागत से गुणवत्ता नियंत्रण प्रयोगशाला स्थापित की जाएगी। इसके अलावा, रामनगर संस्थान को राष्ट्रीय स्तर का संस्थान बनाया जाएगा, जहां मधुमक्खी पालन से संबंधित उन्नत एवं वैज्ञानिक अनुसंधान किए जा सकेंगे।
मुख्यमंत्री शनिवार को कुरुक्षेत्र में आयोजित मधुमक्खी पालन पर राज्य स्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मधुमक्खी पालन किसानों के लिए अतिरिक्त आमदनी का एक बड़ा साधन है और इससे फसलों की पैदावार भी बढ़ती है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वीट क्रांति’ के आह्वान को साकार करने के लिए हरियाणा तेजी से कदम बढ़ा रहा है।
वर्ष 2030 तक 7750 मधुमक्खी पालक तैयार करने और 15,500 मीट्रिक टन शहद उत्पादन का लक्ष्य
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र के रामनगर में इजरायल के सहयोग से देश का पहला एकीकृत मधुमक्खी पालन विकास केंद्र स्थापित किया गया है, जहां किसानों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यहां शहद व्यापार केंद्र भी है, जिसके माध्यम से अब तक 74 हजार बक्से और 3 लाख 43 हजार कॉम्ब शीट दी जा चुकी हैं। इस केंद्र में शहद का प्रसंस्करण और बॉटलिंग की भी सुविधा है। प्रदेश सरकार ने ‘मधुमक्खी पालन नीति-2021’ बनाई है, जिसके तहत वर्ष 2030 तक 7750 मधुमक्खी पालक तैयार करने और 15,500 मीट्रिक टन शहद उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है। मधुमक्खी के बक्सों, कॉलोनियों और उपकरणों पर 85 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि मधुमक्खी पालन के साथ बागवानी को कृषि विविधीकरण का प्रमुख स्तंभ बनाया गया है। वर्ष 2014 में राज्य में बागवानी का क्षेत्रफल 1.17 लाख एकड़ था, जो अब बढ़कर 2.60 लाख एकड़ हो गया है। एफपीओ, उत्कृष्टता केंद्र, भावांतर भरपाई योजना और फसल खरीद के जरिए किसानों को मजबूत किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मधुमक्खी पालन ऐसा व्यवसाय है, जिसमें कम जमीन की आवश्यकता होती है और महिलाएं व युवा इसे स्टार्टअप के रूप में अपना सकते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि हनी ब्रांड लॉन्च करें और ऑनलाइन मार्केटिंग से अपने उत्पादों को वैश्विक बाजार में पहुंचाएं। सरकार हर कदम पर वित्तीय सहायता और तकनीकी मार्गदर्शन देगी।
किसानों की आय बढ़ाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता - कृषि मंत्री
इस अवसर पर कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में किसानों की आमदनी बढ़ाने के निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए किसानों का सशक्त होना सबसे पहली आवश्यकता है। इसी दिशा में फसलों के साथ-साथ डेयरी, पशुपालन, मधुमक्खी पालन और मत्स्य पालन जैसे क्षेत्रों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे किसानों की आय में लगातार वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि जिस देश में कृषि का विकास, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था हो, उसे आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्री सुभाष सुधा, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के प्रधान सचिव श्री पंकज अग्रवाल, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. साकेत कुमार, हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कुलपति श्री बी.आर. कांबोज, महाराणा प्रताप हॉर्टिकल्चर यूनिवर्सिटी, करनाल के कुलपति श्री सुरेश मल्होत्रा, पशु नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष श्री धर्मवीर सिंह मिर्जापुर, मधुमक्खी पालक संघों के प्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
व्यापारियों के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की बड़ी घोषणा
बिनौला मशीन पर व्यापारियों से ली जाने वाली एकमुश्त फीस 42 हजार रुपए को घटाकर किया 21 हजार रुपए
प्रदेश के विकास में योगदान देने वाले व्यापारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी सरकार - नायब सिंह सैनी
चंडीगढ़, 16 अगस्त- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार प्रदेश के विकास के लिए दिन रात कार्य करने वाले व्यापारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर हमेशा खड़ी है। व्यापारियों के सामने जो भी समस्याएं आएंगी, उन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने व्यापारियों की मांग पर बिनौला मशीन पर व्यापारियों से ली जाने वाली एकमुश्त फीस 42 हजार रुपए को घटाकर 21 हजार रुपए करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री शनिवार को मल्टी आर्ट कल्चर केंद्र, कुरुक्षेत्र में खल बिनौला व्यापारियों की हरियाणा ऑयल मिल्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों से बातचीत कर रहे थे। व्यापारियों ने मुख्यमंत्री का सम्मान करते हुए पगड़ी पहनाई और व्यापारियों के सामने आ रही समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत करवाया।
बैठक में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा, पूर्व मंत्री श्री असीम गोयल, हरियाणा ऑयल मिल एसोसिएशन के पदाधिकारी सुभाष बंसल कैथल, कुलभूषण गोयल अंबाला, सुरेंद्र जैन, बैसाखी राम जिंदल चीका, राधेश्याम मलिकपुरिया कैथल मौजूद रहे।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में की शिरकत
हमारे संस्कारों से जुड़ एकजुटता व भाईचारे का संदेश देता है श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व - मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने समाज की मांग पर धर्मशाला के लिए रास्ते को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री से मिलने का किया ऐलान
धर्मशाला को 51 लाख रुपये देने की घोषणा
चंडीगढ़, 16 अगस्त- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व की बधाई देते हुए कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हमारी संस्कृति, संस्कारों के साथ जुड़ा है, जो हमें एकजुटता व भाईचारे का संदेश देता है।
मुख्यमंत्री शनिवार को कुरुक्षेत्र में गुर्जर धर्मशाला में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।
अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र वही भूमि है, जहां भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को गीता का उपदेश दिया था। गीता का वह ज्ञान, जो कर्म का महत्व, धर्म की रक्षा और सत्य की विजय का संदेश देता है, आज भी हमारे जीवन में प्रासंगिक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज, जब हम नए हरियाणा के निर्माण की बात करते हैं, तो यह गीता का संदेश ही है, जो हमें प्रेरित करता है। हम सब मिलकर एक ऐसे समाज का निर्माण करें, जहाँ कोई भेदभाव न हो, जहां सभी लोग एक-दूसरे के साथ प्यार और सम्मान से रहें। आज हरियाणा इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हरियाणा सरकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के सिद्धांत पर काम कर रही है। हर एक नागरिक को बिना किसी भेदभाव के सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार का प्रयास है कि विकास के साथ संस्कृति का भी संरक्षण हो। इसके लिए कुरुक्षेत्र में श्रीकृष्ण महोत्सव व अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव जैसे आयोजन किए जा रहे हैं। गीता के पावन संदेश को मानवमात्र तक पहुंचाने के लिए विदेशों में भी अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का गोकुल से जुड़ाव और गोपालक परंपरा गुर्जर समाज की सांस्कृतिक धारा में रचा-बसा है। गुर्जर समाज का इतिहास पराक्रम, त्याग और परिश्रम से भरा हुआ है। उन्होंने जन्माष्टमी के शुभ अवसर सभी से अपील करते हुए कहा कि हम सभी मिलकर भगवान श्री कृष्ण जी के आदर्शों पर चलें। हम सभी को धर्म, न्याय और सच्चाई के मार्ग पर चलना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने गुर्जर समाज की मांग पर घोषणा करते हुए कहा कि धर्मशाला के लिए जिस रास्ते की मांग की गई है, उसके लिए वे स्वयं केंद्रीय रेल मंत्री से मिलेंगे और समाज को यह सुविधा दिलवाएंगे। उन्होंने धर्मशाला द्वारा किए जा रहे जनसेवा के कार्यों के लिए 51 लाख रुपये की ग्रांट देने की भी घोषणा की। साथ ही उन्होंने कहा कि जो अन्य मांगें समाज द्वारा रखी गई हैं, उनमें से पूरी होने वाली सभी मांगों को हरियाणा सरकार द्वारा पूरा किया जाएगा। कार्यक्रम को पूर्व मंत्री श्री कंवरपाल गुर्जर ने भी संबोधित किया।
कानून व्यवस्था पर मुख्यमंत्री का स्पष्ट संदेश, कोई भी व्यक्ति अगर अपराध करेगा उसे मिट्टी में मिला दिया जाएगा - मुख्यमंत्री
सरकार नशा तस्करों के खिलाफ कर रही है कड़ी कार्रवाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब व्यक्ति को सशक्त और आर्थिक रूप से मजबूत करने का किया है काम - मुख्यमंत्री
चंडीगढ़, 16 अगस्त- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश की जनता को सुरक्षित माहौल देना सरकार की प्रतिबद्धता है। कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जायगा। अगर कोई कानून व्यवस्था को बिगाड़ेगा, चाहे वह कितना ही बड़ा व्यक्ति हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। कोई भी व्यक्ति अगर अपराध करेगा तो उसको मिट्टी में मिला दिया जाएगा। कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए आने वाले समय में और भी अधिक कठोर फैसले लिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने आज यहाँ आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ सरकार कड़ा संज्ञान ले रही है। अगर किसी गांव, मोहल्ले व शहर के वार्ड में नशा बिकता है तो स्थानीय लोग तुरंत सरकार द्वारा बनाए गए पोर्टल पर शिकायत दें, नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सूचना देने वालों का नाम गुप्त रखा जाएगा।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार प्रदेश के लोगों की सेहत के प्रति गंभीर है। लोगों को इलाज के लिए प्राइवेट अस्पतालों में न जाना पड़े, इसलिए जिला स्तर पर सरकारी अस्पतालों को सभी सुविधाओं से युक्त करके विकसित किया जा रहा है। जल्द ही ऐसे 10 अस्पतालों का उद्घाटन कर जनता को समर्पित किया जाएगा।
एक अन्य सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वोटों की चोरी का कांग्रेस पार्टी आरोप लगा रही है, जो कि निराधार है। कांग्रेस बिना वजह इसे मुद्दा बना रही है, ये झूठ अब चलने वाला नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने डॉ. भीम राव अंबेडकर के संविधान को तार-तार किया है और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया। कांग्रेस ने लोकसभा की कार्रवाई को रोकने का काम किया, जबकि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने भ्रष्टाचार के सारे रास्ते बंद कर दिए हैं। इस वजह से बौखलाई कांग्रेस तथ्यरहित आरोप लगा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्ग मोदी ने गरीब व्यक्ति को सशक्त और आर्थिक रूप से मजबूत करने का काम किया है। प्रधानमंत्री ने हर वर्ग की उन्नति के लिए योजनाएं लागू की हैं। आज गरीब व्यक्ति आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है और देश की प्रगति में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
हरियाणा में दयालु योजना बनी जरूरतमंद परिवारों की जीवनरेखा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दयालु योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को जारी की सांत्वना राशि
2020 परिवारों के खातों में भेजी गई 76 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता
चंडीगढ़, 16 अगस्त – हरियाणा सरकार की दीन दयाल उपाध्याय अंत्योदय परिवार सुरक्षा योजना (दयालु) राज्य के जरूरतमंद परिवारों के लिए संबल का आधार बन रही है। इस योजना के तहत आज मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह ने 2,020 अंत्योदय परिवारों को राहत राशि के रूप में 76 करोड़ रुपये सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित किए। यह सहायता परिवार के किसी सदस्य की असमय मृत्यु या स्थायी दिव्यांगता की स्थिति में दी जाती है।
मुख्यमंत्री ने आज यहां प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार का दायित्व है कि वह अपने नागरिकों के कठिन समय में परिवार के साथ खड़ी हो। इसी सोच के तहत यह योजना ऐसे परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है, जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये तक है।
उन्होंने बताया कि दयालु योजना 1 अप्रैल 2023 से लागू है और अब तक 36,651 परिवारों को कुल 1,380 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत 1 लाख 80 हजार रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवार के 6 वर्ष से 60 वर्ष तक की आयु के सदस्य की मृत्यु या दिव्यांग होने पर 5 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन लौटाया नहीं जा सकता, लेकिन आर्थिक सहारा देकर कठिन समय में परिवार को संभालना संभव है। दयालु योजना का संचालन इसी उद्देश्य के साथ किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ता और सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक श्री के मकरंद पांडुरंग, हरियाणा परिवार सुरक्षा न्यास के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री जैयेंदर सिंह छिल्लर, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग की अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) श्रीमती वर्षा खांगवाल और मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव श्री प्रवीण आत्रेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हरियाणा को आज मिलेगी दो बड़ी सड़क परियोजनाओं की सौगात, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे लोकार्पण
सोनीपत और बहादुरगढ़ के लिए 2,000 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दो नए 4-लेन संपर्क मार्गों से कनेक्टिविटी होगी बेहतर
एनसीआर क्षेत्र में ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत, उद्योग-व्यापार को मिलेगी गति
चंडीगढ़, 16 अगस्त – हरियाणा के सड़क ढांचे को नई गति देने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी 17 अगस्त को प्रदेश को दो बड़ी सड़क परियोजनाओं की सौगात देंगे। सोनीपत और बहादुरगढ़ को जोड़ने वाले लगभग 2,000 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दो नए 4-लेन संपर्क मार्गों से इन क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज यहां आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री 17 अगस्त को दिल्ली के रोहिणी से लगभग 11 हजार करोड़ रुपये लागत की 6 सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन करेगे। इनमें से दो परियोजनाएं हरियाणा से जुड़ी हैं। इनसे एन.सी.आर. क्षेत्र को ट्रैफिक जाम और कनेक्टिविटी की चुनौतियों से मुक्ति मिलेगी।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ये परियोजनाएं एनसीआर क्षेत्र में विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे के निर्माण की डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इनमें अर्बन एक्सटेंशन रोड - 2 परियोजना के अंतर्गत पैकेज-4 में 1490 करोड़ रुपये की लागत से बना 29.6 किमी लंबा मार्ग सोनीपत को सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। यह अब एनएच -44 के भारी ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाएगा। यह बवाना औद्योगिक क्षेत्र को सीधे एनएच-352A जींद-गोहाना मार्ग से जोड़कर व्यापार और उद्योग को नई गति प्रदान करेगा।
उन्होंने बताया कि पैकेज-5 में 487 करोड़ रुपये की लागत से बना 7.3 किमी का मार्ग दिल्ली के दिचाऊं कलां को सीधे बहादुरगढ़ और केएमपी एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा। इससे बहादुरगढ़ और केएमपी एक्सप्रेसवे तक आसानी से पहुंचा जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के लोकार्पण से क्षेत्र में औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और यातायात सुगमता को नया आयाम मिलेगा। साथ ही राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से हरियाणा के प्रमुख शहरों की कनेक्टिविटी और सुदृढ़ होगी।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दिए जा रहे ये उपहार हरियाणा की प्रगति यात्रा में मील का पत्थर साबित होंगे। उन्होंने बताया कि नई सड़क परियोजनाओं से सोनीपत और बहादुरगढ़ ही नहीं, बल्कि आसपास के जिलों को भी लाभ होगा।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री का हरियाणा से विशेष जुड़ाव है। प्रधानमंत्री का स्नेह और आशीर्वाद समय - समय पर हरियाणा को मिलता है। उन्होंने हरियाणा के हितों को ध्यान में रखते हुए प्रमुख परियोजनाओं को मंजूरी देने के लिए हरियाणा की 2 करोड़ 80 लाख लोगों की ओर से प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।
कांग्रेस को श्री अटल बिहारी वाजपेयी के व्यवहार व आचरण से सीखनी चाहिए विपक्ष की भूमिका
मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी ने राजनीति के मायनों को बदल दिया। वे लंबे समय तक विपक्ष में रहे, लेकिन विपक्ष में रहते हुए भी उन्होंने राजनीति की शालीनता को बनाए रखा। जब—जब सरकार जनता के हित में काम नहीं करती थी, तब भी वे अपनी मर्यादित भाषा के साथ सरकार को सचेत करने का काम करते थे। उनका व्यक्तित्व ऐसा था, जो भारत की राजनीति में एक केंद्र बिन्दु रहा।
श्री नायब सिंह सैनी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि आज का विपक्ष जैसा है, वो स्थिति दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस के नेता श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की जीवनी को पढ़ें और उनकी जीवनी को समझें। जिस प्रकार श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी लोकसभा में विपक्ष की आवाज बनकर उनका पक्ष रखते थे, कांग्रेस को उनके इस व्यवहार व आचरण से सीखना चाहिए।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश व देशवासियों को श्री कृष्ण जन्माष्टमी की बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ता और सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग के महानिदेशक श्री के मकरंद पांडुरंग, हरियाणा परिवार सुरक्षा न्यास के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री जैयेंदर सिंह छिल्लर, सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग की अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) श्रीमती वर्षा खांगवाल और मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव श्री प्रवीण आत्रेय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।